बैरियर लग जाने से बागेश्वरी-संजय नगर रोड-पावरगंज-स्टेशन रोड पर भारी वाहन प्रतिबंधित
देवब्रत मंडल | गया

गया जी शहर के बागेश्वरी रेलवे गुमटी पर प्रस्तावित रेल ओवरब्रिज ROB के निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए प्रशासन ने दोनों तरफ बैरियर लगाने का काम पूरा कर लिया है। स्टेशन–पावरगंज रोड स्थित कलाली(बैरागी) मोड़ पर मंगलवार को बैरियर लगाने के बाद बुधवार को बागेश्वरी-संजय नगर रोड पर गांधी मोड़ के पास भी बैरियर लगा दिया गया है।
अतिआवश्यक होने पर हटाए भी जा सकते हैं अवरोधक
करीब 9 फीट ऊंचे हाइट गेज और लो बैरियर के लगते ही इस मार्ग से बड़े वाहनों की आवाजाही फिलहाल प्रतिबंधित हो गई है। अब इस रास्ते से केवल बाइक और छोटे तिपहिया वाहन ही आ-जा सकते हैं। अधिकारियों ने साफ किया कि यह स्थायी अवरोधक नहीं है। अति आवश्यकता के अनुसार प्रशासनिक अधिकारियों के आदेश निर्देश पर इसे खोला जा सकता है ताकि निर्माण कार्य या आपात स्थिति में बड़े वाहनों को निकाला जा सके।
भारी वाहनों का दवाब हुआ कम
बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अनुसार, ROB निर्माण के दौरान यातायात को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। दोनों बैरियर लगने से अब निर्माण स्थल पर भारी वाहनों का दबाव नहीं रहेगा।
लंबे जाम से मिलेगी राहत, पर मुआवजे पर अटका पेंच
बागेश्वरी रेलवे गुमटी पर ROB निर्माण योजना को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में स्वीकृति मिली थी। ROB बनने से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से शहरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। स्टेशन, पावरगंज, बागेश्वरी इलाके में यातायात सुगम होगा। मुआवजे का मामला उलझा हुआ है।स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल निर्माण के लिए अधिग्रहित की जाने वाली जमीन-मकान के मुआवजे पर अबतक कोई निर्णय नहीं हुआ है। प्रभावित परिवारों ने पिछले दिनों बागेश्वरी मंदिर प्रांगण में बैठक कर अपने हितों की रक्षा के लिए संघर्ष का ऐलान किया है।
प्रभावित परिवार मिलेंगे जिला प्रशासन से
इधर, चर्चा है कि इस क्षेत्र के प्रभावित लोगों का एक शिष्टमंडल जिला प्रशासन से मिलने के लिए विचार किया है। ताकि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए।
अंचलाधिकारी को दिया गया है निर्देश
वहीं दूसरी तरफ एक जानकारी ये भी मिली है कि प्रभावित लोगों को मुआवजा देने से पहले भूमि अधिग्रहण की धारा 19(2) के तहत गजट का प्रकाशन भू अर्जन कार्यालय से किया जाना है। इसको लेकर नगर अंचल के सीओ को जिला मुख्यालय से पत्राचार किया गया है वे शीघ्र अपनी रिपोर्ट दें ताकि प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जा सके।
मौके पर रहे ये अधिकारी
कलाली मोड़ पर बैरियर लगाने के दौरान निर्माण एजेंसी बसंत कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर संजय कुमार वर्मा, अभियंता रंजन कुमार, सर्वेयर कौशिक करक, निरंजन यादव समेत कई कर्मी मौजूद रहे।
