Tag: पुल निर्माण निगम

  • बागेश्वरी गुमटी के पास ROB निर्माण में आई बाधा, जर्जर पुलिया क्षतिग्रस्त, कंपनी ने शुरू कराई मरम्मत

    देवब्रत मंडल

    क्षतिग्रस्त पुलिया

    गया जी: बागेश्वरी गुमटी के पास बन रहे रेल ओवर ब्रिज (ROB) के निर्माण कार्य में गुरुवार देर रात बाधा उत्पन्न हो गई। निर्माण कंपनी के प्लांट सह बेस कैंप कार्यालय से जुड़े मार्ग के पास स्थित एक पुरानी और जर्जर पुलिया भारी वाहनों के दबाव से क्षतिग्रस्त हो गई। दरअसल यहां से बड़ा नाला गुजरा है। नाला के ऊपर से कंक्रीट पथ काफी पहले बनाया गया था जो जर्जर हालत में थी। जिसकी वजह से यह टूट गया था।

    पुलिया के लिए डाले गए ह्यूम पाइप

    जानकारी के अनुसार स्टोन चिप्स लदे भारी वाहनों के लगातार आवागमन के कारण पुलिया टूट गई थी। सूचना मिलते ही निर्माण कंपनी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टूटी पुलिया की जगह बड़े ह्यूम पाइप डालकर अस्थायी मार्ग तैयार कर दिया, ताकि वाहनों का आवागमन सुचारू हो सके।

    क्या बोले प्रोजेक्ट मैनेजर
    इस संबंध में प्रोजेक्ट मैनेजर संजय कुमार वर्मा ने बताया कि “पुलिया काफी पुरानी थी। भारी दबाव के कारण वह क्षतिग्रस्त हो गई। हमने तुरंत मरम्मती कार्य शुरू करा दिया है। शुक्रवार की शाम से ROB का निर्माण कार्य फिर से शुरू करवा दिया जाएगा।”

    क्षतिग्रस्त पाइप लाइन

    पानी की पाइप लाइन भी क्षतिग्रस्त
    इधर बागेश्वरी रोड पर जहां पिलर के फाउंडेशन का काम चल रहा है, वहां लोगों के घरों में जलापूर्ति करने वाली पाइप लाइनें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कंपनी ने समय पर पाइप की मरम्मत नहीं कराई, जिससे घरों में पानी की आपूर्ति बाधित हो गई है। कंपनी ने आश्वासन दिया है कि पाइप लाइन की मरम्मत भी जल्द करा दी जाएगी।

    अतिक्रमण और ई-रिक्शा बने बाधा
    निर्माण कंपनी से जुड़े लोगों ने बताया कि निर्माण स्थल पर अतिक्रमण और ई-रिक्शा का अवैध पड़ाव भी कार्य में बाधा डाल रहा है। कंपनी ने जिला प्रशासन से इस संबंध में त्वरित कार्रवाई की मांग की है, ताकि निर्माण कार्य समय पर पूरा किया जा सके।

  • बागेश्वरी आरओबी निर्माण क्षेत्र में लगा हाई गेज बैरियर क्षतिग्रस्त, हादसा टला, लोग व्यवस्था पर उठाए सवाल

    देवब्रत मंडल


    गया। बागेश्वरी रेलवे गुमटी के पास निर्माणाधीन आरओबी को लेकर कलाली मोड़ के पास लगाया गया हाई गेज बैरियर गुरुवार सुबह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार यह घटना एक मालवाहक वाहन चालक की लापरवाही के कारण हुई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
    बताया जा रहा है कि बागेश्वरी गुमटी के पास आरओबी निर्माण कार्य के कारण बड़े और मालवाहक वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए कलाली मोड़ के पास हाई गेज बैरियर लगाया गया था। लेकिन गुरुवार सुबह एक मालवाहक वाहन बैरियर से टकरा गया, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया।

    प्रशासनिक व्यवस्था पर उठ रहे सवाल


    घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब यह बात पहले से सार्वजनिक हो चुकी है कि आगे रास्ता बंद है और बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक है, तब भी इस मार्ग से भारी वाहनों का प्रवेश लगातार जारी है। इससे इलाके में हमेशा हादसे का खतरा बना हुआ है।

    कलाली मोड़ के पास नहीं सूचना पट्ट


    स्थानीय लोगों ने बताया कि संजय नगर मोहल्ले की ओर सूचना पट्ट लगाकर आगे रास्ता बंद होने की जानकारी दी गई है, लेकिन कलाली मोड़ के आसपास ऐसी कोई स्पष्ट सार्वजनिक सूचना नहीं लगाई गई है। यही नहीं, इस इलाके में ट्रैफिक पुलिस की भी तैनाती नहीं की जाती, जिससे इस तरफ से आने वाले भारी वाहनों को समय रहते रोका जा सके।

    नागरिकों का है आरोप

    लोगों का आरोप है कि पुल निर्माण विभाग ने केवल औपचारिकता निभाते हुए बैरियर लगा दिया, लेकिन सुरक्षा के लिए जरूरी एहतियाती इंतजामों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते जरूरी कदम नहीं उठाए गए तो यहां कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

    स्थानीय लोगों की प्रमुख मांगें


    कलाली मोड़ के पास भी स्पष्ट सूचना पट्ट लगाया जाए
    भारी और मालवाहक वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस की तैनाती हो
    बैरियर के साथ वैकल्पिक सुरक्षा व्यवस्था भी की जाए
    आरओबी निर्माण क्षेत्र में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए

  • बागेश्वरी ROB निर्माण तेज: कलाली मोड़ के बाद अब गांधी मोड़ के पास भी लगा बैरियर, बड़े वाहनों की आवाजाही बंद, जरूरत पर खोला जा सकेगा रास्ता

    बैरियर लग जाने से बागेश्वरी-संजय नगर रोड-पावरगंज-स्टेशन रोड पर भारी वाहन प्रतिबंधित

    देवब्रत मंडल | गया

    गांधी मोड़ के समीप लगा बैरियर

    गया जी शहर के बागेश्वरी रेलवे गुमटी पर प्रस्तावित रेल ओवरब्रिज ROB के निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए प्रशासन ने दोनों तरफ बैरियर लगाने का काम पूरा कर लिया है। स्टेशन–पावरगंज रोड स्थित कलाली(बैरागी) मोड़ पर मंगलवार को बैरियर लगाने के बाद बुधवार को बागेश्वरी-संजय नगर रोड पर गांधी मोड़ के पास भी बैरियर लगा दिया गया है।

    अतिआवश्यक होने पर हटाए भी जा सकते हैं अवरोधक

    करीब 9 फीट ऊंचे हाइट गेज और लो बैरियर के लगते ही इस मार्ग से बड़े वाहनों की आवाजाही फिलहाल प्रतिबंधित हो गई है। अब इस रास्ते से केवल बाइक और छोटे तिपहिया वाहन ही आ-जा सकते हैं। अधिकारियों ने साफ किया कि यह स्थायी अवरोधक नहीं है। अति आवश्यकता के अनुसार प्रशासनिक अधिकारियों के आदेश निर्देश पर इसे खोला जा सकता है ताकि निर्माण कार्य या आपात स्थिति में बड़े वाहनों को निकाला जा सके।

    भारी वाहनों का दवाब हुआ कम

    बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अनुसार, ROB निर्माण के दौरान यातायात को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। दोनों बैरियर लगने से अब निर्माण स्थल पर भारी वाहनों का दबाव नहीं रहेगा।

    लंबे जाम से मिलेगी राहत, पर मुआवजे पर अटका पेंच

    बागेश्वरी रेलवे गुमटी पर ROB निर्माण योजना को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में स्वीकृति मिली थी। ROB बनने से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से शहरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। स्टेशन, पावरगंज, बागेश्वरी इलाके में यातायात सुगम होगा। मुआवजे का मामला उलझा हुआ है।स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल निर्माण के लिए अधिग्रहित की जाने वाली जमीन-मकान के मुआवजे पर अबतक कोई निर्णय नहीं हुआ है। प्रभावित परिवारों ने पिछले दिनों बागेश्वरी मंदिर प्रांगण में बैठक कर अपने हितों की रक्षा के लिए संघर्ष का ऐलान किया है।

    प्रभावित परिवार मिलेंगे जिला प्रशासन से

    इधर, चर्चा है कि इस क्षेत्र के प्रभावित लोगों का एक शिष्टमंडल जिला प्रशासन से मिलने के लिए विचार किया है। ताकि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए।

    अंचलाधिकारी को दिया गया है निर्देश

    वहीं दूसरी तरफ एक जानकारी ये भी मिली है कि प्रभावित लोगों को मुआवजा देने से पहले भूमि अधिग्रहण की धारा 19(2) के तहत गजट का प्रकाशन भू अर्जन कार्यालय से किया जाना है। इसको लेकर नगर अंचल के सीओ को जिला मुख्यालय से पत्राचार किया गया है वे शीघ्र अपनी रिपोर्ट दें ताकि प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जा सके।

    मौके पर रहे ये अधिकारी


    कलाली मोड़ पर बैरियर लगाने के दौरान निर्माण एजेंसी बसंत कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर संजय कुमार वर्मा, अभियंता रंजन कुमार, सर्वेयर कौशिक करक, निरंजन यादव समेत कई कर्मी मौजूद रहे।

  • जरूरी खबर:बागेश्वरी रेलवे गुमटी आरओबी निर्माण: बड़े वाहनों की आवाजाही पर लगी रोक, कलाली मोड़ पर लगाया गया हाई गेज

    देवब्रत मंडल


    गया। बागेश्वरी रेलवे गुमटी के पास प्रस्तावित रेल ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य को गति देने की दिशा में मंगलवार को अहम कदम उठाया गया। निर्माण कार्य के मद्देनजर स्टेशन–पावरगंज रोड स्थित कलाली मोड़ के पास बड़े वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए हाई गेज (मार्ग अवरोधक) स्थापित कर दिया गया है।
    स्थापित हाई गेज की ऊंचाई पौने तीन मीटर (करीब 9 फीट) रखी गई है। इसके लगते ही इस मार्ग से निर्धारित ऊंचाई से अधिक वाले भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित हो गया है। इससे आरओबी निर्माण कार्य के दौरान यातायात को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने में मदद मिलेगी।
    बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अनुसार, मार्ग अवरोधक लगाने का आदेश प्राप्त होने के बाद यह कार्रवाई की गई है। अधिकारियों ने बताया कि बागेश्वरी–गांधी मोड़ रोड के पास भी बैरियर लगाने के लिए स्थान का चयन कर लिया गया है। अगले एक-दो दिनों में वहां भी हाई गेज स्थापित कर दिया जाएगा, जिसके बाद उस दिशा से भी बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक लागू हो जाएगी।
    गौरतलब है कि बागेश्वरी रेलवे गुमटी पर आरओबी निर्माण योजना को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में स्वीकृति मिली थी। लंबे समय से इस परियोजना का इंतजार किया जा रहा है। आरओबी बनने के बाद रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम से शहरवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही स्टेशन, पावरगंज, बागेश्वरी और आसपास के इलाकों में यातायात अधिक सुगम और सुरक्षित हो सकेगा।

    इस मौके पर पुल निगम के अभियंता प्रवीण कुमार, निर्माण कार्य कर रही एजेंसी बसंत कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर संजय कुमार वर्मा, अभियंता रंजन कुमार, सर्वेयर कौशिक करक, निरंजन यादव आदि समेत कई कर्मी मौजूद रहे।

    इधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल निर्माण के लिए अधिग्रहित की जाने वाली उनकी जमीन मकान को लेकर मुआवजा देने के सम्बंध में अबतक कोई निर्णय नहीं हो सका है। बताया गया कि प्रभावित परिवार के लोगों की एक बैठक बागेश्वरी मंदिर के प्रांगण में हुई थी। जिसमें लोगों ने अपनी हितों की रक्षा को लेकर संघर्ष करने की बात कही है।

  • ‘आगे रास्ता बंद है’ का बोर्ड, लेकिन सड़क पर दौड़ रहे वाहन; बागेश्वरी आरओबी निर्माण अब भी इंतजार में, देखिये कुछ खास तस्वीरें

    देवब्रत मंडल

    तस्वीर झूठ नहीं बोलती, आधी हकीकत, आधा फ़साना


    गया। कई बार जो दिखाई देता है, वास्तविकता उससे बिल्कुल अलग होती है। बागेश्वरी रोड पर लगा एक बोर्ड इन दिनों कुछ ऐसी ही कहानी बयां कर रहा है। सड़क किनारे बिहार राज्य पुल निर्माण निगम की ओर से लगाया गया सूचना बोर्ड लोगों को आगाह करता है कि “सावधान, आगे रास्ता बंद है”, लेकिन मौके की तस्वीर कुछ और ही कह रही है। सड़क पर लोगों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी है और छोटे-बड़े वाहन लगातार गुजर रहे हैं।

    बागेश्वरी सड़क मार्ग पर फर्राटे भरते वाहन


    दरअसल, बागेश्वरी रेलवे गुमटी (एलसी/गेट) के स्थान पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण को लेकर यह सूचना लगाई गई है। करीब 100 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य गया शहर को लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से राहत दिलाना है। इसके लिए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा योजना का शिलान्यास किया जा चुका है तथा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार भूमि पूजन भी कर चुके हैं।

    भूमि पूजन करते विधानसभा अध्यक्ष

    हालांकि, जमीनी हकीकत यह है कि आरओबी निर्माण की दिशा में अब तक कोई बड़ा भौतिक कार्य दिखाई नहीं देता। निर्माण कार्य के लिए ट्रैफिक प्लान को मंजूरी मिल चुकी है और चयनित एजेंसी भी आवश्यक संसाधनों तथा बेस कैंप की व्यवस्था कर चुकी है। पुल निर्माण निगम के अधिकारी समय-समय पर बागेश्वरी रोड और पावरगंज-स्टेशन रोड का निरीक्षण भी करते रहे हैं, लेकिन निर्माण कार्य अभी तक धरातल पर शुरू नहीं हो सका है।
    स्थिति यह है कि आरओबी के पिलर निर्माण के लिए सड़क पर एक गड्ढा तक नहीं खोदा गया है। सड़क किनारे मौजूद पेड़-पौधों और बिजली के तारों का स्थानांतरण भी पूरा नहीं हो पाया है। ऐसे में “रास्ता बंद” की सूचना और वास्तविक स्थिति के बीच बड़ा अंतर दिखाई देता है।

    अधिकृत एजेंसी का प्लांट का जायजा लेते अभियन्ताओं की टीम


    स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से इस परियोजना का इंतजार किया जा रहा है। अब राज्य में नई सरकार बनने के बाद भी लोग यह जानना चाहते हैं कि आखिर आरओबी निर्माण कार्य कब शुरू होगा और कब पूरा होगा। बागेश्वरी और आसपास के इलाकों के निवासियों के लिए यह सवाल आज भी एक यक्ष प्रश्न बना हुआ है।
    लोगों की अपेक्षा है कि कागजों और बैठकों से आगे बढ़कर अब परियोजना को जमीन पर उतारा जाए, ताकि गया शहर को जाम की समस्या से स्थायी राहत मिल सके और बहुप्रतीक्षित बागेश्वरी आरओबी का सपना साकार हो सके।

  • बागेश्वरी गुमटी: मुआवजा को लेकर लोग हुए एकजुट, समाधान को लेकर लगाए बैनर, भू-अर्जन पदाधिकारी को सौंपा आवेदन

    देवब्रत मंडल

    बागेश्वरी रोड में लगा बैनर


    गया। बागेश्वरी गुमटी (लेवल क्रॉसिंग 71A) पर प्रस्तावित फ्लाईओवर सह पहुंच पथ निर्माण योजना के तहत अधिग्रहित की जाने वाली जमीन को लेकर स्थानीय निवासी एकजुट हो गए हैं। लोगों ने बागेश्वरी रोड में एक बैनर लगाकर प्रशासन का ध्यानाकृष्ट कराया है। इसको लेकर एक भूधारी ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को आपत्ति आवेदन सौंपा है।

    आवेदक का आरोप: गलत है गजट में उल्लेखित प्रकृति

    आवेदक मनोज कुमार, पिता स्वर्गीय रामेश्वर प्रसाद, निवासी बागेश्वरी गुमटी, थाना डेल्हा, जिला गया ने आवेदन में कहा है कि परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में उनकी जमीन को गलत तरीके से बिहार सरकार के नाम प्रकाशित कर दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि संबंधित जमीन उनकी माता स्वर्गीय भारती देवी के नाम से दर्ज है और परिवार वर्षों से वहां निवास कर रहा है।

    भूमि पर वर्षों से कब्जा का दावा

    आवेदन में उल्लेख किया गया है कि भू-अर्जन अधिनियम 2013 की धारा 11(1) के तहत 7 फरवरी 2026 को प्रकाशित अधिसूचना में खाता संख्या 1032 की जमीन को सरकारी भूमि बताया गया, जबकि वर्तमान में उस भूमि पर परिवार का कब्जा और नगर निगम का कर भुगतान नियमित रूप से किया जा रहा है नए सर्वे का अंतिम प्रकाशन नहीं हुआ

    मनोज Kumar ने यह भी कहा कि बागेश्वरी मोहल्ले में नए सर्वे का अंतिम प्रकाशन अभी तक नहीं हुआ है, इसलिए पुराना सर्वे ही प्रभावी माना जाना चाहिए। उन्होंने पुराने खाता संख्या 16, खेसरा संख्या 6309 तथा नए खाता संख्या 572 और खेसरा संख्या 1791 का हवाला देते हुए कहा कि अधिग्रहित की जा रही करीब 100 आर जमीन पर मुआवजे का पूरा अधिकार उनका बनता है।

    दस्तावेज पेश करते हुए प्रशासन से मांग

    आवेदक ने प्रशासन से मांग की है कि जमीन और मकान का पंचाट उनके नाम घोषित कर उचित मुआवजा भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इसके समर्थन में उन्होंने केवाला, खतियान, ड्राफ्ट बंदोबस्ती, नगर निगम कर रसीद एवं वंशावली की प्रतियां भी आवेदन के साथ संलग्न की हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन निष्पक्ष जांच कर वास्तविक अभिलेखों के आधार पर निर्णय लेता है, तो प्रभावित परिवार को न्याय मिल सकेगा।

  • बागेश्वरी गुमटी:गया-मानपुर रेलखंड पर आरओबी निर्माण के दौरान बदलेगा ट्रैफिक रूट, देखें किधर से आना जाना करेंगे लोग

    देवब्रत मंडल

    File Photo


    गया। गया-मानपुर रेलखंड पर रेलवे किलोमीटर 468/16-18 के पास बागेश्वरी गुमटी स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या 71ए के बदले पहुंच पथ सहित सड़क ऊपरी पुल (आरओबी) निर्माण कार्य को लेकर जिला प्रशासन ने नया यातायात प्लान जारी किया है। अनुमंडल पदाधिकारी, सदर गया द्वारा जारी आदेश के अनुसार निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
    प्रशासन द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि आरओबी निर्माण कार्य के मद्देनजर संबंधित विभागों एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

    यह रहेगा नया ट्रैफिक रूट

    एनएच-83 से पटना-बेलागंज की ओर जाने वाले वाहन नवादा की ओर से सिकड़िया मोड़ मुफस्सिल मोड़, मेहता पेट्रोल पंप होते हुए पावरगंज-02 मार्ग से निकलेंगे। इसके बाद घुघरीटांड़ मोड़ होते हुए पंच नंबर गेट पहुंचेंगे, जहां से अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
    पटना की ओर जाने वाले वाहन सिकड़िया मोड़ से पंच नंबर गेट, घुघरीटांड़, मुफस्सिल मोड़ एवं मेहता पेट्रोल पंप होकर मानपुर-बाघीबार बेलागंज-पटना मार्ग से गुजरेंगे।

    प्रशासन के निर्देश


    पुल निर्माण एजेंसी को आवश्यक स्थानों पर साइनेज लगाने का निर्देश दिया गया है, ताकि आम लोगों को असुविधा न हो।
    रेलवे गुमटी को जल्द बंद कर निर्माण कार्य में तेजी लाने की बात कही गई है। निर्माण एजेंसी एवं संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। कोतवाली एवं डेल्हा थाना पुलिस को लगातार निरीक्षण और पेट्रोलिंग करने को कहा गया है। प्रशासन ने कहा है कि आवश्यकता पड़ने पर समय-समय पर यातायात योजना की समीक्षा भी की जाएगी।

  • मंत्रिमंडल गठन के बाद गया में विकास को रफ्तार, बागेश्वरी गुमटी ROB का काम तेज, सर्वे अंतिम चरण में, जल्द शुरू होगा पिलर निर्माण

    देवब्रत मंडल

    एलाइमेन्ट मिलाते सर्वेयर एवं साथ में टीम

    गया, 7 मई 2026
    बिहार में नई सरकार बनने और मंत्रिमंडल गठन पूरा होने के बाद गया जी में रुके विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा पूर्व सीएम नीतीश कुमार के विकास रोडमैप को आगे बढ़ाने की घोषणा के बाद शहर के उत्तरी हिस्से में बागेश्वरी गुमटी के पास बनने वाले आरओबी के निर्माण कार्य में तेजी आ गई है।

    गुरुवार को पहुंची इंजीनियरों की टीम, एलाइनमेंट सर्वे पूरा
    बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के सब-डिविजनल अभियंता आकाश दीप के नेतृत्व में इंजीनियरों और सर्वेयरों की टीम गुरुवार को कार्य स्थल पर पहुंची। टीम ने बागेश्वरी-पॉवरगंज-स्टेशन रोड पर संरेखण यानी एलाइनमेंट का सर्वे किया। पुल निर्माण निगम के एक पदाधिकारी ने बताया कि आरओबी निर्माण में एलाइनमेंट की भूमिका अहम होती है। सर्वेक्षण कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके पूरा होते ही पिलर बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।

    पहले पटना रोड की तरफ बनेगा पिलर


    आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक पिलर निर्माण का काम पहले बागेश्वरी गुमटी से उत्तर पटना की ओर जाने वाले सड़क मार्ग पर किया जाना है। इसके बाद अन्य हिस्सों में काम बढ़ेगा।

    नीतीश कुमार ने रखी थी आधारशिला, विधानसभा अध्यक्ष ने किया था भूमि पूजन


    गया शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बागेश्वरी गुमटी पर आरओबी बनाने की घोषणा की थी और इसकी आधारशिला भी रखी थी। इसके बाद बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बागेश्वरी मंदिर के पास भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की विधिवत शुरुआत की थी। सरकार बदलने के बाद काम की गति धीमी पड़ गई थी, जो अब फिर तेज हो गई है।

    जमीन अधिग्रहण पर विवाद, लोग जाएंगे कोर्ट


    इधर, आरओबी के दायरे में आई जमीन को लेकर विवाद भी शुरू हो गया है। प्रभावित लोगों से आपत्तियां ले ली गई हैं, जिनका निबटारा भू-अर्जन कार्यालय के माध्यम से किया जाना है। बागेश्वरी और पॉवरगंज मोहल्ले के कई लोगों का आरोप है कि उनकी निजी जमीन को सरकारी भूमि की सूची में डाल दिया गया है। इससे नाराज लोग कोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं।

    मंत्रिमंडल गठन पूरा, विभाग बंटवारे का इंतजार


    बिहार में नई सरकार के गठन के बाद मंत्रिमंडल गठन का काम पूरा हो चुका है। अब केवल विभागों का बंटवारा बाकी है। माना जा रहा है कि देर-सवेर यह काम भी पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद विकास योजनाओं को और गति मिलने की उम्मीद है।

  • बागेश्वरी गुमटी:आरओबी निर्माण के लिए शुभ मुहूर्त में विधानसभा अध्यक्ष ने किया भूमि पूजन, कई गण्यमान्य सहित क्षेत्र के लोग बने साक्षी

    न्यूज डेस्क

    भूमि पूजन में शामिल बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार व अन्य

    गया जी शहर के बागेश्वरी गुमटी(71A समपार फाटक) के पास बनने वाले आरओबी को लेकर शनिवार को शुभ मुहूर्त में भूमि पूजन किया गया। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार इस पूजा में न केवल शामिल हुए बल्कि वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ इस पुल के निर्माण कार्य प्रारंभ करने हेतु नींव भी डाली। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा इस क्षेत्र के लोग कब से बागेश्वरी गुमटी के पास ओवर ब्रिज बनाने की मांग करते आ रहे थे, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार ने लोगों की मांग पूरी कर दी है। जिससे शहर में जाम की समस्याओं से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा गया जी शहर में बनने वाले इस तीसरे ओवर ब्रिज पर कार्य शुरू हो गया है। आने वाले निकट भविष्य में जाम की समस्या से लोगों को छुटकारा मिल जाएगा।
    उन्होंने कहा कि आज बागेश्वरी गुमटी पर आरओबी निर्माण हेतु भूमि पूजन किया गया है। उन्होंने कहा लोग लंबे समय से यहां के लोग चाह रहे थे कि यहां आरओबी बने। हमने कैबिनेट में यह प्रस्ताव रखा था। इसके बाद हमारी एनडीए की सरकार ने यहां आरओबी बनाने का फैसला लिया।
    उन्होंने बताया कि प्रेतशिला पर रोपवे का काम लगभग पूरा होने को है। करीब 500 करोड़ रुपए की लागत से विष्णुपद कॉरिडोर बनने जा रहा है। इसको लेकर आज ही महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में कई विद्यालय भवन बनाए गए हैं। वरदा उच्च विद्यालय में छात्र छात्राओं की बढ़ती संख्या को देखते यहां पर कई और कमरे का निर्माण कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली डबल इंजन की सरकार गया जी के कई और धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण और विकास की योजना बनाई है, जल्द ही इस पर भी काम शुरू हो जाएगा।
    इस मौके पर बिहार राज्य पुल निर्माण निगम, कार्य प्रमंडल, गया के कार्यपालक अभियंता आलोक शरण, वरीय परियोजना अभियंता,कार्य प्रमंडल, गया आकाश दीप, कनीय अभियंता दिनेश कुमार, प्रवीण कुमार, प्रीति कुमारी के अलावा भाजपा के कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ताओं साथ बागेश्वरी, पावरगंज, बैरागी, न्यू कॉलोनी बागेश्वरी, बमबाबा, पहसी, संजय नगर, छोटकी नवादा, लोको कॉलोनी, हब्बीपुर, गोविंदपुर, कंडी, नंदपुरी कॉलोनी, खरखुरा आदि मोहल्ले के लोग उपस्थित रहे।
    इस भूमि पूजन कार्य को सफल बनाने में पुल निर्माण कार्य कर रही बी. के. कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर संजय कुमार वर्मा, रंजन कुमार, सत्येंद्र कुमार, निरंजन कुमार आदि की भूमिका सराहनीय रही।
    भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न होने के बाद अगले कार्यक्रम में शामिल होने के लिए इस स्थल से निकले विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार से भूमि अधिग्रहण से प्रभावित हो रहे कई लोगों उनसे मिले और अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए अपील की कि कुछ ऐसा उपाय करें जिससे प्रभावित परिवारों को ज्यादा नुकसान और परेशानियां नहीं झेलना पड़े। विस अध्यक्ष ने लोगों इसमें अपने स्तर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
    बता दें इस पुल के निर्माण में कई लोगों के घर, दुकान और अन्य छोटे छोटे व्यवसाय पूरी तरह से प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे लोगों का कहना है कि इसके बन जाने से उनके समक्ष रोजी रोटी की समस्या उत्पन्न हो जाएगी। कई परिवार बेघर हो जाएंगे।

  • बागेश्वरी गुमटी पर आरओबी बनाने को लेकर सिक्स मैन कमेटी ने किया स्थल निरीक्षण,भूस्वामियों ने रखी अपनी बातें

    देवब्रत मंडल

    स्थल निरीक्षण करते सिक्स मैन कमेटी के पदाधिकारी

    गया-मानपुर जंक्शन के बीच समपार फाटक पर बनने वाले आरओबी निर्माण के लिए मंगलवार को सिक्स मैन कमेटी ने स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान कई भूस्वामी पदाधिकारियों के समक्ष अपनी बातें रखी। जिसके समाधान का आश्वासन जिला भूअर्जन पदाधिकारी ने दिया।

    भूस्वामियों ने डीएलओ के समक्ष रखी अपनी समस्याएं

    भू अर्जन पदाधिकारी रबिन्द्र राम ने भूस्वामियों से कहा कि इस आरओबी के निर्माण में जिनकी भी भूमि अधिग्रहण की जानी है, वे अपनी अपनी जमीन के मूल कागजात अपडेट कर लें ताकि मुआवजा दिलाने में किसी रैयत को परेशानी नहीं हो। उन्होंने साथ रहे सदर अंचलाधिकारी ऋषिकेश कुमार को निर्देश दिया कि रैयतों को मुआवजा राशि प्राप्त करने में किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए रैयतों के जमीन की कागजातों को उपडेट्स करने में मदद करें। वहीं रैयतों का कहना था कि इसके लिए स्थानीय स्तर पर ही शिविर आयोजित कर समस्याओं का निराकरण कर देंगे तो अच्छा रहेगा क्योंकि अंचल कार्यालय की दूरी यहां से करीब पांच किमी है। वहीं कार्यालय पहुंचने पर पता चलता है कि आज साहेब काम से फील्ड में निकले हुए हैं। इससे अच्छा यही होगा कि स्थानीय स्तर पर शिविर के माध्यम से कागजात दुरुस्त कर दें।

    करीब 60-62 फीट चौड़ाई में किया जाएगा भूमि का अधिग्रहण

    जिला भूअर्जन पदाधिकारी से रैयतों ने जानना चाहा कि कुल कितनी(चौड़ाई में) जमीन अधिग्रहण की जाएगी? इस पर साथ रहे पुल निर्माण निगम के वरीय अभियंता आकाश दीप ने लोगों को बताया कि सड़क के मध्य से दोनों तरफ 10.2 मीटर भूमि अधिग्रहण की जानी है।
    लोगों ने पुल की चौड़ाई कितनी होगी, सर्विस रोड की चौड़ाई कितनी होगी? पुल के दोनों सिरे कहां पर गिरेंगे आदि की जानकारी प्राप्त किया। जैसा कि बताया गया कि करीब 60-62 फीट से कुछ अधिक जमीन( चौड़ाई में) अर्जित की जाएगी।

    डीएलओ ने कई जगहों पर जमीन की मापी करवाई

    सिक्स मैन कमिटी के पदाधिकारी ने जमीन की मापी करवाया। देखा गया कि इस आरओबी के निर्माण में किनके किनके और कितने घर के लोगों की जमीन अधिग्रहण के दायरे में आ रही है। ये सभी देखा। अधिकारी ने भूस्वामियों की सूची और अधिग्रहण की जाने वाली भूमि पर भी चर्चा की। 

    रिपोर्ट पर मुहर लगते ही 11(ए) की प्रक्रिया शुरू होगी

    सिक्स मैन कमेटी की रिपोर्ट पर अंतिम मुहर लग जाने के बाद भूमि अधिग्रहण कानून के तहत धारा 11(ए) की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जिसकी सार्वजनिक सूचना दो स्थानीय भाषा के समाचार पत्रों में प्रकाशित कर लोगों से आपत्ति मांगी जाएगी। जिसकी समय सीमा करीब 30 दिनों की हो सकती है।

    अलग से पैदल चलने, बाइक व थ्री व्हीलर वाहन को चलने के लिए एफओबी भी बनेगा।

    सिक्स मैन कमेटी स्थल निरीक्षण के दौरान यह भी बताया कि बागेश्वरी गुमटी से सटे पूरब की तरफ रेल लाइन के उपर से पैदल, बाइक तथा थ्री व्हीलर से आने जाने के लिए रैंप वाले भी एफओबी बनाए जाएंगे। ताकि इमरजेंसी में, स्कूल, कॉलेज, अस्पताल आदि के लिए जाने आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं।