देवब्रत मंडल

ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत RPF गया की तत्परता से बची महिला यात्री की जान
पिछले दिनों गया जंक्शन पर चलती ट्रेन में चढ़ने के क्रम में ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गैप में गिरकर घायल हुए यात्री की घटना से आरपीएफ ने सबक लेते हुए बुधवार को इनकी सक्रियता से एक बड़ा हादसा टल गया। चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक महिला यात्री का संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म व पटरी के बीच गैप की ओर जाने लगी। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अधिकारियों और जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को सुरक्षित बाहर खींच लिया। इस बहादुरी और सतर्कता से महिला यात्री की जान बच गई।
गया रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 पर अधिकारियों व जवानों की टीम ट्रेनों की सुरक्षित पासिंग के लिए लगातार चक्रमण कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर महाबोधि एक्सप्रेस खड़ी थी, जबकि प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर ट्रेन संख्या 12350 गोड्डा–नई दिल्ली हमसफर वीकली एक्सप्रेस दोपहर 1:35 बजे आकर रुकी।
निर्धारित ठहराव के बाद जैसे ही हमसफर एक्सप्रेस धीरे-धीरे खुलने लगी, तभी दिल्ली छोर वाले फुट ओवरब्रिज की ओर से एक महिला यात्री तेजी से उतरकर चलती ट्रेन में चढ़ने के लिए दौड़ी। ट्रेन पर चढ़ने के प्रयास में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म और पटरी के बीच के गैप की ओर लड़खड़ाने लगी।
यह दृश्य देखते ही ट्रेन पास करा रहे उप निरीक्षक राम सेवक, आरक्षक रामप्रवेश सिंह और आरक्षक मुकेश कुमार तुरंत उसकी ओर दौड़े और महिला को गैप में गिरने से पहले ही खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। RPF की इस तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
RPF के अनुसार, बचाई गई महिला की उम्र 22 वर्ष है और वह गया से नवादा जाने के लिए उक्त ट्रेन से यात्रा करने वाली थी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में महिला को किसी प्रकार की चोट नहीं आई। ट्रेन बाद में दोपहर 1:50 बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई।
रेलवे सुरक्षा बल गया ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास कभी न करें, क्योंकि यह बेहद खतरनाक हो सकता है। यात्रियों से कहा गया है कि वे ट्रेन के प्रस्थान समय से कम से कम 20 मिनट पहले स्टेशन पहुंचें और सुरक्षित तरीके से यात्रा करें।
