Tag: gaya junction east central railway

  • गया समेत 15 स्टेशनों का बदल रहा स्वरूप, ब्रिटिश शासन की छाप से होंगे मुक्त, डीडीयू से अधिक गया जंक्शन पर यात्रियों का दबाव

    ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ से हो रहा कायाकल्प, गया-डीडीयू समेत मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर बढ़ाई जा रही यात्री सुविधाएं

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन


    गया जी। कभी ब्रिटिशकालीन रेलवे व्यवस्था की पहचान रहे डीडीयू रेल मंडल के स्टेशनों की तस्वीर अब तेजी से बदलने जा रही है। रेलवे बोर्ड की अनुमति के बाद मंडल के 15 स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की दिशा में काम आगे बढ़ रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत होने वाला यह पुनर्विकास केवल स्टेशन भवन को नया रूप देने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यात्रियों के लिए प्रवेश से लेकर प्लेटफार्म तक बेहतर और सुविधाजनक व्यवस्था विकसित की जाएगी। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप रेलवे अपने स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप देने में जुटा है। इसी कड़ी में डीडीयू रेल मंडल भी पुराने ढांचे और औपनिवेशिक दौर की कार्यप्रणाली से आगे बढ़ते हुए आधुनिक यात्री सुविधाओं की ओर कदम बढ़ा रहा है।

    414 किलोमीटर में फैला है डीडीयू मंडल

    डीडीयू रेल मंडल का रेल नेटवर्क करीब 414 किलोमीटर में फैला है और इसका विस्तार उत्तर प्रदेश, बिहार तथा झारखंड तक है। ग्रैंड कार्ड रेल मार्ग का महत्वपूर्ण हिस्सा होने के कारण यह मंडल उत्तर भारत को पूर्वी भारत से जोड़ने में अहम भूमिका निभाता है।
    मंडल में कुल 61 स्टेशन हैं। इनमें 43 गैर-उपनगरीय स्टेशन (एनएसजी) तथा 18 हॉल्ट शामिल हैं। यात्रियों की संख्या और स्टेशन की आय के आधार पर इनका अलग-अलग श्रेणियों में वर्गीकरण किया गया है।

    यात्री दबाव के लिहाज से गया और डीडीयू अहम

    गया जंक्शन पर यात्रियों की भीड़

    पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन और गया जंक्शन को एनएसजी-2 श्रेणी में रखा गया है। इस श्रेणी में ऐसे स्टेशन आते हैं जिनकी वार्षिक आय 100 से 500 करोड़ रुपये तथा वार्षिक यात्री संख्या एक करोड़ से अधिक और दो करोड़ तक होती है।
    गया जंक्शन धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्टेशन है, जबकि डीडीयू जंक्शन रेल परिचालन के लिहाज से मंडल का प्रमुख केंद्र है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार गया जंक्शन से सालाना करीब 88.27 लाख और डीडीयू जंक्शन से करीब 58.85 लाख यात्रियों का आवागमन होता है। दोनों स्टेशनों को मिलाकर सालाना करीब 1.47 करोड़ यात्रियों की आवाजाही होती है।

    इस 15 स्टेशनों पर बदलेगी तस्वीर

    अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मंडल के चंदौली मझवार, दुर्गावती, बिक्रमगंज, पीरो, भभुआ रोड, कुदरा, सासाराम, डेहरी आन सोन, अनुग्रह नारायण रोड, रफीगंज, गुरारू, हैदरनगर, मोहम्मदगंज, नबीनगर और जपला स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है।
    पुनर्विकास के बाद इन स्टेशनों पर स्टेशन भवन, प्लेटफार्म, पार्किंग और सर्कुलेटिंग एरिया को बेहतर बनाया जाएगा। यात्रियों के लिए आधुनिक शौचालय, फुट ओवरब्रिज, शेल्टर, पेयजल और बैठने की सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इससे छोटे और मध्यम श्रेणी के स्टेशनों पर भी यात्रियों को आधुनिक रेलवे स्टेशन जैसा अनुभव मिलने की उम्मीद है।

    गया में चल रहा बड़े स्तर का पुनर्विकास

    गया जंक्शन

    गया जंक्शन का पुनर्विकास पहले से ही बड़े स्तर पर चल रहा है। स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं और नई वास्तुकला के साथ विकसित किया जा रहा है। वहीं डीडीयू जंक्शन के व्यापक विस्तार और पुनर्विकास को लेकर प्राथमिक तकनीकी अध्ययन जारी है।

    डीडीयू मंडल के बाकी स्टेशन भी श्रेणीबद्ध

    डीडीयू मंडल के डेहरी आन सोन, सासाराम और अनुग्रह नारायण रोड स्टेशन एनएसजी-3 श्रेणी में हैं। कुदरा, भभुआ रोड और जपला एनएसजी-4 में शामिल हैं। नबीनगर रोड, उंटारी रोड, रफीगंज, हैदरनगर, मोहम्मदगंज और गुरारू एनएसजी-5 श्रेणी में हैं, जबकि शेष 29 स्टेशन एनएसजी-6 में आते हैं। इसके अलावा मंडल में 18 हॉल्ट हैं, जिनमें सात एचजी-2 और 11 एचजी-3 श्रेणी के हैं।

    कुल मिलाकर डीडीयू रेल मंडल में हो रहा यह बदलाव रेलवे स्टेशनों के पुराने ढांचे को आधुनिक यात्री केंद्रों में बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले वर्षों में इन स्टेशनों की बदली हुई तस्वीर न सिर्फ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देगी, बल्कि बदलते भारत और आधुनिक रेलवे की नई पहचान भी सामने रखेगी।

  • जलजमाव के बीच खड़े हैं बापू, देखने वाला कोई नहीं, आजादी की पूर्व संध्या पर गांधी मंडप की बदहाली, रेलवे की उपेक्षित विरासत

    देवब्रत मंडल

    लोको कॉलोनी, गया जी(गांधी मंडप)

    देश 15 अगस्त को आजादी का जश्न मनाएगा। हर गली-मोहल्ले में तिरंगा लहराएगा। लेकिन इसी जश्न की पूर्व संध्या पर magadhlive की नजर जब गया जंक्शन के लोको कॉलोनी स्थित गांधी मंडप पर पड़ी, तो मन व्यथित हो गया।

    यह वही जगह है जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा स्थापित है। इस प्रतिमा का अनावरण तत्कालीन रेलमंत्री बाबू जगजीवन राम ने किया था। पूर्व मध्य रेलवे के डीयू मंडल का यह क्षेत्र रेलवे की गौरवशाली विरासत का हिस्सा माना जाता था।

    आज की तस्वीर: जलजमाव और उपेक्षा

    आज गांधी मंडप की हालत बद से बदतर है। चारों ओर जलजमाव है। उसी गंदे पानी के बीच बापू की प्रतिमा विराजमान है। न मंडप की छत दुरुस्त है, न आसपास साफ-सफाई।

    स्थानीय लोग बताते हैं कि अब इस जगह को पूछने वाला कोई नहीं।

    सिर्फ 4 दिन याद आते हैं बापू


    स्थानीय वार्ड पार्षद, कुछ युवा और कुछ सेवानिवृत्त रेलकर्मी ही इस स्थान पर साल में 4 बार आते हैं:

    1. 2 अक्टूबर – गांधी जयंती
    2. 30 जनवरी – गांधी पुण्यतिथि
    3. 15 अगस्त – स्वतंत्रता दिवस
    4. 26 जनवरी – गणतंत्र दिवस

    इन मौकों पर सिर्फ श्रद्धा सुमन अर्पित कर सभी लौट जाते हैं। बाकी 361 दिन यह स्थल वीरान और उपेक्षित पड़ा रहता है।

    सवाल: क्या यही हमारी श्रद्धांजलि है?


    1947 में देश आजाद हुआ। आजादी दिलाने वालों की भूमिका पर बहस हो सकती है। देश 1947 से 2026 तक बहुत बदला, उस पर भी बहस हो सकती है।

    लेकिन जिस बापू ने हमें अहिंसा और सत्य का रास्ता दिखाया, जिनके नाम पर यह मंडप बना, क्या उनकी प्रतिमा की यह हालत उचित है?

    रेलवे का हिस्सा होने के बावजूद गांधी मंडप आज उपेक्षा का शिकार है। 15 अगस्त पर तिरंगा फहराने से पहले जरूरत है कि हम अपनी विरासतों को भी संभालें।

    क्या आजादी का असली जश्न यही है? बापू की विरासत को बचाना भी हमारी जिम्मेदारी है।

  • स्टेशन रोड के शौचालय एवं स्नानागार का गंदा पानी रेल क्षेत्र में गिरने पर जताई नाराजगी, एसआईजी टीम ने तत्काल बंद करने को कहा

    गया जंक्शन पर एसआईजी टीम का निरीक्षण, यात्री सुविधाओं की कमियां दूर करने के निर्देश

    देवब्रत मंडल


    गया। गया जंक्शन पर यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के लिए सोमवार को एसआईजी की टीम ने विभिन्न प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां-जहां यात्री सुविधाओं में कमी मिली, उसे तत्काल दूर करने के लिए संबंधित पर्यवेक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

    निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म पर जगह-जगह पड़े प्लाईवुड को भी टीम ने गंभीरता से लिया। संबंधित कर्मियों को इसे तत्काल हटाने को कहा गया, ताकि यात्रियों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। वहीं, कुछ प्लेटफॉर्म पर बैरिकेडिंग नहीं होने का मुद्दा भी सामने आया। टीम ने संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

    रेल क्षेत्र में गिर रहा था शौचालय का गंदा पानी

    निरीक्षण के क्रम में एसआईजी की टीम गया जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया में पहुंची। यहां स्टेशन रोड की ओर गया नगर निगम द्वारा संचालित शौचालय-सह-स्नानागार से निकल रहे गंदे पानी और गंदगी का मामला सामने आया।
    टीम ने मौके पर देखा कि शौचालय-सह-स्नानागार से निकलने वाला गंदा पानी रेलवे क्षेत्र में गिर रहा है, जिससे परिसर में गंदगी के साथ-साथ जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इस पर टीम ने नाराजगी जताते हुए मौके पर मौजूद कर्मचारी को इसे तत्काल बंद करने का निर्देश दिया।
    टीम पे एंड यूज शौचालय के कर्मचारी को भी मौके पर ले गई और स्थिति दिखाते हुए स्पष्ट किया कि शौचालय से निकल रहे पानी की वजह से रेलवे परिसर में गंदगी और जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो रही है। इसे तत्काल प्रभाव से रोकने को कहा गया।

    कई विभागों के पर्यवेक्षक रहे मौजूद

    एसआईजी टीम के निरीक्षण में रेल यात्रियों से जुड़ी सुविधाओं को देखने वाले विभिन्न विभागों के पर्यवेक्षक शामिल थे। इसके अलावा गया जंक्शन के पुनर्विकास कार्य की निगरानी कर रहे कंस्ट्रक्शन विभाग के पर्यवेक्षक भी टीम के साथ मौजूद रहे।
    निरीक्षण का उद्देश्य स्टेशन पर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं में सुधार के साथ-साथ रेलवे परिसर की स्वच्छता, सुगम आवागमन और निर्माण कार्यों से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना रहा।

  • मगध लाइव की मुहिम का असर: गया जंक्शन पर बनेगा शीतयुक्त शवगृह, सम्मानजनक व्यवस्था की दिशा में बढ़ा रेल प्रशासन

    देवब्रत मंडल

    मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली रिपोर्ट के बाद हरकत में आया रेलवे, स्थान चयन पर मंथन; समाजसेवियों ने डीप फ्रीजर दान करने की जताई इच्छा


    गया। गया जंक्शन पर शवों के रख-रखाव की अमानवीय स्थिति को उजागर करने वाली मगध लाइव की विशेष खबर अब असर दिखाने लगी है। लंबे समय से उपेक्षित इस गंभीर मानवीय मुद्दे पर अब रेल प्रशासन सक्रिय हो गया है। सूत्रों के अनुसार गया जंक्शन पर जल्द ही शीतयुक्त (एयर कंडीशनर युक्त) आधुनिक शवगृह बनाने की योजना पर विचार शुरू हो गया है। हालांकि निर्माण कब शुरू होगा और अंतिम रूप से किस स्थान पर बनाया जाएगा, इस पर अभी निर्णय नहीं हुआ है, लेकिन रेलवे स्तर पर जगह की तलाश तेज कर दी गई है।
    गौरतलब है कि गया जंक्शन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में आधुनिकीकरण किया जा रहा है। बावजूद इसके, स्वीकृत नक्शे में फिलहाल शवगृह के लिए किसी निर्धारित स्थान का स्पष्ट उल्लेख नहीं है। ऐसे में मगध लाइव द्वारा उठाए गए इस संवेदनशील मुद्दे के बाद रेलवे प्रशासन अब इस कमी को दूर करने की दिशा में गंभीरता से विचार कर रहा है।

    प्लेटफॉर्म 1/C के सामने बन सकता है आधुनिक शवगृह

    रेलवे सूत्रों के अनुसार प्रस्तावित शवगृह का निर्माण प्लेटफॉर्म संख्या 1/C के सामने या उसके आसपास किए जाने की संभावना है। इसे पूरी तरह शीतयुक्त बनाया जाएगा, ताकि शवों को सुरक्षित और सम्मानजनक तरीके से रखा जा सके। प्रारंभिक योजना के अनुसार इस शवगृह में एक साथ दो से तीन शवों को रखने की व्यवस्था होगी।
    इस व्यवस्था का उद्देश्य यह है कि रेल क्षेत्र में किसी यात्री या अज्ञात व्यक्ति की मृत्यु होने पर शव को ट्रेन, प्लेटफॉर्म या रेलवे ट्रैक से हटाकर पहचान एवं कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक नियमानुसार 72 घंटे सुरक्षित रखा जा सके।

    2 अगस्त की रिपोर्ट ने जगाई संवेदना

    उल्लेखनीय है कि 2 अगस्त को मगध लाइव ने गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 के दिल्ली छोर पर बने पुराने शवगृह में रखे एक यात्री के शव की स्थिति पर आधारित एक विशेष रिपोर्ट प्रकाशित की थी। उस रिपोर्ट ने न केवल रेल प्रशासन बल्कि आम लोगों की संवेदनाओं को भी झकझोर दिया। रिपोर्ट के बाद ही रेलवे के भीतर इस व्यवस्था को सुधारने को लेकर गंभीर चर्चा शुरू हुई और अब आधुनिक शवगृह बनाने की पहल सामने आ रही है।

    समाजसेवियों ने बढ़ाया सहयोग का हाथ

    इस बीच दो सामाजिक रूप से जागरूक लोगों ने मगध लाइव के संवाददाता से मुलाकात कर एक सराहनीय प्रस्ताव रखा। उन्होंने पहचान सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर कहा कि यदि रेलवे शीघ्र शवगृह का निर्माण करा देता है, तो वे अपनी ओर से डीप फ्रीजर दान करेंगे, ताकि किसी भी यात्री या अज्ञात व्यक्ति के शव को सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखा जा सके।
    उनका कहना था कि “रेल प्रशासन आज शवगृह बना दे, तो हम कल ही डीप फ्रीजर उपलब्ध करा देंगे।”

    संवेदनशील व्यवस्था की ओर एक सकारात्मक कदम

    रेलवे स्टेशन केवल यात्रियों के आवागमन का केंद्र नहीं, बल्कि मानवीय जिम्मेदारियों का भी महत्वपूर्ण स्थल है। ऐसे में आधुनिक और शीतयुक्त शवगृह का निर्माण न केवल एक बुनियादी आवश्यकता है, बल्कि मृतकों के सम्मान और उनके परिजनों की भावनाओं के प्रति संवेदनशीलता का भी प्रतीक होगा। यदि यह योजना शीघ्र धरातल पर उतरती है, तो गया जंक्शन देश के उन चुनिंदा स्टेशनों में शामिल हो सकता है, जहां शवों के सम्मानजनक संरक्षण की समुचित व्यवस्था उपलब्ध होगी।

  • रेलवे बोर्ड का नया आदेश गया जंक्शन पर क्यों नहीं लागू? शवों के निष्पादन पर अब भी ₹5 हजार का ही भुगतान, ₹7 हजार का आदेश फाइलों में कैद

    देवब्रत मंडल

    File photo(Gaya Junction)

    गया: रेलवे बोर्ड ने मृत शवों को कफन उपलब्ध कराने एवं रेलवे परिसर से उनके निष्पादन (Disposal) के लिए भुगतान की राशि बढ़ाने का आदेश जारी किया है, लेकिन गया जंक्शन पर अब भी पुराने आदेश के अनुसार ही भुगतान किया जा रहा है। इससे रेलवे बोर्ड के ताजा आदेश के अनुपालन पर सवाल खड़े हो गए हैं।

    रेलवे बोर्ड का क्या है आदेश

    रेलवे बोर्ड ने 15 जून 2018 को जारी आदेश के तहत शवों के निष्पादन एवं कफन उपलब्ध कराने के लिए ₹1,000 से बढ़ाकर ₹5,000 (या वास्तविक व्यय, जो कम हो) भुगतान करने का प्रावधान किया था। इसके बाद रेलवे बोर्ड ने 04 मई 2026 को एक नया आदेश जारी कर इस राशि को ₹5,000 से बढ़ाकर ₹7,000 (या वास्तविक व्यय, जो कम हो) कर दिया। आदेश में इसे तत्काल प्रभाव से लागू करने की बात कही गई है।

    गया जंक्शन पर पुराना आदेश प्रभावी, पुराने दर से हो रहा भुगतान

    जानकारी के अनुसार, गया जंक्शन पर शवों के निष्पादन का कार्य करने वाले व्यक्ति को अभी भी ₹5 हजार ही दिए जा रहे हैं। रेलवे सूत्रों का कहना है कि अगस्त महीने में दो शवों के निष्पादन के एवज में स्टेशन अधीक्षक (एसएस) की अनुशंसा के बाद कुल ₹10 हजार का भुगतान किया गया, अर्थात प्रत्येक शव पर ₹5 हजार।

    रेलवे अधिकारियों से पूछा गया सवाल, नहीं मिला जवाब

    इस संबंध में MagadhLive ने पूर्व मध्य रेल के एक अधिकारी से यह जानने का प्रयास किया कि रेलवे बोर्ड के 2026 के आदेश के बावजूद गया जंक्शन पर ₹7 हजार का भुगतान क्यों नहीं किया जा रहा है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ। इसी तरह डीडीयू मंडल के डीआरएम से भी उनके सरकारी व्हाट्सएप नंबर पर इस संबंध में प्रश्न पूछा गया, लेकिन उनकी ओर से भी कोई उत्तर नहीं मिला।

    नया आदेश लागू करने का निर्देश नहीं मिला

    इधर, गया रेल थाना की पुलिस ने भी स्टेशन प्रबंधक से मिलकर रेलवे बोर्ड के नए आदेश के अनुसार ₹7 हजार भुगतान करने की मांग की। उन्हें रेलवे बोर्ड के 2026 के आदेश की प्रति भी दिखाई गई।
    रेल पुलिस के एक पदाधिकारी ने बताया कि स्टेशन प्रबंधक का कहना है कि रेलवे बोर्ड का आदेश तो जारी हुआ है, लेकिन उसे प्रभावी ढंग से लागू करने के संबंध में विभागीय स्तर से उनके पास कोई अलग निर्देश या पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। इसलिए अभी पुराने आदेश के अनुसार ही ₹5 हजार का भुगतान किया जा रहा है।

    बड़ा सवाल

    सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब रेलवे बोर्ड ने 4 मई 2026 को ही तत्काल प्रभाव से भुगतान राशि बढ़ाकर ₹7 हजार करने का आदेश जारी कर दिया, तो तीन महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी गया जंक्शन पर इसका अनुपालन क्यों नहीं हो रहा है?
    क्या विभागीय स्तर पर आदेश का क्रियान्वयन नहीं हुआ, या फिर स्थानीय स्तर पर लापरवाही बरती जा रही है? इसका जवाब अब रेलवे प्रशासन को देना होगा।

  • आंखोंदेखी: जब गया जंक्शन के शवगृह में मानवता भी सिसकती मिली…शव को कुतरते यहां दिखाई दिए चूहे, पढ़ें पूरी रिपोर्ट

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन का शवगृह


    गया जी। मोक्ष की धरती। ज्ञान की भूमि। भगवान विष्णु के चरणों से पवित्र हुई यह नगरी और भगवान बुद्ध को ज्ञान प्राप्त होने का साक्षी बना बोधगया। हर वर्ष लाखों श्रद्धालु अपने पितरों के मोक्ष की कामना लेकर यहां आते हैं, तो दुनिया भर से बौद्ध अनुयायी भी इस धरती पर श्रद्धा अर्पित करने पहुंचते हैं।
    रेल, सड़क और हवाई मार्ग से जुड़ा गया देश-दुनिया के लोगों का प्रमुख पड़ाव है। सबसे अधिक यात्री रेलमार्ग से यहां आते-जाते हैं। आधुनिक सुविधाओं से लैस किए जा रहे गया जंक्शन को अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। लेकिन इसी आधुनिकता के बीच एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने भीतर तक झकझोर दिया।
    मृत्यु जीवन का अंतिम सत्य है। कोई नहीं जानता कि किसकी अंतिम सांस कब और कहां होगी। रेल यात्रा के दौरान यदि किसी यात्री की मौत हो जाती है तो रेलवे और रेल पुलिस निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करती है। पंचनामा, यूडी केस, पोस्टमार्टम और पहचान होने तक शव को सुरक्षित रखना—यह सब केवल कानूनी प्रक्रिया नहीं, बल्कि मृतक के प्रति समाज की अंतिम जिम्मेदारी भी है।
    इसी प्रक्रिया के दौरान MagadhLive की टीम ने जो देखा, उसने कई सवाल खड़े कर दिए।

    पार्सल कार्यालय में रखा शव


    ट्रेन संख्या 12802 से यात्रा कर रहे ओडिशा निवासी फ्रांसिस (पहचान पत्र के अनुसार) की तबीयत अचानक बिगड़ गई। ड्यूटी पर तैनात डिप्टी एसएस (कॉमर्शियल) प्रदीप लोहरा और पीए संजीत कुमार सिंह ने तत्काल पहुंचकर सीपीआर दिया। हर संभव प्रयास हुआ, लेकिन जिंदगी नहीं बच सकी। रेलवे चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
    इसके बाद घटनाक्रम नियमानुसार आगे बढ़ा। पहले शव को पार्सल कार्यालय के एक कमरे में रखा गया। बाद में पोस्टमार्टम कराया गया और पहचान होने तक उसे गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के दिल्ली छोर पर बने उस कमरे में रखा गया, जिसे शवगृह कहा जाता है।
    जब MagadhLive की टीम वहां पहुंची, तो सामने का दृश्य शब्दों में बयां करना आसान नहीं था।
    कमरे के भीतर शव रखा था। आसपास बड़े-बड़े चूहे घूम रहे थे। कुछ चूहे शव के बेहद करीब तक पहुंच रहे थे। कमरे की स्थिति ऐसी थी कि किसी भी संवेदनशील व्यक्ति का मन विचलित हो जाए। वहां मौजूद माहौल यह सवाल पूछ रहा था कि क्या किसी इंसान की अंतिम यात्रा का सम्मान इतना भी कठिन है?
    वह शव केवल एक अज्ञात या मृत यात्री नहीं था। वह किसी मां की संतान था, किसी पत्नी का जीवनसाथी, किसी बच्चे का पिता, किसी परिवार की दुनिया।
    शायद उस परिवार को यह भी नहीं पता होगा कि उनका अपना, घर लौटने से पहले किन परिस्थितियों में पड़ा है।
    गया जी दुनिया को मोक्ष का संदेश देता है। यहां लोग अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए हजारों किलोमीटर की यात्रा करते हैं। ऐसे शहर के प्रमुख रेलवे स्टेशन पर यदि शवों के संरक्षण की व्यवस्था ही मानवीय गरिमा के अनुरूप न हो, तो यह केवल एक प्रशासनिक कमी नहीं, बल्कि संवेदनाओं पर भी प्रश्नचिह्न है।
    आज गया जंक्शन के आधुनिकीकरण पर लगभग 400 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यात्रियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित हो रही हैं। यह स्वागतयोग्य है। लेकिन क्या इसी परियोजना में एक ऐसा आधुनिक, स्वच्छ और सुरक्षित शवगृह भी नहीं होना चाहिए, जहां किसी मृत यात्री के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक रखा जा सके?
    MagadhLive का उद्देश्य किसी संस्था या व्यक्ति को कटघरे में खड़ा करना नहीं, बल्कि उस व्यवस्था की ओर ध्यान आकर्षित करना है, जहां सुधार की सबसे अधिक आवश्यकता है।
    उम्मीद है कि रेलवे प्रशासन, रेल पुलिस और संबंधित विभाग इस व्यवस्था की गंभीर समीक्षा करेंगे, ताकि भविष्य में किसी भी मृत यात्री की पार्थिव देह ऐसी परिस्थितियों में रखने की नौबत न आए।
    क्योंकि किसी भी सभ्य समाज की पहचान केवल उसके आधुनिक भवनों से नहीं होती, बल्कि इस बात से होती है कि वह अपने सबसे असहाय और मौन नागरिक—एक मृत इंसान—को कितना सम्मान देता है।

  • डीडीयू मंडल में कई कर्मचारियों का हुआ तबादला, गया के मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक बने लाल बाबू, देखें सूची कौन कहां गए

    देवब्रत मंडल

    पूर्व मध्य रेल के डीडीयू रेल मंडल में ट्रैफिक विभाग अंतर्गत कई कर्मचारियों का तबादला कर दिया गया है। जिसमें गया जंक्शन के वाणिज्य पर्यवेक्षक(सामान्य) के पद पर सेवा दे चुके लाल बाबू को गया का मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक बनाया गया है। जबकि एक और सीएसजी रहे सीटीआई लोकेश कुमार को गया गुड्स में तबादला कर दिया गया है। 
    आधिकारिक सूत्रों की मानें तो इस तबादले की सूची में 44 रेलकर्मियों के नाम हैं, जिन्हें इधर से उधर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुग्रह नारायण रोड जंक्शन के चीफ बुकिंग सुपरवाइजर लाल बाबू को गया आरक्षण कार्यालय का मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक बनाया गया है। जबकि गया जंक्शन पर इस पद पर सेवा दे रहे मो. मसूद अख्तर को गया में चीफ बुकिंग सुपरवाइजर रंजीत कुमार के अधीन कार्य करने की जिम्मेवारी दी गई है।

    गया जंक्शन के सीआरएस विनोद कुमार का तबादला सासाराम स्टेशन पर कर दिया गया है। जबकि सीआरएस अनुराग कुमार को गया टिकट बुकिंग कार्यालय में योगदान करने का आदेश जारी किया गया है। वहीं रिज़र्वेशन क्लर्क विकास कुमार सिन्हा को गया जंक्शन से डेहरी-ऑन-सोन जंक्शन के टिकट बुकिंग कार्यालय भेजा गया है।

    इस तबादले के आदेश के अनुसार गया के सीबीएस-कम-टिकट बुकिंग क्लर्क गौतम कुमार का तबादला गुरारू स्टेशन के लिए किया गया है। सीआरएस अमन कुमार को रफीगंज, राम विनय सिंह सीआरएस गया को गया जंक्शन के पार्सल ऑफिस में किया गया है। गुड्स गया में पदस्थापित मृत्युंजय कुमार का तबादला सोननगर मालगोदाम (गुड्स) के लिए किया गया है।

    इसी प्रकार रिज़र्वेशन क्लर्क सुनील कुमार को रफीगंज से गया जंक्शन का रिज़र्वेशन क्लर्क के पद पर तबादला किया गया है। वहीं डेहरी-ऑन-सोन के सीआरएस का तबादला गया के पार्सल कार्यालय में कर दिया गया है।
    रेलवे सूत्रों ने बताया कि यह तबादला एक सामान्य प्रक्रिया के तहत की गई है। बताया गया एक ही जगह पर लंबे समय(नियमानुसार तय समय सीमा) से कार्य कर रहे कार्य करने वाले कर्मचारियों के तबादले समय समय पर किए जाने का सर्कुलर जारी किया गया है। उसी के अनुपालन में ये तबादले किए गए हैं।

  • यात्रीगण कृप्या ध्यान दें: गया जंक्शन के वन-बी प्लेटफार्म का मेगा ब्लॉक 18 जुलाई तक बढ़ा

    देवब्रत मंडल

    गया: गया जंक्शन के वन-बी प्लेटफार्म पर चल रहे आधुनिकीकरण कार्य के लिए लिया गया मेगा ब्लॉक 18 जुलाई तक बढ़ा दिया गया है। पहले यह निर्माण कार्य 13 जुलाई तक पूरा होना था, लेकिन काम तय समय में समाप्त नहीं हो पाने के कारण रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने ब्लॉक की अवधि बढ़ाने का निर्देश दिया है।

    क्या-क्या हो रहा है काम
    गया जंक्शन को विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में विकसित करने की योजना के तहत वन-बी प्लेटफार्म का व्यापक आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इसके तहत:

    • प्लेटफार्म की संरचना को पूरी तरह आधुनिक बनाया जा रहा है
    • बेहतर फर्श और यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है
    • यात्रियों के लिए नई आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं

    निर्माण कार्य के कारण इस प्लेटफार्म पर ट्रेनों के परिचालन में भी अस्थायी बदलाव किए गए हैं, ताकि काम सुरक्षित तरीके से पूरा हो सके।

    प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया
    कंस्ट्रक्शन विभाग के प्रोजेक्ट मैनेजर संजय कुमार सिन्हा  के हवाले से बताया कि काम तेज गति से चल रहा है। कुछ तकनीकी और निर्माण संबंधी कार्य अपेक्षा से अधिक समय लेने के कारण मेगा ब्लॉक बढ़ाना पड़ा। उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियों को निर्देश दे दिया गया है कि 18 जुलाई तक हर हाल में शेष कार्य पूरा कर लिया जाए। निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जा रही है और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा।

    यात्रियों को क्या मिलेगा लाभ
    रेलवे अधिकारियों के अनुसार काम पूरा होने के बाद यात्रियों को पहले से अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक सुविधाओं वाला प्लेटफार्म मिलेगा। रेलवे का लक्ष्य है कि गया जंक्शन आने वाले हर यात्री को विश्वस्तरीय अनुभव मिले।

    गौरतलब है कि स्टेशन पुनर्विकास योजना के तहत गया जंक्शन पर कई परियोजनाओं पर एक साथ काम चल रहा है। वन-बी प्लेटफार्म का आधुनिकीकरण भी उसी का हिस्सा है।

  • गया जंक्शन से नाबालिग लड़की युवक के साथ बरामद, रेल पुलिस ने परिजनों को सौंपा

    देवब्रत मंडल


    गया। गया जंक्शन पर एक नाबालिग लड़की को युवक के साथ बरामद किया गया। लड़की के नाबालिग होने के कारण उसकी पहचान गोपनीय रखी गई है। रेल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को सुरक्षित बरामद कर संबंधित थाना के हवाले कर दिया।
    गया रेल पुलिस के एक पदाधिकारी ने बताया कि 8 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि पटना जिले के परसा बाजार थाना क्षेत्र की रहने वाली 15 वर्षीय एक किशोरी घर से बिना बताए निकल गई है और गया रेलवे स्टेशन पर मौजूद है। सूचना के आधार पर रेल पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू की।
    पुलिस के अनुसार, गया जंक्शन के डेल्हा साइड स्थित वेटिंग हॉल से किशोरी को एक युवक के साथ बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों की पहचान पटना जिले के परसा बाजार थाना क्षेत्र के रहने वाले के रूप में हुई। इस मामले में परसा बाजार थाना में पहले से प्राथमिकी दर्ज होने की भी जानकारी मिली।
    गया रेल पुलिस ने बताया कि आवश्यक पूछताछ और औपचारिक कार्रवाई के बाद किशोरी और युवक दोनों को सुरक्षित परसा बाजार थाना की पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया।

  • हादसे से सबक: गया जंक्शन पर बड़ा हादसा टला: चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान फिसली महिला, बची जान

    देवब्रत मंडल

    महिला यात्री

    ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत RPF गया की तत्परता से बची महिला यात्री की जान

    पिछले दिनों गया जंक्शन पर चलती ट्रेन में चढ़ने के क्रम में ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गैप में गिरकर घायल हुए यात्री की घटना से आरपीएफ ने सबक लेते हुए बुधवार को इनकी सक्रियता से एक बड़ा हादसा टल गया। चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक महिला यात्री का संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म व पटरी के बीच गैप की ओर जाने लगी। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अधिकारियों और जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को सुरक्षित बाहर खींच लिया। इस बहादुरी और सतर्कता से महिला यात्री की जान बच गई।

    गया रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 पर अधिकारियों व जवानों की टीम ट्रेनों की सुरक्षित पासिंग के लिए लगातार चक्रमण कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर महाबोधि एक्सप्रेस खड़ी थी, जबकि प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर ट्रेन संख्या 12350 गोड्डा–नई दिल्ली हमसफर वीकली एक्सप्रेस दोपहर 1:35 बजे आकर रुकी।

    निर्धारित ठहराव के बाद जैसे ही हमसफर एक्सप्रेस धीरे-धीरे खुलने लगी, तभी दिल्ली छोर वाले फुट ओवरब्रिज की ओर से एक महिला यात्री तेजी से उतरकर चलती ट्रेन में चढ़ने के लिए दौड़ी। ट्रेन पर चढ़ने के प्रयास में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म और पटरी के बीच के गैप की ओर लड़खड़ाने लगी।

    यह दृश्य देखते ही ट्रेन पास करा रहे उप निरीक्षक राम सेवक, आरक्षक रामप्रवेश सिंह और आरक्षक मुकेश कुमार तुरंत उसकी ओर दौड़े और महिला को गैप में गिरने से पहले ही खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। RPF की इस तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।

    RPF के अनुसार, बचाई गई महिला की उम्र 22 वर्ष है और वह गया से नवादा जाने के लिए उक्त ट्रेन से यात्रा करने वाली थी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में महिला को किसी प्रकार की चोट नहीं आई। ट्रेन बाद में दोपहर 1:50 बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई।

    रेलवे सुरक्षा बल गया ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास कभी न करें, क्योंकि यह बेहद खतरनाक हो सकता है। यात्रियों से कहा गया है कि वे ट्रेन के प्रस्थान समय से कम से कम 20 मिनट पहले स्टेशन पहुंचें और सुरक्षित तरीके से यात्रा करें।