देवब्रत मंडल

गया। बागेश्वरी गुमटी के पास प्रस्तावित आरओबी निर्माण कार्य शुरू होने से पहले मुआवजा भुगतान की मांग को लेकर गुरुवार को बागेश्वरी-पावरगंज रोड किनारे की दुकानें और कई प्रतिष्ठान स्वस्फूर्त बंद रहे। प्रभावित लोगों ने साफ कहा कि “पहले मुआवजा, तब काम” के सिद्धांत पर ही निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाए।
गुरुवार को इस सड़क मार्ग के किनारे बने मकान और दुकानों से जुड़े लोग विरोधस्वरूप अपनी-अपनी दुकानें बंद कर सड़क पर उतर आए। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम नहीं किया, लेकिन बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अधिकारियों और अतिक्रमण हटाने के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी के समक्ष अपनी मांगें मजबूती से रखीं।
रेल प्रशासन भी रहा अलर्ट, आरपीएफ की तैनाती

संभावित विरोध को देखते हुए रेल प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। आशंका थी कि कहीं प्रदर्शनकारी गया-मानपुर रेलखंड की ओर न बढ़ जाएं और रेल परिचालन बाधित न हो। इसे लेकर आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव के नेतृत्व में काफी संख्या में जवान बागेश्वरी गुमटी (71ए) के पास तैनात कर दिए गए।
प्रभावितों से वार्ता, 15 मीटर तक ही होगी शुरुआती बैरिकेडिंग
इधर, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के वरीय परियोजना अभियंता आकाश दीप के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने प्रभावित लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण का भरोसा दिलाया। अधिकारियों और स्थानीय लोगों के बीच हुई वार्ता में यह सहमति बनी कि फिलहाल निर्माण कार्य शुरू करने के लिए सिर्फ 15 मीटर तक ही सड़क पर बैरिकेडिंग की जाएगी।
इसके साथ ही लोगों के आने-जाने के लिए करीब 4 से 5 फीट चौड़ा रास्ता छोड़ा जाएगा, ताकि स्थानीय आवागमन पूरी तरह बाधित न हो। अधिकारियों ने यह भी कहा कि आरओबी के अलाइनमेंट के अनुसार जिन लोगों की जमीन या मकान अधिग्रहण की जद में आएंगे, उनकी जमीन की मापी कर सीमांकन किया जाएगा। इस बात पर लोग राजी हो गए हैं। कार्य करने में अब किसी तरह की बाधा नहीं आने की उम्मीद की जा सकती है।
पहले पिलरों के लिए होगी खुदाई, सुरक्षा घेरे में रहेगा क्षेत्र
पुल निर्माण निगम के अधिकारियों के अनुसार, आरओबी निर्माण के प्रथम चरण में सड़क पर चिन्हित पिलरों के स्थान पर गड्ढे किए जाएंगे। जिन-जिन जगहों पर शुरुआती खुदाई होनी है, उस हिस्से को सुरक्षा घेरे में लिया जाएगा ताकि निर्माण कार्य के दौरान लोगों की आवाजाही सुरक्षित बनी रहे।
अतिक्रमण हटाने का आदेश पहले ही जारी

बता दें कि सदर अनुमंडल पदाधिकारी ने बागेश्वरी-पावरगंज रोड पर अतिक्रमण हटाने का आदेश बुधवार को जारी किया था। आदेश के अनुसार 9 जुलाई से 11 जुलाई तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जानी है। पूर्व सूचना मिलने के बाद गुरुवार को कई लोगों ने स्वयं ही अतिक्रमण हटा लिया, जबकि जो लोग अब तक नहीं हटा सके हैं, उन्हें अगले दो दिनों के भीतर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया है।
शहर को जाम से राहत देने के लिए बन रहा आरओबी
मालूम हो कि इस सड़क मार्ग पर बिहार राज्य पुल निर्माण निगम की ओर से आरओबी का निर्माण कराया जाना है। इस परियोजना को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की स्वीकृति मिली थी, जबकि इसका भूमि पूजन बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार कर चुके हैं। सरकार की मंशा इस आरओबी के जरिए शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने की है।
कलाली मोड़ पर लगाया जा रहा नया मजबूत बैरियर

इधर, कलाली मोड़ के पास हाल में क्षतिग्रस्त हुए बैरियर की जगह अब नया और मजबूत लोहे का बैरियर लगाया जा रहा है। ताकि बड़े वाहन इधर से नहीं आना जाना कर सके। बता दें यह कार्य अधिकृत एजेंसी बसंत कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा कराया जा रहा है। लोगों में उम्मीद जगी है कि बहुत जल्द पुल का निर्माण कार्य प्रगति करते हुए मुकाम तक पहुंच जाएगा।
