देवब्रत मंडल

गया। गया शहर के बागेश्वरी मोहल्ले के रहने वाले ई-रिक्शा चालक शिव कुमार पटेल के बैंक खाते में 759 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दिखाई देने के मामले का आखिरकार खुलासा हो गया है। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की स्टेशन रोड शाखा की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि शिव कुमार पटेल के खाते में इतनी बड़ी राशि कभी क्रेडिट हुई ही नहीं थी। बैंक के अनुसार, यह मामला तकनीकी गड़बड़ी (नेटवर्क/ग्लिच) के कारण बैलेंस गलत दिखने का था।
शनिवार को निकासी की थी पेंशन की राशि

शनिवार को शिव कुमार पटेल बागेश्वरी रोड स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) से वृद्धावस्था पेंशन में से एक हजार रुपये निकालने पहुंचे थे। निकासी के बाद सीएसपी में उनके खाते का बैलेंस 759 करोड़ रुपये से अधिक दिखाई दिया। यह देखकर सीएसपी संचालक रोहित कुमार ने उन्हें इसकी जानकारी दी और तुरंत बैंक शाखा को सूचित किया।
किसी तरह की लेनदेन करने की थी मनाही
बैंक की ओर से शिव कुमार पटेल को किसी भी प्रकार का लेनदेन नहीं करने और मोबाइल फोन के साथ छेड़छाड़ नहीं करने की सलाह दी गई। इस बीच मामले की खबर सबसे पहले Magadh Live ने प्रकाशित की, जिसके बाद डेल्हा थाना और साइबर थाना की पुलिस भी सक्रिय हो गई। रविवार को बैंक बंद रहने के कारण शिव कुमार पटेल और उनका परिवार दो दिनों तक असमंजस और चिंता में रहा कि आखिर इतनी बड़ी रकम उनके खाते में कैसे दिखाई दे रही है।
सोमवार को बैंक खुलने के बाद हुआ खुलासा

सोमवार को शिव कुमार पटेल बैंक पहुंचे। शाखा प्रबंधक के अवकाश पर रहने के कारण उनकी मुलाकात सहायक प्रबंधक सुधीर कुमार से हुई। सहायक प्रबंधक ने खाते की विस्तृत जांच कर बताया कि कहीं से भी 759 करोड़ रुपये की कोई राशि खाते में जमा होने का रिकॉर्ड नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि खाते के स्टेटमेंट के अनुसार शनिवार को केवल एक हजार रुपये की पेंशन निकाली गई थी और जांच के समय खाते में मात्र 105 रुपये शेष थे। बैंक के अनुसार, नेटवर्क या तकनीकी गड़बड़ी के कारण गलत बैलेंस प्रदर्शित हुआ था।
बैंक ने शिव कुमार पटेल को उनके खाते का पूरा स्टेटमेंट भी उपलब्ध करा दिया है, ताकि भविष्य में किसी भी जांच या पूछताछ के दौरान कोई परेशानी न हो।
बैंक की जांच से संतुष्ट हुए शिव कुमार पटेल

शिव कुमार पटेल ने बताया कि बैंक अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि उनके खाते में कभी 759 करोड़ रुपये की राशि आई ही नहीं थी। स्टेटमेंट मिलने के बाद उनकी सारी शंका दूर हो गई है और अब उन्होंने राहत की सांस ली है। उन्होंने अपने परिजनों और शुभचिंतकों को भी यह जानकारी दे दी है कि उनके खाते में इतनी बड़ी रकम कभी जमा नहीं हुई थी। हालांकि शिव कुमार पटेल ने कहा कि इस घटना के बाद उन्होंने एहतियातन अपना यह बैंक खाता बंद कराने का निर्णय लिया है।
