देवब्रत मंडल

गया, 10 अगस्त 2026। धनबाद से चलकर गया से पटना की ओर 13329 गंगा-दामोदर एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक यात्री ने माँ का लेडीज पर्स ट्रेन में चोरी(छिनतई) होने का मामला सामने आया है। पीड़ित यात्री ने पटना पहुंच कर रेल पुलिस के समक्ष लिखित शिकायत देकर पर्स बरामद करने और घटना में शामिल व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बताया गया कि यात्री राजू कुमार धनबाद से ट्रेन संख्या 13329 गया-दामोदर एक्सप्रेस से अपनी माँ के साथ यात्रा कर रहे थे। यात्रा के दौरान गया जंक्शन के करीब खिड़की से लेडीज पर्स की छिनतई हो गया। उसने बताया कि जिस स्थान पर घटना हुई, उस स्थान पर कुछ कोच लगे हुए थे। उन्होंने बताया पर्स नहीं मिलने पर उन्होंने पटना रेल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित के अनुसार पर्स में करीब 3,700 रुपये नकद के अलावा आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी सहित अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। इसके साथ ही मोबाइल चार्जर आदि सामान भी पर्स में था। पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने इसकी शिकायत रेल पुलिस से की है। पीड़ित मोकामा अपने एक रिश्तेदार(रेलवे कॉलोनी) के पास जा रहे थे।
चलती ट्रेन में यात्रियों के सामान की चोरी की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। सफर के दौरान यात्रियों को अपने मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामान को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। पीड़ित यात्री ने रेल पुलिस से मामले की जांच कर पर्स और उसमें रखे सामान को बरामद करने तथा दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
