रेलवे ट्रैक पर युवती की लाश मिलने से मचा हड़कंप, आखिर कैसे पहुंची वहां? जांच में जुटी पुलिस

Deobarat Mandal

पहाड़पुर-रातो गांव के बीच मिला शव, पहचान नहीं होने से बढ़ी पुलिस की चुनौती

देवब्रत मंडल


गया। गया-कोडरमा रेलखंड पर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पहाड़पुर रेलवे स्टेशन के आसपास रेलवे ट्रैक पर एक युवती का शव बरामद हुआ। युवती की पहचान नहीं हो पाने के कारण घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। सूचना मिलते ही रेल पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बताया गया है कि घटना सोमवार रात को हुई थी।

बताया जाता है कि रातो गांव के समीप रेलवे पोल संख्या 439 के 11/13 के पास ट्रैक पर युवती का शव देखा गया। रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की जानकारी जैसे ही आसपास के लोगों को हुई, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि युवती रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंची। क्या वह किसी ट्रेन से गिर गई थी या फिर किसी अन्य स्थान पर घटना को अंजाम देने के बाद शव को रेलवे ट्रैक पर लाकर फेंका गया? फिलहाल इन सवालों का जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।

घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच भी अलग-अलग तरह की चर्चा है। कुछ लोग इसे ट्रेन से गिरने की घटना मान रहे हैं, जबकि कुछ ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं। हालांकि, गया रेल थाना की पुलिस का कहना है कि घटनास्थल उनके क्षेत्र में नहीं है। किसी ओर से अभी किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की कार्रवाई शुरू कर दी है। आसपास के गांवों में भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि युवती के बारे में कोई सुराग मिल सके। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस के लिए फिलहाल युवती की पहचान और मौत के कारण का पता लगाना सबसे बड़ी चुनौती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि युवती की मौत ट्रेन की चपेट में आने अथवा गिरने से हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। युवती की पहचान होने के बाद मामले की जांच को नई दिशा मिलने की संभावना है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *