Author: Deepak Kumar

  • कोंच थाना क्षेत्र में पानी में डूबकर एक बालक की हुई मौत

    कोंच थाना क्षेत्र में पानी में डूबकर एक बालक की हुई मौत

    महताब अंसारी , कोंच

    कोंच। स्थानीय कोंच थाना क्षेत्र के मंझियावां पंचायत अंतर्गत ग्राम बिजहरा मठिया के बधार में पानी में डूबकर एक बालक की मौत शनिवार की शाम हो गई।
    मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बिजहरा मठिया निवासी अमोद सिंह का 12 वर्षीय पुत्र शनि कुमार अपने खेत में लगे धान की रोपनी को लेकर धान का बोझा ढो रहा था तभी जेसीबी से किए गए सड़क भराई में हुए खेत के गड्ढे के पानी में उक्त बालक जा गिरा। ग्रामीणों ने देखा तो घटना स्थल पर ही उसकी मौत पानी में डूबने से हो गई थी। समाचार प्रेषण तक दाह संस्कार नहीं हुआ है। वहीं, पीड़ित परिवार का रो रो कर बुरा हाल हो गया है।

  • रैगिंग फ्री कैंपस के लिए सीयूएसबी में चला जागरूकता अभियान

    रैगिंग फ्री कैंपस के लिए सीयूएसबी में चला जागरूकता अभियान

    विवि परिसर में 12 से 18 अगस्त तक एंटी रैगिंग सप्ताह का किया गया है आयोजन

    टिकारी संवाददाता: नैक से ए ++ ग्रेड प्राप्त दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) में रैगिंग फ्री कैम्पस के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। इसका उद्देश्य विवि परिसर में विद्यार्थियों को एक स्वस्थ्य वातावरण देना और रैगिंग जैसी घटनाओं को रोकना है। जन सम्पर्क पदाधिकारी मो. मुदस्सीर आलम ने बताया कि कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह रैगिंग को लेकर काफी सजग हैं और निरंतर कैंपस को पूर्णतः एंटी-रैगिंग बनाए रखने में प्रयासरत हैं। नए अकादमिक सत्र के आरंभ से पूर्व एक विशेष एंटी रैगिंग सप्ताह का आयोजन किया गया है। जिसका औपचारिक उद्घाटन कुलपति द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में गया ज़िला जज मनोज कुमार तिवारी उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा छात्र-छात्राओं को आपसी सद्भाव, शिक्षा में सुरक्षा और रैगिंग के ख़िलाफ़ जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए एक मिशन के रूप में सभी को शपथ दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि छात्र -छात्राओं ने इस अद्वितीय प्रयास के माध्यम से एक सकारात्मक संदेश दिया है और ये दर्शाया कि उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण की आवश्यकता है।

    वहीं कुलपति ने कैंपस को रैगिंग फ्री बनाने के लिए सभी संकाय अध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, छात्र-छात्राओं को उनके निरंतर प्रयासों के लिए प्रशंसा की।
    जागरूकता कार्यक्रम के तहत विवि परिसर में छात्र-छात्राओं द्वारा एंटी रैगिंग मार्च निकाला गया। जो विवि के छात्रावास से होते हुए आर्यभट्ट भवन के रास्ते चाणक्य भवन तक गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षक तथा छात्र छात्राएं मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो पवन कुमार मिश्रा और धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डा. जावेद अहसन द्वारा किया गया। विवि परिसर में 12 से 18 अगस्त तक एंटी रैगिंग सप्ताह तक जागरूकता कार्यक्रम चलेगा।

  • गया में करीमगंज ओवरब्रिज पर बस की चपेट में आने से बाइक चालक सचिन की मौत, सीपीआई नेताओं ने जताया शोक

    गया में करीमगंज ओवरब्रिज पर बस की चपेट में आने से बाइक चालक सचिन की मौत, सीपीआई नेताओं ने जताया शोक

    गया शहर के दो नंबर रेलवे गुमटी पर बने ओवरब्रिज पर शनिवार की सुबह एक दुर्घटना में एक बाइक चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सचिन कुमार के रूप में की गई है। घटना के बारे में बताया गया कि मिर्जा गालिब कॉलेज की तरफ से बुलेट बाइक पर डेल्हा की तरफ आ रहे सचिन को एक बस ने टक्कर मारी थी। जिसके बाद घटनास्थल पर ही काफी खून बह चुका था। घटना की जानकारी मिलने के बाद उसे ANMMCH ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने सचिन को मृत घोषित कर दिया। इस घटना पर सीपीआई के नेता राम जगन गिरी आदि ने गहरी संवेदना प्रकट की है।

    भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता राम जगन गिरी ने कहा कि डेल्हा ओवर ब्रिज पर लगभग 10 बजे सचिन कुमार एक बस की चपेट में आ गया था। इस दुर्घटना मे सचिन की मौत हो गई। सचिन बड़की डेल्हा-परैया रोड के निवासी थे। उन्होंने बताया ये दो भाई थे। सचिन की मौत पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता राम जगन गिरी, मसूद मंज़र अधिवक्ता मो. यहिया, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के डेल्हा शाखा के सहायक मंत्री अशोक मिश्रा, डॉ. कुमार विनोद सिन्हा, डॉ. विशव नाथ प्रसाद, विमल यादव, बिरेंद्र यादव ने सचिन कुमार के डेल्हा ओवरब्रिज पर बस के चपेट मे आने से मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतक परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है l

  • फतेहपुर थाना क्षेत्र के कांटी में आहर में डूबने से 12वर्षीय बच्चे की मौत

    फतेहपुर थाना क्षेत्र के कांटी में आहर में डूबने से 12वर्षीय बच्चे की मौत

    फतेहपुर थाना क्षेत्र के उतरी लोधवे गांव पंचायत के कांटी गांव के एक 12 वर्षीय बच्चे की आहर में डूबने से मौत हो गई। घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार कांटी गांव के पप्पू सिंह के 12 वर्षीय पुत्र निशांत कुमार गांव के नजदीक आहर में नहाने गया था। इस दौरान गहरे पानी में चले जाने से बच्चे की डूबकर मौत हो गई। ग्रामीणों के द्वारा घटना की सूचना मिलने के बाद फतेहपुर थाना एसआई खालिद हुसैन एवं एसआई रविकांत कुमार सहित अन्य पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर शव को ग्रामीणों की मदद से आहर से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।

  • जमीन पर बने थे पहले से घर, पर उसे परती बताकर कराया गया निबंधन, हुई जांच, की जाएगी कार्रवाई

    जमीन पर बने थे पहले से घर, पर उसे परती बताकर कराया गया निबंधन, हुई जांच, की जाएगी कार्रवाई

    वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

    कॉटन मिल बालाजी नगर स्थित निर्मित घरों की मापी करते कर्मी

    जिस जमीन घर बने थे, उस जमीन को परती बताकर निबंधन करा लिए जाने की शिकायत पर शुक्रवार को विभागीय जांच हुई। मामले की जांच में सही तथ्य छिपाकर रजिस्ट्री किए जाने की बात सत्य प्रतीत हुआ। जिससे निबंधन विभाग को भारी राजस्व की क्षति पहुंचाई गई। जिसका आंकलन किया जाएगा और संबंधित से वसूली की जाएगी। मामला गया शहर के कॉटन मिल बालाजी नगर से जुड़ा हुआ है। विभाग को लाखों रूपये के राजस्व का चुना लगाने का मामला सामने आया है। जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम के निर्देश पर जिला अवर निबंधन पदाधिकारी राकेश के निर्देश पर निबंधन विभाग की एक टीम शुक्रवार को स्थलीय जांच करने पहुंची तो यह तथ्य सामने आया है।

    राकेश कुमार ( अवर निबंधन पदाधिकारी )

    शुक्रवार को निबंधन कार्यालय के कई कर्मचारी शहर के छोटकी नवादा स्थित कॉटन मिल बालाजी नगर में जांच को पहुंचे। कर्मियों ने स्थल का निरीक्षण करते हुए कई प्लॉट की मापी भी की। हालांकि जांच के दौरान यह बात सामने आया कि जो चर्चा और शिकायत थी कि मंदिर और छोटकी नवादा पुलिस अड्डा की जमीन को बेच दिया गया है, यह असत्य है। यह दावा एक पक्षकार ने मीडिया के समक्ष किया है। इस पक्षकार की मानें तो यह अफवाह फैलाई गई थी कि मंदिर और टीओपी की जमीन की खरीद बिक्री कर दी गई, वो सत्य से परे है। मंदिर प्रांगण में बना चबूतरा जांच के दायरे में आया है।

    कॉटन मिल एरिया , बालाजी नगर

    वहीं पक्षकार का कहना है कि टीओपी भवन जर्जर हालत में है, जिसे जल्द ही बनवाया जाएगा। इसके लिए प्रयास कर रहे हैं। लाखों लोगों की सुरक्षा का सवाल है। वहीं मंदिर के बारे में कहा कि ये उनके पूर्वजों ने बनवाया है। यह जमीन उनकी है, एनएलबीडी इसे कैसे बेच सकता है। वहीं जिनकी शिकायत पर जांच हुई उनका कहना है कि कई प्लॉट ऐसे भी है जो आम गैर मजरुआ और खास गैरमजरूआ है, जिसे भी एनएलबीडी के स्थानीय मैनेजर ने बेच दिया है। इसकी भी जांच की मांग सरकार से लेकर डीएम से कर चुके हैं।

    शुक्रवार को जांच के दौरान संबंधित प्लॉट की मापी भी की गई। जिसपर कई मंजिला मकान बने पाए गए। जिसमें कुछ व्यवसायिक प्रतिष्ठान भी हैं। इस संबंध में अवर निबंधन पदाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि जांच में तथ्यों को छिपाकर रजिस्ट्री का मामला सामने आया है। संबंधित लोगों को नोटिस भेजकर जमीन के निबंधन के दौरान राजस्व के भारी हुए नुकसान की वसूली की जाएगी। डीएम के निर्देश पर कानूनी कार्रवाई भी होगी। विभाग ऐसे मामलों में काफी सख्त है। बता दें छोटकी नवादा मोहल्ले के रहने वाले पूर्व मुखिया रविन्द्र यादव राजस्व की क्षति पहुंचाने संबधित शिकायत राजस्व विभाग के सचिव से लेकर डीएम तक कर चुके हैं। इन्हीं की शिकायत पर यह जांच शुरू हुई है।

  • आशा वर्कर्स का 31 वें दिन हड़ताल रहा जारी, अस्पताल के समक्ष दिया धरना

    आशा वर्कर्स का 31 वें दिन हड़ताल रहा जारी, अस्पताल के समक्ष दिया धरना

    कोंच। प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आशा वर्कर्स का 9 सूत्री मांगों को लेकर शुक्रवार को 31 वें दिन भी हड़ताल जारी रहा और अस्पताल के समक्ष धरना दिया। बता दें कि आशा कार्यकर्ताओं का बीते 12 जुलाई से लगातार हड़ताल जारी है जिसका सीधा असर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर देखने को मिल रहा है। अस्पताल प्रसव के लिए आने वाली गर्भवर्ती महिलाओं को बेरंग वापस लौटना पड़ रहा है और परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

    वहीं हड़ताल की वजह से अस्पताल में ओपीडी सेवा भी प्रभावित हो रहा है।आशा संगठन के प्रखंड अध्यक्ष एरूना कुमारी ने बताया कि हमारी 9 सूत्री मांग है, जिसे सरकार पूरी कर दे तो अपना हड़ताल वापस ले लेंगे। उन्होंने बताया कि आशा वर्कर्स के लिए 2006 में जो प्रोत्साहन राशि लागू हुआ है वह अभी तक बरकरार है। अभी भी मासिक भत्ता के नाम पर एक हजार ही मिल रहा है।

    महताब अंसारी ,कोंच संवाददाता

  • जिला धावा दल ने होटल में काम करने वाले दो बाल श्रमिक को कराया मुक्त

    जिला धावा दल ने होटल में काम करने वाले दो बाल श्रमिक को कराया मुक्त

    टिकारी संवाददाता: जिला धावा दल ने शहर के बेल्हड़िया मोड़ पर संचालित नैतिक राज स्वीट्स एंड चाट होटल से दो बाल श्रमिकों को मुक्त कराया है। श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी रोहित कुमार के नेतृत्व में टिकारी आए धावा दल ने सूचना के आधार पर उक्त दुकान में छापेमारी की कार्रवाई की। जिसमे होटल में काम करते दो बाल श्रमिकों को मुक्त कराया गया।

    श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी ने बताया कि दोषी नियोजक के विरुद्ध सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार 20 हजार रुपये का अर्थ दंड बाल पुनर्वास सह कल्याण कोष में जमा करने का निर्देश दिया गया है। अन्यथा सर्टिफिकेट केस दायर कर वसूली की जाएगी। जिला धावा दल में गया सदर के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी विजेता भारती एवं कोंच के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी राजेश कुमार के साथ सहयोग में टिकारी थानाध्यक्ष श्रीराम चौधरी एवं पुलिस बल के जवान शामिल थे।

  • बिजली चोरी के आरोप में तीन उपभोक्ताओं के विरुद्ध शिकायत दर्ज

    बिजली चोरी के आरोप में तीन उपभोक्ताओं के विरुद्ध शिकायत दर्ज

    टिकारी संवाददाता: बिजली चोरी रोकने के लिए चलाये गए अभियान में तीन लोगों पर कार्रवाई की गई है। प्रखंड के कुरकुट बिगहा गांव पहुंची बिजली विभाग की टीम ने मीटर बाईपास और कनेक्शन काटे जाने के बाद भी अनाधिकृत रूप से बिजली की चोरी करते हुए तीन लोगों को चिन्हित किया। मऊ ओपी में तीन लोगों पर कुल 23 हजार 445 रुपया का जुर्माना लगाते हुए शिकायत दर्ज कराया है। मऊ प्रशाखा के जेईई राकेश कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई की गई है।

    कुरकुट बिगहा की सुनीता देवी पर 1935 रुपया, धर्मवीर रंजन पर 15 हजार 932 रुपया और सुधीर कुमार पर 5578 रुपया का जुर्माना लगाया गया है। मालूम हो कि दो दिनों के भीतर सात लाेगों पर बिजली चोरी का मामला दर्ज किया गया है। जेईई ने कहा कि कार्रवाई जारी रहेगी।

    रेवई और मुसी में शनिवार को लगेगा बिजली सुधार कैम्प

    बिजली बिल में सुधार, नया बिजली कनेक्शन लेने सहित बिजली विभाग से जुड़ी अन्य समस्याओं के निष्पादन हेतु शनिवार को रेवई और मुसी में कैंप का आयोजन किया जाएगा। विभाग के जेईई राकेश कुमार और हिमांशु कुमार ने बताया कि कैंप में सारी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

  • नगर परिषद के सफाई कर्मियों का हड़ताल दूसरे दिन भी जारी, सड़क पर लगा कूड़ों का अंबार

    नगर परिषद के सफाई कर्मियों का हड़ताल दूसरे दिन भी जारी, सड़क पर लगा कूड़ों का अंबार

    टिकारी संवाददाता: लंबित वेतन भुगतान की मांग को लेकर नगर परिषद टिकारी के सफाईकर्मियों का हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रहा। इस कारण शहर के मुख्य मार्ग, भीड़ वाला बाजार सहित सभी चौक-चौराहों पर कूड़े का अंबार लग गया है। परिषद के दैनिक भत्ता भोगी सफाई मजदूरों को पिछले तीन माह से वेतन भुगतान नही मिलने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो गयी। सुबह शाम खाने से लेकर बच्चों का स्कूल फीस, कपड़ा, दिनचर्या की वस्तुएं एवं अन्य जरूरत के सामान के लिए उन्हें काफी मसक्कत करनी पड़ रही है।

    हड़ताली सफाईकर्मी कुंदन कुमार ने बताया कि भुगतान को लेकर नगर प्रशासन द्वारा अबतक कोई कार्रवाई नही की गयी है। कार्यपालक पदाधिकारी ने वित्तीय प्रभार नही मिलने का हवाला देकर अपना पल्ला झाड़ लिए हैं। उन्होंने बताया कि जब तक लंबित वेतन एवं पीएफ की राशि का भुगतान नही होगा तब तक आंदोलन के साथ हड़ताल जारी रहेगा।

  • महिला महाविद्यालय में शिक्षक प्रतिनिधि के पद पर तीन उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन पत्र

    महिला महाविद्यालय में शिक्षक प्रतिनिधि के पद पर तीन उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन पत्र

    टिकारी संवाददाता: बिहार राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम में किए गए प्रावधान के तहत संबंधन प्राप्त महाविद्यालय की शासी निकाय में शिक्षक प्रतिनिधि का चुनाव की घोषणा के मद्देनजर शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल किया गया। इस क्रम में टिकारी स्थित महिला महाविद्यालय, भूलिमठ महमन्ना में शिक्षक प्रतिनिधि पद के लिए तीन अभ्यर्थियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इनमे प्रो. बेंकटेश शर्मा, डा. उमेश यादव एवं प्रो. आनंदी राम जार्डन ने महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य सह सहायक निर्वाचन पदाधिकारी डा. रामाशीष प्रसाद के समक्ष अपना-अपना नामांकन पत्र जामा किया।

    पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 3 अगस्त को शिक्षकों की नामावली का प्रकाशन, 5 अगस्त को नाम जोड़ने व सुधार के बाद 7 अगस्त को शिक्षक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जा चुका है।  सहायक निर्वाचन पदाधिकारी डा. प्रसाद ने बताया कि विश्विद्यालय द्वारा चुनाव संबंधी जारी अधिसूचना के अनुसार 14 अगस्त को नामंकन पत्र की जांच, 17 अगस्त को नाम वापसी, 19 अगस्त को उम्मीदवारों के नाम का प्रकाशन, 21 अगस्त को चुनाव, मतों की गणना एवं परिणाम की घोषणा की तिथि निर्धारित है। उन्होंने बताया कि 22 अगस्त को चयनित उम्मीदवार के नाम की सूचना विश्विद्यालय प्रतिनिधि से अग्रसारित होने के बाद विश्वविद्यालय को प्रेषित किया जाएगा।