बागेश्वरी गुमटी:आरओबी निर्माण के लिए लगाया गया हाई गेज बैरियर पूरी तरह क्षतिग्रस्त, स्टेशन रोड-पावरगंज-बागेश्वरी मार्ग पर यातायात प्रभावित

Deobarat Mandal

देवब्रत मंडल

image editor output image 1149581619 17830453215268086770838556837859 बागेश्वरी गुमटी:आरओबी निर्माण के लिए लगाया गया हाई गेज बैरियर पूरी तरह क्षतिग्रस्त, स्टेशन रोड-पावरगंज-बागेश्वरी मार्ग पर यातायात प्रभावित
स्कूली बच्चों समेत सभी हलकान

गया। गया शहर के उत्तरी हिस्से में बागेश्वरी गुमटी के पास प्रस्तावित आरओबी निर्माण को लेकर बैरागी कलाली मोड़ के पास पुल निर्माण विभाग की ओर से लगाया गया हाई गेज लोहे का बैरियर पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क के काफी करीब आ गया है। बैरियर के नीचे झुक जाने से इस मार्ग पर आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है और स्थानीय लोगों में हादसे की आशंका बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, एक ट्रैक्टर चालक की लापरवाही के कारण यह बैरियर टूट गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि गुरुवार की सुबह एक मालवाहक वाहन की टक्कर से बैरियर पहली बार क्षतिग्रस्त हुआ था, जबकि शुक्रवार सुबह एक अन्य वाहन चालक की गलती से यह और अधिक नीचे आ गया। अब इसकी स्थिति ऐसी हो गई है कि इस रास्ते से लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है और कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

image editor output image 1169899081 17830453619207121285692179092124 बागेश्वरी गुमटी:आरओबी निर्माण के लिए लगाया गया हाई गेज बैरियर पूरी तरह क्षतिग्रस्त, स्टेशन रोड-पावरगंज-बागेश्वरी मार्ग पर यातायात प्रभावित
आवागमन बाधित, परेशान लोग

स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि बैरियर निर्माण में उपयोग किए गए लोहे की गुणवत्ता मानक के अनुरूप नहीं है। लोगों का कहना है कि कमज़ोर और कम गेज की लोहे की पट्टी लगाए जाने की वजह से बैरियर इतनी जल्दी क्षतिग्रस्त हो गया। कुछ लोगों ने इस पूरे मामले में कमीशनखोरी की आशंका भी जताई है और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच की मांग की है।

इस क्षतिग्रस्त बैरियर का असर आसपास के इलाकों की रोजमर्रा की गतिविधियों पर भी पड़ रहा है। पास में ही पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय संख्या-1 स्थित है, जिसके कारण स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहन भी पावरगंज-बागेश्वरी रोड की ओर न तो आ पा रहे हैं और न ही जा पा रहे हैं। इससे अभिभावकों और बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं, क्षेत्रीय वार्ड संख्या-10 के पार्षद गोपाल पासवान ने बताया कि बैरियर की वजह से उनके क्षेत्र में साफ-सफाई करने वाले वाहन और कचरा ढुलाई करने वाली गाड़ियां भी नहीं पहुंच पा रही हैं। इसके कारण इलाके में गंदगी का अंबार लगने लगा है। उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए पुल निर्माण निगम के कनीय अभियंता से बात की गई, लेकिन वहां से संतोषजनक जवाब नहीं मिला। पार्षद के अनुसार, अभियंता ने साफ शब्दों में कह दिया कि “पूरा टूट जाने दीजिए, उसके बाद हटाया जाएगा।”

image editor output image 1146811056 17830453997493579836570181542785 बागेश्वरी गुमटी:आरओबी निर्माण के लिए लगाया गया हाई गेज बैरियर पूरी तरह क्षतिग्रस्त, स्टेशन रोड-पावरगंज-बागेश्वरी मार्ग पर यातायात प्रभावित
क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर

स्थानीय लोगों का कहना है कि बैरियर अभी भी हिल-डुल रहा है और उसके नीचे से लोगों का आना-जाना जारी है। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने आरोप लगाया कि अवरोधक लगाने के बाद विभाग का कोई पदाधिकारी मौके पर हालात देखने नहीं पहुंचा। इससे लोगों में विभागीय उदासीनता को लेकर नाराजगी है।

स्थानीय नागरिकों और वार्ड पार्षद गोपाल पासवान ने पुल निर्माण निगम के अधिकारियों से क्षतिग्रस्त बैरियर को तत्काल हटाने या सुरक्षित तरीके से दुरुस्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई और कोई अप्रिय घटना होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग के अधिकारियों की होगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *