महताब अंसारी

कोंच। सात फेरों के साथ शुरू हुआ एक नया जीवन महज 13 दिनों में ही खत्म हो गया। कोंच थाना क्षेत्र के मंझियावां गांव में नवविवाहिता गीता कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। शादी के बाद जिस बेटी को हंसी-खुशी विदा किया गया था, उसकी मौत की खबर सुनते ही मायके में मातम पसर गया।
मृतका गया जिले के परैया थाना क्षेत्र अंतर्गत राजपुर गांव निवासी शिवा पासवान की पुत्री थी। गीता की शादी 30 अप्रैल 2026 को मंझियावां गांव निवासी पुकार पासवान के पुत्र अमित कुमार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई थी। परिजनों का कहना है कि उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार दान-दहेज देकर बेटी को विदा किया था। लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद गीता पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर दबाव बनाया जाने लगा।
मृतका के पिता शिवा पासवान ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया गया और अंततः उसकी हत्या कर दी गई। बुधवार रात करीब नौ बजे गीता की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव पहुंचने पर परिजनों ने बेटी के शव को देखकर न्याय की गुहार लगाई।
घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही कोंच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव में घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।
थानाध्यक्ष सुदेह कुमार ने बताया कि मृतका के पिता के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। स्थानीय लोगों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
