देवब्रत मंडल

भारतीय डाक विभाग ,गया प्रमंडल गया के द्वारा डाक सेवाओं को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। इसी क्रम में गया डाक मंडल के अंतर्गत DIGIPIN आधारित डिलीवरी प्रणाली का शुभारंभ गया प्रधान डाकघर (Gaya Head Office) में अंशुमान,वरीय डाक अधीक्षक , गया प्रमंडल गया के कर कमलों द्वारा किया गया।

इस अवसर पर वरीय डाक अधीक्षक द्वारा DIGIPIN आधारित डिलीवरी व्यवस्था का उद्घाटन किया गया। इस नवीन प्रणाली के माध्यम से प्रत्येक पते को एक विशिष्ट डिजिटल पहचान (DIGIPIN) प्रदान की जाती है, जिससे डाक सामग्री की डिलीवरी अधिक सटीक, त्वरित एवं विश्वसनीय होगी।
DIGIPIN प्रणाली के लागू होने से पारंपरिक पते की अस्पष्टताओं में कमी आएगी तथा स्पीड पोस्ट, पंजीकृत डाक एवं पार्सल जैसी सेवाओं की डिलीवरी में उल्लेखनीय सुधार होगा। यह पहल ‘डिजिटल इंडिया’ एवं ‘नागरिक-केंद्रित सेवाओं’ की दिशा में डाक विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
गया डाक मंडल के अंतर्गत इस प्रणाली के सफल कार्यान्वयन से आम जनता को बेहतर, सुगम एवं तकनीक आधारित डाक सेवाओं का लाभ प्राप्त होगा।
इस आयोजन की अध्यक्षता प्रभारी वरिय डाकपाल गौरव रंजन ने की। प्रधान डाकघर के समस्त कर्मचारी एवं नीरज, अरविंद कुमार वर्मा, अक्षय कुमार, अशोक कुमार, मोहम्मद इमरान खान आदि की उपस्थिति रही।
