देवब्रत मंडल

पटना/गया/मगध प्रमंडल: पटना रेल जिले के मगध प्रमंडल अंतर्गत एक रेल थाना में मालखाना का चार्ज नहीं सौंपे जाने को लेकर नया और पुराना दोनों थानाध्यक्ष परेशान हैं।
क्या है पूरा मामला
पिछले साल इस थाने में सोना लूटकांड का मामला सामने आया था। इसके बाद तत्कालीन थानाध्यक्ष को निलंबित कर जेल भेज दिया गया था। बाद में न्यायालय से उन्हें जमानत मिल गई और वे जेल से बाहर आ गए।
चूंकि वे थानाध्यक्ष थे, इसलिए मालखाना का प्रभार भी उनके पास था। इसके बाद विभाग ने थाने में एक नए इंस्पेक्टर की पोस्टिंग कर दी।
नियम के अनुसार निलंबित पूर्व थानाध्यक्ष को मालखाना का चार्ज नए प्रभारी निरीक्षक को सौंपना था। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी यह चार्ज नहीं दिया जा सका है।
सोमवार को फिर पहुंचे पूर्व थानाध्यक्ष
सूत्रों के अनुसार पूर्व थानाध्यक्ष इसी काम से सोमवार को फिर थाना पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि अभी भी कई सामान और दस्तावेज ऐसे हैं जिनका चार्ज नहीं सौंपा गया है।
इसी वजह से नए थानाध्यक्ष भी असमंजस में हैं कि बिना चार्ज लिए आगे की जिम्मेदारी कैसे संभालें।
प्रशासनिक पेंच
रेल पुलिस सेवा नियमावली के मुताबिक थाने का चार्ज बदलते ही पुराने अधिकारी को नए अधिकारी को सारा प्रभार सौंपना अनिवार्य है। लेकिन इस मामले में प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो पाई है।
फिलहाल दोनों पदाधिकारी इस पेंच में फंसे हुए हैं। विभागीय स्तर पर जल्द समाधान की उम्मीद की जा रही है।
