देवब्रत मंडल

गया-पटना रेलखंड पर शनिवार की देर रात ट्रेन से कटकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना की सूचना कंट्रोल रूम को मिलते ही गया रेल थाना की पुलिस घटनास्थल पहुंची। घटनास्थल का मुआयना करने के उपरांत पता चला कि घटनास्थल गया रेल थाना क्षेत्र के न्यायिक क्षेत्र में नहीं बल्कि जहानाबाद रेल थाना क्षेत्र अंतर्गत है। इसके बाद रेल पुलिस अग्रेतर कार्रवाई करते हुए शव को बरामद किया।
घटना गया-पटना रेलखंड के किमी संख्या 89/27 के पास बताई गई। जो कि जहानाबाद रेल थाना क्षेत्र अंतर्गत आता है।
इस सम्बंध में गया रेल थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर शिव कुमार ने बताया कि शनिवार की देर रात करीब 03:00 बजे के आसपास कंट्रोल द्वारा सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी को घटनास्थल भेजा गया। शव का पंचनामा भरकर जहानाबाद रेल थाना को सुपुर्द कर दिया गया।
थानाध्यक्ष श्री कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर सुबह में कई लोग पहुंच चुके थे। जिसके बाद मृतक की पहचान हो सकी। उन्होंने बताया कि मृतक का नाम चंदन यादव पिता मुकेश यादव है। जो कि गया जी के चंदौती थाना क्षेत्र के कंडी नवादा गांव का रहने वाला था।
हादसा किस ट्रेन से हुआ ये पता नहीं चल पाया है। बताया गया कि मौत का मामला थोड़ा संदेहास्पद लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक के परिजनों के बयान लिए जाने के बाद ही कुछ पता चल पाएगा।
रेल पुलिस सूत्रों ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। मौत ट्रेन से गिरकर उसी के चपेट में आने से हुई है या फिर ट्रैक पास करने के दरम्यान हुई है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
