Blog

  • JEE Main 2025: पंजीकरण आज से शुरू, जानें परीक्षा तिथियाँ, सिलेबस और तैयारी के टिप्स!

    JEE Main 2025 प्रतियोगिता परीक्षा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 28 अक्टूबर 2024 से 22 नवंबर 2024 तक चलेगी। पहले चरण की परीक्षा का आयोजन 22 जनवरी 2025 से 31 जनवरी 2025 के बीच किया जाएगा, और इसका परिणाम 12 फरवरी 2025 को घोषित किया जाएगा। यह जानकारी गणित विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार (कॉलेज ऑफ कॉमर्स, आर्ट्स एंड साइंस, पटना) द्वारा दी गई।

    डॉ. विजय ने बताया कि JEE Main 2025 के दूसरे चरण का पंजीकरण 31 जनवरी 2025 से 24 फरवरी 2025 तक होगा। इस चरण की परीक्षा 1 से 8 अप्रैल 2025 तक निर्धारित की गई है, और परिणाम 17 अप्रैल 2025 को प्रकाशित किया जाएगा।

    JEE Main 2025 में बदलाव और महत्वपूर्ण बातें

    ऋणात्मक अंकन: इस बार भी सेक्शन ‘A’ एवं ‘B’ में ऋणात्मक अंक होंगे, इसलिए सटीकता पर ध्यान देना जरूरी है।

    75% अंकों की अनिवार्यता: IIT में प्रवेश के लिए सफल उम्मीदवारों को इंटरमीडिएट परीक्षा में न्यूनतम 75% अंक लाना अनिवार्य है।

    परीक्षा पैटर्न: परीक्षा में गणित, भौतिकी और रसायन शास्त्र से कुल 75 प्रश्न पूछे जाएंगे, जो 300 अंकों का होगा। सिलेबस पूर्व की तरह ही निर्धारित है।

    तैयारी के टिप्स: इस महत्वपूर्ण परीक्षा में सफल होने के लिए छात्र कम से कम 3-4 बार सिलेबस का रिवीजन करें, पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों को हल करें और आत्मविश्वास बनाए रखें।

    परीक्षा का आयोजन: JEE Main 2025 को कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) के रूप में आयोजित किया जाएगा, जिससे छात्रों को ऑनलाइन परीक्षा का अनुभव मिलेगा।

    कैसे करें पंजीकरण: छात्र JEE Main की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। ध्यान दें कि अंतिम तिथि के बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

    अगर आप JEE Main 2025 में शामिल होना चाहते हैं, तो समय का सदुपयोग करें और इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं।

  • जमानत की अर्जी खारिज होते ही कोर्ट से फरार हो गया आरोपी, थानाध्यक्ष ने कहा- मौखिक सूचना मिली थी लेकिन लिखित नहीं

    देवब्रत मंडल

    गया व्यवहार न्यायालय में सोमवार को एक आरोपी जमानत याचिका खारिज होने के बाद फरार हो गया। इसके बाद फरार अभियुक्त की तलाश शुरू कर दी गई। मामला गया जिले के महकार थाने में दर्ज गंभीर मामलों का आरोपी कुंदन कुमार से जुड़ा है। जो सोमवार को कोर्ट परिसर से फरार हो गया। कुंदन सहित कई पर मारपीट, हत्या के प्रयास और लूट का आरोप है। इसी मामले में सोमवार को आत्मसमर्पण सह जमानत याचिका दाखिल किया था। 11 नवंबर 2023 को केस दर्ज हुआ था। केस में कुछ लोग नामजद थे, जिसमें एक महिला और दो पुरुष भी नामजद आरोपी है। जिसमें से एक कुंदन भी है।

    सोमवार को एसीजीएम-1 की कोर्ट में जमानत की अर्जी पर सुनवाई करते हुए न्यायालय ने याचिका को खारिज कर दिया।
    सुनवाई के दौरान कोर्ट ने उसे जेल भेजने का आदेश दिया। जिसे हिरासत में लेने की प्रक्रिया चल ही रही थी कि कुंदन मौका देखकर किसी तरह कोर्ट रूम से भाग गया। जिसकी किसी को भनक तक नहीं लगी। कोर्ट से भागने के बाद कोर्ट परिसर में हड़कम्प मच गया। परिसर में छानबीन की गई पर कहीं कुछ पता नहीं चल सका।

    सूत्रों ने बताया कि शेष बचे दो अन्य आरोपियों पर फरार हो चुके कुंदन को वापस बुलाने के लिए दवाब भी बनाया गया। इधर सिविल लाइंस थानाध्यक्ष ने बताया कि उन्हें इस तरह की घटना घटित होने की सूचना कोर्ट से दी गई थी लेकिन किसी तरह का लिखित आवेदन उन्हें नहीं मिला है। यदि लिखित मिलता है तो इस संबंध में कार्रवाई की जाएगी।
    इधर, घटना के बावत कोर्ट के पेशकार दीपक ऋतुराज ने मीडिया को बताया है कि कुंदन के फरार होने की जानकारी तुरंत सिविल लाइंस थाने को दी गई थी।

  • सुरेंद्र यादव, जितेंद्र यादव सहित चार अभ्यर्थियों के नामांकन रद, नामांकन पत्रों की जांच पूरी

    देवब्रत मंडल

    बिहार विधानसभा उप निर्वाचन 2024 के अवसर पर गया जिले के दो विधानसभा क्षेत्र इमामगंज एवं बेलागंज में 13 नवंबर को मतदान की तिथि निर्धारित है।
    सोमवार को नामांकन पत्रों की जांच में चार लोगों के नामजदगी के पर्चे रद कर दिए गए हैं। जिला निर्वाची पदाधिकारी सह डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने बताया कि नामांकन पत्र की संविक्षा पर इस प्रकार के निर्णय लिए गए हैं। जिसमें बेलागंज विधानसभा क्षेत्र से तीन प्रत्याशियों का आवेदन रद्द किया गया है। जिनमें पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया के जितेंद्र यादव, निर्दलीय सुरेंद्र यादव एवं शंभू कुमार हैं। जबकि इमामगंज विधानसभा क्षेत्र से एक प्रत्याशी सीमा कुमारी का नामांकन पत्र रद कर दिया गया है जो कि राष्ट्रीय जनतंत्र मोर्चा से नामांकन पत्र दाखिल की थीं।

  • गया के बेलागंज में दो बच्चियों का शव गांव के ही नदी से बरामद, रविवार को निकली थी घर से

    गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र की रहने वाली दो छोटी बच्चीयों का शव गएक नदी से मिलने के बाद सनसनी फैल गई। दोनों बच्चियां रविवार को निकली थी। देर शाम तक काफी खोजबीन किया गया लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटी तो घर वालों की चिंता बढ़ गई। वहीं सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने बेलागंज थाना क्षेत्र के रामविगहा गांव के समीप से दोनों लापता बच्चियों के शव यमुने नदी से निकाला तो कोहराम मच गया। दोनो बच्चियां रविवार की शाम अपने घर से निकली थी। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज भेजा।

    ग्रामीणों का कहना है कि रामबिगहा निवासी सतीश यादव की 10 वर्षीय पुत्री अंजली कुमारी एवं राज कुमार की सात वर्षीय बेटी अनुष्का कुमारी रविवार को दोपहर बाद घर से निकली थी। दोनों बच्चियां देर शाम तक घर नहीं लौटी। रात भर परिजन एवं ग्रामीण दोनों का पता लगाने लगे, लेकिन कुछ पता नहीं चला। सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने गांव के समीप जमुने नदी के एक गड्ढे में खोजने की कोशिश में जुट गए। इसी दौरान नदी में ही दोनों बच्चियां मृत अवस्था में मिली। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। घर में कोहराम मच गया। मुखिया जितेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में आस पास के लोग जुट गए। पुलिस मौके पर पहुंच दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रखंड विकास पदाधिकारी राघवेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित परिवार को पारिवारिक लाभ योजना के तहत आर्थिक मदद की गई है।
    अब लोगों के मन मे सवाल उठ रहा है कि आखिर दोनों बच्चियां कब और किस लिए नदी के पास गई और किसी ने देखा नहीं?

  • गया में अज्ञात बदमाशों ने ज्वेलरी दुकान से 10 लाख रुपये से अधिक के आभूषण किए चोरी, पुलिस ने खोजी कुत्ते से शुरू की जांच

    गया जिले के टनकुप्पा थाना क्षेत्र स्थित जीयनबीघा गांव में शनिवार रात अज्ञात बदमाशों ने एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाते हुए करीब 10 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। बदमाशों ने हरिओम ज्वेलर्स के शटर और ताले को लोहे की रॉड से तोड़कर दुकान में रखा कीमती आभूषण साफ कर दिया। दुकानदार बैजू साव ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर दुकान में सोने और चांदी के आभूषण स्टॉक किए गए थे, जिसमें बंधक रखे गए जेवरात भी शामिल थे।

    चोरी की जानकारी रविवार सुबह उस समय मिली, जब लोगों ने देखा कि दुकान का शटर टूटा हुआ है। इस सूचना के बाद आसपास के लोग जुट गए और दुकान मालिक बैजू साव को खबर दी गई। मौके पर पहुंचकर बैजू साव ने पुलिस को घटना की सूचना दी, जिसके बाद टनकुप्पा थाना के थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की।

    जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने जिला मुख्यालय से खोजी कुत्ते की मदद ली, जिसने घटनास्थल से लेकर त्रिलोकिचक गांव तक कुछ सुराग ढूंढने का प्रयास किया, हालांकि कुत्ता एक स्थान पर जाकर रुक गया। जांच के दौरान पुलिस को ज्वेलर्स दुकान से करीब 150 मीटर की दूरी पर धान के खेत में एक ज्वेलरी का डिब्बा पड़ा मिला। इसके बाद खोजी कुत्ते के साथ पुलिस आसपास के गांवों और बाजारों तक पहुंची, लेकिन अब तक चोरों का कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।

    चार साल पहले जीयनबीघा गांव में हरिओम ज्वेलर्स की शुरुआत करने वाले बैजू साव इस घटना से आहत हैं। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू पर जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों को पकड़ने का प्रयास जारी रहेगा।

  • गया में STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई: अवैध हथियार सप्लाई करने वाला तस्कर गिरफ्तार, नक्सलियों से जुड़े तार की आशंका

    गया में STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई: अवैध हथियार सप्लाई करने वाला तस्कर गिरफ्तार, नक्सलियों से जुड़े तार की आशंका

    गया, बिहार। वजीरगंज थाना क्षेत्र के तरवा बाजार में STF और गया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक कुख्यात हथियार तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। इस त्वरित और सटीक ऑपरेशन में सुरक्षा एजेंसियों ने सत्येंद्र चौधरी नामक तस्कर को पकड़ा, जो नक्सलियों और अपराधियों को हथियार सप्लाई करने के संदिग्ध नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से दो देसी कट्टे, एक थरनेट (कारबाइन जैसा हथियार), 2325 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

    सूचना पर त्वरित एक्शन

    गया के वरीय पुलिस अधीक्षक को 26 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि तरवा बाजार में अवैध हथियारों की डील होने वाली है। इस सूचना पर तेजी से कार्रवाई करते हुए, वजीरगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें STF और स्थानीय पुलिस के अधिकारी शामिल थे। 27 अक्टूबर को दोपहर 1:30 बजे इस टीम ने तरवा बाजार में घेराबंदी कर ऑपरेशन चलाया। सत्येंद्र चौधरी साइकिल पर सवार होकर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे घेरकर दबोच लिया।

    अपराधिक इतिहास की जांच जारी

    बरामद हथियार और गिरफ्तार आरोपी

    इस संबंध में डीएसपी सुनील कुमार पांडेय ने मीडिया को बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त सत्येंद्र चौधरी, पिता चांदों चौधरी जो गया जिले के तरवा गाँव का निवासी है, ने पूछताछ में कबूल किया कि वह अवैध हथियारों का क्रय-विक्रय करता है। सुरक्षा एजेंसियां अब उसके पिछले रिकॉर्ड और अपराधी नेटवर्क से जुड़े तारों की जांच में जुटी हैं। पुलिस का मानना है कि सत्येंद्र का नेटवर्क नक्सलियों तक भी हो सकता है, जो सुरक्षा के लिहाज से एक गंभीर चिंता का विषय है।

    अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तारी, छापेमारी तेज

    इस मामले में वजीरगंज थाना में FIR दर्ज कर ली गई है और अन्य संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए व्यापक छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। गया पुलिस और STF की यह कार्रवाई नक्सली और अपराधी नेटवर्क पर प्रहार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

  • सौरव राज बने भीम आर्मी के गया जिलाध्यक्ष, गांव-गांव तक आर्मी को पहुंचाने का संकल्प

    देवब्रत मंडल

    रविवार को अंतरराष्ट्रीय साधना केंद्र बोधगया में भारत एकता मिशन के जिला कमिटी की समीक्षा बैठक हुई। जिसमें सर्वसम्मति से सौरव राज को भीम आर्मी गया जिला अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष अमर ज्योति के द्वारा घोषित किया गया। सौरव राज भीम आर्मी के वहीं नेता हैं जिनके नेतृत्व में 10 जनवरी को गया जिला पुलिस प्रशासन के खिलाफ आंदोलन हुआ था। जिसमें सौरव राज के साथ 19 अन्य लोगो को जेल भेजा गया था। सौरव राज ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुआ कहा कि भीम आर्मी को जिले के सभी गांव तक पहुंचाएंगे। वहीं आजाद समाज पार्टी के इमामगंज प्रत्याशी विश्वास मांझी को सभी कार्यकर्ताओं ने समर्थन देने की बात कही। बैठक में प्रदेश कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार, प्रदेश सचिव बल्ली कुमार पासवान आजाद समाज पार्टी के जिला प्रभारी रौशन गहलौत, भीम आर्मी जिला प्रभारी चंदन आजाद, हरेंद्र मांझी, नीतीश रंजन मुकेश कुमार, निरंजन अंबेडकर सहित भीम आर्मी आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

  • हजारीबाग के इचाक से अरवल ले जाई जा रही 156 बोतल विदेशी शराब गया में पकड़ी गई, अरवल का तस्कर गिरफ्तार

    देवब्रत मंडल

    बिहार में शराबबंदी के बाद यदि सबसे अधिक शराब बिहार में आती है तो वह राज्य झारखंड है। बिहार में शराबबंदी के बाद शराब माफियाओं ने झारखंड को एक शराब का एक अच्छा उत्पादक बाजार और बिहार को इसका अवैध तरीके से खपत का बाजार बना लिया है।

    आज भले ही बिहार में शराबबंदी लागू है लेकिन माफिया इस बंदी को सबसे बड़ा अवसर मान लिया है। हालांकि वरीय पुलिस अधीक्षक आशीष भारती अवैध शराब में लगे हुए करोबारियों के खिलाफ मुहिम जारी रखे हुए हैं लेकिन माफिया मानो हर जुल्म सह कर इस धंधे को बदस्तूर जारी रखना चाहता है।
    आए दिन मद्य निषेध और पुलिस महकमा अवैध शराब के कारोबार करने वाले लोगों को पकड़ रही है। इसी क्रम में मद्य निषेध विभाग की एक टीम झारखंड के हजारीबाग जिले के इचाक से शराब की बड़ी खेप लेकर गया की ओर आ रहे एक माफिया को डोभी चेकपोस्ट पर पकड़ने में कामयाब रही।

    सहायक आयुक्त उत्पाद(मद्य निषेध) प्रियरंजन ने बताया कि चेकपोस्ट पर छापामारी दल का नेतृत्व कर रहे इंस्पेक्टर रामप्रीति कुमार ने एक कार के विभिन्न हिस्से में छिपा कर अरवल जिले के लिए ले जा रहे शराब की खेप को पकड़ा है। साथ ही तस्कर अक्षय शर्मा को गिरफ्तार भी किया गया है। उन्होंने बताया कि कार के बैक लाइट वाले बॉक्स में शराब छिपाकर लाई जा रही थी। इसके अलावा कार के पिछले हिस्से में भी बड़े हिसाब से शराब की कई बोतल छिपाई हुई थी। जिसे बरामद करते हुए कार को जब्त कर लिया गया है। तस्कर अक्षय शर्मा ने पूछताछ में टीम को बताया है कि शराब झारखंड के इचाक से लेकर चला था। जिसे अरवल लेकर जाना था लेकिन रास्ते में ही पकड़े गए। 156 बोतल विदेशी शराब और बियर बरामद किया गया है जो विभिन्न कंपनियों(ब्रांड) के हैं।

    सहायक आयुक्त उत्पाद प्रियरंजन ने बताया कि जिला समाहर्ता डॉ त्यागराजन एसएम और एसएसपी आशीष भारती के निर्देशन में उनकी टीम अवैध शराब परिवहन व बिक्री करने वाले माफियाओं के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जब्त कार के मालिक का सत्यापन किया जा रहा है। गिरफ्तार अक्षय शर्मा ने पूछताछ में अन्य माफिया के बारे में भी जानकारी दी है। जिसके निशानदेही पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

  • बोधगया के भागलपुर में दिनदहाड़े फायरिंग, पुरानी दुश्मनी ने मचाई दहशत

    गया। बोधगया के भागलपुर में रविवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। चौंकाने वाली बात यह है कि इस हमले के पीछे की वजह पुरानी दुश्मनी बताई जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक, गांव में कुछ दिन पहले हुई मारपीट का बदला लेने के लिए अपराधियों ने यह खौफनाक कदम उठाया। वह सिर्फ धमकाने के इरादे से आए थे, लेकिन माहौल बिगड़ने पर उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे स्थानीय लोग सहम गए।

    घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ सौरभ जायसवाल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तुरंत जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं और एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। पुलिस इस घटना के असली कारणों की तह में जाने की कोशिश कर रही है ताकि इस पुरानी दुश्मनी के पीछे के सच को उजागर किया जा सके।

    फायरिंग के बाद से इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। कानून-व्यवस्था को कायम रखने के लिए पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। एसडीपीओ जायसवाल ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि इलाके में शांति बहाल हो सके।

  • फतेहपुर थाने में शांति समिति की बैठक: दीपावली-छठ पर डीजे और जातिसूचक गानों पर पुलिस की रहेगी पैनी नजर

    फतेहपुर थाना परिसर में दीपावली और छठ पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विधि-व्यवस्था को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए। इस बैठक की अध्यक्षता फतेहपुर अंचलाधिकारी धनराज कुमार ने की, जबकि थाना अध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बैठक का संचालन किया।

    बैठक में थाना अध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि दीपावली और छठ पूजा के दौरान नियमों का पालन अनिवार्य होगा। बिना लाइसेंस के मूर्ति स्थापना की अनुमति नहीं होगी और डीजे पर पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अश्लील गानों और जातिसूचक शब्दों वाले गीतों को बजाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, मूर्ति विसर्जन के लिए 1 नवंबर की अंतिम तिथि तय की गई है, जिसे हर हाल में मानना होगा।


    अंचलाधिकारी धनराज कुमार ने छठ घाटों के निरीक्षण का विवरण देते हुए कहा कि सुरक्षा के मद्देनज़र कुछ घाटों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, पहाड़पुर छठ घाट को खतरनाक स्थिति के कारण प्रतिबंधित कर दिया गया है ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

    बैठक में थाना क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि भी शामिल रहे, जिन्होंने अपने अपने क्षेत्र दीपावली और छठ पूजा के अवसर पर आयोजित होने वाली कार्यक्रमों की जानकारी दिया। इस मौके पर जयपुर पंचायत मुखिया राजेंद्र यादव उर्फ राजू , धरहरा कलां पंचायत मुखिया अमरेंद्र कुमार राय, नगर प्रखंड फतेहपुर के मुख्य पार्षद रवि कुमार साव , पूर्व जिला पार्षद नागेंद्र यादव, सहित सैकड़ों की संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।