शुक्रवार को वरीय पुलिस अधीक्षक आशीष भारती एवं जिला पदाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम की संयुक्त अध्यक्षता में जिला समाहरणालय के सभागार में उपचुनाव को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में निर्वाचन संबंधी सभी पुलिस और प्रशासनिक पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य बेलागंज और इमामगंज विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव को भयमुक्त, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराना है। वरीय पुलिस अधीक्षक एवं जिला पदाधिकारी ने उपचुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि चुनाव के दौरान जनता की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं ससमय पूर्ण कर ले। बता दें कि उक्त दोनों विधानसभा क्षेत्र में 13 नवंबर को मतदान की तिथि निर्धारित है।
गया में दीपावली की रात एक भवन में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थी कि आसपास के घरों में आग लगने का खतरा बन गया था। जिसे देखते हुए पड़ोसी ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी। विभाग की टीम देर रात आग बुझाने में लगी रही। जिस भवन में आग लगी थी उस भवन में थर्मोकोल सहित अन्य सामानों के गोदाम है। उस भवन का न तो मकान मालिक और न ही कोई दावेदार सामने आया है जिससे अग्निशमन विभाग कोई अग्रेतर कार्यवाही कर सके।
आग मानपुर के राणा नगर मोहल्ले में लगी
गया के फायर स्टेशन ऑफिसर ने बताया कि गुरुवार की रात मानपुर के रहनेवाले एक शख्स ने उन्हें राणा नगर मोहल्ले के एक गोदाम सह आवास में आग तेजी से फैलने की सूचना दी। रात 10:20 में मिली सूचना मिलते ही उनकी रेस्क्यू टीम पहुंच गई। वे खुद भी मौजूद रहे। रात 1:30 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया।
चार बड़े व दो छोटे अग्निशमन विभाग का दमकल लगाना पड़ा
Video
आग इतनी भयानक रूप से लगी हुई थी कि अग्निशमन विभाग के चार बड़े और दो छोटे दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि बाद में दो छोटे दमकल को लौटा लिया गया था लेकिन बड़े दमकल से कई बार पानी भरकर लाना पड़ा था।
आग लगने की वजह स्काई लैंटर्न (गुब्बारा) बताई जा रही
आग लगने की असल वजह तो किसी ने देखा नहीं लेकिन जो बात लोगों द्वारा बताई जा रही है, उसके अनुसार स्काई लैन्टर्न(हॉट एयर बैलून) जमीन पर आने के वक्त इस घर में जा गिरा जिससे आग लग गई। जिस जगह आग लगी, वहां थर्मोकोल की फैक्ट्री व अन्य सामानों के गोदाम हैं। जो सभी जलकर खाक हो गए। जो बच भी गए हैं तो यूज़ के काबिल नहीं।
राज कंप्यूटर प्रेस के सामने राज मार्केट के पास लगी आग
बताया गया कि मानपुर के एक राज मार्केट है। इसके पास राज कंप्यूटर प्रेस प्रतिष्ठान है। यही पर किसी मुन्ना सिंह नामक व्यक्ति का थर्मोकोल की फैक्ट्री बताई जा रही है, उसी में आग लगी थी। जो मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
"आग किसके घर या प्रतिष्ठान में लगी है यह 14 घन्टे बीत जाने के बाद भी पता नहीं चला है क्योंकि अबतक कोई दावेदारी करने विभाग के पास नहीं आया है। कितने का नुकसान हुआ यह कैसे पता चलेगा, जब दावेदार नहीं पहुंचा है। विभाग और उनकी टीम सतर्क थी, सूचना मिलते ही राहत व बचाव करना हमारी ड्यूटी है जो हमने किया।"
अतरी प्रखंड के टेउसा गांव में इस वर्ष दीपावली के अवसर पर श्री श्री सूर्य नारायण मनोकामना मंदिर निर्माण स्थल पर दीपोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। गुरुवार शाम टेउसा समाज विकास संगठन के तत्वावधान में आयोजित इस दीपोत्सव में गांव के सैकड़ों लोगों ने मिलकर हजारों दीयों की रोशनी से मंदिर परिसर को रोशन कर दिया। टेउसा समाज विकास संगठन के मीडिया प्रभारी कुलदीप कुमार चौधरी ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान गांव के हर घर से लोग दीप लेकर आए और पूरे उल्लास के साथ मंदिर परिसर में दीप जलाए। इस दौरान गांववासियों ने सुख, शांति, समृद्धि और वैभव की कामना करते हुए दीप प्रज्वलित किए।
भव्य सूर्य मंदिर और छठ घाट का निर्माण जारी
टेउसा में भव्य सूर्य मंदिर का निर्माण तेजी से हो रहा है। मंदिर के चारों ओर छठ घाट का निर्माण भी जारी है, जो जल्द ही पूरा हो जाएगा। यह कदम छठ महापर्व के दौरान आसपास के गांवों के लोगों के लिए एक आस्था के केंद्र के रूप में उभरने जा रहा है। आयोजन समिति ने बताया कि अब क्षेत्र के लोगों को छठ पूजा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे आसपास के सैकड़ों गांवों के श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी।
सामाजिक एकता और समर्पण की मिसाल
दीपोत्सव के अवसर पर छोटे-बड़े सभी गांववासी एकजुट होकर इस आयोजन में शामिल हुए। इस मौके पर छोटू चौधरी, जर्मनी पासवान, बैजनाथ चौधरी, पन्ना लाल, संतोष गुप्ता, अनिल चौधरी, दीपक गुप्ता, सुजीत कुमार, मुकेश चौधरी, अजय चौधरी, सनी चौधरी, और डब्लू कुमार समेत अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर दीपोत्सव को सफल बनाया और मंदिर परिसर को रोशनी से नहला दिया।
गया के फतेहपुर थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन के संगठित कारोबार पर बड़ी कार्रवाई हुई है। खनन निरीक्षक काशिफ कमाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ढाढर नदी के किनारे बालू माफियाओं पर छापा मारा। सुबह 6:15 बजे से 8:00 बजे तक चली इस कार्रवाई में बदउँवा, यशपुर, आमीन और नीमी बालू घाटों पर अवैध खनन और परिवहन के साक्ष्य मिले, जिसमें करीब 27,800 घनफुट बालू की चोरी का अनुमान लगाया गया।
पुलिस टीम की प्रभावी कार्रवाई
छापेमारी के दौरान पुलीस अधिकारी
इस छापेमारी अभियान में फतेहपुर थाना प्रभारी प्रशांत कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक सतीन प्रसाद, अमरेन्द्र कुमार, जमूई BSAP-11 से हवलदार सूर्यदेव सिंह, सिपाही संजीव कुमार गुप्ता और रंजीत कुमार, और खनन विभाग के गृह रक्षक शभूनाथ पांडेय, रामविलास कुमार, सत्येन्द्र कुमार, और घनश्याम यादव ने संयुक्त रूप से भाग लिया। टीम ने ठोस रणनीति के साथ बालू घाटों पर दबिश दी, जिससे खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया।
संगठित गिरोह का खुलासा – बड़े चेहरे आए सामने
छापेमारी के दौरान स्थानीय लोगों से मिली गोपनीय जानकारी में एक बड़े संगठित गिरोह का पर्दाफाश हुआ, जिसमें 30 से अधिक लोग शामिल पाए गए। इनमें राकेश कुमार उर्फ लालू, शंकर यादव, महेन्द्र यादव, विक्रम सिंह उर्फ फोटी, सुजीत कुमार भारती, गुड्डू सिंह और अन्य बड़े नाम शामिल हैं। ये सभी अपने निजी ट्रैक्टरों और रिश्तेदारों के ट्रैक्टरों का इस्तेमाल कर रातों-रात नदी से बालू चोरी कर उसे बाजार में बेच रहे थे। पुलिस के अनुसार, इनकी अवैध गतिविधियों से सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा था।
बालू माफियाओं की चालाकी – नाबालिग बच्चों से कराते थे चौकसी
पुलिस ने खुलासा किया है कि ये बालू माफिया न केवल संगठित रूप से काम करते थे, बल्कि अपनी गतिविधियों को छुपाने के लिए नाबालिग बच्चों को मोबाइल देकर घाटों और रास्तों पर निगरानी के लिए तैनात करते थे। जैसे ही पुलिस या प्रशासनिक टीम पास आती, ये बच्चे तुरंत सूचना पहुंचा देते, जिससे ये माफिया आसानी से बालू चोरी में सफल हो जाते।
अवैध बालू खनन पर सख्त कार्रवाई
खनन विभाग की इस कार्रवाई में मिले ठोस सबूतों के आधार पर फतेहपुर थाने में MM(D&R) Act 1957 की धारा 4(1A) और बिहार खनिज नियमावली 2019 के तहत 30 से अधिक आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस संगठित गिरोह के सभी सदस्यों पर जल्द कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि अवैध बालू खनन पर प्रभावी रोक लग सके।
बालू माफियाओं पर पुलिस की नजर – जल्द होगी सख्त कार्रवाई
अवैध बालू कारोबार के खिलाफ इस छापेमारी से खनन माफियाओं में खलबली मच गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन में संलिप्त सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि गया जिले में अवैध बालू कारोबार पर अंकुश लगाया जा सके।
हावड़ा-मुंबई मेल ट्रेन से गया रेल थाना की पुलिस ने चार दर्जन सुग्गा बरामद किया है। वहीं गया जंक्शन के प्लेटफार्म पर लावारिश हालात में रहे 150 लीटर शराब बरामद की है। दोनों मामलों में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। गया रेल थानाध्यक्ष निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि गया जंक्शन पर निगरानी और ट्रेनों को सुरक्षित पास कर रही टीम ने मुंबई मेल ट्रेन के एक कोच में लावारिश हालत में रखे एक थैले की जांच की तो उसमें छिपाकर लाए जा रहे जीवित तोते मिले। जिसे बरामद कर थाना लाया गया। जिसकी सूचना वन विभाग के पदाधिकारी को दी गई। जिन्हें बरामद तोते सुपुर्द कर दिया गया। इधर, वन विभाग के एक पदाधिकारी ने बताया कि रेल थाना की सूचना पर विभाग की टीम गया जंक्शन पहुंची। रेल पुलिस ने उन्हें 50 की संख्या में जीवित तोते सुपुर्द किया है। रेल थानाध्यक्ष ने बताया कि बुधवार को गया जंक्शन के प्लेटफार्म से लावारिश हालत में रहे करीब डेढ़ सौ लीटर देसी महुआ शराब बरामद किया गया है। इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
राष्ट्र के एकीकरण के सूत्रधार भारत रत्न लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती ‘राष्ट्रीय एकता दिवस‘ के आलोक में पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में बुधवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम सरदार पटेल को नमन करते हुए मंडल रेल प्रबंधक राजेश गुप्ता द्वारा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय प्रांगण में बड़ी संख्या में मौजूद रेलकर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलायी गयी। तदुपरांत मंडल रेल प्रबंधक द्वारा रेल कर्मियों द्वारा आयोजित एकता दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से शुरू हुई एकता दौड़ में बड़ी संख्या में रेल कर्मियों, स्कूली बच्चों आदि ने हिस्सा लेकर राष्ट्र की एकता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संदेश दिया।
ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन गया शाखा द्वारा ट्रैक डिपो (नजदीक पश्चिमी केबिन) तथा आईओडब्लू( स्टोर)में रेल कर्मचारियों से संपर्क अभियान चलाया गया। 4 एवं 5 दिसंबर को यूनियन की मान्यता के लिए होने जा रहे चुनाव में ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन को मतदान करने की अपील की गई। इस अवसर पर कामरेड मिथिलेश कुमार, लक्ष्मण प्रसाद मनोज कुमार, संजीत कुमार, उत्तम कुमार ,कृष्णानंदन श्रीवास्तव ट्रैक डीपू इंचार्ज आर डी चौधरी, संजीत कुमार, अमन कुमार के अलावा बहुत सारे ट्रैक डिपो तथा आई ओ डब्लू ( कार्य स्टोर) मे कार्यरत कर्मचारी उपस्थित थे। मुख्य वक्ता के रूप में केंद्रीय कोषाध्यक्ष सह पीएनएम प्रभारी डीडीयू मिथिलेश कुमार उपस्थित थे। गेट मीटिंग का संचालन गया शाखाध्यक्ष लक्ष्मण प्रसाद ने किया।
मिथिलेश कुमार, उत्तम कुमार तथा संजीत कुमार ने उपस्थित रेल कर्मचारियों को संबोधित करते हुए ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन एवं ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन का गौरवपूर्ण इतिहास तथा कर्मचारियों के प्रति योगदान के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। कहा कि ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन का गौरवशाली इतिहास रहा है, जिसे कहीं भी पढ़ा तथा देखा जा सकता है। यह संगठन गैर राजनीतिक संगठन है। जो रेल कर्मचारियों का द्वारा बनाया गया। जिनका अपना संगठन है। जो सदैव रेल कर्मचारियों के हित के बारे में सोचती है। इसलिए सभी रेल कर्मचारी को सोच समझकर किसी के झांसे में ना आकर ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन को बहुमूल्य वोट ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन को अवश्य दें।
गया जिले के दो विधानसभा क्षेत्र में 13 नवंबर को होने वाले उपचुनाव को लेकर गया जिले के एसएसपी आशीष भारती की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में पुलिस नगर पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक(अभियान) एवं बाहर से आए हुए सभी सीएपीएफ कंपनियों के कंपनी कमांडर शामिल हुए। वरीय पुलिस अधीक्षक ने बैठक में सभी सीएपीएफ कंपनियों के कंपनी कमांडर को गया जिले की भौगोलिक जानकारी एवं उनके कर्तव्यों से अवगत कराया।
उन्हें गया पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए नक्सल रोधी अभियान चलाने, पूर्ण शराबबंदी के अंतर्गत शराब निर्माताओं और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, अंतर्राज्यीय मार्गों पर चेकिंग बढ़ाने, निरंतर फ्लैग मार्च, एरिया डॉमिनेशन करने हेतु निर्देशित किया। एसएसपी ने इमामगंज एवं बेलागंज विधानसभा उप-चुनाव को भयमुक्त, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जिला पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम बुधवार को ज़िला अभिलेखागार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जैसे ही डीएम अभिलेखागार पहुंचे तो पाया कि कुछ प्राइवेट(बाहरी व्यक्ति) आदमी अपने मोबाइल से अभिलेखो की तस्वीर उतार रहे थे। उन्होंने इन सभी बाहरी व्यक्तियों के मोबाइल की जांच की तो पाया कि अनेकों अभिलेख के फोटो उनके मोबाइल की फोटो गैलरी में थे। जांच में यह भी पाया गया कि अभिलेख को देखकर उसकी तस्वीरों को किसी और के पास भेजा गया है। जिसके एवज में पैसे(सेवा शुल्क) लेने के भी साक्ष्य पाए गए। ऐसे लोगों में बेला निवासी आलोक कुमार, गया शहर के चांदचौरा मोहल्ला निवासी जितेंद्र कुमार एवं रसलपुर (मानपुर) निवासी राजेश कुमार थे। डीएम ने बताया कि इन तीनों के मोबाइल को जब्त कर लिया गया। तीनों को सदर अनुमण्डल पदाधिकारी को जांच करते हुए आगे की कार्रवाई हेतु सुपुर्द कर दिया गया।
डीएम ने बताया कि उन्हें सूचनाएं प्राप्त हो रही थी कि ज़िला अभिलेखागार में व्यवस्थित रूप से आवेदनों को संधारित नहीं किया जा रहा है। जिसके कारण आमजनों को काफी दिक्कतें हो रही है। विदित हो इन दिनों जिले में भूमि सर्वेक्षण का कार्य में चल रहा है। जिसके कारण आमजनों को अभिलेखागार से कागजातों के नकल, कॉपी एवं अन्य जानकारी की जरूरत पड़ रही है। डीएम को जब यहां गड़बड़ी की सूचना मिली तो अपने कार्यालय से निकलकर पैदल ही सीधे ज़िला अभिलेखागार कार्यालय पहुंच गए और जांच की।
इसके बाद डीएम ने ज़िला अभिलेखागार पदाधिकारी से जानकारी लिया कि अभिलेख संधारित करने की प्रक्रिया क्या है? आवेदन कैसे प्राप्त करते हैं? उनका निष्पादन की क्या प्रगति है? प्रतिदिन कितने आवेदनों को निष्पादित किया जाता है? इसके अलावा रजिस्टर में संधारित इत्यादि की जानकारी हासिल किया। बताया गया कि 8 से 10 हजार आवेदन पिछले जुलाई अगस्त से अब तक प्राप्त हुए हैं। प्रतिदिन 400 से 500 आवेदनों को निष्पादित किये जा रहे हैं।
डीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए निर्देश दिया कि अगले 20 दिनों के अंदर आवेदनों को निष्पादित करें। कागजातों को और व्यवस्थित रूप से संधारित करें। जिनका आवेदन पहले आया है उनका पहले आओ, पहले पाओ के तहत निष्पादित करें। डीएम ने अपर समाहर्ता राजस्व को निर्देश दिया है कि आज के मामले को पूरी गंभीरता एव गहन से जांच करते हुए कार्रवाई हेतु रिपोर्ट उपस्थापित करें। डीएम ने अपर समाहर्ता राजस्व परितोष कुमार को निर्देश दिया कि ज़िला अभिलेखागार कार्यालय का भवन काफी पुराना है। नए भवन निर्माण के लिये जगह चिन्हित करते हुए प्रस्ताव तैयार करें। अभिलेखों को किये जा रहे डिजिटलाइजेशन के कार्यो को देखा एव तेजी से कार्य पूर्ण करवाने को कहा।
दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए गया जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व आरपीएफ के पोस्ट प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश और जीआरपी के रेल थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने किया, जिसमें आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारी और जवानों ने मिलकर यात्रियों को यात्रा के दौरान सुरक्षित रहने के उपायों के बारे में जागरूक किया।
इस दौरान यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी समस्या के समाधान के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करने की सलाह दी गई। यात्रियों को खासतौर पर जहरखुरानी के खतरे से सावधान करते हुए किसी अजनबी के साथ मेलजोल न बढ़ाने की चेतावनी दी गई। साथ ही यात्रियों से अपील की गई कि महिला और दिव्यांग कोच में अनाधिकृत रूप से यात्रा न करें, बिना किसी आवश्यक कारण के चेन पुलिंग न करें और रेल नियमों का पालन करते हुए यात्रा करें।
अधिकारियों ने यह भी समझाया कि ट्रेन के छत, पायदान या दरवाजे पर खड़े होकर यात्रा करना खतरनाक हो सकता है, इसलिए ऐसा करने से बचें। चलती ट्रेन में चढ़ने और उतरने से भी परहेज करें। ज्वलनशील पदार्थों के साथ यात्रा न करें और यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असावधानी से बचें।
इसके अलावा, यात्रियों को चलती ट्रेन पर पत्थरबाजी न करने, ट्रैक पर खड़े होकर सेल्फी न लेने और रेल परिसर में गंदगी न फैलाने की हिदायत दी गई। सुरक्षा के लिए “मेरी सहेली” टीम से मदद लेने की भी सलाह दी गई।