देवब्रत मंडल

गया शहर के चंदौती मोड़ स्थित महावीर कॉलोनी, वार्ड संख्या 29 में जलजमाव और गंदगी की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले करीब डेढ़ महीने से नाली और शौचालय की टंकी से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे आम लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है। सड़क पर जमा गंदे पानी के कारण लोगों को घरों से निकलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।
लोगों ने बताया कि सड़क की स्थिति नारकीय बन चुकी है। गंदे पानी और बदबू के कारण संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका भी बनी हुई है। वहीं, सड़क पर बह रहे शौचालय के गंदे पानी से लोगों की धार्मिक आस्था भी आहत हो रही है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इस समस्या की जानकारी बिहार विधानसभा अध्यक्ष तक को दी गई थी, लेकिन फंड की कमी का हवाला देकर मामले को टाल दिया गया। इसके बाद भी क्षेत्र की स्थिति जस की तस बनी हुई है।
बताया जाता है कि वार्ड संख्या 29 में कई नए मोहल्लों का विस्तार हुआ है, लेकिन अब तक वहां मूलभूत सुविधाएं विकसित नहीं हो सकी हैं। कई इलाकों में न तो पक्की सड़क का निर्माण हुआ है और न ही सीवरेज व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। इसके कारण नए बसावट वाले क्षेत्रों में जलनिकासी की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि वार्ड 29 में व्याप्त जलजमाव, सड़क और सीवरेज की समस्याओं का स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि लोगों को नारकीय जीवन से राहत मिल सके।
