सशक्त स्थायी समिति चुनाव में अनुभव पर फिर लगा मुहर, गया नगर निगम में पुराने चेहरों की वापसी

Deobarat Mandal

दो नए सदस्यों ने भी बनाई जगह, 14 प्रत्याशियों के बीच हुआ हाई-वोल्टेज मुकाबला

देवब्रत मंडल

image editor output image78778603 17800730637401289749822770142526 सशक्त स्थायी समिति चुनाव में अनुभव पर फिर लगा मुहर, गया नगर निगम में पुराने चेहरों की वापसी


गया नगर निगम की सियासत में गुरुवार को हुए सशक्त स्थायी समिति के चुनाव ने कई मायनों में पुराने राजनीतिक समीकरणों को फिर मजबूत कर दिया। सात सीटों के लिए हुए चुनाव में अनुभवी चेहरों ने एक बार फिर अपनी पकड़ कायम रखते हुए जीत दर्ज की, जबकि दो नए उम्मीदवार पहली बार समिति तक पहुंचने में सफल रहे।
नगर निगम की सबसे प्रभावशाली समितियों में गिनी जाने वाली इस समिति के चुनाव को लेकर पिछले कई दिनों से पार्षदों के बीच जोरदार लॉबिंग और रणनीति का दौर चल रहा था। सत्ता पक्ष और विरोधी खेमे दोनों ने अपने-अपने उम्मीदवारों को जिताने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। कुल 14 प्रत्याशी मैदान में थे, जिसके कारण मुकाबला बेहद दिलचस्प बन गया था।
परिणाम आने के बाद पूर्व डिप्टी मेयर अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने फिर जीत हासिल कर अपनी राजनीतिक सक्रियता का अहसास कराया। उनके अलावा मनोज कुमार, विनोद कुमार यादव, चुन्नू खान और तबस्सुम परवीन ने भी दोबारा सदस्य बनकर अपनी मजबूत स्थिति कायम रखी।
वहीं इस बार सारिका वर्मा और उपेंद्र कुमार नए चेहरे के रूप में समिति में पहुंचे। दूसरी तरफ वार्ड संख्या-1 की पूर्व सदस्य स्वर्णलता वर्मा इस बार चुनावी दौड़ में पिछड़ गईं।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही नगर निगम परिसर में समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। विजयी उम्मीदवारों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया और समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की। मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने सभी निर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि नई समिति से शहर के विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।
जीत के बाद मोहन श्रीवास्तव ने शहर के विकास को लेकर कई बड़े दावे किए। उन्होंने कहा कि आने वाले महीनों में सफाई व्यवस्था को आधुनिक बनाया जाएगा और जिन इलाकों में अब तक मशीनों से सड़क सफाई नहीं हो रही है, वहां भी जल्द यह सुविधा शुरू की जाएगी। साथ ही शहर में प्रदूषण नियंत्रण, आधुनिक बस स्टॉप, पुस्तक भवन और एलईडी लाइट जैसी योजनाओं पर तेजी से काम करने की बात कही गई।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *