Tag: गया नगर निगम

  • एक पत्र आते ही गया नगर निगम में एक बार फिर हलचल पैदा हुआ, पढ़ें पूरी खबर

    एक पत्र आते ही गया नगर निगम में एक बार फिर हलचल पैदा हुआ, पढ़ें पूरी खबर

    गया नगर में वैसे तो सरकार की ओर से पत्रों के आने और यहां से जाने का सिलसिला चलता रहता है लेकिन कोई कोई पत्र ऐसा होता है जो हलचल पैदा कर देता है। काफी समय से ठहरे हुए पानी में एक कंकड़ फेंक दिया गया है और पानी की तरंगों ने नया हलचल मचा दिया है।

    मामला काफी पुराना है जो सुर्खियों में रहा है। बीच में यह मामला कोर्ट कचहरी के बीच से होते हुए शिथिल पड़ गया था। जिसके बाद शांत हो चला था लेकिन इस बार एक नए सिरे से एक पत्र के गया नगर निगम में पहुंचने पर फिर चर्चा शुरू हो गई है कि अब आगे क्या होगा?

    नवंबर माह की पहली तारीख को एक पत्र राज्य के एक आयोग से निर्गत हुआ जो 02 नवबंर को गया नगर निगम में पहुंच गया। पत्र नगर आयुक्त के नाम से आया है। जिसमें दो लोगों को इसकी सूचना देने का निर्देश दिया गया है।

    ये दो लोग कौन हैं, इसकी चर्चा बाद में करेंगे। पत्र कहें या नोटिस। दोनों को तामिला करवाते हुए 6 नवंबर तक आयोग को सूचित करने को कहा गया है।

    21 नवंबर को दोनों को आयोग में पेश होने के लिए कहा गया है। दोनों को अपना अपना पक्ष रखने के लिए साक्ष्य के साथ बुलाया गया है। नगर निगम सूत्रों के हवाले से बताया गया है संबंधित दोनों के पास आयोग के निर्देश के आलोक में नोटिस भेजा जा रहा है।

    कुछ समय पहले एक बड़ा संकट टल गया था। जिसको लेकर सोशल मीडिया और अन्य जगहों पर यह चर्चा आम हो चुकी थी कि अब दुश्मन(विरोधियों) के चेहरे पर कालिख लग गया है लेकिन इस नए पत्र ने एक बार फिर से निगम में हलचल पैदा कर दिया है।

  • निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की खुली पोल, कहीं कर्मचारी गायब तो कहीं समय से पहले ही भाग गए

    निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की खुली पोल, कहीं कर्मचारी गायब तो कहीं समय से पहले ही भाग गए

    देवब्रत मंडल

    गया नगर निगम में साफ-सफाई व्यवस्था पर आमजन अंगुली उठाते हुए आ रहे हैं तो वे गलत नहीं कर रहे हैं। शहर में साफ सफाई की जो व्यवस्था बनाई गई उसे मोनिटरिंग करने वाले जिम्मेदार कर्मचारी हो या पदाधिकारी। सब के सब कहीं न कहीं दोषी हैं। ऐसे कर्मियों के साथ साथ जिम्मेदार पदाधिकारियों की लापरवाही उजागर होने पर कार्रवाई होनी चाहिए।

    नगर आयुक्त कुमार अनुराग निकल गए औचक निरीक्षण में

    आमजनों की शिकायत नगर आयुक्त भा.प्र.से. कुमार अनुराग तक पहुंच रही थी कि वार्ड में सफाई व्यवस्था में लोचा के कारण आमजन नाराज हैं। ऐसे में शुक्रवार को नगर आयुक्त सफाई व्यवस्था का औचक जांच में निकल पड़े।

    कई वार्डों के निरीक्षण में सफाई कर्मी गायब मिले तो कुछ समय से पहले भाग गए

    नगर आयुक्त ने अपने निरीक्षण में पाया कि कई जगहों पर सफाई कर्मचारी नहीं पहुंचे थे, जहां उनकी ड्यूटी लगाई गई थी। कई जगहों पर पाया कि जितने बजे तक उनकी ड्यूटी लगाई गई है उस समय से पहले ही कर्मचारी निकल पड़े थे।

    मानदेय में कटौती का दिया गया निर्देश

    नगर आयुक्त ने बताया कि ऐसे लापरवाह कर्मियों के मानदेय में कटौती के आदेश दिया गया है। साथ ही छठ पर्व को लेकर साफ सफाई कार्य में लापरवाही बरतने वाले लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

    वार्ड नं 37, 41, 42 और 45 में देखी गई लापरवाही, मांगा स्पष्टीकरण

    गया नगर निगम के वार्ड नं 37, 41, 42 और 45 में निरीक्षण और भ्रमण के क्रम में कहीं वाहन चालक के तो कहीं वार्ड जमादार, सफाई कर्मियों के गायब होने तथा समय से पहले भाग जाने का मामला सामने आया। नगर आयुक्त ने स्वच्छता पदाधिकारी को इसके लिए संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगने को कहा है।

    आखिर इसके लिए केवल निचले तबके के कर्मी जिम्मेदार?

    जब नगर आयुक्त कुमार अनुराग अपने अधीनस्थ अपर नगर आयुक्त, स्वच्छता पदाधिकारी और विभागीय अभियंताओं के साथ निरीक्षण और जांच करने निकले तो ऐसी लापरवाही सामने आई। अब सवाल उठता है कि आखिर इसकी मोनिटरिंग करने वाले जिम्मेदार पदाधिकारी क्या कर रहे हैं? इसके लिए केवल निचले स्तर के कर्मचारियों को केवल दोषी ठहराया जाना उचित नहीं, बल्कि इन्हें भी कर्तव्यों के प्रति जिम्मेदारी नहीं निभाने के लिए दोषी ठहराया जाना चाहिए। तब कहीं अपेक्षित परिणाम सामने आएगा।

  • गया नगर निगम में सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल: कहीं रातभर सफाई, कहीं दिन में भी नहीं दिखती व्यवस्था

    गया नगर निगम में सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल: कहीं रातभर सफाई, कहीं दिन में भी नहीं दिखती व्यवस्था

    देवब्रत मंडल

    गया नगर निगम के सफाई प्रबंधन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। नगर निगम ने कुछ क्षेत्रों में रातभर सफाई अभियान चलाने की व्यवस्था की है, लेकिन वहीं दूसरी ओर कई इलाकों में दिन में भी कचरा उठाव नहीं किया जा रहा। संसाधनों की कमी न होने के बावजूद, इनका उपयोग कैसे किया जाए, ये वार्ड पार्षदों की सोच और जनता के प्रति उनकी जिम्मेदारियों पर निर्भर है।

    कुछ पार्षद शिकायत करते हैं कि सफाई कर्मी उनकी बात नहीं मानते, जबकि कुछ नागरिकों का कहना है कि उनके पार्षद उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में नगर निगम के अधिकारी भी अपनी जिम्मेदारी से बचते नजर आते हैं और सफाई से जुड़े मामलों में वार्ड पार्षद से संपर्क करने की सलाह दे देते हैं।

    रात्रि में कचरा उठाते नगर निगम के सफाई कर्मी

    सोशल मीडिया पर वायरल हुई गंदगी की तस्वीरें

    सोशल मीडिया पर शहर के कुछ हिस्सों की गंदगी की तस्वीरें साझा की जा रही हैं, जो यह दर्शाती हैं कि जिम्मेदार अधिकारी और सफाई कर्मी अपने कार्य के प्रति लापरवाह हैं। कई तस्वीरें यह संकेत देती हैं कि यदि नगर निगम प्रशासन और वार्ड पार्षदों के बीच तालमेल बेहतर हो, तो संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए सफाई व्यवस्था को सुधारा जा सकता है।

    नागरिकों की आवाज बन रहा सोशल मीडिया

    भाजपा नेता और स्थानीय नागरिक नियमित रूप से सोशल मीडिया पर गंदगी की तस्वीरें साझा कर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कर रहे हैं। दीपावली पर्व के मद्देनजर घर-घर से कूड़ा बाहर निकाला जा रहा है, लेकिन नियमित उठाव न होने से कूड़े के ढेर नजर आने लगे हैं। नागरिकों की यह आवाज निगम प्रशासन के लिए एक चेतावनी होनी चाहिए।

    दीपावली और छठ पर जनता को चाहिए स्वच्छ शहर

    दीपावली और छठ पर्व की तैयारी के बीच सफाई व्यवस्था को लेकर असंतोष बढ़ रहा है। नगर निगम और वार्ड पार्षदों का दायित्व है कि वे तुरंत प्रभाव से सफाई व्यवस्था में सुधार करें, अन्यथा जनता को मजबूरन लोकतांत्रिक आंदोलन का सहारा लेना पड़ सकता है।

    गया नगर निगम को अब यह तय करना होगा कि जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को किस तरह से निभाएगा। अगर सही समय पर कदम नहीं उठाए गए तो यह असंतोष आगे चलकर गहराता ही जाएगा।

  • स्वच्छता अभियानों को मिलेगी नई गति: सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी होंगे नोडल अधिकारी

    स्वच्छता अभियानों को मिलेगी नई गति: सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी होंगे नोडल अधिकारी

    देवब्रत मंडल

    बिहार सरकार ने स्वच्छता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए एक अहम कदम उठाया है। नगर निकायों में सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारियों को नोडल पदाधिकारी के रूप में नियुक्त किया जाएगा। इनके कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए सरकार ने गया नगर निगम समेत अन्य निकायों को जरूरी सुविधाएं मुहैया कराने का निर्देश दिया है।

    राजेश कुमार तिवारी, उप सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग, ने इस संबंध में एक आदेश जारी करते हुए नगर निगम के आयुक्त को निर्देशित किया है कि सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारियों के लिए कार्यालय की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इस निर्देश के तहत, स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए नोडल अधिकारी को एक अलग कार्यालय, कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।

    सुविधाएं और जिम्मेदारियां:

    • स्वच्छता के नोडल अधिकारी: सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी नगर निकायों में स्वच्छता कार्यों के नोडल पदाधिकारी होंगे। इन्हें एक उचित कार्यालय, टेबल-कुर्सी, कम्प्यूटर, प्रिंटर और इंटरनेट जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी, जिससे वे अपने कार्यों को सुचारू रूप से कर सकें।
    • अवकाश स्वीकृति: इन पदाधिकारियों का आकस्मिक और विशेष अवकाश नगर आयुक्त द्वारा स्वीकृत किया जाएगा, जबकि अन्य प्रकार के अवकाश विभाग की मंजूरी के साथ मिलेंगे।
    • भुगतान और प्रबंधन: स्वच्छता से संबंधित निर्माण, फोगिंग, सफाई कार्यों में प्रयुक्त एजेंसियों का भुगतान, मानव बल और सफाई वाहनों की मरम्मत से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं की देखरेख इन नोडल पदाधिकारियों द्वारा की जाएगी।
    • उपस्थिति पंजी: सभी सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी अनिवार्य रूप से अपनी उपस्थिति पंजी पर हस्ताक्षर करेंगे और नगर आयुक्त या कार्यपालक पदाधिकारी को रिपोर्ट करेंगे।

    इस आदेश के बाद नगर निगमों में स्वच्छता कार्यों को लागू करने में तेजी आएगी और शहरों में साफ-सफाई को लेकर सुधार की उम्मीद है।

  • जनता से किया गया वादा पार्षद ने किया पूरा, गंगा महल से तूतबाड़ी तक सड़क का निर्माण कार्य हुआ शुरू

    जनता से किया गया वादा पार्षद ने किया पूरा, गंगा महल से तूतबाड़ी तक सड़क का निर्माण कार्य हुआ शुरू

    देवब्रत मंडल

    गया नगर निगम के वार्ड नंबर 13 अंतर्गत चंद्रशेखर जनता कॉलेज मोड़, गंगा महल से तूतबाड़ी देवी स्थान तक जर्जर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ वार्ड पार्षद राहुल कुमार ने वार्ड के सम्मानित जनता के साथ गुरुवार को नारियल फोड़ कर किया। इसके पहले उन्होंने विशेष पूजा-अर्चना की। कार्य का शुभारंभ होते ही स्थानीय लोगों में काफी खुशी देखी गई।

    निगम बोर्ड से सरकार तक लगाई दौड़

    इस महत्वपूर्ण योजना(कार्य) को लेकर वार्ड पार्षद राहुल कुमार नगर निगम के चुनाव के दौरान लोगों से वादा किया था कि इस सड़क मार्ग का कायाकल्प करवाना है। इसके लिए उन्होंने निगम बोर्ड से लेकर सरकार तक दौड़ लगाई। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से सड़क की जर्जर हालत से स्थानीय लोगों को जल जमाव की स्थिति का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय मोहल्लेवासी पक्की सड़क बनवाने की मांग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस सड़क के बन जाने से क्षेत्र वासियों को आवागमन में और अधिक सुविधा होगी। जल जमाव की समस्या दूर हो जाएगी और लोगों को व्यापार करने में भी सुविधा होगी।

    लोगों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हुई

    कार्य शुभारंभ होने पर वार्ड पार्षद राहुल कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों की बहुप्रतीक्षित मांगे पूरी हो गई है। अपने वार्ड के लोगों के लिए नए-नए काम करने से मन को प्रसन्नता मिलती है। नगर निगम चुनाव के समय जनता के बीच किए गए वादों को पूरा कर रहा हूं।

    निर्माण कार्य में गुणवत्ता का रखा जायेगा ख्याल

    वार्ड पार्षद राहुल ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य में प्रयुक्त होने वाले निर्माण सामग्री की पूरी गुणवत्ता रहेगी। सड़क निर्माण कार्य में पर्याप्त संख्या में मजदूर लगाए गए हैं, जो समय सीमा के अंदर कार्य को पूरा करेंगे। सड़क का निर्माण पूरी मजबूती के साथ किया जाएगा। सड़क के दोनों किनारे पैबर ब्लॉक लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 25 लाख 29 हजार 412 रूपये सड़क निर्माण में खर्च होंगे। 20 लाख 97 हजार 456 रुपए की लागत से सड़क के किनारे नाले का निर्माण का निर्माण कराया जा चुका है।

    पितृपक्ष मेला शुरू होने के पूर्व बनकर होगा तैयार

    पार्षद राहुल कुमार ने बताया कि इस वर्ष पितृपक्ष मेला शुरू होने के पूर्व सड़क बन जाने से तीर्थ यात्रियों को रामशिला और प्रेतशिला से विष्णुपद मंदिर जाने में सुविधा होगी। इस अवसर पर भरत प्रसाद, रजनीश शर्मा, कमल नारायण सिंह, विनोद यादव, साकेत कुमार, जगत किशोर, अशोक गुप्ता, बंटी कुमार, विक्की कुमार सहित स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही।

  • यदि आपके घर जलापूर्ति के लिए मीटर लगाया जा रहा है तो ये जानना आपके लिए जरूरी है

    यदि आपके घर जलापूर्ति के लिए मीटर लगाया जा रहा है तो ये जानना आपके लिए जरूरी है

    देवब्रत मंडल

    हर घर नल जल योजना के क्रियान्वयन को लेकर अब प्रत्येक घरों में मीटर लगाने का काम जारी है। इस मीटर को लगाने के लिए संबंधित एजेंसी के कर्मचारी आपके घरों तक पहुंच रहे होंगे या नहीं तो पहुंचेंगे। काफी समय पहले आपके घर तक ब्लू पाइप लगाया गया होगा। जिससे आपके घरों तक इस योजना के तहत जलापूर्ति कराई जा सके। कई घरों में इस योजना के तहत पानी पहुंच भी रहा है लेकिन अब आप कितना पानी खर्च कर रहे हैं, उस पर नजर रखने के लिए मीटर लगाया जा रहा है। आपको आगे बहुत कुछ इस योजना के माध्यम से लाभ मिलने वाले हैं।

    magadhlive की टीम जो बात आपको बता रही है वो इन सभी चीजों से हटकर है। आपने देखा होगा कि कई घरों में मेन जलापूर्ति पाइप से कनेक्शन दिया गया है। इसमें संबंधित एजेंसी के द्वारा किया गया है या किसी अन्य के द्वारा किया गया था? इसकी पड़ताल की गई तो पता चला कि कई लोग पैसे देकर निजी मिस्त्री(private) को अच्छी खासी रकम देकर अपना काम करवाया है। इसके लिए रोड कटिंग के नाम पर भी अवैध राशि की उगाही काफी पहले ही हो चुकी है।

    अब जो मिस्त्री या कर्मचारी आपके घर मीटर लगाने आ रहे हैं, ये बुडको के माध्यम से एक एजेंसी के लोग हैं। बुधवार को शहर के एक हिस्से में मीटर लगाने आए एजेंसी के इस कर्मचारी के द्वारा घर के मालिक को बताया कि उन्हें केवल तीन मीटर ही पाइप लगाने को मिला है। इसके बाद जब स्थानीय लोगों ने पूछा कि इससे अधिक पाइप लगाना होगा तब जाकर घर से आपूर्ति पाइप लाइन तक पहुंचेगा। इस पर इस कर्मचारी ने कहा कि तीन मीटर से अधिक पाइप लगने पर घर मालिक को अतिरिक्त राशि व्यय करने पड़ेंगे।

    विज्ञापन
    विज्ञापन

    इस बात की जानकारी जब बुडको के जेई जयप्रकाश से ली गई तो उन्होंने बताया कि छः मीटर पाइप एक घर के कनेक्शन के लिए दिया जाना है। इस पर कर्मचारी अपने एजेंसी से बात करने की बात कही। बुडको के जेई से जब शिवा नामक एजेंसी के ओहदेदार से बात की तो यह बात सामने आई कि हर हाल में एक घर में कनेक्शन के साथ मीटर लगाने के लिए छः मीटर पाइप जो करीब 20 फीट पाइप देना होगा। यदि कहीं किसी के घरों में इससे कम दूरी पर पाइप के साथ मीटर लगाने की आवश्यकता होगी तो कम पाइप लगेगा। बुडको के अभियंता ने एजेंसी को स्पष्ट रूप से कहा कि जनता में किसी तरह का भ्रम पैदा नहीं हो वो कार्य करें। उन्होंने कहा कि योजना को समय पर पूरा करने के साथ साथ गुणवत्ता का भी ख्याल रखना होगा।

  • जरा संभल कर चलिए! गया शहर की सड़कों पर आवारा पशुओं का रहता है कब्जा

    जरा संभल कर चलिए! गया शहर की सड़कों पर आवारा पशुओं का रहता है कब्जा

    यदि आप गया शहर के निवासी हैं तो सुबह सुबह अपने अपने घरों से किसी भी काम से बाहर निकल कर सड़क पर आते हैं तो जरा संभल कर जाइएगा। नहीं तो आवारा पशु आपको हानि पहुंचा सकते हैं। सुबह में सैंकड़ों बच्चे स्कूल के लिए, ट्यूशन, कोचिंग सेंटर जाने के लिए निकलते हैं। छोटे छोटे बच्चों के साथ इनके अभिभावक भी होते हैं। जिस वक्त ऐसे जरूरतमंद लोग सड़क पर आते हैं तो इनका सामना इन आवारा पशुओं से होता है। मानो सुबह में आवारा पशुओं का कब्जा रहता है। सड़क पार करना भी बड़ा मुश्किल होता है। गलती से यदि थोड़ी चूक हुई नहीं कि आप खतरे में पड़ जाएंगे। वहीं सुबह में लोग सैर सपाटे के लिए या तो सड़कों के किनारों पर या फिर कोई ऐसी जगह पर टहलने या व्यायाम के लिए निकलते ही हैं। जिनका सामना इन आवारा पशुओं से हर दिन हो ही जाता है।


    कुछ लोग इस मान्यता के भी पक्षधर हैं कि घर की पहली रोटी गौमाता को खिलाते हैं। ऐसे लोग या तो अपने घर के दरवाजे पर या फिर सड़क पर निकल कर गौ माता को रोटी खिलाते हैं। जिस वजह से भी कई मोहल्ले में या सड़कों पर गाय आना जाना करते हैं। वहीं सड़क किनारे पसरे कचरे के ढेर पर ये आवारा पशु अपना चारा भी ढूंढने के लिए आना जाना करते हैं। शहर के हर हिस्से में ऐसे आवारा पशुओं को सड़क पर आपको देखने के लिए मिल जाएंगे।

    इन आवारा पशुओं के कारण सड़क पर पैदल चलने वालों में भय है। आखिर बोले तो किससे? अपने वार्ड पार्षद से या फिर गया नगर निगम के पदाधिकारियों से। बुधवार की सुबह शहर के नादरगंज पर आवारा पशुओं का ऐसा कब्जा दिखा। स्कूली बच्चे से लेकर आम आदमी डर कर सड़क पार कर रहे थे। नादरागंज के एक युवक ने कहा कि सुबह में स्कूली बच्चे, ट्यूशन(कोचिंग में) पढ़ने वाले छात्रों को कई बार इन पशुओं के कारण परेशानी होती है। इनका कहना था कि निगम प्रशासन केवल कागजों पर आवारा पशुओं के पकड़ने के लिए आर्डर निकालते हैं लेकिन इसका अनुपालन होते नहीं दिखता।

    आगे बढ़ने पर कोयरीबारी मोहल्ले के मुख्य मार्ग पर आवारा पशुओं को विचरण करते हुए देखा गया। कई जगहों पर देखा गया कि जिस स्थान पर कचरे को एकत्र कर रखा जाता है, उस स्थान पर पशुओं का झुंड लगा रहता है। कुछ मोहल्ले में तो सड़कों के किनारों पर लोग अपने पशुओं को बांध कर रखते हैं। कई जगह खटाल भी है लेकिन इन लोगों पर प्रशासन का डंडा कभी कभार ही चलते हुए देखा गया है। बाद में पुनः वही हाल और जनता बेहाल।

  • सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ अभियान: नगर आयुक्त ने वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

    सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ अभियान: नगर आयुक्त ने वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

    गया नगर निगम द्वारा भारत सरकार के शहरी विकास मंत्रालय द्वारा जारी दिशा निर्देश के आलोक में SBM-U 2.0 के तहत सफाई अपनाओ, बीमार भगाओ पहल शुरू की गई है।
    इस पहल का उद्देश्य मानसून के मौसम में स्वच्छता और बीमारियों से जुड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए शहरी स्थानीय निकायों की तैयारी को बढ़ाना है। मानसून आते ही साफ-सफाई और स्वच्छता की चुनौतियां बढ़ जाती हैं। इसके साथ ही जलजनित और वेक्टर जनित बीमारियों का प्रसार भी बढ़ जाता है। मानसून से जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों को कम करने के लिए सक्रिय उपायों के महत्वपूर्ण महत्व को पहचानते हुए, आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय (MoHUA) के तत्वावधान में स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 ने सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ (SABB) (1 जुलाई से 31 अगस्त, 2024) पहल की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य शहरी स्थानीय निकायों की तैयारियों को बढ़ाना है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे जून से अगस्त के महीनों के दौरान भारी बारिश और बढ़े हुए स्वास्थ्य जोखिमों से उत्पन्न चुनौतियों से निपटने के लिए अच्छी तरह से सुसज्जित हैं।
    सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ पहल में स्वच्छता, वकालत और अंतर-विभागीय अभिसरण पर ध्यान केंद्रित करने वाले व्यापक हस्तक्षेपों की आवश्यकता है, जिन्हें सभी शहरी स्थानीय निकायों द्वारा लागू किया जाना है। अभियान के प्रमुख तत्वों में विशेष सफाई अभियान, कचरे का संग्रह और परिवहन, सभी सामुदायिक और सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई, बच्चों के लिए स्वच्छता और स्वच्छता सुविधाएँ, पानी की गुणवत्ता का पर्याप्त नमूनाकरण, सुरक्षित पेयजल की आपूर्ति, जल कार्यों का रखरखाव और IEC और घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने की योजना बनाना शामिल है। इस पहल में उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान करने के लिए तेजी से आकलन, सुरक्षा रोकथाम उपचार रणनीति (PPTS) को अपनाना और समन्वय और निगरानी शामिल है।

    8 सप्ताह तक चलने वाली मानसून-पूर्व और मानसून-पूर्व तैयारियों की गतिविधियों में डायरिया प्रबंधन पर विभिन्न लॉन्चिंग कार्यक्रम, बेहतर स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए अभियान, स्थानीय समुदायों, संगठनों और सरकारी अधिकारियों को जल प्रबंधन, स्वच्छता और सफाई, सभी सफाई कर्मचारियों की जागरूकता, देखभाल और सुविधाओं के बारे में प्रशिक्षण देना और स्वच्छता और सफाई संदेशों को सुदृढ़ करने के लिए स्थानीय गैर सरकारी संगठनों, सामुदायिक समूहों और निजी क्षेत्र के साथ साझेदारी करना शामिल होगा। सामुदायिक भागीदारी और जन जागरूकता, सामुदायिक जुड़ाव और शिक्षा, वर्षा जल संचयन, मानसून के बाद रखरखाव योजना और एकीकरण पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इसी दिशा निर्देश के तहत सोमवार को अभिलाषा शर्मा भा प्र.से. नगर आयुक्त नगर निगम द्वारा नगर निगम कार्यालय में सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर सभी उपनगर आयुक्त, लोक स्वच्छता पदाधिकारी, कर्मचारी एवम स्वयं सहायता ग्रुप की महिलाएं उपस्थित थे। नगर निगम क्षेत्र के स्कूल नजेरथ अकादमी, क्रेन स्कूल, जिला स्कूल में बच्चों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पार्कों जैसे गांधी मंडप आदि में सफाई कर्मचारियों एवं स्वयं सहायता समूह के महिलाओं को प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है।

  • पीएम स्वनिधि योजना में गया नगर निगम सूबे में पहले पायदान पर

    पीएम स्वनिधि योजना में गया नगर निगम सूबे में पहले पायदान पर

    देवब्रत मंडल

    गया नगर निगम द्वारा 5 से 10 अगस्त 2024 तक पीएम स्वनिधि योजना का विशेष कैंप आयोजित किया जा रहा है। नगर आयुक्त अभिलाषा शर्मा भा.प्र.से ने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत फुटपाथ विक्रेता को तीन प्रकार के ऋण उपलब्ध कराए जाते हैं। जिसमें प्रथम लोन ₹10,000 द्वितीय लोन ₹20,000 एवं तृतीय लोन ₹50,000 दिए जाने का प्रावधान है। उन्होंने बताया गया नगर निगम पीएम स्वनिधि योजना में बिहार में प्रथम स्थान पर है। प्रथम लोन में 6391 लक्ष्य के विरुद्ध 6110, द्वितीय लोन में 2041 लक्ष्य के विरुद्ध 1780, एवं तृतीय लोन में 89 लक्ष्य के विरुद्ध 314, इस प्रकार प्रथम लोन में अब तक 95.60% द्वितीय लोन में 93.80% एवं तृतीय लोन में 264.04% की उपलब्धि गया नगर निगम के द्वारा प्राप्त की गई है। नगर आयुक्त ने फुटपाथ विक्रेताओं को अधिक से अधिक संख्या में कैंप में आकर योजना का लाभ लेने की अपील की है।

  • गया में बनेगा अत्याधुनिक ग्रीन फील्ड टाउनशिप, योजना को मिली हरी झंडी

    गया में बनेगा अत्याधुनिक ग्रीन फील्ड टाउनशिप, योजना को मिली हरी झंडी

    देवब्रत मंडल

    गया। बिहार सरकार ने गया में एक नए ग्रीन फील्ड टाउनशिप के निर्माण की योजना को मंजूरी दे दी है। नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर चर्चा की गई।

    गया नगर निगम की आयुक्त अभिलाषा शर्मा (IAS) ने बताया, “मार्च 2024 में मंत्री परिषद ने राज्य के प्रमुख शहरों के आसपास नए सैटेलाइट टाउनशिप के विकास को मंजूरी दी थी। इसी क्रम में गया में यह नया टाउनशिप विकसित किया जाएगा।”

    अभिलाषा शर्मा (IAS) , नगर आयुक्त

    प्रमुख बिंदु:

    • स्थान: टाउनशिप गया नगर निगम और जिला मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थापित किया जाएगा। परैया और बोधगया प्रखंड में इसके लिए भूमि की तलाश की जा रही है।
    • विशेषताएं: टाउनशिप में आधुनिक ड्रेनेज, सीवरेज, स्मार्ट स्ट्रीट लाइटिंग, हरित क्षेत्र और ग्रीन बफर जोन शामिल होंगे।
    • लाभ: इस परियोजना से स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ नए रोजगार अवसर भी सृजित होंगे।
    • योजना निर्माण: नगर आयुक्त के नेतृत्व में एक विशेषज्ञ टीम द्वारा विस्तृत योजना तैयार की जा रही है।

    शर्मा ने आगे कहा, “यह टाउनशिप न केवल आधुनिक शहरी जीवन का मॉडल होगा, बल्कि पर्यावरण के अनुकूल विकास का भी उदाहरण बनेगा।” नगर निगम ने इस संबंध में जनता से सुझाव आमंत्रित किए हैं। परियोजना के विस्तृत प्रारूप और समयसीमा की घोषणा जल्द ही की जाएगी।

    विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना गया के शहरी विकास में एक नया अध्याय जोड़ेगी और इसे एक आधुनिक, स्मार्ट शहर के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।