गया नगर निगम चुनाव 2022 के एक साल पूरे हो गए हैं। इस एक वर्ष (शपथ ग्रहण 2023 में हुआ था) में आपके क्षेत्र के पार्षद ने आपके मोहल्ले में कितना विकास कार्य किया या कौन कौन सी योजनाओं को स्वीकृति प्रदान करवाया। ये आपको जानने का अधिकार है। जहां तक योजनाओं के चयन से लेकर उसके क्रियान्वयन की बात करें तो इसकी सूची आप अपने वार्ड पार्षद से मांग सकते हैं और यदि ये नहीं बताते हैं या फिर सूची आपको नहीं मिलती है तो अब आपकी बारी आ गई है कि प्राथमिकता के आधार पर क्षेत्र में विकास संबंधित योजनाओं की सूची तैयार करें और उसे आपके वार्ड में आयोजित होने जा रहे वार्ड सभा की बैठक में रखें। जहां आपके क्षेत्र के वार्ड पार्षद और निगम के कर्मचारी भी रहेंगे।
इसके बाद आपकी योजनाओं की समीक्षा सरकार करेगी। क्योंकि सरकार के निर्देश पर ही वार्ड सभा की बैठक हो रही है। इसके बाद सरकार किस किस योजनाओं की स्वीकृति प्रदान करती है और नगर निगम के आयुक्त को क्या निर्देश प्राप्त होता है। उसे वार्ड पार्षदों के समक्ष निगम बोर्ड और सशक्त स्थायी समिति की बैठक में रखा जाएगा। क्या निर्णय होता है, उस पर विचार विमर्श के बाद वित्तीय वर्ष 2024-25 के वार्षिक बजट में शामिल करते हुए उसे पारित किया जा सकता है।
सरकार के निर्देश पर गया नगर निगम के आयुक्त भाप्रसे अभिलाषा शर्मा ने बजट की तैयारी के आलोक में वार्ड सभा की बैठक का कार्यक्रम तय किया है। वार्ड सभा की बैठक वैसे तो 08 जनवरी से वार्ड नं 01 और 02 में शुरू हो गई है लेकिन इसके बाद 09 जनवरी को वार्ड नंबर 03 और 04 में होगी। इसके बाद 10 जनवरी को वार्ड 05 और 06, 11 जनवरी को 07 और 08 नंबर में वार्ड सभा की बैठक होगी। इसके बाद किस किस वार्ड में कब कब सभा होगी। इस खबर के साथ दी गई सूची को देखें।
गया नगर निगम में अग्रिम राशि की ‘लूट की छूट’ है। विकास की योजनाओं को क्रियान्वित करने के लिए अभियंताओं को प्राक्कलन के अनुसार लेखा शाखा से सहमति के पश्चात कुछ राशि बतौर अग्रिम दी जाती है। इसके बाद योजनाओं को धरातल पर या तो विभागीय संवेदक या फिर बाहरी व्यक्ति जो निविदा लेने में सफल होते हैं उन्हें अग्रिम राशि का भुगतान किया जाता है। जिसका समायोजन कराने के बाद प्राक्कलित राशि में से आगे की राशि का भुगतान संवेदक को किया जाता है लेकिन गया नगर निगम के कई अभियंता ऐसे हैं जो लाखों रुपए बतौर अग्रिम राशि तो प्राप्त कर लिए परंतु उसका समायोजन नहीं कराया। यह राशि करोड़ रुपए से भी अधिक है। इसके लिए समय समय पर निगम बोर्ड और सशक्त स्थायी समिति की बैठकों में पार्षदों ने प्रमुखता से मुद्दा उठाया। संबंधित अभियंता को विभागीय स्तर से पत्र लिखकर राशि के समायोजन करने के लिए निर्देशित किया जाता रहा है लेकिन यहां मानो इससे कोई फर्क अभियंताओं पर नहीं पड़ता है। और तो और लेखा शाखा जहां अग्रिम राशि से संबंधित हिसाब किताब सुरक्षित रखा जाता है वहां से भी कोई ऐसी कार्यवाही नहीं हुई जिससे अग्रिम राशि का समायोजन संबंधित अभियंताओं के द्वारा करा लिया गया होता। जब यह बात नगर आयुक्त भाप्रसे अभिलाषा शर्मा को मालूम हुआ तो उन्होंने सख्ती बरती और ऐसे अभियंताओं के वेतन भुगतान पर रोक लगा दिया। मगध लाइव न्यूज़ की टीम को जब यह जानकारी प्राप्त हुई कि कई अभियंताओं के वेतन भुगतान पर रोक लगा दिया गया है तो इसकी पड़ताल शुरू कर दिया है कि आखिर इस अग्रिम राशि की लूट की छूट का मजा कौन कौन ले चुके हैं। जिसकी सजा अब उन्हें भुगतना पड़ रहा है। इस कड़ी में एक सेवानिवृत्त कनीय अभियंता की बात आपको मगध लाइव बता रहा है। ये हैं कनीय अभियंता अजय कुमार। इन पर 37 लाख रुपए अग्रिम राशि का बकाया चला आ रहा है। यह मामला 2018 से चला आ रहा है। इस राशि का समायोजन करवाए बिना कनीय अभियंता अजय कुमार रिटायर हो गए। जबकि लेखा शाखा के पदाधिकारी और अभियंत्रण विभाग के सहायक का यह दायित्व बनता था कि जबतक अग्रिम राशि का समायोजन नहीं करवा लेते हैं तब तक उन्हें सेवांत लाभ से वंचित रखा जाता और नगर आयुक्त को इससे अवगत करा दिया जाता। इधर जब मगध लाइव ने इस मामले की पड़ताल शुरू की तो पता चल रहा है कि ऐसे अभियंता अब अग्रिम राशि के समायोजन को लेकर कार्यालयों और ‘साहेब’ का चक्कर लगा रहे हैं। अब तो वित्तीय वर्ष 2024-25 का वार्षिक बजट पेश करने की तैयारियां शुरू हो कर दी है तो जिस तरह गत वर्ष बजट सत्र में इसको लेकर हंगामा हुआ था तो क्या इस वर्ष भी यह मुद्दा उठाया जाएगा या फिर करोड़ों रुपए की राशि का समायोजन करा लिया जाएगा। कई पार्षदों का कहना है कि एक छोटे से नाली निर्माण के लिए बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव रखा जाता है तो निगम राजस्व में राशि की कमी का हवाला देकर योजनाओं को अस्वीकार कर दिया जाता है। वहीं दूसरी तरफ करोडों रुपए अग्रिम लेकर बैठे हुए अभियंताओं से उस राशि का समायोजन नहीं हो पाना कहीं न कहीं वित्तीय संकट का एक बड़ा कारण यह भी देखने को मिल रहा है। अगली कड़ी में एक और अभियंता की कहानी पढ़ें
गया नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत फुटपाथ पर खाद्य पदार्थ बेचने वाले वेंडरों का चार दिवसीय प्रशिक्षण शनिवार को प्रारंभ हो गया। पहले दिन काफी संख्या में स्ट्रीट वेंडर शामिल हुए। जिसमें महिलाओं की भागीदारी अच्छी रही। सर्व सेफ फूड परियोजना के तहत गया नगर निगम के सम्राट अशोक भवन में चार दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया (नासवी) द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में गया जिले के खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मुकेश कश्यप ने वेंडरों को खाद्य पदार्थ बिक्री करते समय बरती जाने वाली सावधानियों से अवगत कराया।
प्रशिक्षक राजीव कुमार(खाद्य सुरक्षा) ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल वेंडरों को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में खाद्य पदार्थ बेचने वाले वेंडर्स को प्रशिक्षण देने का कार्य राज्य भर में चल रहा है। इसी के तहत गया नगर निगम क्षेत्र के स्ट्रीट फूड वेंडरों को शनिवार से प्रशिक्षण देने का कार्य शुरू किया गया है जो 09 जनवरी तक चलेगा। इन चार दिनों में 300 लोगों को प्रशिक्षण दिया जाना है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले वेंडर को पहले मैनुअल सहभागिता प्रमाण पत्र दिया जाएगा। बाद में उन्हें डिजिटल(प्रिंट) प्रमाण पत्र दिया जाना है। नुलूम के तहत स्वरोजगार की दिशा में यह कार्य सरकार के निर्देश पर चल रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में फुटपाथ दुकानदार संघ के जिलाध्यक्ष अमरजीत गिरी, मीडिया प्रभारी कृष्ण देव पांडेय, गया रेलवे स्टेशन फुटपाथ दुकानदार संघ के अध्यक्ष मनीष कुमार आदि शामिल थे।
मंगलवार को नगर आयुक्त अभिलाषा शर्मा भाप्रसे ने पितामहेश्वर, मल्लाह टोली एवं ब्राह्मणी छठ घाट का स्थल निरीक्षण किया गया। पितामहेश्वर में कुंड निर्माण का कार्य चल रहा था। पितामहेश्वर घाट के निरीक्षण के क्रम में पितामहेश्वर तालाब को अच्छे से सफाई कराने एवं फिटकिरी डालकर पानी के सफाई कराने का निर्देश दिया गया। तालाब में लगे अरेटर को भी लगातार चलवाने का निर्देश दिया गया। पितामहेश्वर घाट के ओर जाने वाले तीन स्थानों पर पहुंच पथ का समतलीकरण कराने हेतु कनीय अभियंता सुबोध कुमार सिंह को निर्देश दिया। कुंड का निर्माण एवं अच्छे से सफाई कराने का निर्देश दिया गया। मल्लाह टोली घाट के निरीक्षण के क्रम में धर्मेंद्र कुमार कनीय अभियंता को पहुंच पथ में पाए गए गड्ढे को अविलंब समतलीकरण कराने तथा पार पथ का अविलंब निर्माण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने आवश्यक कुंड निर्माण कराने का निर्देश दिया गया। यहां पर उपस्थित रहे वार्ड निरीक्षक एवं जमादार को दो दिनों में घाट की अच्छी एवं सम्पूर्ण सफाई करा लेने का निर्देश दिया गया। पुनः निरीक्षण में गंदगी पाए जाने पर जमादार के विरुद्ध कारवाई किया जाएगा। ब्राह्मणी घाट के निरीक्षण के क्रम में धर्मेंद्र कुमार कनीय अभियंता को नाली का निर्माण कल तक समाप्त कर लेने का निर्देश दिया गया। पार पथ को और चौड़ा करने का निर्देश दिया गया,ल। आवश्यक कुंड का निर्माण कराने एवं और अच्छे से सफाई कराने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद संजय सिन्हा, कनीय अभियंता एवं सफाई के वार्ड निरीक्षक एवं जमादार मौजूद थे। शिवनाथ ठाकुर उप नगर आयुक्त द्वारा केंदुई घाट, पॉलीटेक्निक घाट, झारखंडे घाट, सीताकुंड आदि का निरीक्षण किया गया एवं निर्देश दिया गया। नगर प्रबंधक द्वारा धोबिया घाट, बिंदेश्वरी घाट, महादेव घाट एवं सीढ़िया घाट का स्थल निरीक्षण किया गया एवं उपस्थित रहकर कार्य कराया गया एवं आवश्यक निर्देश दिया गया।
आज दैनिक समाचार पत्र हिंदुस्तान में एक लेखक के स्वतंत्र विचार (आलेख) को पढ़ने के बाद यह खबर सोशल साइट्स पर लिखने की जरूरत है कि यदि कोई अखबार खबर नहीं परोस रहा हो तो क्या सोशल मीडिया भी चुप्पी साधे हुए रह जाए? Magadhlive ने हमेशा सच लिखने की कोशिश की है। आगे भी हमारी टीम की कोशिश यही रहेगी। बात हम मुद्दे की करते हैं। कलम की नोक कइयों को चुभ जा रही है। चुभेगी भी क्यों नहीं, सच से कुछ देर के लिए मुंह मोड़ा जा सकता है पर सच बदल नहीं सकता। बात गया नगर निगम की हम कर रहे हैं। पिछले कई महीनों से इस स्वायत्त शासन के अंग बने लोगों को magadhlive की खबरों से काफ़ी तकलीफ़ हो रही है। लेकिन, कलम का मूल कर्तव्य और दायित्व है कुछ न कुछ लिखते रहना, वर्ना लिखने योग्य कलम उसी प्रकार कचरे के डिब्बे में पड़ी मिलेगी, जिस प्रकार अन्य अनुपयोगी वस्तुएं डाल दी जाती है। मणिपुर के बारे में जो आलेख हिंदुस्तान समाचार पत्र में प्रकाशित करने की हिम्मत इस लेखक ने की है, उसकी प्रशंसा करनी होगी। वर्ना अखबारों के भरोसे देशवासियों को सूचना तंत्र से ऐसे नहीं मरहूम किया जाना चाहिए।
स्वतंत्र मीडिया की परिभाषा को एक बार फिर से परिभाषित करने की जरूरत है। इसके पहले सोशल साइट्स, वेब पोर्टल के माध्यम से magadhlive ने लगातार गया नगर निगम में चल रही गतिविधियों को अपनी लेखिनी के माध्यम से लोगों तक सामने लाया तो मेरी कलम की स्याही से कई लोग विचलित हो गए। एक नहीं कई बार लिखने से रोका गया। अखबारों में खबरें नहीं आई पर magadhlive में आती रही। चाहे चुनाव से संबंधित रही या फिर अंदर तहखाने में चल रही गतिविधियों की। इसमें कोई दो राय नहीं कि magadhlive का एक बहुत बड़ा पाठक वर्ग है, जो गया नगर निगम के अंदर चल रहे सच को जानने के लिए व्याकुल रहते हैं। हमने 11, 22 जुलाई और इसके पहले एक प्रेस कांफ्रेंस की खबर लोगों तक पहुंचाई। इसके बाद कुछ लोग मेरे घर पर आकर खबर नहीं लिखने की बात कही। एक प्रकार से मनोवैज्ञानिक दवाब डाला गया। मेरे पास आने वाले लोगों ने जो बातें कही उसे सुनकर अचंभित रह गया! आए हुए लोगों का कहना था कि “जब कोई अखबार वाले नहीं लिख रहे हैं तो आप क्यों लिख रहे हैं। क्या कोई व्यक्तिगत जीवन में किन्हीं को लेकर परेशानी है?” इस प्रश्न के जवाब में मैंने सिर्फ यही कहा कि अखबार वाले क्या कर रहे हैं या कर सकते हैं, मुझे नहीं मालूम पर जब खबर है तो magadhlive खबर लिखेगा।
इस पर उनका कोई जवाब नहीं था। पर विनती की गई कि न लिखें तो अच्छा लगता। इसके बाद कॉन्फ्रेंस कॉल पर लिया गया हमें। कहा गया कि निगम के अलावा कोई और क्षेत्र से खबरें नहीं दिखाई देती है magadhlive की टीम को। हमने कहा- magadhlive खबर लिखने के लिए स्वतंत्र है और अन्य क्षेत्रों से भी खबरें आती रहती है, जिसे शायद आप लोग नहीं देखना पसंद करते हैं। इसके बाद मुझे एक और नई जानकारी मिली कि कुछ अखबार वाले अपने सूत्रों से यह कह रहे हैं कि मुझे अंदर बाहर चल रही गतिविधियों की जानकारी क्यों नहीं दी जाती है, मुझे भी बताएं, लिखूंगा। खैर, इस पर मैं ज्यादा नहीं कुछ कह सकता हूं। क्योंकि यह उनके हाउस का मामला है। बहरहाल, 27 जुलाई भी इसी बीच गुजर गया। इसके आगे क्या हो रहा है या इस बीच क्या क्या हुआ, ये सब पता है magadhlive की पूरी टीम को। आगे जो होगा, उससे सभी को भी अवगत कराने की कोशिश होगी। फिलहाल, भविष्य के गर्त में क्या छिपा है? भला ये कैसे magadhlive को पता होगा। यदि कुछ लिख दूं तो युधिष्ठिर की तरह ‘कालजेयी’ की संज्ञा देते हुए भी लोग नहीं चूकेंगे।
गया नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति के पुनर्गठन को लेकर चले आ रही अटकलों पर विराम लग गया है। वार्ड नं 18 के पार्षद अशोक कुमार जो सशक्त स्थायी के सदस्य के रूप में कुछ महीने तक ही रहे, अब इन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। या कह लें मोहन श्रीवास्तव के लिए कुर्बानी देने का काम किया है। अब इनकी जगह वार्ड नं 26 के पार्षद पूर्व डिप्टी मेयर अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव को समिति का सदस्य मनोनीत करते हुए समिति में स्थान सुनिश्चित कर दिया गया है। इनके अलावा दो पुराने सदस्यों स्वर्णलता वर्मा और विनोद कुमार यादव को फिर से समिति में शामिल कर लिया गया है।
इन तीनों को नगर विकास एवं आवास विभाग के उपसचिव राहुल वर्मन को शपथ दिलाने के लिए नगर आयुक्त भाप्रसे की अधिकारी अभिलाषा शर्मा ने एक पत्र भेजी हैं। इसके लिए 19 जुलाई की तिथि सुनिश्चित की गई है। कहने का तात्पर्य यह है कि 19 जुलाई को गया नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति के सदस्य के रूप में अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव, स्वर्णलता वर्मा और विनोद कुमार यादव शपथ ग्रहण करेंगे। स्मरण कराते हुए चलें कि इसके पहले 26 जून को वार्ड नं 18 के पार्षद अशोक कुमार के साथ स्वर्णलता वर्मा और विनोद कुमार यादव ने इस समिति के सदस्य पद से स्वेच्छा से अन्य कारण बताते हुए मेयर बीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान को त्याग पत्र सौंप दिया था।
जिसे स्वीकृति देते हुए मेयर ने इस आशय की जानकारी नगर आयुक्त को दे दिया था। इसके बाद नगर आयुक्त अभिलाषा शर्मा ने 28 जून को इस बात से सरकार को अवगत करा दी थीं। तब से समिति के तीन सदस्यों का पद रिक्त चला आ रहा है। अब जबकि 19 जुलाई को शपथ ग्रहण की तिथि तय कर दी गई है तो इस प्रक्रिया को पूरा होते ही नौ सदस्यीय (मेयर और उपमेयर को मिलाकर) समिति एक बार फिर से पूर्व की तरह पूर्ण रूप से अस्तित्व में आ जायेगी। देखा जाए तो इस प्रकार अशोक कुमार इस समिति से “आउट” कर दिए गए और मोहन श्रीवास्तव की “एंट्री” लगभग हो गई है।
गया नगर निगम बोर्ड की बैठक मानसून सत्र में होने वाली है। इसके पहले वार्ड पार्षदों से संबंधित वार्ड के कनीय अभियंता पार्षदों से प्राथमिकता के आधार पर विकास की योजनाओं की सूची मांग रहे हैं। इस बीच कुछ पार्षद जब अभियंता से राशि की बात पूछ रहे हैं कि कितने की योजनाओं का चयन किया जाना है तो इस प्रश्न के जवाब सुनकर पार्षद भड़क उठे हैं। वार्ड नं 13 के पार्षद राहुल कुमार ने पूछे जाने पर बताया कि उनके क्षेत्र के कनीय अभियंता देवनंदन प्रसाद ने उनसे 10 लाख रुपए तक की ही योजनाओं की सूची मांगा है। इस पर पार्षद ने अभियंता को स्पष्ट रूप से बता दिया कि उनके क्षेत्र में चंद्रशेखर जनता कॉलेज से लेकर तुतवाड़ी देवी स्थान मंदिर तक सड़क बिल्कुल ही सालों से जर्जर हालत में है। इसे बनवाने के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा 2021 में ही एक डायरेक्शन पत्र के माध्यम से जिला प्रशासन को भेजा गया था कि इस पथ का निर्माण कराना है। लेकिन अबतक स्थिति जस की तस बनी हुई है।
तुतवाड़ी-सीएस जनता कॉलेज मार्ग
पार्षद राहुल कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री से लेकर लोक शिकायत निवारण अधिकारी भी इस सड़क के निर्माण को लेकर आवश्यक बताया, परंतु अबतक यह सड़क नहीं बन पाया। जबकि पितृपक्ष मेला सिर पर है। इस पथ से होकर पिंडदान करने वाले आवासन स्थल से लेकर रामशिला और प्रेतशिला जाने के लिए इस पथ पर ही आना जाना करते हैं। उन्होंने कहा कि जिस 10 लाख रुपये खर्च कर योजना को क्रियान्वित करने की योजना बनाई जानी है, वो राशि उन्हें नहीं चाहिए। जब यह सड़क नहीं बन पाता है तो वे इसको लेकर जनहित याचिका दायर करेंगे। उन्होंने कहा कि कुछ वार्डों में न्यून राशि और कई वार्डों में अधिक राशि से योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर पार्षदों से जो सूची मांगी जा रही है, उसमें काफी का अंतर है। ये पार्षदों को आपस में फुट डालने का एक कुत्सित प्रयास किया जा रहा है। जिसका बोर्ड की बैठक में एकस्वर में विरोध किया जा सकता है।
वहीं वार्ड नं 39 के पार्षद संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि उनके वार्ड के जेई धर्मेंद्र कुमार ने 10 लाख रुपए की योजनाओं की सूची तैयार कर मांगा तो उन्होंने बताया कि उनके वार्ड से ही मेला क्षेत्र आरंभ हो जाता है। उन्होंने कहा कि 10 लाख रुपए खर्च कर यदि कोई योजना क्रियान्वयन के लिए पारित या स्वीकृति दी जाती है तो गलत होगा। यदि मेला अवधि में कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए नगर निगम के वे लोग जिम्मेदार होंगे जो इस प्रकार की योजनाओं को लेकर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी बात है तो उन्हें लिखित रूप में दिया जाए कि उनके अलावा और किन किन वार्डों में कितनी कितनी राशि से योजनाओं का क्रियान्वयन किए जाने की बात है। यदि योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर राशि स्वीकृत करने की बात है तो इतनी कम राशि(10लाख रुपए) से उनके वार्ड में कोई आवश्यक या बड़ा कार्य नहीं हो सकता है। वहीं वार्ड नं 40 की पार्षद चंदू देवी का कहना है कि चिन्हित कर कुछ वार्ड पार्षदों के क्षेत्र में विकास कार्य को लेकर जो राशि कम देने की बात की जा रही है। यह पूरी तरह से गलत है। यदि ऐसा होता है तो क्षेत्र की जनता के साथ आंदोलन करने को बाध्य होंगी।
इधर निगम एक वार्ड पार्षद अपना नाम सामने नहीं लाने की शर्त पर बताया कि कनीय अभियंताओं के साथ अनौपचारिक बैठक निगम में हुई थी। जिसमें अभियंताओं को विकास योजनाओं से संबंधित कार्यों की सूची मांगते हुए प्राक्कलन तैयार करने को मौखिक रूप से कहा गया है। सूत्रों की मानें तो वार्ड नं 13, 20, 21, 39, 40 और 41 में 10-10लाख रुपए की योजना चयनित कर प्राक्कलन तैयार करने की बात है। जबकि वार्ड नं 7, 10, 11, 12, 14, 16, 17, 18, 19, 22, 23, 31, 33, 35, 37, 38 और 42 में 20-20लाख रुपए तथा शेष बचे 30 वार्डों में 50-50 लाख रुपए की योजनाओं को चयनित करने की बात है।
गया नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति के तीन सदस्यों के पद पिछले 26 जून से रिक्त पड़े हैं। तीन सदस्य अशोक कुमार, विनोद कुमार यादव एवं स्वर्णलता वर्मा ने अपना इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद मेयर बीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने तीनों के इस्तीफे को मंजूरी देते हुए नगर आयुक्त को सौंप दिया था। इसके बाद से सशक्त स्थायी समिति के तीन सदस्यों का पद रिक्त पड़े हैं। इधर, जानकारी प्राप्त हुई है कि बहुत जल्द ही इन तीनों रिक्त पड़े स्थानों पर नए तौर पर सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी। मेयर ने तीन पार्षदों के नाम नगर आयुक्त के माध्यम से सरकार(नगर विकास एवं आवास विभाग) को भेज चुके हैं।
हालांकि इसमें केवल एक नए सदस्य के रूप में पूर्व डिप्टी मेयर वार्ड पार्षद अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव के शपथ लेने की बात है। चर्चा है कि शेष दो सदस्य वहीं रहेंगे जो पहले अपना इस्तीफा दे चुके हैं। सूत्रों की माने तो अगले सप्ताह तीन सदस्यों को शपथ लेने के लिए शीघ्र ही नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा पत्र जारी कर दिया जा सकता है। चर्चा है कि मोहन श्रीवास्तव इस्तीफा दे चुके वार्ड पार्षद अशोक कुमार की जगह लेंगे। शेष दो सदस्यों के नाम वहीं हैं जो अशोक कुमार के साथ इस्तीफा दे चुके थे। बहरहाल, यह खबर गया नगर निगम में चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां तक कि उन सदस्यों को बधाई के संदेश भी मिलने लगे हैं। जिनके नाम सरकार की ओर से जारी होने वाले पत्र में है। लेकिन, जब तक सरकार की तरफ से इस संबंध में कोई आदेश/निर्देश जारी नहीं हो जाता है तब तक magadhlive इसकी पुष्टि नहीं करता है।
गया नगर निगम के मेयर की जाति को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग में दायर वाद में मंगलवार को सुनवाई शुरू हो गई। दोनों पक्ष के वकील ने अपनी अपनी दलीलें दी। वहीं जिला प्रशासन की ओर से उपस्थित पक्ष भी सुनवाई के दौरान मौजूद रहे। याचिकाकर्ता पूर्व विधायक डॉ. श्यामदेव पासवान ने कहा कि मंगलवार को उनके द्वारा आयोग में दायर वाद में सुनवाई शुरू हो गई है। उम्मीद है कि इस मामले में जल्द ही फैसला सुनाया जाएगा। बता दें कि पूर्व विधायक डॉ श्यामदेव पासवान गया नगर निगम चुनाव 2022 में मेयर पद के प्रत्याशी थे। जिन्हें मेयर बीरेन्द्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने पराजित किया था। इसके बाद डॉ श्यामदेव पासवान मेयर गणेश पासवान की जाति पर सवाल खड़े करते हुए कई प्रामाणिक दस्तावेज पेश करते हुए एक वाद दायर कर दिया था। उसी मामले में मंगलवार को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्वाचन आयुक्त दीपक कुमार के न्यायालय में सुनवाई शुरू हो गई।
पिछले महीने के पहले सप्ताह में आयोग ने दोनों पक्ष को नोटिस जारी करते हुए 11 जुलाई को अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया था। पूर्व विधायक ने बताया कि उनके तरफ से अधिवक्ता संजीव कुमार और मेयर की ओर से अधिवक्ता मयूरी मिश्रा ने अपनी अपनी दलीलें दीं। हालांकि सुनवाई के दौरान मेयर के अधिवक्ता से अपने दावे(मेयर की जाति) के समर्थन में दस्तावेज पेश करने को कहा, लेकिन वे प्रस्तुत न करते हुए अगली सुनवाई के दिन पेश करने की बात कही। इधर, जिला प्रशासन की ओर से पेश होने वाले पक्ष से कहा गया कि वे जिला प्रशासन(डीएम) की तरफ से जांच रिपोर्ट को प्रस्तुत करें लेकिन आज सुनवाई के दौरान जांच रिपोर्ट नहीं पेश कर सके। ऐसे में अगली सुनवाई के दिन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
इस आशय की जानकारी देते हुए याचिकाकर्ता पूर्व विधायक का कहना था कि उनके अधिवक्ता ने कहा कि करीब एक महीना पहले ही नोटिस भेजा गया था लेकिन मेयर की ओर से कोई कागजात पेश नहीं किया गया। जिससे यह लगता है कि केवल समय जाया करने और परेशान करने के लिए कागजात प्रस्तुत करने के लिए समय मांगा जा रहा है। अब इस मामले की अगले सुनवाई के दिन क्या होगा। इस पर magadhlive की नजर रहेगी। जैसे ही कोई नया अपडेट आता है, उससे magadhlive की टीम अवगत कराते रहेगा
गया नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति के तीन सदस्यों के इस्तीफे की खबर से magadhlive आप सभी को पहले अवगत करा चुका है। उन तीन सदस्यों के नाम की जानकारी भी आपको दी जा चुकी है। याद नहीं हो तो रिपीट कर देता हूं। वार्ड पार्षद स्वर्णलता वर्मा, विनोद कुमार यादव और अशोक कुमार का इस्तीफा महापौर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान मंजूर कर चुके हैं। जिससे उन्होंने सरकार को भी अवगत करा दिया था। इस्तीफे के बाद सात नामित सदस्यों में से केवल चार पार्षद समिति के सदस्य बने हुए हैं। इनके अलावा महापौर इस समिति के पदेन अध्यक्ष हैं। अध्यक्ष की अनुपस्थिति में पदेन सदस्य उपमहापौर को समिति के अध्यक्ष पद का दायित्व स्वतः देखना होता है। कुल मिलाकर नौ सदस्यीय सशक्त स्थायी समिति गया नगर निगम के लिए प्रावधानित है। अब जबकि तीन नामित सदस्यों के इस्तीफे को महापौर ने स्वीकृति प्रदान कर दी है तो स्वाभाविक है कि इनके द्वारा छोड़े गए पद पर तीन नए सदस्यों को मेयर को नामित करने का अधिकार प्राप्त है। इसी अधिकार के तहत मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने तीन पार्षदों के नाम चयनित करते हुए उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाने के लिए एक पत्र लिखकर सरकार को अवगत कराया है। ये तीन सदस्य कौन कौन हैं ये आपको बता दें।
महापौर श्री पासवान ने जो पत्र लिखा है, उसके अनुसार इस्तीफा दे चुके वार्ड नं 18 के पार्षद अशोक कुमार की जगह पर नवनिर्वाचित पार्षद अखौरी ओंकार नाथ का नाम को सूची में शामिल किया गया है। जो कि उपचुनाव 2023 में वार्ड नं 26 से जीत कर आए हैं। पूर्व डिप्टी मेयर अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव को इस समिति के पुनर्गठन की प्रक्रिया में शामिल कर लिया गया है। जबकि शेष दो उन्हीं पार्षदों के नाम हैं, जिन्होंने स्वेच्छा से अशोक कुमार के साथ अपना इस्तीफा मेयर को दे चुके हैं। जिसे स्वीकृति भी मेयर पहले ही दे चुके हैं। यानी विनोद कुमार यादव और स्वर्णलता वर्मा को पुनः समिति में सदस्य के रूप में स्थान दिया जा रहा है। लेकिन खबर लिखे जाने तक magadhlive के पास जो सूचना है, इस पुनर्गठन की कवायद मेयर की तरफ से तो शुरू कर दी गई है लेकिन सरकार की तरफ से इस संबंध में नया कोई निर्देश या आदेश जारी नहीं किया जा सका है।
विश्वसनीय स्रोत से पता चला है कि इसको लेकर मेयर सरकार से शीघ्र ही नामित नए सदस्यों को शपथ दिलाने के लिए जो पत्र लिखा है, उसमें कहा गया है कि ताकि आगामी बैठक में कोरम पूरा होता रहे और पूर्ण बहुमत से कार्य का नियमित संचालन किया जा सके। जबकि नगरपालिका एक्ट को देखा जाए तो मेयर चाहें तो नए सदस्यों के समिति में शामिल किए बगैर भी बैठक बुला सकते हैं और कोरम पूरा नहीं होने के अभाव जैसी कोई बात नहीं हो सकती। क्योंकि नौ सदस्यीय सशक्त स्थायी समिति में फिलहाल चार मेयर द्वारा नामित सदस्य हैं और इनके अलावा मेयर और डिप्टी मेयर पदेन सदस्य। इन सभी को मिलाकर छह लोगों की समिति अभी भी अस्तित्व में है। ऐसे में कोरम पूरा नहीं होने का खतरा या संकट जैसी कोई बात नहीं हो सकती है। हां! पूर्ण बहुमत की बात मेयर की सही है। बहरहाल, magadhlive की टीम इस समिति के नए सिरे से पुनर्गठन की प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए है। जैसे ही कोई नया अपडेट प्राप्त होता है तो उससे अवगत कराने का प्रयास होगा।