देवब्रत मंडल

गया, 4 अप्रैल 2026: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) एवं जीआरपी की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन “नारकोश” के तहत गया रेलवे स्टेशन पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 किलोग्राम पोपी हस्क के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 2.55 लाख रुपये बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव के नेतृत्व में आरपीएफ पोस्ट गया की टीम स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या 6-7 के दिल्ली एंड फुटओवर ब्रिज (FOB) के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया।
संदेह के आधार पर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास मौजूद बैग और थैले से पोपी हस्क पाउडर बरामद हुआ। इसके बाद वरीय अधिकारियों को सूचना देकर उनकी उपस्थिति में विधिवत जांच की गई, जिसमें कुल 17 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ।
गिरफ्तार युवक की पहचान छपरा जिले के मशरख थाना क्षेत्र के पिलखी गांव निवासी 18 वर्षीय अमित कुमार के रूप में हुई है।
घटना के बाद अभियुक्त और बरामद मादक पदार्थ को जीआरपी थाना गया ले जाया गया, जहां इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। इस कार्रवाई को रेलवे परिसर में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
