गया-गोह मुख्य मार्ग पर गैस एजेंसी के पास हादसा, भाग रहे पिकअप ने दूसरी बाइक को भी मारी टक्कर, चाचा-भतीजा घायल, चालक गिरफ्तार
महताब अंसारी| कोंच, गया

गया जिले के गया-गोह मुख्य मार्ग पर कोंच थाना क्षेत्र स्थित गैस एजेंसी के समीप शनिवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में घायल कंप्यूटर शिक्षक की मौत हो गई। इस दुखद घटना से शिक्षकों, परिजनों एवं क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की शादी महज छह माह पूर्व ही हुई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब एक बजे एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने पहले एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन इसी दौरान उसने दूसरी बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया।
शिक्षक सुधीर समेत तीन घायल

दुर्घटना में डेल्हा थाना क्षेत्र के धनिया बगीचा स्थित गौतम बुद्ध कॉलोनी रोड नंबर-2 निवासी 26 वर्षीय सुधीर कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सुधीर कोंच प्रखंड के उच्च विद्यालय अदई में कंप्यूटर शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। वहीं जरहीपर गांव निवासी प्रेम कुमार एवं सुनील कुमार, जो रिश्ते में चाचा-भतीजा हैं, भी हादसे में जख्मी हो गए।
ग्रामीणों ने पकड़ा चालक, पुलिस ने किया गिरफ्तार
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पिकअप वाहन का पीछा कर उसे पकड़ लिया और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही कोंच थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया।
ANMMCH में इलाज के दौरान तोड़ा दम
सभी घायलों को तत्काल कोंच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान कंप्यूटर शिक्षक सुधीर कुमार ने दम तोड़ दिया।
शिक्षा जगत में शोक की लहर
घटना की सूचना मिलते ही शिक्षक मनोज मंजिल सहित कई शिक्षक अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। सुधीर कुमार की असमय मौत से विद्यालय परिवार एवं क्षेत्र के लोगों में गहरा दुख व्याप्त है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि उनकी शादी करीब छह माह पहले ही हुई थी, ऐसे में इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
