देवब्रत मंडल

गया। बागेश्वरी रेलवे गुमटी के पास प्रस्तावित रेल ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य को गति देने की दिशा में मंगलवार को अहम कदम उठाया गया। निर्माण कार्य के मद्देनजर स्टेशन–पावरगंज रोड स्थित कलाली मोड़ के पास बड़े वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए हाई गेज (मार्ग अवरोधक) स्थापित कर दिया गया है।
स्थापित हाई गेज की ऊंचाई पौने तीन मीटर (करीब 9 फीट) रखी गई है। इसके लगते ही इस मार्ग से निर्धारित ऊंचाई से अधिक वाले भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित हो गया है। इससे आरओबी निर्माण कार्य के दौरान यातायात को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने में मदद मिलेगी।
बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अनुसार, मार्ग अवरोधक लगाने का आदेश प्राप्त होने के बाद यह कार्रवाई की गई है। अधिकारियों ने बताया कि बागेश्वरी–गांधी मोड़ रोड के पास भी बैरियर लगाने के लिए स्थान का चयन कर लिया गया है। अगले एक-दो दिनों में वहां भी हाई गेज स्थापित कर दिया जाएगा, जिसके बाद उस दिशा से भी बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक लागू हो जाएगी।
गौरतलब है कि बागेश्वरी रेलवे गुमटी पर आरओबी निर्माण योजना को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में स्वीकृति मिली थी। लंबे समय से इस परियोजना का इंतजार किया जा रहा है। आरओबी बनने के बाद रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम से शहरवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही स्टेशन, पावरगंज, बागेश्वरी और आसपास के इलाकों में यातायात अधिक सुगम और सुरक्षित हो सकेगा।
इस मौके पर पुल निगम के अभियंता प्रवीण कुमार, निर्माण कार्य कर रही एजेंसी बसंत कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर संजय कुमार वर्मा, अभियंता रंजन कुमार, सर्वेयर कौशिक करक, निरंजन यादव आदि समेत कई कर्मी मौजूद रहे।
इधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल निर्माण के लिए अधिग्रहित की जाने वाली उनकी जमीन मकान को लेकर मुआवजा देने के सम्बंध में अबतक कोई निर्णय नहीं हो सका है। बताया गया कि प्रभावित परिवार के लोगों की एक बैठक बागेश्वरी मंदिर के प्रांगण में हुई थी। जिसमें लोगों ने अपनी हितों की रक्षा को लेकर संघर्ष करने की बात कही है।
