देवब्रत मंडल

गया: आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर डिप्टी स्टेशन अधीक्षक (डिप्टी एसएस) और आरपीएफ के बीच हुए विवाद के विरोध की गूंज अब गया जंक्शन तक पहुंच गई है। ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन (ईसीआरकेयू), गया शाखा ने इस घटना के विरोध में 15 जुलाई को स्टेशन परिसर में आमसभा आयोजित कर अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने का निर्णय लिया है।
यूनियन की ओर से स्टेशन अधीक्षक, गया को दिए गए पत्र के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को शाम 4:30 बजे गया स्टेशन स्थित डिप्टी एसएस कार्यालय के पास आमसभा होगी। इसमें आगरा कैंट स्टेशन पर डिप्टी एसएस के साथ हुई घटना के विरोध में रेलवे कर्मचारियों द्वारा गेट मीटिंग एवं शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जाएगा।
यूनियन के शाखा सचिव के हस्ताक्षर से जारी पत्र में कहा गया है कि यह कार्यक्रम ऑल इंडिया रेलवेमेन फेडरेशन (AIRF) के आह्वान पर आयोजित किया जा रहा है। कर्मचारियों से बड़ी संख्या में शामिल होकर अपनी “चट्टानी एकता” प्रदर्शित करने की अपील की गई है।
यूनियन ने रेलवे प्रशासन को सूचित किया है कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और इससे रेल परिचालन प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
इस आमसभा को लेकर गया रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टरों और अन्य परिचालन कर्मचारियों में भी हलचल देखी जा रही है। माना जा रहा है कि आगरा कैंट की घटना को लेकर रेलवे कर्मचारियों में व्यापक नाराजगी है, जिसके चलते देश के विभिन्न स्टेशनों पर विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
