देवब्रत मंडल

गया जंक्शन पर सोमवार को एक साथ दो व्यक्तियों की मौत 12397 अप गया-नई दिल्ली महाबोधि एक्सप्रेस की चपेट में आने से हो गई। मृतकों की पहचान हो गई है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद गया जंक्शन पर अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। दोनों की जान लापरवाही बरतने से हुई बताई गई है।
बताया गया कि सोमवार को 12397 अप गया-नई दिल्ली महाबोधि एक्सप्रेस वाशिंग पिट लाइन से रेडी हो कर गया जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 06 पर प्लेस कर रही थी। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर रुकने का इंतजार कई लोग कर रहे थे लेकिन कुछ लोग रनिंग अवस्था में सीट लेने की होड़ में थे और ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच गैप में गिर गए। इसी क्रम में यह दर्दनाक घटना हो गई।
गया जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने इस घटना पर कहा कि ट्रेन की रेक अभी प्लेटफॉर्म पर प्लेस ही कर रही थी कि इंजन से सटे तीसरे बोगी में चढ़ने के लिए कुछ लोग कोशिश कर रहे थे। इसी क्रम में यह हादसा हुआ है। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि ऐसी गलती नहीं करें। चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने जैसी गलती नहीं करें।
इस घटना की सूचना मिलते ही गया रेल थानाध्यक्ष शिव कुमार और आरपीएफ के पदाधिकारी दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों की पहचान करा ली गई है। मृतक के परिजनों को इसकी जानकारी दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
