Category: News

Stay informed with the latest breaking news, insightful analyses, and in-depth reporting on current events from around the world.

  • गया जी पुराना शहर है एवं भौगोलिक दृष्टिकोण से जो जगह नीचे है, वहां जल जमाव हो जाता है:नगर आयुक्त

    देवब्रत मंडल

    गोल बगीचा रोड

    गयाजी में बीते तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच नगर आयुक्त कुमार अनुराग नगर निगम की टीम के साथ शुक्रवार को शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों व जलजमाव वाले इलाके का निरीक्षण किया। बारिश की परवाह किए बिना स्वंय नगर आयुक्त सड़कों पर उतरे और जलजमाव वाले क्षेत्रों और साफ सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई दिशा निर्देश दिए। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश में उन्होंने आलाधिकारियों को अलर्ट मोड में जलजमाव वाले क्षेत्रों में जल निकासी कराने का सख्त निर्देश दिया है। साथ ही जलजमाव और साफ सफाई की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

    कई इलाके जलजमाव से प्रभावित नहीं

    उन्होंने समाहरणालय परिसर, वार्ड 37 के न्यू एरिया, वार्ड संख्या 16 के गुरुद्वारा रोड, वार्ड नम्बर-15 गोल बगीचा, वार्ड नंबर 14 के शहिद रोड वार्ड नंबर-26 के शिवली कॉलोनी सहित कई विभिन्न क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया।निरीक्षण के क्रम में नगर आयुक्त ने कई इलाके में देखा कि बारिश के जमा हुए पानी करीब दो से तीन घंटे के अंदर निकासी हो गया। उन्होंने कहा कि लगातार मूसलाधार बारिश के बीच शहर के कई इलाके जलजमाव से प्रभावी नहीं हैं। जिस इलाके में बरसात का पानी जमा है, उन वैसे स्थानों पर देखा गया है कि दो से तीन घंटे के अंदर जल निकासी हो गई है। वो जलजमाव की श्रेणी में नहीं आता है।

    जो जगह नीचे है, वहां जल जमाव हो जाता है

    समाहरणालय के पास

    नगर आयुक्त ने बताया कि स्वाभाविक है कि गया जी पुराना शहर है एवं भौगोलिक दृष्टिकोण से जो जगह नीचे है, वहां जल जमाव हो जाता है। परन्तु निगम उसके लिए भी तत्पर है और QRT के माध्यम से सूचना आने पर त्वरित करवाई की जाती है। अगर, ऐसे जगह जहां जल निकासी संभव हीं नहीं है तो पंप के द्वारा वहां से जल निकासी की जाती है। तेज बारिश में जल जमाव की संभावना ऐसे जगह या भवन जो आसपास के इलाके से नीचे है वहां जल जमाव होना स्वाभाविक है। नगर निगम की प्राथमिकता रहती है कि किसी भी पब्लिक रोड या जगह पर कहीं भी दो तीन घंटे से ज्यादा पानी न लगा रहे एवं नाले के माध्यम से निकासी हो जाए। चूंकि पुराना शहर तेजी से विस्तार किया है, यहां जल निकासी के लिए सीमित ड्रेनेज है और कई जगह सड़क काफी संकीर्ण है। कई बसावट पूर्व से हीं नाले के भी ऊपर बने हुए हैं। बारिश के बावजूद निगम की टीम तत्पर रही ताकि किसी तरह की समस्या शहर में न हो।

    बारिश के बीच नगर आयुक्त लेते रहे जायजा

    नगर आयुक्त हो रही बारिश के दौरान सभी जगह का भ्रमण किया। नगर आयुक्त ने बताया कि मूसलाधार बारिश के कारण जल जमाव की समस्या कुछ देर तक आती है क्योंकि नालों की क्षमता सीमित है। यह परेशानी देश के हर शहर में है, परन्तु गया नगर निगम यहां तत्पर रहकर कार्य कर रहा है।  बताया कि बड़े एवं छोटे सड़क मिला कर लगभग कुल 700 किलो मीटर का सड़क पूरे नगर निगम में है। लगभग 370 छोटे और बड़े चिन्हित नाले हैं। इनमें से 5% किलोमीटर सड़क भी जल जमाव से प्रभावित निगम ने नहीं होने दिया है जबकि तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है।

    नागरिक निगम के कॉल सेंटर पर दें सूचना, होगा समाधान

    नगर आयुक्त ने बताया कि जिन मोहल्लों में भौगोलिक कारणों से जल जमाव हो रहा है वहां तत्काल समाधान किया जा रहा है। साथ हीं, जहां नाला सफाई को लेकर समस्या है, वहां आप निगम कॉल सेंटर या फोन के माध्यम से सूचना कार्यालय को दें, त्वरित करवाई की जाएगी। मौके पर कार्यपालक अभियंता, गया प्रमंडल, सहायक अभियंता गौरव, स्वच्छता पदाधिकारी, मोनू कुमार, सफाई मुख्य निरीक्षक सहित अन्य मौजूद थे।

  • फिर से सज गई एक नंबर रेलवे गुमटी के पास सब्जी व फल की मंडी, भेजी गई रिपोर्ट झूठ या कार्यवाही दिखावा

    देवब्रत मंडल

    पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल के गया जंक्शन के पदाधिकारी की मिलीभगत से डेल्हा साइड एक नंबर रेल गुमटी(बंद) के पास फिर से फल एवं सब्जियों की मंडी सज गई है। कुछ दिन पहले स्थानीय रेल प्रशासन ने यहां से करीब चार दर्जन अस्थायी दुकानों को हटाने के साथ एक संयुक्त रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी थी लेकिन रिपोर्ट झूठ साबित हो रहा है।  डीडीयू मंडल के गया जंक्शन पर अवैध रूप से दुकानें संचालन के पीछे स्थानीय रेल प्रशासन की मिलीभगत साफ दृष्टिगोचर होती है। यदि ऐसा नहीं है तो 06 जून को यहां से दुकानों को हटा दिए जाने की रिपोर्ट के बाद फिर दुकानें कैसे सज गई?

    Magadhlive की टीम पहुंची तो सच कुछ और ही सामने आया

    बुधवार को magadhlive की टीम एक नंबर गुमटी के पास जब पहुंची तो देखा कि एक नहीं कई दुकानें लगी हुई है। अधिकतर सब्जी एवं फल की दुकानों के अलावा चाय, पान, नाश्ता करने की कई दुकानें बेरोकटोक चल रही है।

    अघोषित दिया जाता है वसूली का ठेका

    स्थानीय लोगों ने बताया कि इस स्थान पर दुकानें लगाने के लिए अघोषित रूप से एक व्यक्ति को ठेका दिया जाता है जो इन दुकानों के दुकानदारों से एक निर्धारित राशि वसूल करता है। यह राशि महीने में 25-30 हजार रुपए बताई गई। जो पूरी तरह से गैरकानूनी तरीके से गोपनीय तरीके से किया जाता है।

    आरपीएफ को अतिक्रमण रोकने की है पूरी जिम्मेदारी

    रेल की भूमि पर अतिक्रमण हटाने या अतिक्रमण होने से रोकने की पूर्ण जिम्मेदारी रेलवे सुरक्षा बल के पोस्ट प्रभारी को है। रेलवे अधिनियमों के तहत कार्यवाही की जिम्मेदारी भी इन्हें ही दी गई है लेकिन आखिर क्या वजह है कि दुकानें हटा दिए जाने के बाद फिर दुकानें लग जाती है। जबकि रेलवे के आदेश में यह भी कहा गया है कि यदि आरपीएफ, रेल प्रशासन को अतिक्रमण हटाने में किसी तरह की दिक्कतें आती है तो वे जीआरपी/राज्य पुलिस से भी सहयोग ले सकती है।

    सहायक कमांडेंट भी हैं यहां, पर इनकी आंखों से ‘ओझल’

    गया जंक्शन पर आरपीएफ पोस्ट के कार्यों और उनके दायित्वों की निगरानी रखने के लिए यहां सहायक कमांडेंट की पदस्थापना की गई है लेकिन इनकी नजरों से भी अबतक अवैध दुकानें और अतिक्रमण ‘ओझल’ क्यों है?

    6 जून को ही हुई थी अतिक्रमण हटाने की संयुक्त कार्यवाही

    इसी महीने की 6 तारीख को गया जंक्शन के आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव, वाणिज्य पर्यवेक्षक(सामान्य) शैलेश कुमार, यातायात निरीक्षक बी.बी. पांडेय, वरीय अनुभाग अभियंता(कार्य), अवर अभियंता(कार्य) स्टेशन विकास, गया आदि ने संयुक्त रूप से 46 दुकानों को हटाने की कार्रवाई करते हुए एक रिपोर्ट मंडल मुख्यालय भेजा था। जिसमें, मछली, मुर्गा, मीट, फल, सब्जी, चाट आदि की दुकानें हटाने की कार्रवाई हुई थी लेकिन अब फिर उसी स्थिति में यहां दुकानें सज गई है।

    सवाल, या तो रिपोर्ट गलत या फिर कार्यवाही झूठी

    वर्तमान में जितनी भी दुकानें मजे से चल रही है, उसकी संख्या 40 से ऊपर ही होगी। आखिर 06 जून की कार्यवाही झूठी थी या रिपोर्ट गलत भेजी गई थी, ये तो उच्चस्तरीय जांच के बाद ही पता चल सकता है कि आखिर इस खेल में किसके किसके हाथ “मैले’ हो रहे हैं।

  • लेट लतीफी और अनुपस्थिति पर भड़के डीएम, सदर अंचल कार्यालय में सीओ से लेकर लगभग सभी कर्मी नदारद, कहा-ये सब बर्दाश्त नहीं

    देवब्रत मंडल

    डीएम के औचक निरीक्षण में सीओ सहित कई पदाधिकारी व कर्मचारी अनुपस्थित मिले, वेतन भुगतान पर रोक, सभी से स्पष्टीकरण मांगा

    गया जी के ज़िला पदाधिकारी शशांक शुभंकर मंगलवार की सुबह 10:30 बजे प्रखंड कार्यालय सदर(चंदौती) पहुंच गए। यहां उन्हें समय पर न तो अंचलाधिकारी मिले और न कोई राजस्व कर्मचारी। कई पदाधिकारियों व अमीन से लेकर कई लिपिक अनुपस्थित।कार्यालय में जो कर्मचारी समय से पहुंच चुके थे, उनकी किस्मत अच्छी थी कि यहां डीएम के आने के पहले वे पहुंच गए थे। अंचल कार्यालय में अचानक से डीएम का पहुंचना और औचक निरीक्षण करना एक सामान्य प्रक्रिया नहीं कही जा सकती है। कहीं न कहीं से डीएम को यहां लंबे समय से चल रहे अनियमितता और पदाधिकारी एवं कर्मचारियों के समय से कार्यालय नहीं पहुंचने की शिकायतें मिली होगी, तभी डीएम शशांक शुभंकर औचक निरीक्षण करने चले आए। कर्तव्यों के प्रति जिम्मेदारी का अहसास कराने और लेट लतीफी की आदतों में व्यवहारिक रूप से सुधार करने के उद्देश्यों से डीएम का यह औचक निरीक्षण के कई निहितार्थ हो सकते हैं।

    अंचल कार्यालय में सीओ सहित अन्य ये सभी कर्मी गायब मिले

    डीएम सर्वप्रथम अंचल कार्यालय के निरीक्षण करना शुरू किए तो अंचलाधिकारी के साथ-साथ सभी राजस्व कर्मचारी एवं अंचल के प्रधान लिपिक रीता कुमारी, उच्च लिपिक श्याम दास, उच्च लिपिक अशोक कुमार सिंह, निम्न लिपिक शिव शंकर दास, निम्न लिपिक मंजीत कुमार, उर्दू अनुवादक मो० रामदास अहमद, रानू गुप्ता अमीन, सौरव कुमार अमीन, स्वेता कुमारी अमीन, नवीन कुमार संविदा अमीन, प्रणव अली अमीन सहित दो कार्यालय परिचारी अनुपस्थित मिले। ऐसा पाकर डीएम स्वयं को कुछ देर के लिए हतप्रभ रह गए कि आखिर ये सब कब से चल रहा है। जिसके कारण आम नागरिकों को किस प्रकार की परेशानियां हो रही होगी।

    आम नागरिक की तरह आरटीपीएस काउंटर पर लाइन में खड़े हो गए, कर्मचारी एवं नागरिकों से पूछे सवाल

    इसके बाद डीएम आरटीपीएस काउंटर पर पहुंच गए। लाइन में एक आम नागरिक की तरह खड़े हो गए। यहां औचक निरीक्षण करते हुए उन्होंने उपस्थित लोगों से जानकारी ली कि किस काम के लिए आप यहां आए हैं। लोगों से ये भी पूछा कि आवेदन जमा करने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म कहां से प्राप्त किए हैं। इसके अलावा अन्य कुछ आदि की भी जानकारी प्राप्त की। जिला पदाधिकारी ने यहां कार्यरत कर्मियों से आवश्यक जानकारी से संबंधित बातों को काउंटर के  बाहर दीवार पर चिपकाने का निर्देश दिया है ताकि लोगों को जरूरी जानकारी मिल सके। पिछले एक सप्ताह में आरटीपीएस पर कितने आवेदन प्राप्त हुए हैं उनमें से कितने का निष्पादन हुआ, इसकी भी जानकारी ली।

    पैदल ही घूम घूमकर करने लगे एक एक कार्यालय का निरीक्षण, अगले आदेश तक वेतन भुगतान बंद

    डीएम पैदल ही घूम-घूमकर सभी कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इसके बाद बाल विकास परियोजना कार्यालय (सीडीपीओ) का निरीक्षण किया तो पाया कि सीडीपीओ सदर भी अनुपस्थित हैं। प्रखंड कृषि कार्यालय में कृषि पदाधिकारी अनुपस्थित थे। सांख्यकी कार्यालय में ये साहेब भी अनुपस्थित। प्रखंड कल्याण पदाधिकारी स्तावक्षि, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी रंजीत सवर्था, प्रखंड सांख्यकी पदाधिकारी अशोक कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी छोटे लाल चौधरी, प्रोग्राम पदाधिकारी मनरेगा जय प्रकाश कुमार, मनरेगा के कनिय अभियंता, प्रखंड के कनीय अभियंता भी अनुपस्थित पाए गए। ज़िला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारियों से स्पष्टीकरण पूछा है साथ ही अगले आदेश तक वेतन भुगतान को बंद करने का आदेश दिया है।

    लोगों ने डीएम को बताया राजस्व कर्मचारी आम लोगों के फोन कॉल रिसीव नहीं करते और न तो कार्यालय में ही मिलते 


    प्रखंड कार्यालय में अपने काम से आये कुछ आवेदकों को देख डीएम ने बारी बारी से उनकी समस्याओं को सुना। ज्यादातर मामला था कि राजस्व कर्मचारी अपने हल्का में या अंचल कार्यालय में नही मिलते हैं और न ही कॉल रिसीव करते हैं। डीएम ने अंचलाधिकारी नगर को सख्त निर्देश दिया है कि राजस्व कर्मचारी अपने रोस्टर के अनुसार हल्का एवं अंचल कार्यालय में बैठे साथ ही रोस्टर को कार्यालय नोटिस बोर्ड में प्रदर्शित करवाये।

    समय पर कार्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश, कहा-ये सब बर्दाश्त नहीं

    डीएम ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने कार्यालय में निर्धारित समय में हर हाल में उपस्थित होने का सख्त निर्देश दिया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा आमजनों की समस्याओं को समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि समय पर कार्यालय नहीं आने से जनता का काम नहीं हो पाता है। उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में ये सब बर्दास्त नही किया जाएगा। निरीक्षण के क्रम में डीएम के साथ इस जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी नगर साथ थे।

  • वार्ड पार्षद ने नल जल योजना में हो रही गड़बड़ी व लापरवाही पर जताया रोष, आंदोलन की चेतावनी

    दीपक कुमार

    गया नगर निगम क्षेत्र में हर घर नल जल योजना में कथित गड़बड़ी एवं लापरवाही के कारण आम जनता को हो रही परेशानी को देखते हुए वार्ड पार्षद ने आंदोलन की चेतावनी दी है। वार्ड पार्षद का कहना है कि अब जनता के साथ सड़क पर उतरने के सिवाय कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है।

    वार्ड नं 04 की पार्षद अनुपमा कुमारी ने मगध प्रमंडलीय आयुक्त, जिला पदाधिकारी, नगर आयुक्त एवं बुडको के कार्यपालक अभियंता को एक ज्ञापन सौंपा है। पार्षद का कहना है कि वार्ड नं 04 अंतर्गत कई घरों में अबतक इस योजना के तहत आपूर्ति पाइप का कनेक्शन नहीं दिया गया है। कई मोहल्ले में तो मुख्य आपूर्ति पाइप नहीं बिछाया गया है। उन्होंने कहा कि उनके वार्ड में इस योजना के तहत चालीस प्रतिशत भी काम ठीक से नहीं हुआ है। जहां पाइप लाइन बिछाए गए हैं, उसमें कई जगहों पर पानी लीकेज की समस्या है।
    वार्ड पार्षद ने इस योजना में कथित लूट की बात कहते हुए इसकी जांच की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि पिछली बार जिला पदाधिकारी हुई संयुक्त बैठक में बुडको के द्वारा आश्वासन दिया गया था कि इस क्षेत्र में जो भी समस्या है उसका बहुत जल्द ही निदान करा लिया जाएगा। परंतु आज भीषण गर्मी में कई मोहल्ले व घरों के लोगों को पीने के पानी की समस्या बनी हुई है। महादलित टोले में रहने वाले लोग भी इस महत्वकांक्षी योजना से वंचित हैं।
    वार्ड पार्षद ने अधिकारियों को दिए आवेदन में कहा है कि यदि क्षेत्र में जलापूर्ति की समस्याएं दूर नहीं की जाती है तो जनता को साथ लेकर सड़क पर आंदोलन किया जाएगा।

  • शादी के नियत से भगाई गई युवती बरामद,आरोपी युवक पकड़ा गया, पुलिस कर रही पूछताछ

    देवब्रत मंडल

    गया शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के रामशिला मोहल्ले से एक युवती को शादी के नियत से भगा ले जाने के आरोप में दर्ज मामले में कोतवाली थाना की पुलिस ने आरोपी युवक व युवती दोनों को बरामद कर लिया है। पुलिस इस मामले में अपना अनुसंधान कर रही है। कोतवाली थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पकड़े गए हैं और आगे की कार्यवाही की जा रही है। बता दें कि रविवार को लड़की की माँ ने रोशन नामक युवक के विरुद्ध एक मामला दर्ज कराई थी, माँ का आरोप है कि उनकी बेटी को शादी के नियत से रोशन घर से भगा कर ले गया है। आरोपी युवक लड़की का रिश्तेदार है जो कि शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के रामनगर का मूल निवासी है। जो रामशिला मोहल्ले में ही लड़की के घर के आसपास अपने एक रिश्तेदार के घर में रह रहा था। इधर, लड़की के परिवार वालों का कहना है कि लड़की की उम्र 18 वर्ष पूरे नहीं हुए हैं। दो साल पहले ही मैट्रिक की परीक्षा दी थी लेकिन फेल कर गई थी। आरोपी युवक और लड़की से और इन दोनों के परिवार के लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि लड़की की मां द्वारा दर्ज कराए गए मामले को लेकर आगे का अनुसंधान किया जा रहा है।

  • चौंकाने वाली खबर: गया की नवविवाहिता मयूरी कुमारी मृत पाई गई, पति और पति की प्रेमिका फुफेरी बहन पर हत्या का आरोप

    देवब्रत मंडल

    विश्वासघात, प्रताड़ना और संदिग्ध हत्या का एक दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है। गया शहर की रहने वाली 24 वर्षीय मयूरी कुमारी का हाल ही में विवाह हुआ था और 2 जून 2025 की शाम को नई दिल्ली के अक्षरधाम स्थित पांडव नगर में अपने पति के फ्लैट में मृत पाई गईं। मृतका का मायके गया शहर के गोलबग़ीचा मोहल्ला में है। मायके में कोहराम मचा हुआ है। गया में इनके एक करीबी रिश्तेदार ने बताया कि मयूरी का 6 मार्च 2025 को बिपुल कुमार से विवाह हुआ था। महज दो महीने बाद यह चौका देने वाली दुखद घटना घटी। बिपुल “बिलियन ब्रॉडकास्टर” कंपनी में कार्यरत है, जो गुरुग्राम, हरियाणा के सेक्टर 48 स्थित जेएमडी मेगापोलिस की चौथी मंजिल पर है।

    झूठ, दहेज और विश्वासघात का जाल

    परिवार के अनुसार, शादी के तुरंत बाद मयूरी को दहेज प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। बिपुल और उसके परिवार ने कथित तौर पर एक चारपहिया वाहन, घरेलू उपकरण और दिल्ली में एक फ्लैट खरीदने के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। मयूरी को नवादा, बिहार के रोह बाज़ार स्थित ससुराल में रखा गया, जबकि बिपुल दिल्ली के पांडव नगर (डी-72, डी पार्क, जैन किराना के पास) में अकेला रहता रहा। जब मयूरी ने दिल्ली जाकर पति के साथ रहने की इच्छा जताई, तो उसे भावनात्मक रूप से प्रताड़ित किया गया और अनुमति नहीं दी गई। इसके बावजूद, मयूरी मई की शुरुआत में अचानक दिल्ली पहुंच गई। बिपुल के फ्लैट में एक चौंकाने वाला सच उजागर कर दी।

    अपनी ही फुफेरी बहन से अवैध संबंध

    फ्लैट में मयूरी को एक महिला के व्यक्तिगत सामान मिले हैं। जो जांच में रितिका सिंह की निकली, जो बिपुल की फुफेरी बहन (पिता की बहन की बेटी) है। रितिका, पप्पू सिंह और पूनम सिंह की बेटी, कोन नगर, कोलकाता की निवासी है। वह सरवेश सिंह से विवाहित है और वर्तमान में मुंबई में एचआर प्रोफेशनल के रूप में कार्यरत है।

    बिपुल और रितिका के बीच वर्षों से संबंध

    बताया जा रहा है कि बिपुल और रितिका के बीच वर्षों से संबंध चल रहे थे। शादीशुदा होने के बावजूद, रितिका मयूरी की अनुपस्थिति में अकसर बिपुल के दिल्ली स्थित फ्लैट पर आती थी। जब मयूरी ने इस बारे में पति से सवाल किए, तो दोनों में तीखी बहस हुई और इसके बाद मयूरी को मानसिक रूप से और अधिक प्रताड़ित किया गया।

    हत्या और जांच में कुछ तथ्य सामने आया

    2 मई 2025 को मयूरी की लाश पंखे से लटकी मिली। बिपुल ने पुलिस को फोन कर आत्महत्या का दावा किया, लेकिन शुरुआती जांच में मयूरी के शरीर पर चोट के निशान, बिपुल के बयानों में विरोधाभास और उसके अवैध संबंध के कारण संभावित हत्या की ओर संकेत मिले। मंडावली थाना, दिल्ली में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। बिपुल और उसके छोटे भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है और पुलिस रितिका सिंह की भूमिका की भी गंभीरत से जांच कर रही है।

    मयूरी के पिता ने कहा:

    “वह हमारी इकलौती बेटी थी। हमने अपनी सारी जमा पूंजी उनके हर दहेज की मांग को पूरा करने में खर्च कर दी। उन्होंने केवल लालच के लिए नहीं, बल्कि खून के रिश्ते में बने शर्मनाक रिश्ते के लिए उसे मार डाला।”

    परिवार वालों के आरोप

    परिवार का आरोप है कि बिपुल और रितिका ने मिलकर मयूरी को अपने रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। सोशल मीडिया पर जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है और लोग रितिका सिंह की तत्काल गिरफ्तारी और सभी दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

    खबर व तस्वीर के स्रोत:सोशल मीडिया

  • लाखों के जेवरात व नकद उड़ा ले गए चोर, बंद घर को बनाया निशाना, बड़े इत्मीनान से दिया घटना को अंजाम

    देवब्रत मंडल

    प्लंग, जिसके बॉक्स में रखे थे सामान

    गया जिले के चंदौती थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के सोने चांदी के जेवरात, नकद राशि और मूल्यवान बर्तन आदि उड़ा लिए हैं। घटना की सूचना थाना को दिए जाने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर अपनी जांच शुरू कर दी है।

    घटना कुछ ऐसे हुई कि थानाध्यक्ष भी जानकर हैं हैरान

    घटना चंदौती थाना क्षेत्र के प्रेतशिला रोड स्थित दाराचक गांव में हुई है। घटना के बारे में पीड़िता संतोषी गुप्ता एवं इनके पति कन्हाई कुमार ने बताया कि रविवार की शाम जब अपने ससुराल बागेश्वरी मोहल्ले से दाराचक स्थित अपने घर पर पहुंचे तो पाया कि ताला बंद है लेकिन उनका अपना ताला जो लगा था, उसकी जगह दूसरा ताला लगा था। संतोषी गुप्ता ने बताया कि जब पति कन्हाई कुमार से फोन पर पूछी कि दूसरा ताला आपने लगाया है? कन्हाई ने बताया कि उन्होंने कोई दूसरा ताला नहीं लगाया है। तब पत्नी का शक गहरा गया और झांक कर देखी तो माजरा समझ में आ गया कि चोरी हो गई है। थानाध्यक्ष ने कहा-ये तो पहली बार सुन रहे हैं कि अपराधी इस प्रकार भी घटना को देने लगे हैं।

    ढाई से तीन लाख रुपए के जेवरात व नकद सहित कई चीजें गायब

    घर में रखे आलमारी और बिखरे पड़े सामान

    कन्हाई कुमार ने बताया कि जब इस तरह की घटना की सूचना पत्नी द्वारा दी गई तो वे दाराचक पहुंचे। घर में चोरों द्वारा लगाए गए ताला को तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो देखा कि सभी कमरे में सामान बिखरे पड़े हैं। दीवान पलंग के नीचे रखे मूल्यवान बर्तन और अन्य सामान गायब हैं। पूजा घर, अन्य बक्से भी खुले हैं और इसमें रखे सोने चांदी के जेवरात और नकद करीब ₹ 80 हजार गायब हैं। इसके बाद थाना को सूचना दी गई।

    घटना की रात मायके में थीं पीड़िता और उनके पति

    पीड़िता संतोषी गुप्ता ने बताया कि उनका मायका बागेश्वरी मोहल्ले में है। भांजे का जन्मदिन की तैयारी कर रहे थे। इसको लेकर दाराचक स्थित अपने आवास पर रविवार की शाम गहने और कुछ कपड़े लाने के लिए गई थी। जब यहां पहुंचे तो पाया कि घर में चोरी हो चुकी है।

    थानाध्यक्ष ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है

    चंदौती थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद एक पदाधिकारी को घटनास्थल भेजा गया था, पीड़िता की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिला है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है। अपराधियों का पता लगाया जा रहा है।

  • वंदे भारत ट्रेन शुरू से ही रहा है पत्थरबाजों के लिए सॉफ्ट टारगेट, ट्रायल के वक्त ही चले थे पत्थर

    देवब्रत मंडल

    वाराणसी-रांची वंदे भारत ट्रेन के इंजन का क्षतिग्रस्त शीशा

    भारतीय रेल की अत्याधुनिक तकनीक और सुविधाओं से परिपूर्ण व आरामदायक ट्रेन वंदे भारत पर पत्थरबाजी की घटना कोई नयी नहीं है। इस ट्रेन का ट्रायल जब हो रहा था तो उसी समय ग्रैंडकॉर्ड रेलखंड पर पहली बार पत्थरबाजी हो गई थी। अब तो गया जंक्शन से और यहां से होकर कई वंदे भारत ट्रेनें चलाई जा रही है।

    इंजन का शीशा चकनाचूर हो गया चालक दल सहम गए

    बुधवार को वाराणसी से चलकर गया आ रही वाराणसी-रांची वंदे भारत ट्रेन पर पत्थरबाजों ने पत्थर मार दिया। इस ट्रेन के इंजन का शीशा चकनाचूर हो गया। हालांकि इसके शीशे एक विशेष प्रकार के हैं तो चालक दल को कोई क्षति नहीं पहुंची लेकिन पायलट एसके सिन्हा और सहायक लोको पायलट सुधीर कुमार घबरा गए। इसकी सूचना डीडीयू कंट्रोल पहुंच गई। चुकी ट्रेन गतिमान अवस्था में थी तो गया जंक्शन पर यह ट्रेन जब पहुंची तो संबंधित विभागों के लोग सक्रिय हुए। अब इस दिशा में जांच शुरू हो चुकी है।

    रफीगंज पोस्ट प्रभारी निरीक्षक ने घटना की जांच शुरू किया।

    हालांकि जिस स्थान पर पत्थर चलने की घटना का जिक्र चालक दल द्वारा रेल प्रशासन से किया गया है, उसके अनुसार घटनास्थल रफीगंज आरपीएफ पोस्ट के न्यायिक क्षेत्र अंतर्गत आता है। इस संबंध में जब रफीगंज आरपीएफ पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक राम सुमेर से बात हुई तो उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर पत्थरबाजी की बात सामने आ रही है तो उसके अनुसार उनके द्वारा घटनास्थल के आसपास टीम को भेजकर  जांच कराई गई है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल के आसपास गांव के बच्चों की खेलने की जगह है। उन्होंने संभावना जताई है कि हो सकता है बच्चों ने खेल खेल में पत्थर चला दिया हो, जिसके फलस्वरूप यह घटना कारित हो गई होगी। इनके कहने के अनुसार इस जगह पर असामाजिक तत्व के लोगों के होने की संभावना नहीं के बराबर है। फिर भी इसकी तहकीकात की जा रही है कि आखिर इसके पीछे कैसे प्रवृत्ति के लोगों के हाथ हो सकते हैं।

    ट्रायल ट्रेन वंदे भारत पर पहली बार हुई थी पत्थरबाजी

    बताते चलें कि पूर्व मध्य रेलवे कि ग्रैंड कॉर्ड रेलखंड पर धनबाद मंडल अंतर्गत रेसुब पोस्ट गोमो के द्वारा
    ट्रायल टाटा-पटना-टाटा अप वन्दे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर बंधुआ टनकुप्पा स्टेशन के मध्य किलोमीटर संख्या 455 के आसपास अज्ञात व्यक्तियों के द्वारा पत्थर मारे जाने की घटना से वरिष्ठ रेल अधिकारियों को अवगत कराया गया था।
    घटना के संदर्भ में है कि 10.09.24 को उप निरीक्षक आनंद आलोक रेसुब पोस्ट गोमो ने बताया था कि वे स्टाफ़ के साथ ट्रायल टाटा-पटना-टाटा अप वन्दे भारत एक्सप्रेस में गोमो से गया तक के लिए मार्गरक्षण ड्यूटी में तैनात थेl जिन्होंने बताया था कि मार्गरक्षण के दौरान समय क़रीब 11:10 बजे बंधुआ-टनकुप्पा स्टेशन के बीच किलोमीटर संख्या 455 के आसपास ट्रेन पर पूर्व दिशा से किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा पत्थर मारा गया। जिससे ट्रेन का कोच MC 3-4 के विंडो का आउटर ग्लास ब्रेक हो गया।

    घटना के बाद पूर्व मध्य रेल के आईजी ने दिए थे सख्त निर्देश

    इस घटना के बाद पूर्व मध्य के सभी रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट के निरीक्षक प्रभारी को आरपीएफ के आईजी अमरेश कुमार ने सख्त निर्देश देते हुए इस वंदे भारत ट्रेनों को सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित करने को कहा था। इसके बाद सभी पोस्ट प्रभारी निरीक्षक अलर्ट मोड में टीम बनाकर इसे रोकने में लग गए थे और कामयाबी भी मिली।

    नए पोस्ट प्रभारी निरीक्षक के पदस्थापना के बाद इस तरह की घटना हुई

    गया-डीडीयू रेलखंड पर हुई ताजी घटना के पूर्व भी इस प्रकार की घटनाएं सामने आने लगी थी। जिसके बाद गया, रफीगंज, डेहरी-ऑन-सोन, सासाराम, डीडीयू, कोडरमा, गोमो, धनबाद आदि आरपीएफ पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक द्वारा अपने अपने क्षेत्रों में इस पर विशेष निगरानी रखा जाने लगा। अब जबकि कुछ समय पहले ही पूर्व मध्य रेल के कई पोस्ट में नए पदाधिकारियों की पदस्थापना की गई है तो इस तरह की घटनाएं सामने आने लगी है। जरूरत है इन्हें एरिया डोमिनेशन की। जो की जा रही है। आम जनता, जनप्रतिनिधियों और खास मुखबिरों से समन्वय स्थापित करने की। साथ ही पूर्व में घटित इस प्रकार की घटनाओं का बारीकी से अध्ययन करने की भी आवश्यकता है। क्योंकि इस प्रकार की घटना काफी लंबे समय बाद हुई है।

  • गया में अपराधियों ने पुलिस की वर्दी का दुरुपयोग करके दिया लूट की बड़ी घटना को अंजाम

    अजित कुमार, बेलागंज

    घर में लूटपाट के बाद बिखरे पड़े सामान व पीड़ित परिवार

    गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र के लालगंज गांव में डकैती की बड़ी घटना सामने आई है। अपराधियों ने खुद को पुलिस बताकर घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाया और लगभग 10 लाख रुपये की संपत्ति लूट ली। पीड़ित प्रवीण कुमार ने बेलागंज थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

    घटना के विवरण

    • अपराधियों ने घर की दीवार पर सीढ़ी लगाकर छत के सहारे घर में प्रवेश किया।
    • उन्होंने परिवार को जगाया और खुद को बेलागंज थाना की पुलिस बताकर इंक्वारी करने के नाम पर घर में रखे बक्से, अलमारी, ट्रंक और अटैची खंगाले।
    • अपराधियों ने परिवार को हाथ-पैर और मुंह बांधकर एक कमरे में बंद कर दिया, सभी के मोबाइल लेकर खेत में फेंक दिया गया।
    • लुटे गए सामान में नगदी और अन्य कीमती सामान शामिल हैं।

    पुलिस की कार्रवाई

    • बेलागंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
    • थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही है और अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार करने का दावा किया है।

    ग्रामीणों में खौफ

    इस घटना से ग्रामीणों में खौफ और दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि अपराधियों ने पुलिस की वर्दी का दुरुपयोग करके घटना को अंजाम दिया है, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

  • ब्रेकिंग न्यूज़: गया शहर के दो स्थानों पर सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारोकोटिक्स विभाग की चल रही है छापेमारी, मध्य प्रदेश से आई टीम की बड़ी कार्रवाई, लाखों की दवाइयां जब्त

    देवब्रत मंडल

    छापेमारी करती नारकोटिक्स की टीम
    जानकारी देते अधिकारी

    सेंट्रल बयूरो ऑफ नरोकोटिक्स की टीम द्वारा गया शहर के दो जगहों पर छापेमारी की सूचना मिल रही है। टीम में शामिल अधिकारी और इनके अधीनस्थ पदाधिकारी मीडिया के सामने विशेष कुछ भी नहीं बताया है। लेकिन इतना बताया है कि मध्य प्रदेश की टीम द्वारा ये कार्रवाई की जा रही है। एक अधिकारी ने मीडिया को बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि यहाँ प्रतिबंधित दवाओं का भंडारण और इसका अवैध कारोबार चल रहा है। कई ऐसी दवाईयां जांच और छापेमारी के क्रम में मिले हैं। अभी डिटेल्स नहीं दिया जा सकता है, क्योंकि अभी कार्रवाई चल ही रही है।

    सूत्रों ने बताया कि मंगलवार की सुबह से ही टीम गया शहर के रामशिला मोड़ पर किसी गोरका नामक व्यक्ति के घर में छापेमारी के लिए पहुंच गई थी। दोपहर बाद तक टीम यहां छापेमारी करती रही। यहां किसी मीडिया कर्मी को कुछ भी बताने से परहेज कर गए। बताया गया कि रामशिला मोड़ के पास पहास्वर में किसी गोरका नामक व्यक्ति के घर में छापेमारी की गई। यहां टीम को काफी कार्टन हाथ लगे हैं। बताया गया कि टीम में शामिल अधिकारी व कर्मचारियों ने दिन का भोजन यही पर किया है।

    अधिकारी के वाहन

    इसके बाद टीम गया शहर के रंग बहादुर रोड में चौधरी गली में एक ब्यूटी पार्लर के समीप किसी टूटू सिन्हा के घर में छापेमारी कर रही है। फिलहाल जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार टीम को लाखों रुपए की नारकोटिक्स एवं बेहोश करने वाली दवाएं इन दोनों के घरों में मिली है। जिसमें कुछ प्रतिबंधित कफ़ सिरप और अन्य दवाइयां भी है। इसकी आधिकारिक तौर पुष्टि की गई है। खबर लिखे जाने तक रंग बहादुर रोड स्थित तेलबीघा मोहल्ले में छापेमारी चल रही है।