Category: News

Stay informed with the latest breaking news, insightful analyses, and in-depth reporting on current events from around the world.

  • नई दिल्ली-रांची राजधानी एवं नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी एक्स. पर पथराव, कई कोच के शीशे टूटे, जांच शुरू

    देवब्रत मंडल

    प्रतीकात्मक फोटो

    पूर्व मध्य रेल के गया-डीडीयू रेलखंड पर दो राजधानी एक्सप्रेस ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाएं हुई हैं। पहली घटना नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस में हुई और दूसरी घटना नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस में हुई है। ये घटनाएं गया-डीडीयू रेलखंड पर सोननगर-चिरैला एवं पहलेजा-डेहरी स्टेशनों के बीच हुई है। दोनों घटनाओं में कई कोचों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि इन घटनाओं में किसी भी यात्री को चोट नहीं पहुंची।

    घटनाओं का विवरण:

    • 12314 नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस: यह घटना सोननगर और चिरैला स्टेशन के बीच हुई, जिसमें सात कोचों के शीशे टूट गए। जिसमें पैंट्री कार भी शामिल हैं।
    • 12302 नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस: यह घटना पहलेजा और डेहरी-ऑन-सोन स्टेशनों के बीच हुई, जिसमें दो से तीन कोचों के शीशे क्षतिग्रस्त हुए।

    जांच और कार्रवाई:

    • इस घटना की जानकारी मिलते ही रेल महकमे में हड़कंप मच गया। अधिकारियों के फोन की घंटियां बजने शुरू हो गए। चुकि घटना अल सुबह ही हो गई थी, जिसको लेकर संबंधित पदाधिकारियों की नींद हराम हो गई। जिसकी उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी गई है, लेकिन अधिकारियों ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
    • इस संबंध में आरपीएफ के सहायक कमांडेंट हरमंगत सिंह से जानकारी प्राप्त करना चाहा तो उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं आया। बाद में पता चला कि श्री सिंह छुट्टी पर हैं।
    • इस घटना के बाद दोनों राजधानी एक्सप्रेस गया जंक्शन पर पहुंची। दोनों राजधानी एक्सप्रेस के क्षतिग्रस्त कोचों के शीशों की जांच की गई। जांच में दोनों ट्रेन के कई कोच के शीशे क्षतिग्रस्त पाए गए।
    • जिस दो जगहों पर इतनी बड़ी घटना(राजधानी एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी) हुई। अब इस बात की जांच की जा रही है कि किसी विशेष समूह के द्वारा सुनियोजित तरीके से इस घटना को अंजाम देने के लिए लोग रेलवे लाइन के किनारे एकत्र हुए थे या फिर ऐसा करने वाले लोगों की मंशा कुछ और ही थी।
    • 03 अक्टूबर तक ट्रेनों को सुरक्षित पास कराने के लिए रणनीति तैयार की गई है। रेलवे सूत्रों ने बताया कि दशहरा पर्व को लेकर सभी ट्रेनों को सुरक्षित पास कराने के लिए शार्प लुक आउट की जगह से गुजरने वाली ट्रेनों की गति कम करके परिचालन करने और ऐसे जगहों पर पायलट (चालक) को लगातार सीटी बजाना है।
    • चिन्हित स्थलों से ट्रेनों के गुजरने के वक्त सुरक्षा बलों को सतर्क रहते हुए अवांछित लोगों पर नजरें रखने का निर्देश दिया गया है और साथ में आपात स्थिति में ही छुट्टी पर जाने की इजाजत दी जाएगी। ऐसे में सब डिविजनल क्षेत्र के पदाधिकारी का छुट्टी पर चले जाना भी सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़े कर रहा है।

    पिछली घटनाएं:

    डीडीयू मंडल के डेहरी-ऑन-सोन के परिचालन विभाग से जुड़े एक जिम्मेदार कर्मचारी ने बताया कि कुछ समय पहले वंदे भारत ट्रेन पर पत्थर मारने की घटना हुई थी।

    • 22 मई 2025 को गया-डीडीयू रेलखंड पर वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी की घटना हुई थी, जिसमें ट्रेन के इंजन का शीशा टूट गया था।
    • 26/27 जून 2025 को आनंद विहार-कोलकाता दुरंतो एक्सप्रेस में काष्ठा-परैया स्टेशन के बीच कई कोचों के यात्रियों के सामान की चोरी हुई थी। इस घटना का उद्भेदन कर लिया गया है।

    देखा जाए तो इस मंडल अंतर्गत रेल की खाली पड़ी भूमि पर अतिक्रमण के कारण रेल राजस्व को सीधा आर्थिक नुकसान हो रहा है और इसका लाभ व्यक्तिगत तौर पर कोई और उठा रहा है। वहीं अवैध वेंडरों द्वारा लाइसेंसी वेंडरों को धमकियां मिल रही है लेकिन अवैध वेंडिंग का काम जारी है। हाल ही में इस बात की शिकायत रेल मंत्री तक पहुंच चुकी है।

  • ‘माल महाराज के मिर्जा खेले होली’ के तर्ज पर रेलवे की जमीन पर लगी दुकानों से हो रही अवैध वसूली

    देवब्रत मंडल

    देखा जाए तो रेलवे की भूमि का देखरेख करने की जिम्मेदारी स्थानीय मंडल सहायक अभियंता की है। जिनके मातहत काम करने वाले कार्य निरीक्षक(आईओडब्ल्यू) या तो चल रही दुकानों के बारे में(अतिक्रमण) में अपने वरीय को रिपोर्ट नहीं करते हैं या फिर इनकी चुप्पी में इनकी भी सहभागिता नजर आती है। यदि आईओडब्ल्यू रिपोर्ट करते भी होंगे तो ऊपर जाकर मामला दब जाता होगा। वैसे तो यही चर्चा है कि माल महाराज के और मिर्जा होली खेल रहे हैं।

    पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल के गया जंक्शन के पदाधिकारी की मिलीभगत से डेल्हा साइड एक नंबर रेल गुमटी(बंद) के पास फल एवं सब्जियों की मंडी सज गई है। कुछ महीने पहले स्थानीय रेल प्रशासन ने यहां से करीब चार दर्जन अस्थायी दुकानों को हटाने के साथ एक संयुक्त रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी थी लेकिन दुकानें आज भी गुलजार है तो पिछली रिपोर्ट झूठ साबित हो रही है। डीडीयू मंडल के इस स्थान पर या फिर एस एंड टी कार्यालय के सामने अवैध रूप से दुकानें संचालित होने के पीछे स्थानीय रेल प्रशासन की मिलीभगत साफ दृष्टिगोचर होती है। यदि ऐसा नहीं है तो जब डेल्हा साइड में 06 जून को यहां से दुकानों को हटा दिए जाने की रिपोर्ट के बाद फिर दुकानें कैसे सज गई?

    ‘नेजाम’ बदल गए पर स्थिति नहीं बदली

    एक नंबर गुमटी(बंद) के दोनों साइड में 150 से अधिक फल एवं सब्जियों की दुकानों की भरमार है। हाल ही में एक तरफ की दुकानों से रुपयों की वसूली करने वाला एक व्यक्ति जो कथित रूप से आरपीएफ का ठीकेदार के नाम से जाना जाता है, उसे जिला पुलिस बल ने मारपीट के किसी मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना विश्वकर्मा पूजा के एक दो पहले की बताई जा रही है। अब इनकी जगह कोई दूसरा ‘नेजाम’ है जो वसूली करता है। वहीं डेल्हा साइड की दुकानों से पैसे वसूलने वाले भी ‘नेजाम’ बदल दिए गए हैं।

    एक के साथ एक फ्री का ऑफर मिला

    गया जंक्शन के डेल्हा साइड में ऑटो स्टैंड का ठीकेदार बदल गया है। पितृपक्ष मेला 2025 की अवधि में पुराने ठीकेदार का कार्यकाल समाप्त हो गया था। शायद 11 सितंबर तक पुराने ठीकेदार थे, इसके बाद नए ठीकेदार के साथ रेलवे ने तीन साल के लिए अनुबंध किया है। जिसे इसके साथ एक फ्री ऑफर दिया गया है। ऑफर यह मिला है कि जो ऑटो स्टैंड का काम देखेगा उसे ही डेल्हा साइड के एक नंबर गुमटी के पास लगने वाली दुकानों से पैसे वसूल करेगा। चर्चा है कि गया आरपीएफ पोस्ट के एक-दो सिपाही ने इसमें अहम भूमिका निभाई है।

    लाखों की होती है मासिक वसूली

    बताया जाता है कि एक दुकान से 200 से 250 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से वसूली होती है। दोनों तरफ की दुकानों को मिला दें तो करीब 150 से अधिक दुकानें लगती है। इस हिसाब से यदि औसतन 200 रुपये ही मान लिया जाता है तो 30 हजार रुपये प्रतिदिन अवैध रूप से वसूली की जा रही है। महीने का हिसाब करें तो करीब 09 लाख रुपए और सालाना   1 करोड़ रुपए वसूली की जा रही है।

  • अवैध शराब की सूचना देने वाले के पास ही आ जाते हैं माफिया के फोन, भय से लोग अपनी जुबां नहीं खोलते

    देवब्रत मंडल

    पिछले दिनों हुई कार्रवाई की तस्वीर

    गया जिले में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों से एवं इनके द्वारा छिपा कर रखी गई देसी, विदेशी शराब को जब्त करने की कार्रवाई के बाद विनष्ट करने की प्रक्रिया अपनाई गई। इस प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए एक दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाती है। यह प्रक्रिया जिलापदधिकारी सह समाहर्ता के आदेश पर कपूरी की जाती है। डीएम के द्वारा दिए गए निर्देश के आलोक में ज्ञापांक 16 सितंबर को 81 लाख रुपए की शराब को विनष्ट किया गया था। जिसमें उत्पाद, रेल एवं पुलिस थानो में दर्ज काण्डो में जप्त प्रदर्श के शराब का विनष्टीकरण किया गया। जिसका विवरण निम्न प्रकार है।

    आंकड़ों की बात करें तो यह स्पष्ट हो रहा है कि बिहार में शराबबंदी लागू होने के बाद माफियाओं के पौ बारह हैं। ये तो जब्त प्रदर्श के आंकड़ें सामने आए हैं लेकिन जो नहीं पकड़े जाते हैं उसका आंकलन कौन करे। जबकि गया जी जिले के शायद ही थाने होंगे, जहां शराब के कारोबार नहीं हो रहे हैं या कारोबारी नहीं हैं।

    एक सूचक ने बताया कि अवैध शराब की गुप्त सूचना दी तो सीधे कारोबारी का फोन उसके पास आ गया। जबकि गली गली और मोहल्ले मोहल्ले में ऐसे कारोबारी मस्त हैं। नाम न सामने लाने की शर्त पर कई लोगों का कहना है कि इस अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों की लंबी सूची है उनके पास लेकिन डर के कारण जुबान नहीं खोलते हैं।

    देखें किस थाना ने कितने कांड दर्ज किए थे

    1 गया जी जिले के पुलिस थाना काण्डो की कुल संख्या केवल 04 थी

    2 गया रेल थाना के काण्डो की संख्या 09 थी। जबकि

    3 मद्यनिषेध थाना काण्डो की संख्या  79 रही।

    4 इन सब को मिलाकर कुल थाना कांडो की संख्या- 92

    कुल विनष्ट की गई शराब की मात्रा-

    (I) विदेशी शराब की मात्रा 5915.315 लीटर

    (II) बीयर की मात्रा – 1578.650 लीटर

    (III) देशी शराब की मात्रा- 5081.200 लीटर

    (IV) स्प्रिट की मात्रा- 452.00 लीटर

    (V) महुआ फूल की मात्रा- 2783.00 किलोग्राम

    ये विनष्टीकरण अनुमण्डल पदाधिकारी, शेरघाटी मनीष कुमार, अंचलाधिकारी, डोभी परीक्षित कुमार, अंचलाधिकारी, बाराचट्टी अरूण कुमार सिंह, निरीक्षक मद्यनिषेध, समेकित जाँच चौकी डोभी रामप्रीति कुमार, रेल थाना, पुलिस थाना डोभी एवं मोहनपुर के पुलिस पदाधिकारी की उपस्थिति में किया गया था। सहायक आयुक्त उत्पाद प्रिय रंजन के अनुसार विनष्ट की गई शराब एवं अन्य प्रदर्श का बाजार मूल्य लगभग 81 लाख रूपया थी।

    الله

  • गुस्सैल स्वभाव की एक युवती गया जंक्शन पर ट्रेन के आगे कूद गई, फिर आगे जो हुआ ये जानना जरूरी

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन

    नाराजगी और गुस्से में घर से निकल कर गया जंक्शन पर आई एक युवती ने ट्रेन के आगे आकर अपनी जान देने की कोशिश की। ये तो शुक्र मानें कि गया जी में पितृपक्ष मेला को लेकर जगह जगह पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल, रेलवे सुरक्षा विशेष बल एवं जीआरपी थाने की पुलिस वालों की नजर पड़ गई और युवती की जान बचा ली गई। ट्रेन के चालक ने भी युवती को ट्रेन के आगे कूदने के बाद सतर्कता बरती और इसकी जान बचा लिया गया। इस हादसे में युवती की कलाई के ऊपर से हाथ कट गई।

    गया जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर हुई घटना

    गया रेलवे स्टेशन पर एक युवती ने प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर आ रही मालगाड़ी के इंजन के आगे कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आरपीएफ और जीआरपी की त्वरित कार्रवाई से युवती की जान बचाई गई।

    मुख्य विवरण इस प्रकार है:

    • घटना का समय: 15 सितंबर 2025, लगभग 11:50 बजे
    • स्थान: गया रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म संख्या 1
    • महिला की पहचान: दीपिका कुमारी (17 वर्ष), पिता – इंदु भूषण राज, निवासी – LIC कॉलोनी, गया
    • चोट: बायां हाथ कलाई के ऊपर से कटा हुआ
    • कार्रवाई: आरपीएफ ने स्ट्रेचर से महिला को बाहर निकाला और एंबुलेंस से मगध मेडिकल अस्पताल भेजा
    • हालत: वर्तमान में खतरे से बाहर बताई जा रही है

    घटना के पीछे के कारण:

    • परिजनों के अनुसार युवती गुस्सैल स्वभाव की है और उसे मिर्गी की भी बीमारी है।
    • घर से नाराज होकर निकली थी और नानी के घर जाने की जिद कर रही थी।
    • सीसीटीवी फुटेज में महिला को प्लेटफॉर्म पर चहलकदमी करते और अचानक मालगाड़ी के सामने कूदते देखा गया।

    प्रत्यक्षदर्शी:

    • लोको पायलट मोहम्मद नसीम रजा ने घटना की पुष्टि की।
    • महिला के माता-पिता (इंदु भूषण राज और रेखा देवी) अस्पताल पहुंचे और बयान दर्ज कराया।

    आरपीएफ के पोस्ट प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव ने बताया कि त्वरित कार्रवाई (ऑपरेशन जीवन रक्षा) से महिला की जान बचाई गई।

  • गया जी के बैरागी मोहल्ले में गोली मारकर युवक की हत्या, पुलिस जांच में जुटी, तीन की हुई पहचान, टायर जलाकर जताया विरोध

    न्यूज डेस्क

    गया जी: शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटना बैरागी मोहल्ले की है। पुलिस शव को बरामद कर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। घटना के विरोध में पावरगंज-स्टेशन रोड को जाम कर दिया गया था। टायर जलाया गया। हालांकि पुलिस तुरंत ही जाम को हटवा दिया। पुलिस घटना को कारित करने वाले की तलाश में जुट गई है। मृतक की पहचान बैरागी मोहल्ला निवासी स्व. बूटा मांझी के पुत्र मनीष मांझी(25) के रूप में हुई है। घटना शनिवार देर शाम की है। बताया गया कि मनीष मांझी की हत्या का कारण आपसी रंजिश का परिणाम है। मृतक मनीष मांझी दैनिक मजदूर था। जिससे वह अपने परिवार का पेट भरने का काम करता था। घटना की सूचना मिलते ही डेल्हा थाना सहित शहर के कई थानों की पुलिस देर रात क्षेत्र में घटना को कारित करने वाले कि टोह लेती रही है।

    एसएसपी आनंद कुमार के निर्देश पर रविवार की सुबह इस कांड के उद्भेदन के लिए गठित एक विशेष टीम सघन छापेमारी कर रही है। डेल्हा थानाध्यक्ष देवराज इंद्र ने बताया कि मनीष मांझी को गोली मारी गई है। एसएसपी आनंद कुमार ने बताया कि पुलिस को प्रारंभिक अनुसंधान में यह बात सामने आई है कि घटना को अंजाम देने वाला बबलू मांझी एवं मृतक के परिवार के बीच पूर्व से आपसी विवाद चला आ रहा था। पुलिस ने बताया कि डेल्हा थाना कांड संख्या 122/25, जो कि मृतक के परिजन के आवेदन पर दर्ज किया गया था, में अभियुक्त बबलू मांझी को पूर्व में गिरफ्तार किया गया था।

    वरीय पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार के द्वारा इस कांड में संलिप्त अपराधकर्मियों के शीघ्र गिरफ्तारी हेतु नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया है। साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल एवं तकनीकी टीम को घटनास्थल पर जांच शुरू कर दी है। एसएसपी श्री कुमार ने बताया कि घटना से संबंधित मानवीय एवं तकनीकी आसूचना के आधार पर अबतक तीन अपराधकर्मियों की पहचान कर संभावित ठिकानों पर निरंतर छापामारी की जा रही है। शीघ्र ही इस घटना में संलिप्त अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस संबंध में डेल्हा थाना द्वारा प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

  • गया इलेक्ट्रॉनिक्स और न्यू गया इलेक्ट्रॉनिक्स के मालिक ने एक दूसरे के विरुद्ध थाना में दर्ज कराया मामला, दोनों तरफ से लगाए गए गंभीर आरोप

    देवब्रत मंडल

    टूटी हुई दीवार

    गया शहर में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के विक्रेताओं में शुमार नाम “गया इलेक्ट्रॉनिक” के विपेंद्र कुमार अग्रवाल और उनके पुत्र के विरुद्ध एक मामला कोतवाली थाना में दर्ज किया गया है। वहीं विपेंद्र कुमार के पुत्र तरुण कुमार ने भी न्यू गया इलेक्ट्रॉनिक्स के प्रोपराइटर के विरुद्ध थाना में कांड दर्ज कराया है। घटना कुछ दिन पहले इसी महीने की है। इस दोनों मामले में पुलिस कांड दर्ज कर अनुसंधान में जुट गई है। दोनों पक्षों की ओर कांड दर्ज करा दिए जाने के बाद तनाव बना हुआ है।

    रेखा अग्रवाल के द्वारा लगाए गए हैं कई गंभीर आरोप


    पहले कांड की सूचक रेखा अग्रवाल पति योगेन्द्र कुमार निवासी लहेरिया टोला, भागीरथ मार्ग, थाना कोतवाली, गया-823001 (बिहार) की रहने वाली हैं। जिन्होंने पुलिस को दिए अपने लिखित शिकायत में बताई है कि उनके पति शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं और उनका इकलौता बेटा मयंक कुमार ओडिशा में यूको बैंक के उप क्षेत्रीय प्रमुख के रूप में कार्यरत है। आरोप लगाया गया है कि 17.07.2025 की सुबह तरुण कुमार अग्रवाल और विपेंद्र कुमार अग्रवाल ने 4-5 अज्ञात लोगों के साथ आपराधिक साजिश के तहत दीवार को ध्वस्त कर दिया और हमारे हिस्से में अवैध रूप से घुस आए। और एक लाख रुपये मूल्य के इलेक्ट्रॉनिक्स को भी तोड़ दिया और चुरा लिया। आरोप है कि इलेक्ट्रॉनिक्स सामान तरुण कुमार और बिपेंद्र कुमार ने ले लिया है। साथ ही गंदी भाषा का इस्तेमाल करने और पति तथा उन्हें बुरी तरह पीटने का भी आरोप लगाया गया है। विपेंद्र अग्रवाल के पुत्र तरुण कुमार पर महिलाओं के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने व फिरौती की मांग करने का भी आरोप है।

    पुलिस को दिए गए तहरीर में अवैध रूप से संपत्ति पर कब्जा का भी आरोप

    रेखा अग्रवाल

    रेखा अग्रवाल ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया है कि इससे पहले तरुण कुमार और विपेंद्र कुमार और असामाजिक तत्व द्वारा अवैध रूप से संपत्ति को लूटा गया और कब्जा किया गया था। यह संपत्ति शर्मा होटल के नाम से जानी जाती है।
    रेखा अग्रवाल ने पुलिस को बताई हैं कि उनके शांतिपूर्ण कब्जे में कई दशकों से संपत्ति है। जिसका होल्डिंग संख्या 65 (नया), 86 (पुराना), पीआईडी संख्या 70017328 लहेरिया टोला, कोतवाली, गया है। उन्होंने बताया है कि प्रोबेट केस संख्या 08/2008 (नरेंद्र कुमार अग्रवाल एवं अन्य बनाम सुरेंद्र कुमार एवं अन्य) एडीजे प्रथम, गया की अदालत ने दिनांक 10.04. 2015 को निर्णय किया कि योगेंद्र कुमार अग्रवाल एवं अन्य के पक्ष में और प्रोबेट किया। आगे इनका कहना है कि नरेंद्र कुमार को सामने से 16 फीट 8 इंच की जगह आवंटित की गई थी। लेकिन संपत्ति हड़पने और उनकी आवंटित संपत्ति पर अवैध कब्जा करने की आपराधिक साजिश धोखे से विपेंद्र कुमार और तरुण कुमार ने नरेंद्र कुमार अग्रवाल से 25 फीट × 81.6 फीट (2040 वर्गफुट) जमीन के साथ-साथ सत्येंद्र कुमार अग्रवाल और बुलियन एसोसिएशन की संपत्ति का हिस्सा भी उपहार में ले लिया। जिसका डीड नंबर 28123 दिनांक 07.12.2023 एवं डीड नंबर 26266 दिनांक 08.10.2024 है को रेखा अग्रवाल ने नकली व मनगढंत विलेख बताते हुए कहा है कि यह पूरी तरह से अवैध है और अमान्य है। आगे इन्होंने पुलिस को यह भी जानकारी दी है कि नरेंद्र कुमार अग्रवाल के खिलाफ ‘रेड वारंट’ जारी किया गया है। जो कि धोखाधड़ी से विभिन्न बैंकों से भारी ऋण से सम्बंधित है। कोतवाली थानाध्यक्ष ने रेखा अग्रवाल की शिकायत पर 20 जुलाई को कांड संख्या 350/25 बीएनएस की विभिन्न धारा के तहत दर्ज करते हुए उपनिरीक्षक नौशाद खान को कांड का अनुसंधानकर्ता बनाया है।

    घटना से संबंधित फोटो

    विपेंद्र अग्रवाल के पुत्र ने भी दर्ज कराया है मामला, जानें क्या क्या है आरोप

    जबकि दूसरी तरफ विपेंद्र कुमार अग्रवाल के पुत्र के बयान पर इसी थाना में कार्य में अवरोध डालने एवं जान माल की क्षति को लेकर एक अलग से कांड दर्ज किया गया है। जिसमें तरूण कुमार पिता बिपेन्द्र कुमार टावर चौक थाना- कोतवाली, जिला-गया निवासी का कहना है कि मेरा एक मकान जो कि लहेरिया टोला थाना कोतवाली गया में स्थित है। मकान काफी पुराना एएवं जर्जर स्थिति में है। उन्होंने रेखा अग्रवाल के साथ हुई घटना के अगले दिन 18.07.2025 की बात कोतवाली थाना को बताया है। जिसमें तरुण का कहना है कि वे और उनके पिता अपने मकान पर गए। तभी वहां योगेन्द्र कुमार पिता रेवती रमण प्रसाद, रेखा अग्रवाल पति योगेन्द्र कुमार, मयंक अग्रवाल पिता योगेन्द्र कुमार एवं अन्य 3-4 लोग वहां आए और योगेन्द्र कुमार, रेखा अग्रवाल ने मयंक अग्रवाल को कहा कि इन दोनों को जान से मार दो, तब मयंक अग्रवाल ने उनके साथ मारपीट करने लगे और पिताजी को धक्का देकर गिरा दिया। गला दबाकर मारने की कोशिश करने लगे। मयंक अग्रवाल पर गले में सोने की चैन और लगभग 15,000 रुपए भी छीन लेने का आरोप लगाया है। साथ ही यह भी आरोप है कि मकान मरम्मत करना है और जान बचाना है तो दस लाख रंगदारी पहुंचा दो वरना जमीन और जान दोनों से हाथ धो दोगे। परिवार को भी खत्म कर देंगे। कोतवाली थाना में तरुण कुमार के बयान पर भी कांड संख्या 351/25 बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस कांड के भी आईओ सब इंस्पेक्टर नौशाद खान ही बनाए गए हैं।

  • जदयू नेता लालजी प्रसाद ने यहां से उम्मीदवार बनाने की दावेदारी पेश की, कहा-जनता बदलाव चाहती

    देवब्रत मंडल

    जदयू नेता लालजी प्रसाद

    पिछले कई दशकों से अपनी स्वच्छ सामाजिक व राजनीतिक यात्रा करते हुए आ रहे जनता दल यूनाइटेड के समर्पित कार्यकर्ता ने 230 गया शहर विधानसभा चुनाव क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए अपनी दावेदारी पेश कर दी है। जदयू नेता लालजी प्रसाद ने अपनी दावेदारी पेश करते हुए कहा है गया शहर की जनता बदलाव चाहती है तो इस सीट पर जदयू को अवश्य चुनाव लड़ना चाहिए। बहरहाल, अभी एनडीए में सीटों के बंटवारे पर कोई निर्णय नहीं हुआ है लेकिन लालजी प्रसाद ने अपनी दावेदारी पेश कर बिहार की वर्तमान राजनीति में हलचल पैदा कर दिया है।

    जदयू नेता ने मुख्यमंत्री नीतीश को लिखा पत्र, किया अनुरोध

    हालांकि गया शहरी विधानसभा क्षेत्र से वर्तमान में भाजपा के वरिष्ठ नेता मंत्री डॉ. प्रेम कुमार लगातार सात बार (35 सालों) से प्रतिनिधित्व करते आ रहे हैं। इसके पहले यह सीट कांग्रेस के खाते में रही है। ऐसे में पहले यह देखने वाली बात होगी कि नवंबर 2025 में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में यह सीट एनडीए के घटक दलों के नेता किस दल के खाते में देते हैं। वैसे में स्वयं को जदयू के वरिष्ठ, समर्पित और संघर्षशील नेता बताने वाले लालजी प्रसाद ने इस सीट से चुनाव लड़ने की दावेदारी पेश करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास पत्र भेज दिया है।

    जदयू नेता ने सीएम को बताया गया जी की जनता चाहती है बदलाव

    अपने पत्र में लालजी प्रसाद ने जदयू के सर्वमान्य नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बताया है कि गया शहरी विधानसभा क्षेत्र के लोग बदलाव चाहते हैं। उन्होंने कहा है  हमने एक समर्पित सामाजिक कार्यकर्ता और जनता दल (युनाइटेड) के एक निष्ठावान सिपाही की छवि बनाई है। भ्रष्टाचार के विरुद्ध निडर संघर्ष एवं जनहित के हर छोटे-बड़े विषय हेतु सतत प्रयास के कारण यहां के नागरिकों से गहरे रुप से जुड़ने में सफल हो सका हूं।

    काफी लंबे समय से करते हुए आ रहे टिकट की मांग

    आगे कहा है कि स्वाभाविक रूप से एक निष्ठावान कार्यकर्ता के रूप में वर्ष 1990 से ही हर विधानसभा चुनाव में गया विधानसभा क्षेत्र से पार्टी का प्रत्याशी बनाए जाने के लिए अनुरोध करता आ रहा हूं।। उन्होंने आसन्न विधानसभा चुनाव 2025 के लिए एक बार पुनः अनुरोध किया है कि 230 गया विधानसभा क्षेत्र के लिए मुझे पार्टी(जदयू) का प्रत्याशी बनाया जाये। उन्होंने विश्वास दिलाया है कि मेरे समर्पण एवं निष्ठा के कारण पार्टी एवं पार्टी नेतृत्व को निराशा नहीं होगी। अपरोक्ष रूप से कहें तो जदयू नेता लालजी प्रसाद का कहना है कि यदि उन्हें उम्मीदवार बनाया जाता है तो जीत पक्की है। ऐसा उनका दावा है।

    कई वर्षों से सामाजिक एवं राजनीतिक रूप से सक्रिय हैं लालजी प्रसाद

    जदयू नेता लालजी प्रसाद जनता पार्टी, जनता दल और फिर जदयू  के साथ रहे हैं। 1974 के छात्र आंदोलन में भी सक्रिय भूमिका निभाई है। दो टर्म गया जी नगर निगम के पार्षद व सशक्त स्थायी समिति के सदस्य भी रहे हैं। डिप्टी मेयर पद के लिए चुनाव लड़ चुके हैं। कई व्यवसायिक संगठन एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े रहे अतिपिछड़ा वर्ग(हलवाई) से आने वाले लालजी प्रसाद की छवि भी अच्छी मानी जाती है।

    महागठबंधन के प्रत्याशी रह चुके पूर्व डिप्टी मेयर के चिर प्रतिद्वंद्वी

    माना तो यह भी जाता है और यहां की जनता यह बखूबी जानती है कि राजनीति में इनके चिर प्रतिद्वंद्वी गया शहरी विधानसभा क्षेत्र से महागठबंधन से कांग्रेस के उम्मीदवार रह चुके पूर्व डिप्टी मेयर अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव हैं। नगर निगम के जबतक पार्षद रहे और आज भी, राजनीतिक जीवन में दोनों आमने सामने देखे जाते हैं। निगम में कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर हमेशा लालजी प्रसाद मुखर रहते हैं। कई मामले को लेकर तो ये उच्चस्तरीय जांच की मांग भी कर चुके हैं।

  • खबर का असर: अब रेंगैनी गांव के बच्चों को पढ़ने के लिए नहीं जाना पड़ेगा कोसों दूर, केंद्रीय मंत्री को लिखा गया पत्र

    देवब्रत मंडल

    फतेहपुर प्रखंड का रेंगैनी गांव

    इसी जून महीने की 22 तारीख को ‘मगध लाइव’ ने अपने सामाजिक सरोकार के कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए “जिले का एक गांव ऐसा, जहां स्कूल नहीं, पानी की टंकी टावर पर लगाने के बजाय यात्री शेड की छत पर रख दिया गया” शीर्षक से खबर प्रकाशित किया था। अब इस खबर का असर देखने को मिल रहा है। अब इस गांव में देर सवेर एक स्कूल होगा और यहां के बच्चे अपने गांव के ही स्कूल में पढ़ेंगे।

    सांसद सह केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि ने लिखा पत्र

    गया के सांसद सह केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी के प्रतिनिधि नंदलाल मांझी ने केंद्रीय मंत्री श्री मांझी को एक पत्र लिखकर गया जिले के फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत रेंगैनी पंचायत के नौडिहा झुरांग गांव के वार्ड नं 14 में एक प्राथमिक विद्यालय की स्थापना की जरूरत बताया है। साथ ही उन्होंने मंत्री श्री मांझी को बताया है कि यहां की आबादी करीब 11 सौ है। यहां के बच्चों को पढ़ने के लिए पांच किमी दूर जाना पड़ता है।

    मोहड़ा प्रखंड के इस महादलित टोला में भी होगा स्कूल

    इसके अलावा सांसद प्रतिनिधि श्री मांझी ने केंद्रीय मंत्री से मोहड़ा प्रखंड के दरियापुर पंचायत के ग्राम मालती महादलित टोला में भी प्राथमिक विद्यालय की स्थापना की आवश्यकता से अवगत कराया है।

    सामाजिक कार्यकर्ता रॉयल सुनील कुमार ने उठाया था मुद्दा

    बता दें कि रेंगैनी की ग्रामीण जनता की ओर से यहां के निवासी सामाजिक कार्यकर्ता रॉयल सुनील कुमार ने केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी को पत्र लिखकर नौडीहा झुरांग पंचायत (फतेहपुर) रेंगैनी गांव में स्कूल नहीं रहने से बच्चों को हो रही परेशानी से अवगत कराते हुए एक विद्यालय की स्थापना की मांग की थी।

    सांसद प्रतिनिधि ने लिया संज्ञान, लिखा पत्र

    विद्यालय नहीं रहने के कारण हो रही परेशानी के अलावा अन्य कुछ और मुद्दे को लेकर magadh live ने प्रमुखता से रिपोर्ट प्रकाशित किया था। इसके बाद 25 जून को सांसद सह केंद्रीय मंत्री श्री मांझी के प्रतिनिधि नंदलाल मांझी ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए सांसद सह मंत्री को पत्र लिखा है।

    ग्रामीणों ने magadhlive के प्रति जताया आभार

    यहां के ग्रामीणों की आवाज बने रॉयल सुनील कुमार ने कहा कि magadhlive ने गांव की समस्याओं को प्रमुखता से आमलोगों के बीच रखने का काम किया है। उसी का प्रतिफल है कि अब लगने लगा है कि देर सवेर इस गांव में भी एक स्कूल होगा। गांव के बच्चों को जंगल झाड़ के रास्ते पाँच किमी दूर नहीं जाना पड़ेगा। श्री कुमार ने इसके लिए श्री मांझी और magadhlive news की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है।

  • बागेश्वरी गुमटी पर आरओबी के निर्माण को लेकर आया नया अपडेट, पॉवरगंज पहुंची एस.आई.ए की टीम

    देवब्रत मंडल

    सर्वेक्षण सूची में नाम देखते हुए पॉवरगंज के नागरिक

    गया जी : शहर के उत्तरी हिस्से में बागेश्वरी रेलवे गुमटी के पास आरओबी के निर्माण कार्य को लेकर बुधवार को एक नया अपडेट आया। बुधवार को सामाजिक प्रभाव मूल्यांकन(एस.आई.ए) करने के लिए एक टीम पावरगंज तथा बागेश्वरी रोड स्थित मकान मालिक एवं भूमि मालिकों से पूछताछ की। इस दौरान कई लोगों ने बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के कार्यपालक अभियंता एवं सहायक अभियंता एवं मूल्यांकन करने आई एक संस्था के लोगों के समक्ष अपनी अपनी जमीन के मालिकाना हक के बारे में जानकारी दी।

    240 प्लॉट के मालिकों वाली सूची तैयार, लोग देखने लगे अपने अपने नाम

    पॉवरगंज रोड स्थित कई मकानों के मालिकों ने सर्वे के बाद अद्यतन सूची में अपना अपना नाम देखना चाहा। पुल निर्माण निगम के अभियंताओं ने मिल रहे लोगों को आवश्यक जानकारियां दे रहे थे। बताया गया कि करीब 240 प्लॉट(भूस्वामियों) की सूची तैयार की गई है। इस सूची में दर्ज नाम के अनुसार उनके मालिकों ने अपनी बातें रखी।
    टीम में शामिल अभियंताओं एवं सामाजिक प्रभाव मूल्यांकन(सोशल इम्पैक्ट असेसमेंट) करने वाली संस्था के लोग सभी को उनकी बातें सुनने के बाद संतोषप्रद जवाब और जानकारी दे रहे थे। यह टीम भूमि अधिग्रहण के बाद प्रभावित परिवारों का आर्थिक एवं सामाजिक प्रभाव का मूल्यांकन करने पहुंची थी।

    टीम ने कहा- किसी तरह का बदलाव तकनीकी या अन्य दृष्टिकोण से उचित नहीं

    बंद रेल फाटक और खुलने का इंतजार करते लोग

    इसी बीच ये बात सामने आई कि कुछ लोग बागेश्वरी -पॉवरगंज रोड से आरओबी नहीं बनाए जाने तथा विकल्प के तौर पर रेलवे के मालगोदाम(पूर्व में कभी था) से बैरागी, जनता कॉलोनी मोहल्ले से होकर आरओबी बनाए जाने या फिर बागेश्वरी रेल फाटक के पास अंडरग्राउंड रास्ता बनाने को लेकर स्थानीय सांसद सह केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी को एक ज्ञापन दिया था। यह मामला केंद्र सरकार तक पहुंच गया है। जबकि टीम में शामिल पुल निर्माण निगम के अभियंता ने बताया कि अंडरग्राउंड बनाए जाने की मांग की जहां तक बात है तो यह तकनीकी दृष्टिकोण से उचित नहीं है। जहां तक मालगोदाम-बैरागी-जनता कॉलोनी से होकर आरओबी बनाने की मांग की गई है तो इसमें इधर(पॉवरगंज-बागेश्वरी) मोहल्ले वालों से कहीं अधिक लोगों को नुकसान होगा।

    लोगों ने कहा-दोहरे मापदंड अपनाने वालों की है पहचान

    जब ये बात लोगों को बताई गई तो पॉवरगंज मोहल्ले के प्रभावित लोगों ने कहा कि जो लोग इसका आज विरोध कर रहे हैं उन्हीं में से कुछ लोग बागेश्वरी गुमटी के पास आरओबी बनाने की मांग करते हुए आए हैं। लोगों ने अधिकारियों से कहा-ऐसे दोहरे मापदंड को अपनाने वाले लोगों को अच्छी तरह जानते हैं।

    जल्द ही आयोजित होगा शिविर, लोग रख सकते हैं अपनी बात

    लोगों की बातें सुनते पुल निर्माण निगम के अभियंता

    यहां रही टीम के लोगों ने बताया कि जल्द ही इस क्षेत्र में शिविर आयोजित किया जाएगा। जिसमें लोग अपनी अपनी बातें खुलकर अधिकारियों के समक्ष रख सकते हैं। इस बात पर यहां मौजूद लोगों ने एकस्वर में कहा कि पुल तो यहीं पर बनना चाहिए। ये बात शिविर में रखेंगे। लोगों ने कहा आरओबी का जो संरेखण स्वीकृत किया गया है उसी अनुरूप पुल बनना चाहिए। एक रैयत(दुकानदार) ने अधिकारियों को बताया कि उनके हिस्से में मिली जमीन(12 फीट) अधिग्रहण की जा रही है तो उन्हें इस बात का गम नहीं। पुल यहीं से बनना चाहिए। कई और लोगों ने भी टीम के सामने दुकानदार की बातों का समर्थन किया।

    मुख्यमंत्री ने की थी आरओबी बनाए जाने की घोषणा, राशि भी स्वीकृत

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जब प्रगति यात्रा के क्रम में गया जी आए थे उन्होंने लोगों की मांग एवं आमजनमानस की परेशानियों को देखते हुए बागेश्वरी गुमटी पर आरओबी निर्माण कराए जाने की घोषणा के साथ करीब एक सौ करोड़ रुपए की राशि की भी स्वीकृति प्रदान कर दी है।

    जाम की समस्या से मिलेगी लोगों को मुक्ति

    बागेश्वरी गुमटी के पास आरओबी के बन जाने से गया जी शहर की बहुत बड़ी जाम की समस्या से लोगों को सदा सदा के लिए मुक्ति मिल जाएगी। आज गया- मानपुर- कोडरमा- किउल रेलखंड पर 24 घंटे में 35 से 40 जोड़ी पैसेंजर,एक्सप्रेस ट्रेन एवं मालगाड़ी ट्रेनें चलाई जाती है। जिसके कारण यह रेल फाटक अधिकांश समय बंद रहता है। जिससे आए दिन लाखों लोग और बड़ी आबादी इससे प्रभावित है। जाम की समस्या से हर दिल लोग दो चार हो रहे हैं। जाम में फंसे हुए लोग भी चाहते हैं कि यहां जल्द आरओबी बन जाना चाहिए। आपात स्थिति में बड़ी मुश्किलें खड़ी हो जाती है। स्कूली बच्चों के साथ कब घटना हो जाए कहा नहीं जा सकता है क्योंकि कृष नामक एक बालक सह छात्र की मौत हो चुकी है।

    (हर अपडेट्स के लिए magadhlive से जुड़े रहें)

  • वार्ड नं 04 में भारी जलजमाव, पार्षद सहित आमलोगों को घर तक पहुंचना हुआ मुश्किल

    देवब्रत मंडल

    वार्ड नं 04 छोटकी नवादा पाँचबिगहिया

    गया नगर निगम के वार्ड नं 04 अंतर्गत पिछले चार दिनों से भारी जलजमाव बरकरार है। जल जमाव के कारण आम नागरिकों के साथ यहां रहने वाले लोगों को घर तक पहुंच पाना मुश्किल हो गया है।

    आमजन सहित वार्ड पार्षद भी हैं परेशान

    गया जी शहर में जल जमाव की समस्या को देखने व समझने के लिए नगर आयुक्त के नेतृत्व में उनके अधीनस्थ पदाधिकारियों ने कई इलाकों में भ्रमण किया है लेकिन इस क्षेत्र की समस्याओं को देखने के लिए कोई नहीं आए। यहां रह रहे रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिवार के अलावा अन्य नागरिकों का कहना है कि इस समस्या से केवल वे परेशान नहीं हैं, बल्कि वार्ड पार्षद भी इस समस्या से परेशान हैं।

    लोगों के घरों तक आने जाने के लिए सड़क व नाली निर्माण जरूरी

    लोगों के घर के पास जलजमाव

    स्थानीय लोगों ने कहा कि इस क्षेत्र में न तो नाली का निर्माण कराया जा सका है और न तो सड़क ही बनाया गया है। जिसके कारण बरसात के मौसम में रामशिला-प्रेतशिला मुख्य पथ से इस क्षेत्र में रहने वाले लोग पूरी तरह कट जाते हैं।

    पार्षद के घर भी इसी मोहल्ले में है

    स्थानीय लोगों ने बताया कि इस क्षेत्र में केवल आमलोग ही नहीं निवास करते हैं बल्कि वार्ड नं 04 की पार्षद अनुपमा कुमारी के भी आवास हैं। जिन्हें भी अपने घर तक आने जाने में परेशानी होती है। यहां तक कि आम जनता अपने काम को लेकर पार्षद के घर तक आना पड़ता है लेकिन इस समस्या के कारण उन्हें भी परेशानी होती है।

    वार्ड पार्षद का ध्यान आकृष्ट कराया गया

    जल जमाव

    इस क्षेत्र के लोगों ने बताया कि इस क्षेत्र में नाली और सड़क नहीं बनने से उत्पन्न हो रही समस्याओं से वार्ड पार्षद को अवगत कराया गया है। पार्षद ने कहा है कि इस समस्या को लेकर निगम बोर्ड की बैठक में निगमायुक्त को अवगत कराया जाएगा। लोगों ने बताया कि पार्षद ने भरोसा दिलाया है कि इस समस्या का निदान करवाने की दिशा में पहल की जा रही है।

    जल निकासी की लोगों ने की मांग

    इस क्षेत्र के लोगों ने नगर आयुक्त से मांग की है कि जल निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था के तहत मोटर लगाकर पानी की निकासी कराया जाए। साथ ही निगम के सम्बंधित अभियंता को क्षेत्र में भ्रमण कर पथ एवं नाली निर्माण की संभावनाएं तलाश कर योजना को स्वीकृति प्रदान करवाने की कृपा की जाए।