Category: NATIONAL

  • गया बार एसोसिएशन के चुनाव में लोकतांत्रिक मूल्यों की हुई रक्षा, जरूरत है इसे बचाए रखने की

    गया बार एसोसिएशन के चुनाव में लोकतांत्रिक मूल्यों की हुई रक्षा, जरूरत है इसे बचाए रखने की

    देवब्रत मंडल

    गया बार एसोसिएशन का चुनावी प्रक्रियाएं समाप्त हो चुकी। चुनाव की अधिसूचना जारी होने से लेकर निर्वाचन तक सभी बेहतर तरीके से संपन्न हो गया। चुनाव के परिणाम के बाद जिन्होंने जीत दर्ज की उन्हें अब बार में लोकतांत्रिक व्यवस्था को बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंप दी गई। बार एसोसिएशन के सदस्यों ने अपने अपने विवेक से चुनावी प्रक्रियाओं को बेहतर तरीके से निभाया। खासकर मुख्य निर्वाची पदाधिकारी मुकेश चंद्र सिन्हा। जिन्होंने लोकतंत्र में मताधिकार के महत्व को समझा और दिन रात एक करते हुए सहायक निर्वाची पदाधिकारी के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए चुनाव को निष्पक्ष तरीके संपन्न कराया। जिसकी तारीफ सभी अधिवक्ता कर रहे हैं। चुनाव एक ऐसा शब्द है जो मानस पटल पर एक अलग ही प्रभाव डालता है जो चुनावी प्रक्रियाओं के दौरान देखने को मिला। सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। चुनाव में एक जीतता है तो दूसरा  हारता है। ये सर्वविदित है। जीत हार हो गया और अब समय आ गया है कि बार के सदस्यों को वे सारे अधिकार दिलाने की, जो बार काउंसिल ने गाइडलाइंस तय किए हैं।

    नौ साल पहले 2016 में हुए चुनाव के बाद 2018, 2020, 2022 में ही चुनाव हो जाना चाहिए था। जो नहीं हो सका। बहरहाल, 2025-27 के लिए चुनाव हुआ और सब कुछ सही तरीके से करा लिया गया। अब नई कमेटी एक दो दिनों में नई चुनौतियों के साथ काम करने के लिए तैयार हो जाएगी। यानी पदभार ग्रहण करने के बाद निर्विवाद रूप से सभी को साथ लेकर चलेगी ऐसी उम्मीद बार के सारे सदस्य कर रहे हैं। नवनिर्वाचित अध्यक्ष और सचिव को गया बार का एक लंबा अनुभव रहा है। साथ ही अन्य कई पदधारकों को इसका अनुभव है। कुछ नए हैं लेकिन बार के बारे में सबकुछ जानते हैं। अब कोशिश ये होनी चाहिए कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान हुए सारे मतभेदों को भूला दिया जाए और एक नए इतिहास का निर्माण किया जाए। जिससे बार के सारे सदस्यों का कल्याण हो।

  • गया आरपीएफ पोस्ट में तैनात सहायक उप-निरीक्षक राजेश कुमार रौशन भी हुए सम्मानित, डीआरएम ने प्रदान किया मेडल व प्रशस्ति पत्र

    गया आरपीएफ पोस्ट में तैनात सहायक उप-निरीक्षक राजेश कुमार रौशन भी हुए सम्मानित, डीआरएम ने प्रदान किया मेडल व प्रशस्ति पत्र

    देवब्रत मंडल

    सहायक उपनिरीक्षक राकेश कुमार रौशन

    मंगलवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल मुख्यालय स्थित बाकले अधिकारी क्लब में ‘ 69वें रेल सप्ताह समारोह’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल (डीडीयू मंडल) के मंडल रेल प्रबंधक राजेश गुप्ता द्वारा डीडीयू मंडल के सभी विभागों से उत्कृष्ट सेवा हेतु चयनित रेलकर्मियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देते हुए मंडल रेल प्रबंधक स्तरीय रेल सेवा पुरस्कार प्रदान किए गए। जिसमें गया आरपीएफ पोस्ट में तैनात सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार रौशन को यह गौरव प्राप्त हुआ। इसी कड़ी में डीडीयू में कार्यरत उपनिरीक्षक राम नरेश राम को इस उपलब्धि के लिए पुरस्कृत किया गया है। उपनिरीक्षक राकेश कुमार रौशन गया आरपीएफ पोस्ट में तैनात हैं जो निरीक्षक कार्यालय में कंप्यूटर पर कार्य करने में दक्ष हैं। पोस्ट के एक एक रिकॉर्ड को अपडेट रखने की जिम्मेदारी इन्हीं के हाथों में है। विभागीय स्तर से जितने भी पत्राचार होते हैं, वे सारे कार्य श्री रौशन के द्वारा ही कंप्यूटर प्रोग्राम द्वारा तैयार किया जाता है। इन दोनों के अलावा गया में विभिन्न विभागों में कार्यरत कई और रेलकर्मियों को भी मेडल व प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए डीआरएम ने उत्साहवर्धन किया है।

  • उपलब्धि:डीडीयू मंडल को पूर्व मध्य रेल की स्थापना के बाद पहली बार मिला महाप्रबंधक का सर्वांगीण दक्षता शील्ड

    उपलब्धि:डीडीयू मंडल को पूर्व मध्य रेल की स्थापना के बाद पहली बार मिला महाप्रबंधक का सर्वांगीण दक्षता शील्ड

    देवब्रत मंडल

    दक्षता शील्ड के साथ पदाधिकारी व अन्य

    मंगलवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल मुख्यालय स्थित बाकले अधिकारी क्लब में ‘ 69वें रेल सप्ताह समारोह’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल (डीडीयू मंडल) के मंडल रेल प्रबंधक राजेश गुप्ता द्वारा  डीडीयू मंडल के सभी विभागों से उत्कृष्ट सेवा हेतु चयनित रेलकर्मियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देते हुए मंडल रेल प्रबंधक स्तरीय रेल सेवा पुरस्कार प्रदान किए गए। मंडल रेल प्रबंधक स्तरीय पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के क्रम में मंडल रेल प्रबंधक राजेश गुप्ता द्वारा सर्वप्रथम दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। तदुपरांत मंडल रेल प्रबंधक द्वारा वित्तीय वर्ष 2023-24 में उत्कृष्ट सेवा हेतु ’69वें रेल सप्ताह -2024′ के तहत चयनित  57 रेलकर्मियों को रेल सेवा पुरस्कार प्रदान किए गए।

    डीआरएम राजेश गुप्ता

    समारोह के मुख्य अतिथि के तौर पर मंडल रेल प्रबंधक राजेश गुप्ता ने अपने संबोधन में पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल की गत वितीय वर्ष में प्राप्त प्रमुख उपलब्धियां का संक्षिप्त प्रस्तुतिकरण दिया। उन्होंने कहा इस वर्ष महाकुंभ के दौरान डीडीयू मंडल द्वारा सुविधा और सुरक्षा के साथ इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सेवा में किया गया प्रबंधन एवं रेल परिचालन भारतीय रेल में एक कीर्तिमान है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि हाल ही में मार्च में पूर्व मध्य रेल मुख्यालय पर रेल सप्ताह समारोह-2024 में डीडीयू मंडल को पूर्व मध्य रेल की स्थापना के बाद पहली बार महाप्रबंधक का सर्वागीण दक्षता शील्ड प्राप्त हुआ है जो एक बड़ी उपलब्धि है। डीडीयू मंडल को यह शील्ड 2023-24 के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु मिली है। इन सब उपलब्धियां में मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का बहुत ही सराहनीय योगदान है।
    मंडल रेल प्रबंधक ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले रेलकर्मियों को बधाई देने के साथ सभी का उत्साहवर्द्धन करते हुए कहा कि पुरस्कार हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। साथ ही, अपनी जिम्मेदारियों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहने के लिए भी आत्मबल प्रदान करता है।
    इस अवसर पर डीडीयू मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष मीनाक्षी व विभिन्न सदस्याएं, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री दिलीप कुमार  सहित डीडीयू मंडल के विभिन्न उच्चाधिकारी, कर्मचारी यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारियों/सदस्यों के साथ रेलकर्मी उपस्थित रहे।
    कार्यक्रम के दौरान डीडीयू मंडल के स्काउट व गाइड सदस्यों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। पूरे कार्यक्रम का आयोजन कार्मिक विभाग द्वारा किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

  • आईआईएम बोधगया ने अपने 7वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में 471 छात्रों को प्रदान की स्नातक उपाधि

    आईआईएम बोधगया ने अपने 7वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में 471 छात्रों को प्रदान की स्नातक उपाधि

    News Desk: भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) बोधगया ने अपने 7वें वार्षिक दीक्षांत समारोह का आयोजन किया, जिसमें 471 छात्रों ने तीन प्रतिष्ठित शैक्षणिक कार्यक्रमों से स्नातक की उपाधि प्राप्त की। इस समारोह में मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) से 310, एमबीए डिजिटल बिजनेस मैनेजमेंट (डीबीएम) से 91 और एमबीए अस्पताल एवं हेल्थकेयर मैनेजमेंट (एचएचएम) से 70 छात्रों को डिग्रियां प्रदान की गईं। यह आयोजन संस्थान के फ्लैगशिप एमबीए प्रोग्राम के साथ-साथ डीबीएम और एचएचएम के पहले बैचों के स्नातक का प्रतीक बना, जो उद्योग-केंद्रित और भविष्योन्मुखी शिक्षा पर आईआईएम बोधगया के बढ़ते फोकस को दर्शाता है।

    दीक्षांत समारोह की शुरुआत आईआईएम बोधगया के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य डॉ. जनमेजया सिन्हा के स्वागत भाषण से हुई। अपने प्रेरणादायक संबोधन में डॉ. सिन्हा ने कहा, “जहां आप हैं, वहां से शुरू करें, जो आपके पास है उसका उपयोग करें और जो आप कर सकते हैं, वह करें।” उनके शब्दों ने उपस्थित छात्रों और दर्शकों में उत्साह का संचार किया।

    संस्थान की निदेशक डॉ. विनीता सिंह सहाय ने वर्ष 2024-25 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें शैक्षणिक उत्कृष्टता, बुनियादी ढांचे के विकास और वैश्विक सहयोग पर प्रकाश डाला गया। प्लेसमेंट के आंकड़े साझा करते हुए उन्होंने बताया कि तीनों कार्यक्रमों के 441 पात्र उम्मीदवारों में से 370 से अधिक छात्रों को सफलतापूर्वक प्लेसमेंट प्राप्त हुआ। एमबीए बैच के शीर्ष 25% छात्रों ने औसतन 18 लाख रुपये प्रति वर्ष (एलपीए), डीबीएम के शीर्ष 25% ने 21 एलपीए और एचएचएम के शीर्ष 25% ने 15 एलपीए का औसत सीटीसी हासिल किया। समग्र बैच औसत क्रमशः एमबीए के लिए 12 एलपीए, डीबीएम के लिए 12 एलपीए और एचएचएम के लिए 11 एलपीए रहा। डेलॉइट, पीडब्ल्यूसी, एक्सेंचर, आईसीआईसीआई बैंक और टाटा पावर जैसी प्रमुख कंपनियों ने भर्ती में हिस्सा लिया, जिसमें कंसल्टिंग, बीएफएसआई, आईटी और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्र शामिल रहे।

    समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया गया। तीन श्रेणियों में स्वर्ण पदक प्रदान किए गए: चेयरमैन स्वर्ण पदक, निदेशक स्वर्ण पदक और सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण प्रदर्शन के लिए आईआईएम बोधगया स्वर्ण पदक। एमबीए प्रोग्राम से मिहिर शॉ (चेयरमैन स्वर्ण पदक), अनिकेत कुमार गुप्ता (निदेशक स्वर्ण पदक) और गौड़ श्रीप्रसाद अरुण (सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण प्रदर्शन) सम्मानित हुए। डीबीएम प्रोग्राम से अंकिता (चेयरमैन स्वर्ण पदक), उदित अग्रवाल (निदेशक स्वर्ण पदक) और स्वप्निल संजय नरखेड़े (सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण प्रदर्शन) को पुरस्कार मिला। वहीं, एचएचएम प्रोग्राम से सत्यम कुमार (चेयरमैन स्वर्ण पदक), अभिनबा मन्ना (निदेशक स्वर्ण पदक) और आदर्श (सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण प्रदर्शन) को सम्मानित किया गया।

    समारोह का समापन ओएनजीसी के चेयरमैन और सीईओ अरुण कुमार सिंह के मुख्य अतिथि संबोधन के साथ हुआ। अपने प्रेरक भाषण में उन्होंने छात्रों से कहा, “एक बार जब आप चौड़ाई हासिल कर लें, तो गहराई पर ध्यान दें। शुद्ध लेने वाले के बजाय शुद्ध देने वाले बनें। सच्चा नेतृत्व लेने से ज्यादा देने से आता है।” उनके शब्दों ने जिम्मेदारी और दीर्घकालिक विकास का संदेश दिया।

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रामनवमी पर तमिलनाडु में करेंगे भारत के पहले वर्टिकल लिफ्ट समुद्री पंबन रेल पुल का उद्घाटन

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रामनवमी पर तमिलनाडु में करेंगे भारत के पहले वर्टिकल लिफ्ट समुद्री पंबन रेल पुल का उद्घाटन

    देवब्रत मंडल

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 अप्रैल को तमिलनाडु के दौरे पर पहुंचेंगे, जहां वे रामनवमी के पावन अवसर पर देश के पहले वर्टिकल लिफ्ट समुद्री रेल पुल, नए पंबन रेल पुल, का उद्घाटन करेंगे। यह ऐतिहासिक आयोजन न केवल भारतीय इंजीनियरिंग की उत्कृष्टता को प्रदर्शित करेगा, बल्कि तमिलनाडु के विकास में एक नया अध्याय भी जोड़ेगा। इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री 8,300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न रेल और सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे। साथ ही, वे रामेश्वरम से तांबरम (चेन्नई) के लिए एक नई ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे।

    नए पंबन रेल पुल का उद्घाटन और इसका महत्व

    दोपहर करीब 12 बजे रामेश्वरम में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नए पंबन रेल पुल का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वे सड़क पुल से एक ट्रेन और एक जहाज को हरी झंडी दिखाएंगे, साथ ही इस अनूठे वर्टिकल लिफ्ट पुल के संचालन का अवलोकन करेंगे। 550 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित यह पुल 2.08 किलोमीटर लंबा है और इसमें 99 स्पैन शामिल हैं। इसका सबसे खास हिस्सा 72.5 मीटर लंबा वर्टिकल लिफ्ट स्पैन है, जो 17 मीटर की ऊंचाई तक उठ सकता है। यह डिज़ाइन समुद्री जहाजों की निर्बाध आवाजाही को सुनिश्चित करने के साथ-साथ ट्रेन संचालन को भी सुगम बनाता है।

    यह पुल स्टेनलेस स्टील सुदृढीकरण, उच्च श्रेणी के सुरक्षात्मक पेंट और पूरी तरह से वेल्डेड जोड़ों के साथ बनाया गया है, जिससे इसकी स्थायित्व बढ़ती है और रखरखाव की आवश्यकता कम होती है। विशेष पॉलीसिलोक्सेन कोटिंग इसे जंग से बचाती है, जो कठोर समुद्री वातावरण में इसकी लंबी उम्र सुनिश्चित करती है। भविष्य की मांगों को ध्यान में रखते हुए इसे दोहरी रेल पटरियों के लिए डिज़ाइन किया गया है, जिससे यह आने वाले दशकों में भी प्रासंगिक बना रहेगा।

    इस पुल का सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व भी अत्यधिक है। रामायण के अनुसार, राम सेतु का निर्माण रामेश्वरम के पास धनुषकोडी से शुरू हुआ था। यह पुल रामेश्वरम को मुख्य भूमि से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और वैश्विक मंच पर भारतीय इंजीनियरिंग की एक उल्लेखनीय उपलब्धि के रूप में स्थापित होगा।

    रामनाथस्वामी मंदिर में दर्शन और जनसभा

    पुल के उद्घाटन के बाद, दोपहर करीब 12:45 बजे प्रधानमंत्री रामेश्वरम के प्राचीन और पवित्र रामनाथस्वामी मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। यह मंदिर चार धामों में से एक है और भगवान शिव को समर्पित है, जो इसे धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष बनाता है। रामनवमी के अवसर पर यह दौरा सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व को और बढ़ाता है।

    इसके बाद, दोपहर 1:30 बजे रामेश्वरम में आयोजित एक जनसभा में प्रधानमंत्री जनता को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर वे तमिलनाडु के लिए कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे, जिससे राज्य के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलेगी।

    8,300 करोड़ रुपये की रेल और सड़क परियोजनाएं

    प्रधानमंत्री इस दौरे के दौरान तमिलनाडु में 8,300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न रेल और सड़क परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन परियोजनाओं में शामिल हैं:

    1. एनएच-40 का वालाजापेट-रानीपेट खंड: 28 किलोमीटर लंबे इस खंड को चार लेन में बदला जाएगा, जिससे इस क्षेत्र में यातायात सुगम होगा।
    2. एनएच-332 का विलुप्पुरम-पुदुचेरी खंड: 29 किलोमीटर लंबे इस हिस्से का चौड़ीकरण होगा, जो पुदुचेरी और आसपास के क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।
    3. एनएच-32 का पूंडियनकुप्पम-सत्तनाथपुरम खंड: 57 किलोमीटर लंबा यह खंड चार लेन का बनेगा, जिससे औद्योगिक और वाणिज्यिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
    4. एनएच-36 का चोलापुरम-तंजावुर खंड: 48 किलोमीटर लंबे इस हिस्से का चौड़ीकरण तंजावुर जैसे सांस्कृतिक और ऐतिहासिक शहरों तक पहुंच को आसान बनाएगा।

    इनके अलावा, रामेश्वरम-तांबरम (चेन्नई) के बीच नई ट्रेन सेवा का शुभारंभ भी इस दौरे का हिस्सा है। यह ट्रेन सेवा यात्रियों के लिए सुविधाजनक और तेज़ परिवहन का विकल्प प्रदान करेगी।

    सामाजिक और आर्थिक प्रभाव

    ये परियोजनाएं तमिलनाडु के कई तीर्थस्थलों और पर्यटन स्थलों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेंगी, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। शहरों के बीच की दूरी कम होने से मेडिकल कॉलेजों, अस्पतालों और बंदरगाहों तक पहुंच आसान होगी। इसके अलावा, ये सड़कें और रेल सेवाएं स्थानीय किसानों को अपने कृषि उत्पादों को नजदीकी बाजारों तक पहुंचाने में सक्षम बनाएंगी। स्थानीय चमड़ा उद्योग, लघु उद्योग और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी इन परियोजनाओं से बल मिलेगा, जिससे क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा तमिलनाडु के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। नए पंबन रेल पुल का उद्घाटन भारतीय इंजीनियरिंग की क्षमता को दर्शाता है, जबकि रेल और सड़क परियोजनाएं राज्य के विकास को नई गति देंगी। रामनवमी के अवसर पर यह आयोजन धार्मिक, सांस्कृतिक और विकासात्मक पहलुओं का एक अनूठा संगम है। यह कदम न केवल तमिलनाडु बल्कि पूरे देश के लिए बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगा।

  • बुलेट ट्रेन की तर्ज पर एक घंटा 50 मिनट में 205 किमी की दूरी तय कर गया जंक्शन पहुंची ट्रायल ट्रेन, चल रही रूट पर परिंदा भी नजर नहीं आया

    देवब्रत मंडल

    पूर्व मध्य रेल के डीडीयू जंक्शन से 160 किमी प्रति घंटा की गति से चली ट्रायल ट्रेन को गया जंक्शन पर पहुंचने में केवल 1:50 घंटा का समय लगा। चीते की तरह तेज गति से चल रही यह ट्रेन मानो बुलेट ट्रेन से कम नहीं। गया जंक्शन पर जब यह ट्रेन प्लेटफार्म नंबर 02 पर आई तो यहां पहले से मौजूद धनबाद रेल मंडल प्रबंधक और गया जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने रेल महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह तथा इनके साथ पूर्व मध्य रेल के अधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

    10:46 में डीडीयू से खुली और 12:36 में पहुंच गई गया जंक्शन

    जानकारी के अनुसार ट्रायल ट्रेन को डीडीयू से पूर्व निर्धारित समय के अनुसार सुबह 10:30 में खुलना था लेकिन डीडीयू से यह ट्रेन 10:46 में खुली। जहां से खुलने के बाद हवा से बातें करते हुए चीते की तरह ट्रायल ट्रेन गया जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर दो पर दोपहर बाद करीब 12:36 में प्रवेश कर गई। डीडीयू से गया जंक्शन की दूरी 205 किमी है तो इस दूरी को तय करने में ट्रायल ट्रेन को केवल एक घंटा 50 मिनट का समय लगा।

    Video

    रेल लाइन पर परिंदा भी नजर नहीं आया, आरपीएफ लोगों को कर रहे थे सचेत

    डीडीयू-गया जंक्शन के बीच इस ट्रायल ट्रेन के लिए बनाए गए पाथ(रूट)पर परिंदा भी नजर नहीं आ रहे थे। रेलवे लाइन के किनारे रेलवे सुरक्षा बल की टीम पारखी नजर बनाए हुए थी। किसी को भी रेलवे लाइन को पार करने से मनाही करते हुए लाउड स्पीकर से बार बार सावधान कर थे। लोगों को रेलवे लाइन से दूरी बनाए रखने के लिए स्कोर्ट करते नजर आए।

    गया जंक्शन के बाद मानपुर जंक्शन से सुरक्षित थ्रू निकल गई ट्रेन

    गया जंक्शन पर जब ट्रायल ट्रेन पहुंची तो डीडीयू मंडल के डीआरएम इस ट्रेन से उतर गए। साथ में इनके अधीनस्थ पदाधिकारी भी। यहां से धनबाद मंडल के डीआरएम और उनकी टीम इस ट्रेन पर सवार हुए। कुछ देर के लिए गया जंक्शन पर रुकने के बाद ट्रेन प्रधानखुनता(धनबाद) के लिए खुली। चंद मिनटों में यह ट्रेन नार्थ आउटर केबिन(बागेश्वरी गुमटी) से होते हुए थ्रू मानपुर जंक्शन क्रॉस कर गई। यहां स्टेशन अधीक्षक दीपक कुमार एवं परिचालन विभाग के कर्मचारियों ने ट्रेन को सुरक्षित पास कराया।

    कुछ भी कहने से परहेज कर गए रेल महाप्रबंधक

    ट्रायल ट्रेन से गया जंक्शन पर आए रेल महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह से जब magadhlive के इस संवाददाता(संपादक) ने ट्रायल ट्रेन के उद्देश्यों और इसके बारे में कुछ सवाल किए तो कुछ भी कहने से परहेज कर गए।
    बता दें कि पूर्व मध्य रेल महाप्रबंधक श्री सिंह और इनके साथ कई अधिकारी इस ट्रेन में डीडीयू से चलकर धनबाद मंडल के प्रधानखुनता तक विंडो ट्रेलिंग करते हुए जा रहे थे।

    धनबाद मंडल के पायलट और गार्ड गया से लेकर गए ट्रेन

    रेलवे सूत्रों ने बताया कि डीडीयू से गया जंक्शन तक इस ट्रायल ट्रेन को लेकर डीडीयू मंडल के पायलट और गार्ड लेकर आए थे और यहां से प्रधानखुनता तक धनबाद मंडल के क्रू और गार्ड लेकर गए। बताया गया कि इस ट्रेन के पायलट डब्ल्यू. हेरेंज और सहायक लोको पायलट एमएस अली थे और गार्ड ए. खान थे जो कि धनबाद मंडल के हैं।

  • रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी: अब रेल यात्रियों का गायब मोबाइल फोन ढूंढ़ निकालेगा रेलवे सुरक्षा बल, दूरसंचार विभाग से मिलाया हाथ

    रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी: अब रेल यात्रियों का गायब मोबाइल फोन ढूंढ़ निकालेगा रेलवे सुरक्षा बल, दूरसंचार विभाग से मिलाया हाथ

    देवब्रत मंडल

    नई दिल्ली, 03 अप्रैल 2025: रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। अब उनके खोए या गायब हुए मोबाइल फोन को ढूंढने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने दूरसंचार विभाग के साथ साझेदारी की है। इस पहल के तहत आरपीएफ, दूरसंचार विभाग के सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल का उपयोग करेगा। नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे (एनएफआर) में एक सफल पायलट प्रोजेक्ट के बाद इस योजना को पूरे भारत में लागू किया जा रहा है, जिससे देश भर के करोड़ों रेल यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

    आसान प्रक्रिया से मिलेगा खोया फोन

    रेल यात्रियों को अपने गुम हुए मोबाइल फोन की रिपोर्टिंग के लिए रेल मदद या हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करने की सुविधा दी गई है। यदि यात्री प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज नहीं कराना चाहते, तो वे सीधे सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इस विकल्प को चुनने पर आरपीएफ की जोनल साइबर सेल शिकायत को पोर्टल पर अपलोड करेगी और आवश्यक विवरण भरने के बाद डिवाइस को ब्लॉक कर देगी।

    यदि खोया हुआ फोन नई सिम के साथ सक्रिय पाया जाता है, तो वर्तमान उपयोगकर्ता को इसे निकटतम आरपीएफ पोस्ट पर लौटाने के लिए सूचित किया जाएगा। इसके बाद, फोन का असली मालिक संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत कर अपना डिवाइस वापस प्राप्त कर सकेगा। अनुपालन न होने की स्थिति में आरपीएफ एफआईआर दर्ज कर सकती है और मामला स्थानीय जिला पुलिस को सौंपा जा सकता है। रिकवरी के बाद, शिकायतकर्ता सीईआईआर पोर्टल के जरिए फोन को अनब्लॉक करने का अनुरोध कर सकता है, जिसमें जरूरत पड़ने पर आरपीएफ सहायता प्रदान करेगी।

    डिजिटल तकनीक से मजबूत होगी रेलवे सुरक्षा

    प्रतीकात्मक चित्र

    सीईआईआर पोर्टल के प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन के दौरान रेलवे सुरक्षा बल के महानिदेशक मनोज यादव ने कहा, “दूरसंचार विभाग के साथ मिलकर सीईआईआर पोर्टल को संचालित करना रेलवे सुरक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम है। डिजिटल तकनीक के उपयोग से हमारा उद्देश्य यात्रियों को उनके खोए हुए मोबाइल फोन वापस दिलाने के लिए एक पारदर्शी और प्रभावी प्रणाली स्थापित करना है। यह पहल न केवल हमारी क्षमताओं को बढ़ाएगी, बल्कि रेल यात्रियों के बीच विश्वास भी मजबूत करेगी। हम यात्री संपत्ति की सुरक्षा और रेल नेटवर्क पर सुरक्षित यात्रा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।”

    सीईआईआर पोर्टल: मोबाइल रिकवरी का नया हथियार

    दूरसंचार विभाग द्वारा विकसित सीईआईआर पोर्टल, खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रैक करने और पुनर्प्राप्त करने के लिए एक शक्तिशाली डिजिटल मंच है। यह पोर्टल डिवाइस के आईएमईआई नंबर के आधार पर फोन को ब्लॉक करने की सुविधा देता है, जिससे चोरी हुए उपकरणों का अवैध उपयोग और पुनर्विक्रय रुक सकेगा। साथ ही, उन्नत ट्रैकिंग तकनीक के जरिए खोए हुए फोन की तेजी से रिकवरी संभव हो सकेगी।

    “ऑपरेशन अमानत” को मिलेगी नई ताकत

    आरपीएफ लंबे समय से “ऑपरेशन अमानत” के तहत यात्रियों की खोई हुई संपत्ति को उनके मालिकों तक पहुंचाने का काम कर रही है। जनवरी 2024 से फरवरी 2025 के बीच आरपीएफ ने 84.03 करोड़ रुपये मूल्य की वस्तुओं को पुनर्प्राप्त कर 1.15 लाख से अधिक यात्रियों को लाभ पहुंचाया। सीईआईआर पोर्टल के एकीकरण से इस अभियान को और मजबूती मिलने की उम्मीद है, खासकर मोबाइल फोन की रिकवरी के मामले में।

    पायलट प्रोजेक्ट की सफलता ने दिखाई राह

    मई 2024 में नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे में शुरू किए गए पायलट प्रोजेक्ट में सीईआईआर पोर्टल की उपयोगिता साबित हुई। इस दौरान कई खोए हुए मोबाइल फोन सफलतापूर्वक पुनर्प्राप्त किए गए और चोरी में संलिप्त लोगों को पकड़ा गया। इस सफलता के बाद अब इस पहल को देशव्यापी स्तर पर लागू किया जा रहा है। आरपीएफ को विश्वास है कि यह कदम रेल यात्रियों के लिए उनके उपकरणों की सुरक्षा और तेज रिकवरी सुनिश्चित करेगा।

    यात्रियों के लिए राहत भरा कदम

    यह साझेदारी न केवल तकनीकी उन्नति का प्रतीक है, बल्कि रेल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के प्रति भारतीय रेल की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। आने वाले दिनों में यह योजना रेलवे नेटवर्क को और भी विश्वसनीय और यात्री-अनुकूल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

  • राजेश पांडेय के बाद 10 मार्च 2023 को डीआरएम राजेश गुप्ता ने डीडीयू मंडल की संभाली थी कमान, अब उदय सिंह मीणा की बारी

    राजेश पांडेय के बाद 10 मार्च 2023 को डीआरएम राजेश गुप्ता ने डीडीयू मंडल की संभाली थी कमान, अब उदय सिंह मीणा की बारी

    देवब्रत मंडल

    पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) रेल मंडल में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। रेलवे बोर्ड ने 29 मार्च 2025 को जारी अपने नए आदेश में डीआरएम राजेश गुप्ता को हटाते हुए उनकी जगह उदय सिंह मीणा को नया मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) नियुक्त किया है। यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है, जब मंडल हाल ही में पेपर लीक कांड और सीबीआई की छापेमारी से चर्चा में रहा था। हालांकि, रेलवे के कुछ अधिकारियों ने इस तबादले को महज रूटीन प्रक्रिया बताया है।

    दो साल का कार्यकाल पूरा, फिर भी चर्चाओं का बाजार गर्म

    फाइल चित्र: राजेश गुप्ता  (डीआरएम डीडीयू रेल मंडल)

    राजेश गुप्ता ने 10 मार्च 2023 को डीडीयू मंडल के डीआरएम का पदभार संभाला था। 1992 बैच के भारतीय रेल सिग्नल इंजीनियर सेवा (आईआरएसएसई) अधिकारी गुप्ता ने अपने करियर की शुरुआत सहायक मंडल सिग्नल व टेलीकॉम इंजीनियर के रूप में की थी। थापर इंस्टीट्यूट से गोल्ड मेडलिस्ट गुप्ता ने रेलवे बोर्ड के ट्रांसफॉर्मेशन सेल और सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम (क्रिस) में जीएम जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी सेवाएं दीं। उनके कार्यकाल में यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देने की कोशिश की गई, लेकिन इसी बीच मंडल में एक बड़ा विवाद भी सामने आया।

    पेपर लीक कांड और सीबीआई की कार्रवाई

    पिछले दिनों डीडीयू मंडल में चीफ लोको पायलट इंस्पेक्टर की आंतरिक परीक्षा से ठीक पहले पेपर लीक का मामला सामने आया था। सीबीआई को मिली शिकायत के बाद छापेमारी में बड़ा खुलासा हुआ। जांच में दो शाखा प्रमुखों, 19 लोको पायलटों, चार कर्मचारियों और एक सेवानिवृत्त कर्मी सहित कुल 26 लोग गिरफ्तार किए गए। इनमें वरीय मंडल विद्युत अभियंता (परिचालन) सुशांत पराशर और वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी सुरजीत कुमार जैसे बड़े नाम शामिल थे। आरोप है कि परीक्षा पास कराने के लिए रिश्वत ली गई थी। सीबीआई ने छापेमारी में आरोपियों के घरों और कार्यालयों से 1.17 करोड़ रुपये नकद भी बरामद किए। इस घटना ने मंडल में हड़कंप मचा दिया था।भ्रष्टाचार के मामले में लोको पायलट, अधिकारियों- कर्मचारियों की गिरफ्तारी के बाद सीबीआइ आरोपितों के बैंक अकाउंट खंगाल रही है। सीबीआइ की टीम ने पिछले दिनों रेल मंडल के अधिकारियों व कर्मचारियों के बैंक खातों की जांच भी की थी। आठ सदस्यीय टीम पीडीडीयू नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक पहुंची थी और सैलरी अकाउंट का स्टेटमेंट निकाला। जांच में यह बात सामने आई थी कि गिरफ्तार वरीय मंडल विद्युत अभियंता (परिचालन) सुशांत पराशर छः माह से अपने वेतन के खाते से एक पैसा भी नहीं निकाला था।

    भ्रष्टाचार के मामले में लोको पायलट, अधिकारियों- कर्मचारियों की गिरफ्तारी के बाद सीबीआइ आरोपितों के बैंक अकाउंट खंगाल रही है। सीबीआइ की टीम ने पिछले दिनों रेल मंडल के अधिकारियों व कर्मचारियों के बैंक खातों की जांच भी की थी। आठ सदस्यीय टीम पीडीडीयू नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक पहुंची थी और सैलरी अकाउंट का स्टेटमेंट निकाला। जांच में यह बात सामने आई थी कि गिरफ्तार वरीय मंडल विद्युत अभियंता (परिचालन) सुशांत पराशर छः माह से अपने वेतन के खाते से एक पैसा भी नहीं निकाला था।

    तबादले पर क्या कहते हैं अधिकारी?

    सीबीआई की कार्रवाई के बाद राजेश गुप्ता के तबादले की अटकलें तेज हो गई थीं। मंडल मुख्यालय पर रेलकर्मियों ने धरना-प्रदर्शन भी किया और अधिकारियों पर आरोपों की बौछार लगाई। हालांकि, पूर्व मध्य रेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘मगध लाइव’ को बताया कि गुप्ता का तबादला उनके दो साल के कार्यकाल पूरा होने के कारण हुआ है और इसका सीबीआई की रेड से कोई संबंध नहीं है। अधिकारी के मुताबिक, रेलवे बोर्ड ने एक साथ कई मंडलों में नए डीआरएम की नियुक्ति की है, जिसमें उदय सिंह मीणा की डीडीयू मंडल में तैनाती भी शामिल है।

    उदय सिंह मीणा को कमान, गुप्ता की अगली जिम्मेदारी पर सस्पेंस

    नए डीआरएम उदय सिंह मीणा जल्द ही पदभार ग्रहण करेंगे, तब तक राजेश गुप्ता अपने पद पर बने रहेंगे। गुप्ता को अभी तक नई जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई है, लेकिन माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में उनके लिए नया आदेश जारी हो सकता है। दूसरी ओर, उदय सिंह मीणा की तैनाती को लेकर रेल महकमे में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। कर्मचारी और अधिकारी यह कयास लगा रहे हैं कि नया डीआरएम इस संकटग्रस्त मंडल में क्या बदलाव लाएगा।

    चुनौतियों से भरा है डीडीयू मंडल का भविष्य

    पेपर लीक कांड और भ्रष्टाचार के आरोपों ने डीडीयू मंडल की साख पर सवाल खड़े किए हैं। ऐसे में उदय सिंह मीणा के सामने पारदर्शिता बहाल करने और कर्मचारियों के भरोसे को जीतने की बड़ी चुनौती होगी। रेलवे बोर्ड की नजर भी इस मंडल के प्रदर्शन पर बनी रहेगी। आने वाले दिन यह तय करेंगे कि क्या नया नेतृत्व इस मंडल को विवादों से बाहर निकाल पाएगा या कहानी में और नया मोड़ आएगा।

    फिलहाल, डीडीयू मंडल में बदलाव की बयार चल पड़ी है और सभी की निगाहें उदय सिंह मीणा के पहले कदम पर टिकी हैं।

  • लीवर कैंसर के उपचार पर शोध के लिए आईसीएमआर से सीयूएसबी को मिला 92.12 लाख रुपये का अनुदान

    लीवर कैंसर के उपचार पर शोध के लिए आईसीएमआर से सीयूएसबी को मिला 92.12 लाख रुपये का अनुदान

    टिकारी संवाददाता: लीवर कैंसर के उपचार के लिए स्टेम सेल से डिज़ाइनर टी कोशिकाओं के विकास पर शोध के लिए सीयूएसबी को भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) भारत सरकार से 92.12 लाख रुपये का अनुसंधान अनुदान दिया है। सीयूएसबी को स्टेम सेल और इम्यूनोलाजी के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाले अनुसंधान करने के लिए इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) पटना और राष्ट्रीय औषधि शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (एनआईपीईआर) हाजीपुर के सहयोग से अनुसंधान अनुदान प्राप्त हुई है। सीयूएसबी के स्कूल आफ अर्थ बायोलाजिकल एंड एनवायर्नमेंटल साइंसेज के डीन प्रो. रिजवानुल हक, मुख्य अन्वेषक की अध्यक्षता वाली टीम में रूप में सीयूएसबी के बायोटेक्नोलाजी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डा. कृष्ण प्रकाश, आईजीआईएमएस, पटना से सह-पीआई के रूप में फार्माकोलाजी विभाग के डा. मरगूब अहमद और  सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलाजी और लिवर ट्रांसप्लांट विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डा. राकेश कुमार सिंह, नाइपर, हाजीपुर से सह-पीआई के रूप में सहायक प्रोफेसर डा. मुरली कुमारसामी शामिल हैं।  कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह, कुलसचिव प्रो. नरेंद्र कुमार राणा और विभाग के अन्य संकाय सदस्यों ने शोध टीम को अनुदान के लिए बधाई दी है।

    पीआरओ मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि शोध टीम को तीन साल की अवधि के लिए कुल 92.12 लाख स्वीकृत किए गए हैं। जिसमें से सीयूएसबी को फंडिंग एजेंसी से 53 लाख रुपये जारी किए गए हैं। प्रो. रिजवानुल हक को स्टेम सेल तकनीक और इम्यूनोथेरेपी आधारित दवा विकास के क्षेत्र में व्यापक अनुभव है। उनकी टीम में कोमल कुमारी, नंदनी कुमारी, सीमा सिंह मराबी, विकास कुमार, नैना साक्षी और सृष्टि श्रीया और रशीद लतीफ सहित युवा और उज्ज्वल शोधार्थियों की उत्कृष्ट टीम काम कर रही है। इस संबंध में प्रो. रिजवानुल हक ने बताया कि परियोजना का मुख्य लक्ष्य प्रेरित प्लुरिपोटेंट स्टेम कोशिकाओं से उपन्यास डिजाइनर टी-कोशिकाओं को विकसित करना और माडल जीवों के खिलाफ यकृत कैंसर के खिलाफ उनकी प्रभावशीलता की जांच करना है। यह शोध मनुष्यों में यकृत कैंसर के उपचार के लिए एक नई चिकित्सीय रणनीति पर प्रकाश डालेगा और कैंसर के लिए उपलब्ध इम्यूनोथेरेपी की उन्नति में मदद करेगा।

  • मुजफ्फरपुर स्टेशन पुनर्निर्माण में देरी पर हंगामा, जदयू नेता ने रेलवे से की त्वरित कार्रवाई की मांग

    मुजफ्फरपुर स्टेशन पुनर्निर्माण में देरी पर हंगामा, जदयू नेता ने रेलवे से की त्वरित कार्रवाई की मांग

    देवब्रत मंडल

    मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने की मांग को लेकर स्थानीय नागरिकों, यात्री संगठनों, महिला समूहों, उद्योग जगत और जनप्रतिनिधियों ने रेलवे प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपील की है। इसी क्रम में युवा जनता दल (यूनाइटेड) के मुजफ्फरपुर जिला उपाध्यक्ष सुनील कुमार ने पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर पिछले 15 दिनों से ठप पड़े पुनर्निर्माण कार्य को तत्काल शुरू करने की मांग की है।

    सुनील कुमार ने अपने पत्र में बताया कि फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI), चैंबर ऑफ कॉमर्स, महिला संगठन, वार्ड पार्षदों सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने एकजुट होकर रेलवे प्रशासन से आग्रह किया है कि पिछले दो वर्षों से लंबित इस परियोजना में अब और देरी न की जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्टेशन का पुनर्निर्माण न केवल शहर के आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि यह मुजफ्फरपुर की प्रतिष्ठा को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

    स्थानीय व्यापारियों और उद्योगपतियों का मानना है कि स्टेशन का उन्नयन क्षेत्रीय व्यापार और अर्थव्यवस्था को गति प्रदान करेगा। वहीं, यात्री संगठनों और महिला समूहों ने आधुनिक सुविधाओं से लैस एक विश्वस्तरीय स्टेशन की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और शहर का गौरव बढ़ेगा।
    सुनील कुमार ने सभी हितधारकों की ओर से रेलवे प्रशासन से अपील की है कि अनावश्यक विवादों और देरी से बचते हुए पुनर्निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि मुजफ्फरपुरवासियों को जल्द से जल्द एक आधुनिक और सुविधाजनक रेलवे स्टेशन का लाभ मिल सके।