गया में नौकरी दिलाने के नाम पर विधवा महिला से ठगी और शोषण का आरोप, प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग

Deobarat Mandal

देवब्रत मंडल

image editor output image1631937196 1772806422402390887612915683773 गया में नौकरी दिलाने के नाम पर विधवा महिला से ठगी और शोषण का आरोप, प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग
काल्पनिक फोटो


गया। विष्णुपद थाना क्षेत्र की रहने वाली एक पीड़ित महिला ने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, मानसिक एवं शारीरिक शोषण तथा जान से मारने और बच्चे के अपहरण की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
पीड़िता (काल्पनिक नाम) रीना देवी ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि डेल्हा थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति और उसकी सहयोगी महिला ने उसे टिकारी रोड स्थित एक निजी विद्यालय में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। आरोप है कि भरोसा जीतने के बाद उससे रुपये लिए गए और लंबे समय तक मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
महिला ने आवेदन में कहा है कि वह आर्थिक रूप से कमजोर और असहाय है तथा पति की मृत्यु के बाद अपने परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही है। इसी स्थिति का फायदा उठाकर आरोपितों ने उसे नौकरी का झांसा दिया।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपितों द्वारा टालमटोल किया जाने लगा। विरोध करने पर जान से मारने, बदनाम करने और उसके नाबालिग पुत्र के अपहरण की धमकी दी गई। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपित लगातार उस पर दबाव बना रहे हैं, जिससे वह भय और मानसिक तनाव में जी रही है।
आवेदन में महिला ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग करते हुए संबंधित आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की अपील की है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष का कहना है कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी की ओर से डेल्हा थाना में आवेदन दिया गया है। जिसकी भी जांच की जा रही है। पीड़िता और आरोपी(दोनों पक्ष) को थाने पर पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *