रेल मंत्रालय की अधिसूचना जारी, बिहार-झारखंड के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
देवब्रत मंडल

गया। पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत परैया से चतरा के बीच प्रस्तावित नई ब्रॉडगेज रेललाइन परियोजना को केंद्र सरकार ने “विशेष रेल परियोजना” घोषित कर दिया है। रेल मंत्रालय द्वारा जारी भारत के राजपत्र (Gazette of India) की अधिसूचना में इस संबंध में जानकारी दी गई है।
अधिसूचना के अनुसार, रेलवे (संशोधन) अधिनियम 2008 की धारा 2 के खंड 37A के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए महाप्रबंधक, पूर्व मध्य रेलवे द्वारा “परैया (किमी 0.00) से चतरा (किमी 75.1) तक नई BG रेललाइन, साथ ही काष्ठा की ओर Y कनेक्शन (4.95 किमी)” परियोजना को विशेष रेल परियोजना घोषित करने की स्वीकृति दी गई है।
यह परियोजना बिहार और झारखंड के कई इलाकों को बेहतर रेल संपर्क प्रदान करेगी। रेललाइन बनने से गया, परैया, काष्ठा और चतरा क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, वहीं व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।
रेल मंत्रालय की यह अधिसूचना 6 मई 2026 को भारत के राजपत्र में प्रकाशित की गई है। माना जा रहा है कि विशेष रेल परियोजना का दर्जा मिलने के बाद भूमि अधिग्रहण और निर्माण कार्य में तेजी आएगी।
