देवब्रत मंडल

अप्रैल 2026: नारायणी इंडियन गैस एजेंसी एवं श्याम इंडियन गैस एजेंसी के ग्राहकों को सही तरीके से घरेलू एलपीजी वितरण नहीं होने की शिकायतें जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर को प्राप्त हो रही थी। जिसके आलोक में अनुमंडल पदाधिकारी सदर एवं पुलिस उपाधीक्षक विधि व्यवस्था द्वारा उक्त दोनों गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया गया।
मानपुर स्थित नारायणी गैस एजेंसी में अनेको घरेलू गैस ग्राहक द्वारा बताया गया की गैस डिलीवरी का मैसेज प्राप्त हो गया है परंतु गैस अब तक नहीं दिया गया है। जिसके पश्चात जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा गैस सिलेंडर के कालाबाजारी के संबंध में विस्तार से नारायणी गैस एजेंसी में छापेमारी की गई, छापेमारी के क्रम में विकास कुमार मैनेजर एलपीजी सेल्स गया भी उपस्थित थे।
जांच के दौरान गैस एजेंसी के ऑनलाइन भंडार के अनुरूप घरेलू एलपीजी सिलेंडर 357 भरा हुआ कम पाया गया, सिर्फ भौतिक रूप में 6 सिलेंडर भी भरा हुआ पाया गया। जबकि ऑनलाइन रिपोर्ट के अनुसार 363 घरेलू एलपीजी सिलेंडर भरा होना चाहिए था, साथ ही खाली सिलेंडर की संख्या 137 होना चाहिए था, जो जांच में 486 पाया गया। जांच के समय नारायणी गैस एजेंसी मानपुर के मैनेजर बबलू कुमार के द्वारा उक्त संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, गैस एजेंसी के भंडार में 357 सिलेंडर भरा हुआ कम पाया जाना, गैस एजेंसी के द्वारा गैस सिलेंडर के कालाबाजारी को प्रदर्शित करता है, जो आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 7 के तहत दंडनीय अपराध है। पूर्व में भी उपभोक्ताओं के द्वारा जिला नियंत्रण कक्ष गया 0631 2222253 के दूरभाष संख्या में गैस सिलेंडर का डिलीवरी का मैसेज प्राप्त होने के पश्चात भी सिलेंडर प्राप्त नहीं होने का शिकायत दर्ज हुई है।
उक्त आलोक में नारायणी इंडियन गैस एजेंसी के प्रोपराइटर के विरुद्ध बोधगया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।श्याम इंडियन गैस एजेंसी के निरीक्षण में अनेकों ग्राहकों द्वारा केवाईसी नहीं होने की शिकायत एवं भीड़ देखी गई, जिस पर एजेंसी के मैनेजर को अनुमंडल पदाधिकारी सदर द्वारा निर्देश देते हुए केवाईसी के लिए अलग काउंटर लगवाने को कहा है, ताकि ग्राहकों को आसानी पूर्वक केवाईसी किया जा सके।
इसके अलावा अनेकों ग्राहकों ने बताया कि गैस बुकिंग के पश्चात DAC नंबर भी प्राप्त हो गया है परंतु समय पर गैस की डिलीवरी नहीं दी जा रही है, वैसे मामलों में अनुमंडल पदाधिकारी ने निर्देश दिया है कि अगले 24 घंटे के अंदर आपूर्ति विभाग के मार्केटिंग ऑफिसर के देखरेख में उन संबंधित ग्राहकों को गैस की डिलीवरी सुनिश्चित करवाया जाए। उपस्थित कुछ ग्राहकों ने बताया कि गैस की बुकिंग में थोड़ी समस्या आ रही है, गैस बुकिंग का नंबर नहीं लग पा रहा है, उक्त मामले में एजेंसी एवं आइओसीएल कंपनी मैनेजर को तकनीकी में सुधार लाने का निर्देश दिए हैं।
कुछ ग्राहकों ने शिकायत बताया कि श्याम इंडियन गैस के मैनेजर एवं कंपनी हेड, ग्राहकों का कोई कॉल रिसीव नहीं कर रहे हैं, अनुमंडल पदाधिकारी ने फटकार लगाते हुए निर्देश दिया है कि ग्राहकों का फोन उठाएं और उन्हें गैस संबंधित जानकारी उपलब्ध करवाये। अनुमंडल पदाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि गैस की कालाबाजारी की कोई भी शिकायतें प्राप्त होते ही कठोर कार्रवाई की जाएगी। ग्राहकों को समय पर होम टू होम गैस की डिलीवरी करवाये, किसी भी हाल में गोदाम पर ग्राहक को नहीं जाना पड़े, इसे सुनिश्चित करवाये।
