देवब्रत मंडल

गया जी: गया शहर के विधायक सह कैबिनेट मंत्री डॉ.प्रेम कुमार द्वारा डेल्हा गुमटी नंबर एक पर पैदल सह बाईक ओवर ब्रिज निर्माण के लिए रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखने पर डेल्हा विकास समिति, सी.पी.आई, जन सुराज, राजद सहित तमाम विपक्षी दलों ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
रेलमंत्री को पत्र लिखने पर इसे महज धोखा बताया
इस संबंध में डेल्हा विकास समिति के अध्यक्ष डॉ. कुमार विनोद सिन्हा अधिवक्ता, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राम जगन गिरी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी डेल्हा शाखा के सचिव रामेश्वर प्रजापति, जन सुराज के गया शहर विधानसभा प्रभारी विनोद कुमार विद्रोही, राजद के मुख्तार यादव ने कहा कि मंत्री श्री कुमार द्वारा रेलमंत्री को पत्र लिखना महज धोखा है। 35 वर्षों से लगातार विधायक हैं लेकिन कभी भी डेल्हा गुमटी नंबर एक पर फुटओवरब्रिज के बारे में एक शब्द नहीं बोले। अब जब विधानसभा चुनाव सिर पर है तो रेल मंत्री को पत्र लिख रहे हैं।
नगर विधायक चाहते तो डेल्हा फुट ओवरब्रिज बन जाता
आगे कहा है कि डॉ. प्रेम कुमार बिहार सरकार के कई महत्वपूर्ण विभाग के मंत्री रह चुके है। अभी भी हैं। बिहार में इनका डबल इंजन की सरकार है। केंद्र में भी सरकार है। इन नेताओं ने कहा कि अगर नगर विधायक चाहते तो डेल्हा गुमटी नंबर एक पर मामूली सा फुट ओवरब्रिज नहीं बनता लेकिन दुर्भाग्य है गया शहर का जिन्हें पटना, दिल्ली से स्वीकृत कराकर फुट ओवरब्रिज बनवाना चाहिए था, जो अब रेलमंत्री को पत्र लिख रहे हैं। जो राजनीति से प्रेरित हैं। जब विधानसभा चुनाव के कुछ महीने बच गए हैं तो पत्र लिख रहे हैं। जब चुनाव नजदीक आ गया है तो अब इन्हें महसूस होने लगा कि डेल्हा के लोगों को आने जाने के लिए फुटओवर ब्रिज चाहिए।
महादलितों की समस्याओं की ओर भी दिलाया ध्यान

डेल्हा के लोगों के साथ सौतेलापन का व्यवहार है। वहीं दूसरी ओर रेलवे की जमीन में बसे दलित महादलितों की समस्या को इंगित करते हुए कहा कि अगर नगर विधायक चाहते तो कब के इन गरीबों को पांच डिसमिल जमीन मिल गया होता। यहां इनके कई पीढ़ी बीत गए, लेकिन ये दलित महादलित से चुनाव में वोट लेना जानते हैं, लेकिन इनकी समस्याओं के बारे मे सोचते तक नहीं।
जमीन रहते डेल्हा उच्च विद्यालय का अपना भवन नहीं
इन लोगों ने डेल्हा उच्च विद्यालय के लिए अपना भवन नहीं होने की बात बताते हुए कहा कि डेल्हा उच्च विद्यालय जिला स्कूल में संचालित हो रहा है। डेल्हा थाना के नए भवन के पास जमीन रहने के बावजूद आजतक उच्च विद्यालय डेल्हा का अपना भवन नहीं है। जबकि भवन निर्माण करवाते हुए यहां विद्यालय ला सकते थे।