टिकारी संवाददाता: बिजली चोरी रोकने के लिए प्रखण्ड के मुर्गी बिगहा, खरगपुरा, देवधरपुर और विवेकानंद कालोनी में छापेमारी के बाद आठ लोगों पर बिजली चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई है। जिसमे लगभग ढाई लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। टिकारी सेक्शन के जूनियर इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हिमांशु कुमार के नेतृत्व में चलाये गए अभियान में विवेकानंद कालोनी के विनोद शर्मा और देवधरपुर के अशोक शर्मा पर 77 हजार 189 रुपए और 46 हजार 129 रुपए का जुर्माना लगाया गया है। इसी तरह मीटर बाइपास कर बिजली चोरी करने के आरोप में मुर्गी बिगहा के राजाराम यादव पर 4 हाजर 976 रुपए और लखपतिया देवी पर 19 हजार 77 रुपए का जुर्माना लगाया गया है।
वंही बिना कनेक्शन लिये एलटी लाइन में टोंका फंसाकर बिजली चोरी करने के मामले में मुर्गी बिगहा गांव के विनोद यादव पर 16 हजार 338 रुपए, दिलीप कुमार पर 12 हजार 824 रुपए, राज कुमार यादव पर 16 हजार 338 रुपए, नारायण यादव पर 14 हजार 129 रुपए, मनोज यादव पर 16 हजार 338 रुपए का जुर्माना लगाया गया है। बिल बकाया की वजह से बिजली कनेक्शन काटे जाने के बाद भी अवैध तरीके से बिजली का उपयोग करने के मामले में मिथिलेश यादव पर 1906 रुपए का जुर्माना लगाया गया है। इनमें बकाया की राशि समेत जुर्माना लगाया गया है।
टिकारी संवाददाता: टिकारी प्रखंड अंतर्गत मोरहर नदी में सिंघापुर के सामने लाव देसीअइन बियर का निर्माण तथा मउ पइन का पुनर्स्थापन कार्य का अभियंता प्रमुख ने तकनीकी अधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ मंगलवार को स्थल सर्वेक्षण किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा वर्ष 2018 में तत्कालीन विधायक अभय कुशवाहा के पहल पर लाव-पूरा देसइन पइन के मुहाने पर बियर बांध निर्माण कराने की घोषणा की गयी थी। अब सांसद बने श्री कुशवाहा के पहल पर उसी घोषणा को अमलीजामा पहनाने की एकबार फिर पहल शुरू हुई है।
जल संसाधन विभाग पटना के अभियंता प्रमुख के नेतृत्व में विभागीय अधिकारियों की हाई लेवल टीम प्रस्तावित बियर बांध स्थल का गहन निरीक्षण किया। योजना के पुर्नस्थापना हेतु विभाग के अभियंता प्रमुख इंजीनियर नंद कुमार झा ने विभाग के गया अधिकारियों व तकनीकी टीम को बांध स्थल का पुनह सर्वे, सिंचाई एरिया का भौगोलिक सर्वे, एंड लेवल तक पानी की उपलब्धता, वाटर लेवल, बांध का कंस्ट्रक्शन व डिजाइन, वेड लेवल, चैनल का स्वरूप, स्लोप, आरसीसी बाल, गेटेड स्ट्रक्चर सहित कई अहम तकनीकी बिंदुओं पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिया। साथ ही प्रस्तावित स्थल से नीचे निर्मित बांधो पर पर्याप्त पानी की उपलब्धता को ध्यान में रखने का निर्देश दिया।
सिंचाई सृजन जल संसाधन विभाग मुख्य अभियंता रामप्रवेश सिंह में बताया कि सिंघापुर के समीप मोरहर नदी में लाव देसीअइन बियर का निर्माण तथा मउ पइन का पुनर्स्थापन कार्य का अभियंता प्रमुख के दिशा निर्देशन में तकनीकी अधिकारियों एवं अभियंताओं की टीम द्वारा विस्तृत सर्वेक्षण का कार्य किया गया। अभियंता प्रमुख द्वारा हाइड्रोलिक डेटा के साथ बियर का नया डीपीआर शीघ्र तैयार कर विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि दिसंबर के अंत तक अभियंता प्रमुख को नया डीपीआर उपलब्ध करा दिया जाएगा।*क्या है बियर बांध की योजना*प्रखंड अंतर्गत सिंघापुर ग्राम के सामने मोरहर नदी में लाव-देसइन के मुहाने पर बियर बांध निर्माण का प्रस्ताव था बियर बांध निर्माण हो जाने से लाव देसइन पईन और मउ पईन से जुड़े दर्जनों गांव के 2108.75 हेक्टेयर खेतों में सिंचाई का प्रस्ताव था।
पूर्व में 77 करोड़ 17 लाख डीपीआर बनाया गया था। निरीक्षण के दौरान इंजीनियर सुनील कुमार, मुख्य अभियंता, सीडीओ पटना एवं तकनीकी टीम, इंजीनियर अमरेंद्र कुमार, अधीक्षण अभियंता योजना मोनिटरिंग आंचल 3 पटना, इंजीनियर रामप्रवेश सिंह, मुख्य अभियंता सिंचाई सृजन जल संसाधन विभाग गया, इंजीनियर राणा रणजीत सिंह, अधीक्षण अभियंता सिंचाई आंचल गया, इंजीनियर विकास कुमार कार्यपालक अभियंता सिंचाई प्रमंडल गया एवं तकनीकी टीम। निरीक्षण के दौरान सांसद प्रतिनिधि किशोर यादव, डा. शत्रुघ्न दांगी, डा. मुंद्रिका प्रसाद नायक, गुड्डू शर्मा, लाव पैक्स अध्यक्ष कृष्ण गोपाल सिंह उर्फ मंटू शर्मा, राजेश कुमार दांगी सहित स्थानीय जागरूक किसान व सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद थे।
मंगलवार को इनर व्हील क्लब ऑफ गया सिटी ने माध्यमिक कन्या विद्यालय, पितामहेश्वर में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। जिसमें सभी बच्चों को बताया गया कि हम “गुड टच और बैड टच” किस प्रकार पहचान सकते हैं। गुड टच में हम स्नेह की अनुभूति होती हैं जो हमें घर में माता और पिता के स्पर्श से मिलता है, लेकिन बैड टच से हम असहज, बुरा महसूस करते हैं। साथ ही साथ इसका बच्चों को किस प्रकार विरोध और अपना बचाव करें, बच्चों को यह बताया गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष मुक्ता अग्रवाल, पीपी आशा मित्तल, पीपी चंद्रलेखा, मंदाकिनी और क्लब की संपादिका प्रीति कुमारी उपस्थित थीं।
भारतीय रेल के सभी 14 जोन में मान्यता प्राप्त करने के लिए 4, 5 एवं 6 दिसंबर को होने वाले चुनाव में ऑल इंडिया ट्रैक मेंटेनर यूनियन की एंट्री अन्य सभी छह यूनियन के लिए सिरदर्द बन गया है। मुंबई हाई कोर्ट के आदेश के बाद इस यूनियन के नेताओं एवं इनका समर्थन करने वाले कर्मचारियों में एक अजब उत्साह देखने को मिल रहा है। विशेष कर इस यूनियन को चतुर्थ वर्ग के कर्मचारियों का अपार समर्थन देखने को मिल रहा है।
कुछ समय पहले तक केवल छह संगठनों को इस देशव्यापी चुनाव में भागीदारी की बात थी लेकिन ऐन वक्त पर कोर्ट ने AIRTU को चुनाव लड़ने के लिए हरी झंडी दे दिया। बहरहाल इस यूनियन के लोगों ने बताया कि AIRTU को AILRSA, RKTA, IRSTMU(S&T),PMRMC, DEAR और ECRMU आदि कैटेरोगिकल यूनियन ने समर्थन दिया है। इस बीच खबर यह आई है कि IREU ने भी AIRTU को समर्थन देने की घोषणा कर अन्य संगठनों का सरदर्द बढ़ा दिया है।
गया जिले के बेलागंज प्रखंड के भलुआ-1 पंचायत में ग्राम उज्जे से पथरा तक बन रहे सड़क निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखने पर ग्रामीणों ने विरोध कर दिया। लंबे समय बाद बन रहे उज्जे–पथरा सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप स्थानीय ग्रामीणों ने लगाया है। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क निर्माण प्राक्कलन के अनुसार नहीं है।भाकपा माले नेता मो. शेरजहां ने बताया कि घटिया सड़क निर्माण पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए विरोध कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रात में मोबाइल की रौशनी में सड़क का निर्माण कराया जा रहा है।
सड़क की गुणवत्ता ठीक नहीं है ऐसे में डीएम से जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। भाकपा माले नेता मो. शेरजहां ने बताया कि ग्रामीणों ने बताया कि सड़क का कालीकरण प्राक्कलन के अनुसार नहीं है। मिट्टी पर कालीकरण किया जा रहा है। सड़क निर्माण के नाम पर सरकार राशि की लूट खसोट की जा रही है। उज्जे पहुंचे भाकपा माले नेता मो. शेरजहां ने कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वरीय पदाधिकारियों को इससे अवगत करा दिया गया है।
ऑफिसर ट्रेनिंग अकादमी में साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस साइकिल रैली को लेफ्टिनेंट जनरल सुकृति सिंह दहिया सेना मेडल, विशिष्ट सेवा मेडल, कमांडेंट, ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी गया द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। उन्होंने कहा कि एनसीसी दिवस हर साल नवंबर के आखिरी रविवार को मनाया जाता है। इस साल 24 नवंबर को एनसीसी दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। राष्ट्रीय कैडेट कोर सबसे बड़ा रिजर्व छात्र संगठन है, जिसमें 20 लाख कैडेट हैं, जिन्हें चरित्र, भाईचारा, अनुशासन, धर्मनिरपेक्ष दृष्टिकोण, साहस की भावना और निस्वार्थ सेवा के आदर्शों को विकसित करने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसके अलावा, इसका उद्देश्य जीवन के सभी क्षेत्रों में नेतृत्व के गुणों वाले संगठित, प्रशिक्षित और प्रेरित युवाओं का एक समूह बनाना है, जो चाहे कोई भी करियर चुनें, राष्ट्र की सेवा करेंगे। समारोह के हिस्से के रूप में, गया ग्रुप ने ब्रिगेडियर राम नरेश, ग्रुप कमांडर गया ग्रुप के नेतृत्व में ग्रुप के एओआर को कवर करते हुए एक साइकिल रैली का आयोजन किया है। सात एनसीसी बटालियनों के 15 साइकिल चालक पांच दिनों में 325 किलोमीटर की दूरी तय कर रहे हैं और रोजाना लगभग 60 किलोमीटर की यात्रा कर रहे हैं। साइकिल रैली औरंगाबाद, सासाराम, बक्सर से होकर गुजरेगी और एनसीसी दिवस के अवसर पर 24 नवंबर को आरा में समाप्त होगी। रैली में भाग लेने वाले साइकिल चालकों में 5 बिहार बटालियन आरा से कैडेट श्रुति कुमारी, कैडेट मोहम्मद दिलशाद आलम, कैडेट रवि कुमार,कैडेट चंदा कुमारी, कैडेट पवन कुमार, 6 बिहार बटालियन गया कैडेट वैष्णवी कुमारी, कैडेट विवेक राज, कैडेट श्रुति राज,कैडेट गोलू कुमार 13 बिहार बटालियन गया कैडेट अंकित सिंह, कैडेट कुमार आनंद, 27 बिहार बटालियन गया कैडेट सुनीता कुमारी,कैडेट रोमित कुमार,कैडेट स्वाति सिन्हा,कैडेट शुभम राय,सुनीता, 30 बिहार बटालियन बक्सर से कैडेट शैबी कुमारी, कैडेट रोहित कुमार 38 बिहार बटालियन बिहारशरीफ एसयूओ प्रियांशु कुमार, 42 बिहार बटालियन सासाराम कैडेट चंदा कुमारी, 42 बिहार बटालियन सासाराम से कैडेट नेहा यादव, एसयूओ कृष्ण कुमार शामिल हैं।
इस कार्यक्रम में ओटीए गया के डिप्टी कमाडेंट मेजर जनरल जॉय विश्वास, एनसीसी गया ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर रामनरेश, डिप्टी कमाडेंट कर्नल जी. एस. नंदा, ट्रेनिंग ऑफिसर जे.बी छेत्री, 27 बिहार बटालियन के समदेशी पदाधिकारी कर्नल अमर पारकर, 6 बिहार बटालियन के समदेशी पदाधिकारी पंकज कुमार (कृति चक्र ), 42 बिहार बटालियन के समदेशी पदाधिकारी कर्नल डी. एस. मल्लिक, 27 बिहार बतालियन गया के प्रशासनिक पदाधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल रोहित चौहान, सूबेदार मेजर जाकिर हुसैन, ट्रेनिंग जेसीओ सूबेदार संजय कुमार यादव, सूबेदार अभिरंजन, नायब सूबेदार भूपेन्द्र, सूबेदार मनोज राणा, बीएचएम राजेन्द्र, हवलदार दीपक, हवलदार गुड्डू, हवलदार जयदीप, हवलदार विनोद, हवलदार रमेश एवं 400 एनसीसी कैडेट्स उपस्थित थे l
गया जंक्शन पर एक अधिवक्ता का मोबाइल चुराकर भाग रहे एक अपराधी को रेलवे सुरक्षा बल ने गिरफ्तार कर लिया है। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश ने बताया कि मंगलवार को आरपीएफ गया एवं जीआरपी गया कि संयुक्त टीम द्वारा भीड़ के मद्देनजर स्टेशन प्लेटफार्म पर अपराधी गतिविधि निगरानी की जा रही थी। इसी क्रम में प्लेटफार्म संख्या 02/03 के दिल्ली छोर के पास एक व्यक्ति को तेजी से भागते हुए देखा गया। शक होने पर गश्ती दल द्वारा उसे पकड़ा गया। जिसका नाम संजीत कुमार उम्र 18 वर्ष पिता मृत्युंजय ठाकुर पता रफीगंज अब्दुलपुर थाना औरंगाबाद जिला औरंगाबाद है। जिसकी तलाशी ली गई तो यात्री का चोरी किया हुआ एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। इस बीच मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने बताया उनका नाम प्रफुल्ल कुमार है और पेशे से अधिवक्ता हूं। जिन्होंने बताया कि उनका ही मोबाइल है। इंस्पेक्टर अजय प्रकाश ने बताया अधिवक्ता प्रफुल्ल कुमार की लिखित शिकायत पर जीआरपी थाना में कांड दर्ज अग्रेतर कार्रवाई की गई। बरामद मोबाइल की कीमत साढ़े चार हजार रुपए आंकी गई है।
बेलागंज थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की एक गंभीर घटना सामने आई है। पुलिस ने बच्ची को बेलागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार प्रदान करने के बाद बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल गया भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाबालिग बच्ची को दरिंदों ने खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया और इसके बाद उसे सड़क किनारे फेंक दिया। वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने बच्ची को बेहोशी की हालत में देखा और तुरंत उसके परिजनों और पुलिस को सूचित किया।
इस संबंध में प्रशिक्षु डीएसपी और थानाध्यक्ष सदानंद कुमार ने बताया कि शुक्रवार को परिजनों की लिखित शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
आईआईएम बोधगया ने मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम के तत्वावधान में 11 नवंबर से 15 नवंबर तक महिला शैक्षणिक नेताओं के लिए पांच दिवसीय आवासीय नर्चरिंग फ्यूचर लीडरशिप प्रोग्राम (एनएफएलपी) का सफलतापूर्वक आयोजन किया। शिक्षा मंत्रालय द्वारा वित्त पोषित, कार्यक्रम का उद्देश्य उच्च शिक्षण संस्थानों में नेतृत्व विकास को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न विषयों के प्रतिष्ठित संकाय सदस्य एक साथ आये एवं भविष्य के नेताओं को तैयार करने के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार किया। कार्यक्रम में लगभग 20 केंद्रीय/राज्य विश्वविद्यालयों के साथ ही आईआईएम, आईआईटी एवं एनआईटी जैसे आईआईटी पटना, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय और दिल्ली विश्वविद्यालय के 33 वरिष्ठ संकाय की भागीदारी दिखी। इस पांच दिवसीय कार्यक्रम में प्रबंधन और नेतृत्व पर विभिन्न सत्र शामिल रहे।
आईआईएम बोधगया की निदेशक प्रो. विनीता एस. सहाय ने इस अवसर पर उच्च शिक्षा में ‘सखी-वाद’ के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रतिभागियों ने आईआईएम -अहमदाबाद की पूर्व निदेशक और फ्लेम यूनिवर्सिटी की संस्थापक सदस्य प्रोफेसर इंदिरा पारिख, इलाहाबाद विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव और आईआईटी-दिल्ली की प्रोफेसर सीमा शर्मा से शैक्षणिक क्षेत्र में महिला नेताओं के सामने आने वाली चुनौतियों और नेतृत्व के विकास पर अंतर्दृष्टि प्राप्त की।
पूर्व कैबिनेट मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी ने अपने दो दशकों से अधिक के अनुभव के साथ सार्वजनिक भाषण के माध्यम से प्रभाव पैदा करने पर अंतर्दृष्टि साझा की। जिसमें उन्होंने कहा, ‘आप जैसा रहते हैं वैसा ही बोलते हैं, जैसे जुड़ते हैं वैसे बोलते हैं और जैसा व्यवहार करते हैं वैसा ही बोलते हैं।’ स्मृति ईरानी ने डिजिटल परिवर्तन के युग में एक महत्वपूर्ण सत्र को सम्बोधित किया कि कैसे मीडिया में कहानी सुनाने का उपयोग विभिन्न कौशल विकसित करने के लिए प्रभावी ढंग से किया जा सकता है। प्रतिभागियों को संस्थागत सदस्यों के साथ उनकी अनुभवात्मक शिक्षा के हिस्से के रूप में महाबोधि मंदिर और नालंदा का दौरा करने का अवसर मिला।
नेशनल इकोनॉमिक पॉलिसी 2020 ने शिक्षकों के बीच क्षमता निर्माण के महत्व पर महत्वपूर्ण जोर दिया। एनएफएलपी का लक्ष्य संकाय सदस्यों, विशेषकर महिलाओं को उच्च शिक्षा संस्थानों में प्रभावी नेतृत्व के लिए आवश्यक तकनीकी, प्रबंधकीय और पारस्परिक कौशल से लैस करना है। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय उच्च शिक्षा में अधिक संतुलित और विविध नेतृत्व परिदृश्य बनाना है। इस पहल के माध्यम से, शिक्षा मंत्रालय और आईआईएम बोधगया महिला नेताओं की एक नई पीढ़ी को प्रेरित करते हैं, जिससे वे अकादमिक दुनिया में बदलाव और नवाचार लाने में सक्षम हो जाती हैं।
गया पुलिस ने चाकन्द थाना क्षेत्र में हुई लूट की एक घटना का 24 घण्टे के भीतर खुलासा करते हुए इस कांड में संलिप्त दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। अपराधियों के पास से एक देशी कट्टा व जिंदा कारतुस एवं 5,000 रूपया नगद एवं लूट की घटना में उपयोग किए गए दो मोटरसाईकिल भी बरामद किया है। एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि 13 नवंबर को भारत फाईनेंस इंक्लूजन लिमिडेट में मैनेजर के साथ लूट की घटना हुई थी। जो कम्पनी का बकाया पैसा कॉलेक्शन करके लौट रहा था तो रास्ते में बार पुल के पास एक मोटरसाईकिल सवार दो व्यक्ति पिछे से आया और धक्का देकर मोटरसाईकिल से गिरा दिया।
पिस्टल के नोक पर नगद रूपया एवं टैब छीनकर भाग गया था। वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस कांड को काफी गंभीरता से लेते हुए, इस कांड के उद्भेदन एवं इस कांड में संलिप्त अपराधकर्मियों को गिरफ्तारी हेतु पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था गया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम के द्वारा तकनीकी अनुसंधान एवं आसूचना संकलन कर इस कांड में संलिप्त मुकेश कुमार उर्फ मुद्रिका कुमार पिता बलारजीत यादव, गांव बैकटपुर, थाना अतरी को चाकंद थानान्तर्गत बिथो मोड़ के पास से 1 देशी कट्टा, 1 कारतुस एवं 5,000 रूपया नगद एवं एक मोबाईल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके निशानदेही पर नवीन कुमार पिता उदय प्रसाद, गांव नौडीहा खुर्द, थाना वजीरगंज, जिला गया को लाईनर की भूमिका निभाने में उपयोग किए गए मोटरसाईकिल एवं एक मोबाईल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया।
एसएसपी ने बताया कि मुकेश कुमार ने इस घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि वह और उसका एक साथी ने लूट की घटना को अंजाम दिया गया था, जबकि नवीन कुमार हमलोग के लिए लाईनर का काम कर रहा था। उन्होंने बताया चाकंद थाना द्वारा घटना में उपयोग किए गए मोटरसाईकिल को दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में बरामद किया जा चुका है। अभियुक्तों का अपराधिक इतिहास पता किया जा रहा है। इस मामले में अन्य अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।