Blog

  • महिला सिपाही के द्वारा आत्महत्या के मामले में तीन अभियुक्त गिरफ्तार, जानें क्यों उठाई ऐसा कदम

    महिला सिपाही के द्वारा आत्महत्या के मामले में तीन अभियुक्त गिरफ्तार, जानें क्यों उठाई ऐसा कदम

    देवब्रत मंडल

    गया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस केन्द्र गया में महिला सिपाही के द्वारा आत्महत्या के मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि 11 नवंबर को पुलिस केंद्र, गया में प्रतिनियुक्त एक महिला सिपाही द्वारा आत्महत्या करने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद वे स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया था। साथ ही घटनास्थल को संरक्षित करते हुए एफएसएल एवं तकनीकी टीम को भी बुलाया गया था। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम कराया गया था।

    एसएसपी ने बताया कि इस संबंध में रामपुर थाना कांड संख्या-588/24, धारा- 103(1)/61 बी०एन०एस० दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। गया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
    नगर पुलिस अधीक्षक, गया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया है। जिसमें नगर पुलिस उपाधीक्षक-2, रामपुर थानाध्यक्ष, रामपुर थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी, कर्मी तथा तकनीकी शाखा गया के पुलिस पदाधिकारी व कर्मी को शामिल किया गया।

    गठित विशेष टीम के द्वारा इस कांड के अनुसंधान में आए हुए साक्ष्यों के आधार पर तकनीकी अनुसंधान एवं आसूचना संकलन कर इस कांड में संलिप्त अप्राथमिकी अभियुक्त टिंकु कुमार, पे. अरविन्द प्रसाद, सा. मोहनचक, थाना इस्लामपुर, जिला नालंदा को एक मोबाईल फोन के साथ से गिरफ्तार किया गया। जबकि चैतन्य कुमार, पे. महेश प्रसाद, सा. बरदीह, थाना इस्लामपुर, जिला नालंदा को एक मोबाईल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया गिरफ्तार टिंकु कुमार (मृतका का जीजा) ने इस कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि मृतका महिला सिपाही उनकी छोटी साली थी। जिससे मेरी काफी बातचीत होती थी। उसकी शादी बृजमोहन कुमार, पे. मिथलेश कुमार, सा. दयामचक, जिला नालन्दा से तय हो जाने के बाद वो मेरे से काफी कम बातचीत करने लगी थी।

    जिससे व्यथित होकर मैने बृजमोहन कुमार को अपने दोस्त (चैतन्य कुमार) के मोबाईल से व्हाट्सएप कॉल करके बोला कि मैं शिवम दरोगा बोल रहा हूँ, तुम्हारा जिस लड़की से शादी तय हुआ है, वो लड़की ठीक नहीं है। जिसके बाद मेरे दोस्त (चैतन्य कुमार) ने भी बृजमोहन कुमार से बात कर मेरी बातों की पुष्टि करते हुए उससे अपना रिश्ता तोड़ लेने के लिए बोला। जिसके पश्चात् बृजमोहन कुमार के द्वारा मेरी साली (मृतिका महिला सिपाही) को कॉल करके मानसिक रूप से काफी प्रताडित किया गया। जिससे मेरी साली परेशान होकर आत्महत्या कर ली।
    एसएसपी ने बताया तत्पश्चात् उक्त गठित टीम के द्वारा बृजमोहन कुमार, पे. मिथलेश कुमार, सा. दयामचक, जिला नालन्दा को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

  • बच्चो का बचपन न छीनें, इनकी खुशियां इनके चहचहाने में है: अध्यक्षा

    बच्चो का बचपन न छीनें, इनकी खुशियां इनके चहचहाने में है: अध्यक्षा

    देवब्रत मंडल

    पीपुल फर्स्ट संस्था अंतर्गत संचालित रेस्क्यू जंक्शन में प्रथम प्रधानमंत्री स्व. पंडित जवाहर लाल नेहरू के जन्मदिवस के अवसर पर बाल दिवस बहुत ही हर्षोल्लास से मनाया गया। इस उपलक्ष्य में यहां निःशुल्क शिक्षा एवं सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे स्लम एरिया एवं स्ट्रीट चिल्ड्रन के बीच विभिन्न प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें वस्त्र निर्माण, रंगोली निर्माण, चित्रकला एवं नृत्य प्रतियोगिता की गई। इन सभी प्रतियोगिताओं में सभी बच्चो ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था की अध्यक्षा गोपा सिन्हा ने बच्चों के साथ केक काट कर किया। उन्होंने बताया कि चाचा नेहरू बच्चों से बहुत प्यार करते थे।

    उन्हें बच्चों के साथ समय बिताना बहुत पसंद था। जिस कारण से उन्हें ‘चाचा’ कहकर संबोधित किया जाता है। उन्होंने लोगों से अपील किया कि बच्चे देश का भविष्य हैं और इनके भविष्य को गढ़ना हमारा और इस समाज का दायित्व एवं कर्तव्य है। इसलिए बच्चो का बचपन न छीनें, इनकी खुशियां इनके चहचहाने में है। इनसे बाल मजदूरी नहीं करवाएं एवं बाल विवाह के बंधन में न बांधे। इस अवसर पर आयोजित प्रतियोगिता में अव्वल बच्चों को पुरस्कृत किया गया। बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम की भी प्रस्तुति दी। इस कार्यक्रम का प्रबंधन संस्था के परियोजना निदेशक अमित कुमार ने किया तथा इस कार्यक्रम में परियोजना प्रबंधक प्रीति कुमारी, नृत्य शिक्षिका अंजली कुमारी, टीम मेंबर निशा कुमारी,मनोज कुमार,पारस नाथ, सुशील कुमार एवं सुषमा कुमारी शामिल थी।

  • मानसिक रूप से सशक्त और संवेदनशील बने रहने के लिए महिला पुलिसकर्मियों की हुई काउंसलिंग

    मानसिक रूप से सशक्त और संवेदनशील बने रहने के लिए महिला पुलिसकर्मियों की हुई काउंसलिंग

    देवब्रत मंडल

    गया में एक महिला सिपाही द्वारा खुदकुशी करने की घटना पुलिस महकमे के लिए चिंता का विषय बन गया है। आए दिन हर क्षेत्र में आत्महत्या की घटनाओं के पीछे के जो भी कारण रहे हों लेकिन मानसिक तनाव इसमें प्रमुख कारक माना जाता है। तनाव रहित होकर हर क्षेत्र में कार्य करने वाले कर्मचारियों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। इस तनाव को कैसे दूर किया जा सकता है, इसके लिए मेडीटेशन सबसे बड़ा कारगर उपाय माना गया है। ऐसे में शिविर और स्वाध्याय और गोष्ठियों के माध्यम से नई चेतना की कोशिश हर स्तर पर की जा रही है।

    गया के आरक्षी केंद्र में एक महिला सिपाही ने खुदकुशी कर ली थी। इसके बाद गया के एसएसपी आशिष भारती के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) के नेतृत्व में महिला पुलिस पदाधिकारियों द्वारा एक महत्वपूर्ण सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सेमिनार में पुलिस केंद्र में प्रतिनियुक्त सभी महिला पुलिस कर्मी सम्मिलित हुईं। सेमिनार का मुख्य उद्देश्य सभी महिला पुलिसकर्मियों की काउंसलिंग करना था, ताकि वे मानसिक रूप से सशक्त और संवेदनशील बने रहें। इस सेमिनार में महिला पुलिस कर्मियों ने अपने अनुभव साझा किए और उन्हें व्यक्तिगत व पेशेवर चुनौतियों से निपटने के लिए उपयोगी सलाह और सुझाव प्राप्त हुए। यह पहल न केवल उनके मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने में सहायक होगी बल्कि उन्हें अपने कर्तव्यों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने में भी मदद करेगी।

  • ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन का चुनाव प्रचार अभियान जारी, 4, 5 एवं 6 को मतदान

    ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन का चुनाव प्रचार अभियान जारी, 4, 5 एवं 6 को मतदान

    देवब्रत मंडल

    रेलवे में मान्यता प्राप्त करने के लिए चुनाव की तारीख जैसे जैसे नजदीक आ रही है, वैसे वैसे चुनाव प्रचार जोर पकड़ने लगी है। ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन गया शाखा द्वारा रेल कर्मचारी संपर्क अभियान के तहत माइक्रो एक्सचेंज, पानी टंकी रोड ,खरखुरा कॉलोनी गया स्थित रेल कर्मचारियों के साथ गेट मीटिंग किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में गया शाखा सचिव मुकेश सिंह ने कर्मचारियों से कहा कि आगामी दिसंबर माह के (4)चार और (5)पांच तारीख एवं 6 तारीख( रनिंग कर्मचारियों हेतु) यूनियन की मान्यता के लिए चुनाव तिथि निर्धारित की गई है जिसमें आप सभी रेल कर्मचारियों को बढ़ चढ़कर मतदान करना है और पूर्व की बातें ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन को विजय बनाना है। उन्होंने कहा आप सभी के पास कई अन्य संगठन वोट मांगने आएंगे परंतु आप सभी को जांच परख कर ईमानदार तथा कार्य करने वाला, कर्मचारियों के साथ सदैव समस्याओं का समाधान के लिए तत्पर रहने वाला यूनियन को वोट करना है। एआईआरएफ तथा ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन का इतिहास रहा है जिसमें जॉर्ज फर्नांडीज, जयप्रकाश नारायण तथा उमराव मलपुरोहित जैसे दिग्गज नेताओं ने इस यूनियन को नेतृत्व प्रदान किया है।

    आज तक का इतिहास रहा है कि ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन को छोड़कर कोई दूसरा यूनियन रेल कर्मचारियों के हित के लिए हड़ताल नहीं किया है और ना उसमें साथ दिया है। 1960, 1968 तथा 1974 के हड़ताल में ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के नेताओं ने अपनी शहादत दी है तब जाकर वर्तमान समय में कर्मचारियों को कई सुविधाएं मिल रही है। उन शहीद वीरों के कारण यूनियन का झंडा लाल है। इसलिए ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन को झंडा छाप पर वोट देकर अवश्य विजय बनावे। गेट मीटिंग को वरीय प्रशाखा अभियंता( टेलीकॉम) पंकज मित्तल ने भी संबोधित किया। कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में वोट करने की अपील की।

    इस अवसर पर गया शाखा सचिव मुकेश सिंह के अलावा उपाध्यक्ष धीरज कुमार, कोषाध्यक्ष राजेश कुमार, संगठन मंत्री संजीत कुमार, कुणाल रंजन, अजय कुमार सिंह, नीरज कुमार, सुमित कुमार, दीपक मिस्त्री, राकेश कुमार ,नित्यानंद प्रसाद, वरीय प्रशाखा अभियंता (टेलीकॉम )पंकज मित्तल, बबलू कुमार, अनिता कुमारी बरियार , मीरा कुमारी, अजीत पंडित ,प्रमोद कुमार, सुजीत कुमार, छेदीलाल गुप्ता, रामजी सिंह के अलावा बहुत सारे महिला एवं पुरुष रेलकर्मी उपस्थित थे।

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में 12,100 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास, स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी में सुधार के लिए महत्वपूर्ण कदम

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में 12,100 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास, स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी में सुधार के लिए महत्वपूर्ण कदम

    दरभंगा, 13 नवंबर 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बिहार के दरभंगा से राज्य के लिए 12,100 करोड़ रुपये की लागत से तैयार विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में स्वास्थ्य, सड़क, रेल, और गैस नेटवर्क जैसी बुनियादी सुविधाएं शामिल हैं, जो राज्य के विकास को नई दिशा देंगे।

    प्रधानमंत्री ने दरभंगा में बहुप्रतीक्षित एम्स (AIIMS) की नींव रखी, जिसे बिहार के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव लाने वाला कदम बताया गया। उन्होंने कहा कि इससे न केवल मिथिला, कोसी और तिरहुत क्षेत्रों के लोग बल्कि पश्चिम बंगाल और नेपाल के मरीज भी लाभान्वित होंगे।

    स्वास्थ्य के प्रति सरकार की समग्र दृष्टिकोण

    प्रधानमंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार की व्यापक दृष्टिकोण को रेखांकित करते हुए बताया कि स्वास्थ्य को लेकर उनकी सरकार “बीमारी से बचाव, सस्ता इलाज, छोटे शहरों में चिकित्सा सुविधाएं, और आधुनिक तकनीक का विस्तार” पर काम कर रही है। उन्होंने जानकारी दी कि देशभर में 1.5 लाख से अधिक आयुष्मान आरोग्य केंद्र खोले गए हैं, जिससे लोगों को प्रारंभिक स्तर पर स्वास्थ्य समस्याओं का पता लगाने में मदद मिलेगी।

    प्रधानमंत्री मोदी ने आयुष्मान भारत योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक मरीजों के मुफ्त इलाज का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस योजना ने गरीबों की चिकित्सा संबंधी चिंताओं को दूर किया है। इसके अलावा, 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के लिए नि:शुल्क इलाज की सुविधा भी शुरू की जा चुकी है।

    एम्स दरभंगा – बिहार के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र

    प्रधानमंत्री ने कहा कि दरभंगा में एम्स की स्थापना से राज्य के मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर में उल्लेखनीय सुधार होगा और यह स्वास्थ्य सेवाओं में एक नया अध्याय जोड़ेगा। उन्होंने बताया कि पिछले एक दशक में मेडिकल कॉलेजों की संख्या दोगुनी हो चुकी है और अगले 5 वर्षों में 75,000 नई मेडिकल सीटें जोड़ी जाएंगी। इसके साथ ही, बिहार में मेडिकल शिक्षा का विकल्प क्षेत्रीय भाषा में भी उपलब्ध कराया गया है।

    कनेक्टिविटी में सुधार के लिए सड़क और रेल परियोजनाओं का शिलान्यास

    प्रधानमंत्री ने बिहार में राष्ट्रीय राजमार्ग और रेल परियोजनाओं का शिलान्यास किया, जिसमें अररिया-गलगलिया फोर लेन सेक्शन और कई रेल सेक्शन का गेज कन्वर्जन व दोहरीकरण शामिल है। इन परियोजनाओं से बिहार की कनेक्टिविटी में सुधार होगा और राज्य में आवागमन सरल होगा।

    मखाना उत्पादकों को नई पहचान

    मखाने से बनी माला पहनाकर पीएम मोदी का स्वागत किया गया

    प्रधानमंत्री ने ‘एक जिला, एक उत्पाद’ योजना के तहत मखाना उत्पादकों को लाभ पहुंचाने की बात कही। उन्होंने जानकारी दी कि मखाना अनुसंधान केंद्र को राष्ट्रीय संस्थान का दर्जा और मखाना को जीआई टैग प्रदान किया गया है, जिससे इस क्षेत्र के किसानों को नई पहचान और बाजार में मजबूती मिलेगी।

    प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार विकास के साथ विरासत को सहेजने के लिए भी संकल्पित है। उन्होंने बिहार की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने के अपने प्रतिबद्धता का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य का विकास भारत की धरोहर के रूप में सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकताओं में से एक है।

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 नवंबर को बिहार दौरे पर, 12,100 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन और शिलान्यास

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 नवंबर को बिहार दौरे पर, 12,100 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन और शिलान्यास

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 नवंबर को बिहार के दौरे पर रहेंगे, जहाँ वह दरभंगा में 10:45 बजे लगभग 12,100 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पण करेंगे। इस दौरे में स्वास्थ्य, सड़क, रेल और ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में नई परियोजनाओं की शुरुआत की जाएगी, जो बिहार के विकास को एक नई दिशा प्रदान करेगी।

    दरभंगा में बनेगा अत्याधुनिक AIIMS, स्वास्थ्य क्षेत्र को मिलेगी मजबूती

    स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए प्रधानमंत्री दरभंगा में लगभग 1,260 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले AIIMS की नींव रखेंगे। इसमें सुपर-स्पेशलिटी अस्पताल, आयुष ब्लॉक, मेडिकल और नर्सिंग कॉलेज, नाइट शेल्टर और आवासीय सुविधाएं शामिल होंगी। यह AIIMS संस्थान बिहार और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए उत्कृष्ट स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराएगा।

    कनेक्टिविटी को बढ़ावा: नए राजमार्ग और रेल परियोजनाओं का शिलान्यास

    प्रधानमंत्री द्वारा लगभग 5,070 करोड़ रुपये की कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। NH-327E के चार लेन वाले गलगलिया-आररिया खंड का उद्घाटन किया जाएगा, जो पश्चिम बंगाल और बिहार को एक नए मार्ग से जोड़ेगा। इसके अलावा NH-322 और NH-31 पर दो रेल ओवर ब्रिज (RoB) तथा NH-110 पर बंदुगंज में एक बड़ा पुल का उद्घाटन भी होगा, जिससे बिहार में सड़क यातायात में सुधार आएगा।

    प्रधानमंत्री आठ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जिनमें रामनगर से रोसेरा, बिहार-पश्चिम बंगाल बॉर्डर से मनीहारी खंड, हाजीपुर से बछवाड़ा मार्ग सहित कई परियोजनाएं शामिल हैं। NH-327E पर रनिगंज बाईपास, और NH-333A पर कटोरिया, लाखपुरा, बांका और पंजवारा बाईपास का शिलान्यास भी किया जाएगा।

    रेलवे के क्षेत्र में बड़े सुधार, यातायात होगा आसान

    प्रधानमंत्री 1,740 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं का शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पण करेंगे। सोननगर बाईपास रेलवे लाइन के निर्माण का शिलान्यास होगा, जबकि जयनगर-लौकहा बाजार रेल खंड का गेज परिवर्तन तथा दरभंगा बाईपास रेलवे लाइन जैसी परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। इसके साथ ही, दरभंगा जंक्शन पर रेलवे ट्रैफिक को कम करने के लिए नई रेल लाइनें बनाई जाएंगी।

    सस्ती दवाइयों की सुविधा: 18 प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र का उद्घाटन

    रेलवे यात्रियों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर 18 प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों का उद्घाटन करेंगे, जहाँ यात्रियों को किफायती दवाइयाँ उपलब्ध होंगी। इससे जनरल मेडिसिन का प्रचार-प्रसार होगा और लोगों का चिकित्सा खर्च कम होगा।

    ऊर्जा और प्राकृतिक गैस क्षेत्र में नए कदम

    प्रधानमंत्री 4,020 करोड़ रुपये की लागत से पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस क्षेत्र में कई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। बिहार के दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, सीतामढ़ी और शिवहर जिलों में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क का शिलान्यास करेंगे, जिससे घरों और उद्योगों को स्वच्छ ऊर्जा की सुविधा मिलेगी। साथ ही, बरौनी रिफाइनरी में बिटुमेन निर्माण इकाई की स्थापना होगी, जिससे घरेलू बिटुमेन उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और आयात पर निर्भरता कम होगी।

    प्रधानमंत्री का यह दौरा बिहार के विकास को गति प्रदान करेगा और प्रदेश की जनता के लिए नए अवसर लेकर आएगा।

  • जरासंध जयंती समारोह में चंद्रवंशी समाज के लोगों को अधिक राजनीतिक भागीदारी का अवसर देने की उठी मांग

    जरासंध जयंती समारोह में चंद्रवंशी समाज के लोगों को अधिक राजनीतिक भागीदारी का अवसर देने की उठी मांग

    देवब्रत मंडल

    देवराम चंद्रवंशी न्यास पंचायत भवन समीर तकिया दुर्गा स्थान में मगध साम्राट जरासंध की जयंती समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ सम्राट जरासंध और माता जरा देवी की पूजा-पाठ और हवन के साथ प्रसाद वितरण किया गया। न्यास के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए और चंद्रवंशी समाज की अपेक्षाओं को लेकर अपनी बात रखी।राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता ने चंद्रवंशी समाज के लिए आरक्षण की मांग करते हुए कहा कि समाज को जननायक कर्पूरी ठाकुर के फार्मूले के तहत केंद्र सरकार कुछ जातियों को चंद्रवंशी समाज सहित ओबीसी से अलग एक विशेष आरक्षण का लाभ दिया जाना चाहिए। उनका मानना है कि समाज के लोग आर्थिक, सामाजिक और शैक्षिक रूप से पिछड़े हुए हैं और इस स्थिति में बदलाव लाने के लिए सरकारी आरक्षण आवश्यक है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के नेताओं से अपील की कि चंद्रवंशी समाज के लोगों को अधिक राजनीतिक भागीदारी का अवसर दिया जाए।
    उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि वर्तमान में चंद्रवंशी समाज का राजनीतिक प्रतिनिधित्व पूरे देश में नगण्य है और इसे संतुलित करने के लिए विधानसभा, लोकसभा, राज्यसभा तथा बिहार के निगम बोर्डों में चंद्रवंशी समाज के लोगों को नामित किया जाए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक भागीदारी के अभाव के कारण समाज को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
    समारोह में पूर्व नगर आयुक्त विजय कुमार ने भी चंद्रवंशी समाज की एकता पर जोर देते हुए समाज की प्रगति के लिए अपने विचार साझा किए और एकता पर बल दिया। इस मौके पर न्यास के सचिव गोपाल प्रसाद चंद्रवंशी, राकेश कुमार उर्फ मंटु, अखिल भारतीय चंद्रवंशी क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष पूर्व पार्षद राकेश कुमार, वार्ड पार्षद उपेंद्र प्रसाद, अरुण कुमार, संजय कुमार, कमलेश चंद्रवंशी, आकाश कुमार चंद्रवंशी ट्रस्ट के राजेंद्र प्रसाद उर्फ राहुल, राजनंदन प्रसाद गांधी, पप्पू चंद्रवंशी, दीनानाथ प्रसाद आदि उपस्थित रहे।

  • प्रशिक्षु आइएएस अधिकारियों ने किया जेपीएन सदर अस्पताल का भ्रमण, स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी योजनाओं व क्रियाकलापों को विस्तार से जाना

    प्रशिक्षु आइएएस अधिकारियों ने किया जेपीएन सदर अस्पताल का भ्रमण, स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी योजनाओं व क्रियाकलापों को विस्तार से जाना

    देवब्रत मंडल

    जिला के बीपार्ड सेंटर में प्रशिक्षण के लिए आये 24 प्रशिक्षु आइएएस अधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग की सेवाओं, योजनाओं तथा विभिन्न क्रियाकलापों को समझा। जिला पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम के निर्देश के आलोक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा सोमवार को प्रशिक्षु आएएस अधिकारियों को जेपीएन सदर अस्पताल तथा कटारी हिल रोड स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भ्रमण कराया गया। सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार की अध्यक्षता में आयोजित मीटिंग के बाद सभी आइएएस अधिकारियों ने ओपीडी, सर्जरी विभाग, पेथोलॉजी सहित अन्य विभागों का भ्रमण कर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता के विषय में जाना। इस दौरान प्रशिक्षु आइएएस अधिकारियों ने प्रसव वार्ड में सेवाओं तथा सीजेरियन तथा सामान्य प्रसव से संबंधित सेवाओं तथा परिवार नियोजन संबंधित योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

    सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि प्रशिक्षु आइएएस अधिकारियों द्वारा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में दी जाने वाली मूलभूत स्वास्थ्य सेवाओं से अवगत कराने के लिए कटारी हिल यूपीएचसी का भ्रमण कराया गया। वहां प्रशिक्षुओं ने स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित जरूरी सवाल भी पूछे। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की परिकल्पना को धरातल पर उतारे जाने पर विस्तार से जानकारी प्राप्त की। बताया गया कि शहरी क्षेत्र में पचास हजार की आबादी पर एक शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किया गया है जहां ओपीडी सहित आवश्यक जांच व गर्भवती व शिशु के टीकाकरण की व्यवस्था होती है। डीपीएम नीलेश कुमार ने बताया कि प्रशिक्षुओं के साथ स्वास्थ्य विभाग से उज्जवल कुमार, उत्तम कुमार तथा पीएसआई से अजय कुमार आदि ने स्वास्थ्य सेवाओं के विषय में जरूरी जानकारी दी।

  • यात्री सुरक्षा के मद्देनजर यात्रियों को ट्रेन में कतारबद्ध प्रवेश की व्यवस्था, छठ पूजा बाद 132 स्पेशल ट्रेनों से 37 लाख यात्रियों को गंतव्य तक पहुुंचाया गया

    यात्री सुरक्षा के मद्देनजर यात्रियों को ट्रेन में कतारबद्ध प्रवेश की व्यवस्था, छठ पूजा बाद 132 स्पेशल ट्रेनों से 37 लाख यात्रियों को गंतव्य तक पहुुंचाया गया

    भारतीय रेल द्वारा इस वर्ष दीपावली एवं छठ पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखकर उनके सुविधाजनक आवागमन के लिए रिकॉर्ड संख्या में 7724 पूजा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में पूर्व मध्य रेल के विभिन्न स्टेशनों से/के लिए पूजा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहे है । इन स्पेशल ट्रेनों के परिचालन से यात्रियों को पूजा के दौरान काफी सुविधा हुई। यात्रियों की अतिरिक्त संख्या को देखते हुये स्टेशन पर उनकी सुविधा के लिये व्यापक प्रबन्ध किये गये हैं। रेलवे सुरक्षा बल (आर.पी.एफ.) द्वारा यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से ट्रेन में प्रवेश की व्यवस्था सहित क्राउड मैनेजमेंट के लिए अतिरिक्त रेलकर्मी और रेल सुरक्षा बल के जवान को तैनात किया गया है। विभिन्न स्टेशनों पर कतिपय स्वयंसेवी संगठनों द्वारा जरूरतमंद यात्रियों को निःशुल्क अल्पाहार/भोजन दिया गया। वृद्ध एवं दिव्यांग यात्रियों को सकुशल ट्रेनों में बैठाया जा रहा है। रेलवे प्रशासन द्वारा पूजा पर्वों पर यात्रियों के सुगम आवागमन के लिये किये गये प्रबन्ध की यात्रियों द्वारा प्रशंसा की जा रही है।

    क्राउड मैनेजमेंट के तहत गया, पटना, दानापुर, राजेंद्रनगर टर्मिनल, सहरसा, मुजफ्फरपुर, दरभंगा सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों के लिए होल्डिंग एरिया बनाया गया है। जिसमें पर्याप्त बैठने की व्यवस्था के साथ उद्घोशणा प्रणाली, ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड, सीसीटीवी कैमरे, शुद्ध पेयजल इत्यादि की व्यवस्था की गई है। साथ ही ट्रेन के आवागमन की जानकारी सहज उपलब्ध हो सके इसके लिए स्टेशनों पर निरंतर उद्घोषणा की जा रही है। इसके लिए मेगा माइक भी उपयोग में लाया जा रहा है। भीड़ नियंत्रण हेतु गया सहित 63 प्रमुख स्टेशनों पर 3564 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे से रेल सुरक्षा बलों द्वारा चौबीसों घंटे गहन निगरानी की जा रही है।

    गया जंक्शन के पोस्ट प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश ने बताया कि महिला यात्रियों की सुरक्षा एवं मदद हेतु ट्रेनों एवं प्रमुख स्टेशन पर आरपीएफ की अतिरिक्त महिला कांस्टेबलों की टीम ‘‘मेरी सहेली‘‘ की तैनाती की गयी है। ‘‘मे आई हेल्प यू‘‘ सहायता बूथ चौबीसों घंटे कार्यरत है। जहां संबंधित विभाग के वरिष्ठ कर्मचारी आवश्यक जानकारी के साथ निरंतर ड्यूटी पर तैनात हैं। साथ ही चिकित्सा मदद के लिए चिकित्सा सहायता बूथ भी बनाए गए हैं।

  • रेल के एडीआरएम को बनाया गया पीठासीन अधिकारी, गया में बनाए गए तीन मतदान केंद्र, जानें कहां करेंगे मतदान

    रेल के एडीआरएम को बनाया गया पीठासीन अधिकारी, गया में बनाए गए तीन मतदान केंद्र, जानें कहां करेंगे मतदान

    रेलवे में यूनियन की मान्यता को लेकर चुनाव होना है। इस बार पूर्व मध्य रेल के पांचों रेल मंडल के एडीआरएम को पीठासीन अधिकारी बनाया गया है। जबकि इस बार छह यूनियन को चुनाव लड़ने के लिए वैधता प्रदान की गई है। मतदान की तिथि 4, 5 एवं 6 दिसंबर तय की गई है।

    यहां बनाए गए हैं मतदान केंद्र

    पूर्व मध्य रेल में पांच रेल मंडल हैं लेकिन डीडीयू मंडल अंतर्गत गया में तीन तथा रफीगंज में एक मतदान केंद्र बनाया गया है। गया में बनाए गए मतदान केंद्रों में एक एडीइएन ऑफिस, एसएस ऑफिस एवं क्रू सेल हैं। जहां रेलकर्मी अपनी सुविधानुसार 4, 5 एवं 6 दिसंबर को वोट डालने का काम कर सकते हैं। जबकि रफीगंज में एक मतदान केंद्र बनाया गया है। वहीं डीडीयू मंडल मुख्यालय में डीआरएम बिल्डिंग, एडीएमई तथा डब्ल्यूडब्ल्यूसी में मतदान केंद्र बनाया गया हैं।

    यही छह यूनियन इस बार लड़ सकते हैं चुनाव

    अबकी बार जिन छह वैध यूनियन को चुनाव में भाग लेने के लिए वैधता प्रदान की गई है, उसमें ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन(जो कि वर्तमान में मान्यताप्राप्त यूनियन है) के अलावा ईस्ट सेंट्रल रेलवे मेंस कांग्रेस, ईस्ट सेंट्रल रेलवे इम्प्लाइज यूनियन, पूर्व मध्य रेल मजदूर कांग्रेस, पूर्व मध्य रेलवे मजदूर संघ और स्वतंत्र रेलवे बहुजन कर्मचारी यूनियन के नाम शामिल हैं।

    प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी ने जारी की सूची

    पूर्व मध्य रेल के मुख्य कार्मिक अधिकारी बी. के. सिंह ने रेलवे की यूनियन मान्यता चुनाव को लेकर सोमवार को नामांकन दाखिल करने व चुनाव लड़ने वाली वैध यूनियनों के नाम की घोषणा की है। इस बार मान्यता चुनाव में छह यूनियन ही चुनाव मैदान में होंगे। प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री सिंह द्वारा जारी सूची के अनुसार पांचों रेल मंडल के एडीआरएम को चुनाव के मद्देनजर पीठासीन अधिकारी बनाया गया है।

    शाखा सचिव ने कहा- हम फिर आ रहे हैं जीतकर

    इधर, ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के गया शाखा सचिव मुकेश सिंह ने कहा कि इस बार चुनाव में भी उनकी यूनियन मान्यता प्राप्त करने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि विपक्षियों के पास कोई मुद्दा नहीं है वे सभी केवल चुनाव में नजर आते हैं लेकिन ईस्ट सेंट्रल कर्मचारी यूनियन निरंतर रेलकर्मियों की सेवा में लगी रहती है और रेलकर्मियों के हितों को लेकर बराबर संघर्षरत रहती है। इसलिए विरोधी रेलकर्मियों को केवल बरगलाने में लगे हुए हैं। जबकि रेलकर्मी सब कुछ समझ रहे हैं कि बाकी यूनियन बरसाती मेढ़क है।