Blog

  • देशभर से आए रेलवे स्टेशन मास्टर का दो दिवसीय सम्मेलन संपन्न, प्रमोद कुमार बने केंद्रीय अध्यक्ष व शरद पुरोहित सचिव

    देशभर से आए रेलवे स्टेशन मास्टर का दो दिवसीय सम्मेलन संपन्न, प्रमोद कुमार बने केंद्रीय अध्यक्ष व शरद पुरोहित सचिव

    देवब्रत मंडल

    भारतीय रेल के विभिन्न स्टेशनों से आए स्टेशन मास्टर का दो दिवसीय सम्मेलन बोधगया में संपन्न हो गया। सम्मेलन के दूसरे दिन अंतिम सत्र में लोकतांत्रिक तरीके से वोटिंग के जरिए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव कराया गया। जिसमें गया के यातायात निरीक्षक प्रमोद कुमार अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए। इनके चयन पर पूर्व मध्य रेल सहित अन्य जोन से आए स्टेशन मास्टरों ने प्रमोद कुमार को बधाई दी है।

    एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान

    बोधगया के एक होटल में चले दो दिवसीय सम्मेलन में आल इंडिया स्टेशन मास्टर एसोसिएशन के बैनर तले स्टेशन मास्टरों की समस्याओं पर खुल कर चर्चा हुई और अपने साथ हो रहे सौतेलेपन के व्यवहार को लेकर एकजुटता के साथ संघर्ष का आह्वान भी किया गया।

    करीब नौ सौ स्टेशन मास्टर सम्मेलन हुए शामिल

    सम्मेलन की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि ज्ञान की भूमि बोधगया में पहली बार राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन आयोजित किया गया। जिसमें गया जंक्शन और डीडीयू मंडल के स्टेशन मास्टरों की भूमिका सराहनीय रही। देश के विभिन्न स्टेशनों के करीब नौ सौ के आसपास स्टेशन मास्टर इस सम्मलेन में शामिल हुए।

    दिल्ली सहित भुवनेश्वर आदि सहित कई राज्यों के स्टेशनों से आए थे एसएम

    डीडीयू मंडल के परैया स्टेशन मास्टर जुगेश सिन्हा ने बताया कि दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल के अलावा सोनपुर, समस्तीपुर, धनबाद, दानापुर, मैसूर, दिल्ली, बंगलोर, हुबली, हावड़ा, आसनसोल, जोधपुर, वाराणसी, मालदा, चेन्नई, खुर्दा, खड़गपुर, भुवनेश्वर सहित कई जगहों के स्टेशन मास्टर सम्मेलन में शामिल हुए।

    दो साल का होगा नवगठित कार्यसमिति का कार्यकाल

    ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर एसोसिएशन (ऐसमा) के सम्मेलन में देश के कोने कोने से आये हुए स्टेशन मास्टर ने केंद्रीय अध्यक्ष के रूप मे गया के यातायात निरीक्षक प्रमोद कुमार और केन्द्रीय सचिव के रूप मे शरद पुरोहित को चुना। इन दोनों के नेतृत्व में गठित कार्यसमिति का कार्यकाल दो साल का होगा।

    अध्यक्ष ने कहा- सरकार के समक्ष रखूंगा एसएम के हितों का मुद्दा

    नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने कहा कि अपने दो साल के कार्यकाल में स्टेशन मास्टर के हितों के लिए सरकार से हर मांगों को पुरजोर ढंग से रखने की कोशिश करूँगाl
    राष्ट्रीय सचिव ने भी भारतीय रेल के सभी मंडलों मे स्टेशन मास्टर के हित के लिए बैठक रखने की बात की।

    इन स्टेशन मास्टरों ने अध्यक्ष व सचिव को दी बधाई

    नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं सचिव को डीडीयू मंडल के परैया स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक अंसार अहमद, जुगेश कुमार सिन्हा, नियाज अंसारी, दीपक कुमार, संतोष कुमार, समरजीत कुमार, परवेज़ आलम, ज्योति कुमार, मनोज कुमार आदि ने पूरी टीम को बधाई दी है।

  • गया के बेलागंज में वोट के लिए पैसे बांटते रंगे हाथ पकड़े गए राजद पंचायत अध्यक्ष, पुलिस ने किए 200-200 रुपये के लिफाफे जब्त

    गया के बेलागंज में वोट के लिए पैसे बांटते रंगे हाथ पकड़े गए राजद पंचायत अध्यक्ष, पुलिस ने किए 200-200 रुपये के लिफाफे जब्त

    गया। बेलागंज विधानसभा क्षेत्र के कोयरी बिगहा गांव में विधानसभा उपचुनाव के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसमें राजद के पंचायत अध्यक्ष गोविंद यादव को देर रात ग्रामीणों ने मतदाताओं को पैसे बांटते पकड़ा। बताया जा रहा है कि गोविंद यादव कथित तौर पर मतदाताओं को लुभाने के लिए 200-200 रुपये के लिफाफे बांट रहे थे। ग्रामीणों ने उनकी संदिग्ध गतिविधियों को देखकर उन्हें घेर लिया और पुलिस को सूचित किया। बेलागंज विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को उपचुनाव होना है।

    पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गोविंद यादव को हिरासत में लिया और उनके पास से 200 रुपये के कुल 20 लिफाफे जब्त किए, जिन्हें वोट खरीदने के उद्देश्य से बांटे जा रहा था। इस घटना के समय जिले के एसएसपी आशीष भारती भी बेलागंज क्षेत्र में कानून व्यवस्था का जायजा ले रहे थे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर मामले का संज्ञान लिया और जांच का आदेश दिया।

    पुलिस के अनुसार, इस घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गतिविधि के पीछे कौन लोग शामिल हैं और क्या किसी वरिष्ठ नेता का निर्देश भी इसमें शामिल है। ग्रामीणों का कहना है कि इसी तरह की गतिविधियां रात करीब 3 बजे मुसहर टोली में भी देखी गईं, जहां कथित रूप से वोटों के बदले पैसे बांटे जा रहे थे।

    चुनाव के दौरान पैसे बांटकर मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास चुनावी आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन है और इस घटना ने क्षेत्र में राजनीतिक नैतिकता पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

  • बरौनी जंक्शन पर शंटिंग मैन की मौत के मामले में रेलवे की जांच में खुलासा: गलत संकेत के कारण हुई दुर्घटना

    देवब्रत मंडल

    बेगूसराय के बरौनी जंक्शन पर हुई शंटिंग मैन अमर कुमार राउत की मौत के मामले में रेलवे की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। रेलवे द्वारा जांच के बाद प्राप्त निष्कर्ष में यह पाया गया कि दुर्घटना का कारण दो कर्मचारियों—मो. सुलेमान (कौंटावाला) और अमर कुमार के बीच समन्वय की कमी और गलत संचार था।

    जांच में सामने आया है कि 15204 लखनऊ-बरौनी एक्सप्रेस के शंटिंग के दौरान प्लेटफार्म पर भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई। सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर रेलवे अधिकारियों ने निष्कर्ष निकाला कि कौंटावाला मो. सुलेमान द्वारा गलत संकेत दिए जाने के कारण अमर कुमार राउत इंजन और बोगी के बीच फंस गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह संकेत दुर्घटना का सीधा कारण बना, क्योंकि शंटर को यह निर्देश समझने में भ्रम हो गया।

    जिम्मेदारी तय, अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी

    रेलवे की जांच रिपोर्ट में मो. सुलेमान की जिम्मेदारी को सीधे तौर पर दुर्घटना का कारक माना गया है। बरौनी जंक्शन पर कौंटावाला के रूप में तैनात मो. सुलेमान की ओर से दिए गए गलत संकेत के चलते यह हादसा हुआ। अब इस आधार पर रेलवे की ओर से अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं रोकी जा सकें।

    परिजनों में आक्रोश, स्थानीय लोगों की कड़ी प्रतिक्रिया

    मृतक अमर कुमार राउत के परिजनों ने घटना को लेकर रेलवे में सुधार की मांग की है। गौरतलब है कि अमर कुमार की शादी अगले महीने 11 दिसंबर को होने वाली थी और गांव में तैयारियां जोरों पर थीं। परिजनों का कहना है कि इस दुखद हादसे ने उनके परिवार की खुशियां छीन लीं।

    DRM का बयान

    घटना के बाद DRM विवेक भूषण सूद ने कहा था कि यह दुखद घटना की जांच की जा रही है और उन्होंने आश्वासन दिया था कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

  • तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से सेवानिवृत्त चौकीदार की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

    तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से सेवानिवृत्त चौकीदार की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

    रिपोर्ट : गौरव सिंह ,अतरी संवाददाता

    अतरी थाना क्षेत्र के डिहुरी गांव में सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान एक तेज रफ्तार कार ने सेवानिवृत्त चौकीदार हरि पासवान (डिहुरी गांव निवासी) को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना टिकुलिया मोड़ के पास हुई, जब हरि पासवान टेउसा की ओर से आ रही कार की चपेट में आ गए। टक्कर से वह बुरी तरह घायल हो गए। ग्रामीणों की सहायता से उन्हें नजदीकी निजी क्लिनिक ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

    घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने शव को टिकुलिया मोड़ पर रखकर मानपुर-टेउसा मुख्य मार्ग जाम कर दिया। परिवार ने पारिवारिक लाभ योजना के तहत मुआवजा और मृतक की पत्नी के लिए पेंशन की मांग की। सूचना मिलते ही अतरी थाना प्रभारी नीरज कुमार मौके पर पहुंचे और जाम कर रहे लोगों को उचित मुआवजा और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटाया गया।

    अतरी थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को उचित सहायता दिलाने का भरोसा दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज, गया भेजा गया है। घटना के बाद से मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

  • बेलागंज की धरती से लालू का हुंकार: ‘भाजपा को मूली की तरह उखाड़ फेंको

    बेलागंज की धरती से लालू का हुंकार: ‘भाजपा को मूली की तरह उखाड़ फेंको

    बेलागंज: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने वर्षों बाद गया जिले में जनसभा को संबोधित किया और अपने पुराने जोशीले अंदाज में जनता को भाजपा और पीएम मोदी के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। बेलागंज के पड़ाव मैदान में आयोजित इस चुनावी सभा में लालू यादव ने अपने चिरपरिचित अंदाज में कहा कि बेलागंज के लोग हमेशा फिरकापरस्त ताकतों का विरोध करते आए हैं, और अब एक बार फिर से एकजुट होकर भाजपा को “मूली की तरह उखाड़ फेंकने” का समय आ गया है।

    लालू यादव ने बेलागंज की जनता की तारीफ करते हुए कहा, “बेला के लोग अलबेला हैं, जिन्होंने हमेशा सही और गलत का निर्णय किया है। आज फिर उसी साहस और एकता का प्रदर्शन करने की जरूरत है।” अपने संबोधन के दौरान लालू यादव ने राजद उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने की अपील की और जनता से मोदी सरकार के खिलाफ उठ खड़े होने की बात कही।

    सभा के दौरान लालू यादव अपने पुराने अंदाज में भी नजर आए और बोले, “लागल लागल चुनरिया में धक्का बलम कलकत्ता घुमाए द।” उन्होंने कहा कि उनकी तबीयत भले ही खराब है, लेकिन जनता के अधिकार और न्याय के लिए लड़ाई में वह पीछे नहीं हटेंगे। सभा को पूर्व मंत्री आलोक कुमार मेहता और प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया, जिन्होंने राजद के विजन और विचारधारा को जनता तक पहुंचाने का कार्य किया।

  • नेताजी की जुबानी जंग के बीच अब इमामगंज और बेलागंज में जनता की बारी

    नेताजी की जुबानी जंग के बीच अब इमामगंज और बेलागंज में जनता की बारी

    राजद, जदयू के बीच जनसुराज की उपस्थिति बेलागंज के राजनीतिक तराजू के दोनों पलड़े को किसी एक तरफ झुकने नहीं दे रहा

    देवब्रत मंडल

    चुनाव में जुबानी जंग का परिणाम जनता तय करती है कि कौन जीतेगा और किसकी हार होगी। गया जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्र इमामगंज और बेलागंज में उपचुनाव का क्या फैसला सुनाया जाएगा ये तो 13  नवंबर को मतदान के दिन तय हो जायेगा। इस बीच सत्तापक्ष और विपक्ष के नेताओं के बीच जुबानी जंग में काफी कुछ सुनने को मिल रहे हैं। सोशल मीडिया पर एक से एक नारे, दावे और वादों के कसीदे गढ़े दिखाई दे रहे हैं।

    दोनों क्षेत्र की जनता से कहीं अधिक स्थानीय ‘नेताजी’ बेचैन नजर आ रहे हैं। बड़े नेताजी तो कह रहे हैं कि ‘मर जाएंगे लेकिन, अब नहीं…! वहीं एक नेताजी कह रहे हैं कि ‘आगे से कोई गलती नहीं होगी, इसकी गारंटी…! कोई कह रहा है कि ‘एक साल की ही तो बात है, अगले साल जब…! कोई किसी को राजनीति में बच्चा बता रहे हैं तो कोई अमन, चैन व खुशहाली  की बात…!

    बहरहाल 13 नवंबर को इन दोनों विधानसभा क्षेत्र में मतदान की तिथि तय है। जनता भी इसके लिए तैयार है। जनता नेताओं की जुबानी जंग को सुनने के लिए मजबूर है क्योंकि वे इसके आदी हो चुके हैं और नेताओं की तो यही सबसे बड़ी पूंजी है कि अपनी लोकप्रियता(सत्ता) हासिल करने के लिए कुछ भी कह सकते हैं।
    बेलागंज की धरती पर शुरू से ही समाजवादी नेताओं का ही अधिपत्य रहा है। इतिहास इसका साक्षी है लेकिन इस बार यहां चुनावी बयार कुछ दूसरी ही बहती दिखाई दे रही है।

    राजद, जदयू के बीच जनसुराज की उपस्थिति बेलागंज के राजनीतिक तराजू के दोनों पलड़े को किसी एक तरफ झुकने नहीं दे रहा है। वहीं इमामगंज चलते हैं तो देखने और सुनने को मिल रहे हैं कि ‘आखिर कब तक लोग परिवारवाद को बर्दाश्त…! तो कुछ लोग कह रहे हैं कि ‘बदलाव करने से आज क्या फायदा? अगले साल ही कुछ ऐसा होता है तो सोचेंगे! यहां हम(से.) और राजद के बीच ही सीधा मुकाबला देखा जा रहा है।

    जनसुराज की उपस्थिति यहां उतनी दमदार नहीं नजर नहीं आ रही है जितना कि बेलागंज में। ‘साख पर बट्टा’ लगने को लेकर दोनों चिंतित हैं। एक जगह पूर्व मंत्री जी तो दूसरी तरफ पूर्व मुख्यमंत्री जी साख दांव पर लगी है। इन दोनों की साख बचाने की जिम्मेवारी जनता के हाथों में है। जिनके एक एक वोट चुनावी जंग के फैसले पर मुहर लगा देगी।

  • गया में बनेगा टेक्नोलॉजी सेंटर, विकास को मिलेगा नया आयाम

    गया में बनेगा टेक्नोलॉजी सेंटर, विकास को मिलेगा नया आयाम

    गया: गया ज़िले में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय के अंतर्गत एक अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी सेंटर का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए वजीरगंज के ऐरु पंचायत में 15 एकड़ जमीन का चयन किया गया है। ज़िला पदाधिकारी गया, डॉ० त्यागराजन एसएम ने खुद स्थल का निरीक्षण कर जमीन की उपयुक्तता को परखा।

    टेक्नोलॉजी सेंटर के निर्माण से गया ज़िला ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार में विकास की गति तेज होगी। इस सेंटर में उन्नत रिसर्च सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे क्षेत्र में तकनीकी प्रगति को बढ़ावा मिलेगा। डीएम डॉ० त्यागराजन एसएम ने अधिकारियों के साथ मिलकर सड़क कनेक्टिविटी, बिजली उपलब्धता, और जल संसाधनों की व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।

    डीएम ने बताया कि इस सेंटर का उद्देश्य एमएसएमई को तकनीकी, व्यावसायिक और ऊष्मायन सहायता प्रदान करना है। इसके माध्यम से न केवल एमएसएमई की प्रतिस्पर्धात्मकता में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय युवाओं को भी रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

    निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता राजस्व परितोष कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता सदर और वजीरगंज के अंचलाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। इस टेक्नोलॉजी सेंटर के निर्माण से क्षेत्र में विकास का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है, जो गया ज़िले की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को सुदृढ़ करेगा।

  • इमामगंज से मेरा पुराना लगाव, अधूरे कार्य पूरे करेंगे: नीतीश कुमार

    इमामगंज से मेरा पुराना लगाव, अधूरे कार्य पूरे करेंगे: नीतीश कुमार

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इमामगंज के जमुना मैदान में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अब वह एनडीए गठबंधन के साथ ही रहेंगे और आगे से किसी पार्टी के बहकावे में आकर इधर-उधर नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा, “इमामगंज और गया से मेरा पुराना लगाव है। मैं गया आता-जाता रहता हूं, और यहां की जनता के लिए कई महत्वपूर्ण विकास कार्य पूरे किए गए हैं।”

    मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के सहयोग से गया और बोधगया में कॉरिडोर के निर्माण की योजना का उल्लेख किया और गया जिले में महिला आईटीआई, सभी अनुमंडलों में आईटीआई, पारा मेडिकल कॉलेज, और पॉलिटेक्निक कॉलेज के निर्माण की बात भी की। उन्होंने बताया कि 2005 में सत्ता में आने के बाद से उन्होंने राज्य में विकास कार्यों की दिशा में कई अहम कदम उठाए।

    हिंदू-मुस्लिम एकता और शांति का मुद्दा

    मुख्यमंत्री ने कहा कि 2005 से पहले बिहार की स्थिति खराब थी, और शाम होते ही लोग घरों से बाहर निकलने से कतराते थे। उन्होंने अपनी सरकार द्वारा हिंदू-मुस्लिम झगड़ों को रोकने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि “पहले, कुछ लोग मुसलमानों के वोट लेने के लिए साम्प्रदायिकता फैलाते थे, लेकिन हमने इस झगड़े को समाप्त कर आपसी भाईचारा को बढ़ावा दिया।” उन्होंने यह भी बताया कि मुसलमानों के लिए कब्रिस्तान की घेराबंदी और 60 वर्ष पुराने मंदिर के चारदिवारी का निर्माण जैसे कार्य भी किए गए।

    शिक्षा, स्वास्थ्य, और बुनियादी सुविधाओं पर जोर

    मुख्यमंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पुल और सात निश्चय योजना पार्ट 2 के तहत कई योजनाओं का आंकड़ों के साथ विस्तृत विवरण दिया। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर अब हर महीने करीब 11 हजार मरीजों का इलाज हो रहा है और उन्हें मुफ्त दवाइयां भी दी जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने जीविका योजना का भी जिक्र किया और बताया कि विश्व बैंक से लोन लेकर जीविका दीदी परियोजना को मजबूती प्रदान की गई है।

    सरकारी योजनाओं का लाभ

    मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने छात्र-छात्राओं के लिए साइकिल, पोशाक, और छात्रवृत्ति की राशि उपलब्ध कराई है ताकि शिक्षा का स्तर सुधर सके और बच्चों का भविष्य उज्जवल हो सके।

    डुमरिया से दिवाकर मिश्रा की रिपोर्ट

  • विधानसभा उपचुनाव से पहले 12 किलो गांजा बरामद, आरोपी फरार

    विधानसभा उपचुनाव से पहले 12 किलो गांजा बरामद, आरोपी फरार

    गया: विधानसभा उपचुनाव के चलते गया पुलिस अवैध मादक पदार्थों और शराब के कारोबार पर सख्त कार्रवाई कर रही है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) आशीष भारती के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मगध मेडिकल थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी में कोशडिहरा गांव से 12 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। हालांकि, आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गए।

    गुप्त सूचना से मिली सफलता:

    थानाध्यक्ष मगध मेडिकल थाना को सूचना मिली कि कोशडिहरा गांव में एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा का कारोबार कर रहा है। इस जानकारी पर तुरंत SSP को सूचित किया गया, जिन्होंने नगर पुलिस उपाधीक्षक-2 और थानाध्यक्ष मगध मेडिकल थाना को तत्काल कार्रवाई करने का आदेश दिया। इसके बाद पुलिस टीम सशस्त्र बल के साथ कोशडिहरा गांव पहुंची।

    घर से बरामद हुआ गांजा, आरोपी फरार:

    कोशडिहरा गांव में छापेमारी के दौरान पुलिस को आरोपी के घर से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया। हालांकि घर के सभी सदस्य पुलिस के आने से पहले ही फरार हो गए थे। मगध मेडिकल थाना में इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है। SSP आशीष भारती के अनुसार, उपचुनाव के दौरान जिले में अवैध मादक पदार्थों और शराब की तस्करी पर कड़ी नजर रखी जा रही है, और ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

  • गया के एरिया ऑफिसर स्व. सहाय को रेलकर्मियों ने दी श्रद्धांजलि, किया शोक व्यक्त

    गया के एरिया ऑफिसर स्व. सहाय को रेलकर्मियों ने दी श्रद्धांजलि, किया शोक व्यक्त

    गया जंक्शन के एरिया ऑफिसर कृष्णा नंदन सहाय का निधन छठ पर्व के पारण के दिन(शुक्रवार) को हो गया था। दिवंगत एरिया ऑफिसर को गया के रेलकर्मियों ने शोक सभा के माध्यम से अश्रुपूरित नयनों से श्रद्धांजलि दी। गया रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित शोकसभा की अध्यक्षता गया जंक्शन के अधीक्षक विनोद कुमार ने की। इनके अलावा ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के केंद्रीय कोषाध्यक्ष सह डीडीयू मंडल के पीएनएम प्रभारी मिथलेश कुमार ने दिवंगत एरिया ऑफिसर को श्रद्धा सुमन अर्पित किया।

    इस मौके पर गया जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार सिंह, मिथिलेश कुमार एसएस-2, मानपुर जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक दीपक कुमार, काष्ठा स्टेशन प्रबंधक बी. एन. प्रसाद, के. एन. श्रीवास्तव के अलावा विभिन्न विभागों के पर्यवेक्षक व रेलकर्मियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। बताते चलें कि पटना के फोर्ड हार्ट हॉस्पिटल में इलाज के दौरान इनका निधन हो गया था। इनके निधन की खबर मिलते ही गया जंक्शन सहित डीडीयू मंडल एवं पूर्व मध्य रेल मुख्यालय में शोक की लहर दौड़ गई थी। राजद के वरिष्ठ नेता उदय श्रीवास्तव ने एरिया ऑफिसर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।