Blog

  • राजनीति या पारिवारिक धरोहर? बिहार के नेताओं की चुनावी परंपरा

    ✍️दीपक कुमार

    बिहार की राजनीति में परिवारवाद एक ऐसी परंपरा है जिसे यहां के नेता बड़े शौक से निभाते हैं। यह परंपरा इतनी पुरानी है कि इसे छोड़ना पाप मान लिया गया है। राजनीतिक गलियारों में परिवारवाद की जड़ें इतनी गहरी हैं कि इससे उबरना नेताओं के लिए नामुमकिन सा लगता है। आखिर, जो चीज़ सालों से ‘पारिवारिक धरोहर’ की तरह चली आ रही हो, उसे अचानक कैसे छोड़ा जा सकता है?

    पुरखों की विरासत: राजनीति की बपौती

    बिहार में राजनीति का ‘धंधा’ परिवार की संपत्ति की तरह चलता है। जैसे खेत-खलिहान और दुकानें बच्चों में बांटी जाती हैं, वैसे ही यहां राजनीतिक कुर्सियां भी विरासत में मिलती हैं। राजनीति में परिवारवाद इस कदर हावी है कि अगर बिहार के किसी नेता के बच्चों या रिश्तेदारों को टिकट नहीं मिलता, तो ये उनके घर में कलह का कारण बन सकता है। आखिर, परिवार की “संपत्ति” है, तो उसका लाभ परिवारवालों को ही मिलना चाहिए!

    राजनीति: परिवार की सेवा का नया स्वरूप

    यहां के नेता तो इसे “जनता की सेवा” कहते हैं, लेकिन असल में ये “परिवार की सेवा” होती है। किसी नेता के बेटे को टिकट मिल जाए, तो इसे “राजनीति में नई पीढ़ी का आगमन” कहकर महिमामंडित किया जाता है। अगर बेटी या बहू चुनाव मैदान में उतरे, तो इसे “महिला सशक्तिकरण” का उदाहरण बताया जाता है। और अगर भतीजा, भांजा, साला या चचेरा भाई भी उम्मीदवार बन जाए, तो इसे “पारिवारिक एकता” का प्रतीक माना जाता है।

    दिव्य परिवारवाद: एक चमत्कार

    बिहार की राजनीति में परिवारवाद एक चमत्कार जैसा है। चाहे किसी पार्टी का नाम कुछ भी हो, लेकिन परिवारवाद हर जगह समान रूप से देखा जा सकता है। एनडीए हो या इंडिया गठबंधन, दोनों ही इस ‘दिव्य परंपरा’ को निभाने में पीछे नहीं रहते। राजद के नेता अपने बच्चों को टिकट देने में आगे रहते हैं, तो जदयू और हम पार्टी भी इस परंपरा को निभाने में कोई कसर नहीं छोड़ती।

    हमारे नेताओं का विश्वास है: “परिवारवाद एक ऐसी सीढ़ी है, जो राजनीति में ऊपर चढ़ने के लिए सबसे बढ़िया रास्ता है।” इसलिए, यहां हर नेता अपने वंश को आगे बढ़ाने में ही विश्वास करता है।

    जनता की प्रतिक्रिया: ‘जो है, सो है’

    अब आप सोच रहे होंगे कि जनता क्या सोचती है? जनता ने भी इसे ‘कर्म’ मान लिया है। जो है, सो है। हर चुनाव में जब वही चेहरे दिखाई देते हैं, तो जनता भी समझ जाती है कि ये नेता जनता की समस्याओं से नहीं, बल्कि परिवार की समस्याओं से ज्यादा चिंतित हैं। लेकिन फिर भी, चुनाव के समय उन्हीं ‘पारिवारिक’ चेहरों को देखकर जनता अपना वोट दे आती है।

    समाप्ति पर एक सवाल: क्या कभी बदलेगा यह परिदृश्य?

    बिहार की राजनीति में परिवारवाद का इतिहास और वर्तमान ऐसा है कि इसमें बदलाव की उम्मीद करना किसी चमत्कार से कम नहीं होगा। नेताओं की अगली पीढ़ी भी अब राजनीति में उतर रही है। कौन जाने, अगले चुनाव में कौन-सी नई बहू, बेटा, भाई या भतीजा मैदान में उतरेगा!

    परिवारवाद बिहार की राजनीति में एक ऐसा ‘अमूल्य रत्न’ है, जिसे छोड़ने का कोई इरादा नहीं दिखता। और जनता? वह तो बस यह सोचती है—”बदलाव कभी नहीं आएगा, क्योंकि यहां तो हर सीट का वारिस पहले से तय है!”

  • गया में महिला का शव कुएं से बरामद, दहेज हत्या का आरोप; तीन साल के मासूम बेटे का चौंकाने वाला खुलासा। देखें वीडियो

    गया जिले के सिंधुगढ़ थाना क्षेत्र के अजनवा गांव में एक महिला का शव कुएं से बरामद किया गया है। मृतका की पहचान अजनवा गांव निवासी अजय यादव की पत्नी रिंकू देवी (25) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मृतका के मायके वालों द्वारा पुलिस को दी गई, जिसके बाद सिंधुगढ़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

    वीडियो

    मृतका के पिता महेंद्र यादव ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि उनकी बेटी रिंकू देवी की शादी 2019 में अजनवा निवासी अजय यादव से हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले अपाचे बाइक की मांग कर रहे थे और इसको लेकर रिंकू देवी के साथ अक्सर मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी। उन्होंने यह भी बताया कि इस मुद्दे को लेकर कई बार पंचायत द्वारा समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन ससुराल पक्ष अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।

    महेंद्र यादव ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया गया है। मृतका रिंकू देवी के दो छोटे बच्चे हैं—एक तीन वर्षीय पुत्र और एक एक वर्षीय बेटी। घटना के बाद तीन वर्षीय पुत्र ने पुलिस को बताया कि “पापा ने मां को मारकर कुएं में डाल दिया।”

    सिंधुगढ़ थाना अध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और मामले की जांच में जुट गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए गया भेजा गया है, जिससे मौत के असली कारणों का पता चल सके। उन्होंने यह भी कहा कि मृतका के मायके वालों ने अभी तक लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

  • परिवारवाद से उबर नहीं पाया एनडीए और इंडिया गठबंधन, पुत्र व बहू बने उम्मीदवार

    देवब्रत मंडल

    बिहार की राजनीति में परिवारवाद और जातिवाद अब भी हावी हैं। चुनावी दौर में राजनीतिक दल इन मुद्दों का खास ध्यान रखते हुए टिकट बांटते नजर आते हैं। गया जिले के बेलागंज और इमामगंज विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) [हम] ने अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं।

    बेलागंज सीट से राजद ने जहानाबाद के सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव के पुत्र विश्वनाथ यादव को प्रत्याशी बनाया है। वहीं, इमामगंज सीट पर हम पार्टी ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन की पत्नी दीपा मांझी को उम्मीदवार घोषित किया है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने दीपा मांझी को पार्टी का सिंबल सौंपा है।

    गौरतलब है कि यह सीट खाली होने के बाद से ही रॉकी यादव के चुनाव लड़ने की अटकलें थीं, जो स्व. बिन्दी यादव के पुत्र हैं। लेकिन जदयू ने रॉकी यादव को टिकट न देकर उनकी मां मनोरमा देवी को उम्मीदवार बनाया है, जिससे यह स्पष्ट है कि जदयू भी परिवारवाद से पूरी तरह मुक्त नहीं हो सका। वहीं, इमामगंज से राजद ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी की जगह रौशन मांझी को उम्मीदवार बनाया है।

    इस बीच, जनसुराज के नेता प्रशांत किशोर ने भी दोनों विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। बेलागंज से मुस्लिम समुदाय के सेवानिवृत्त प्रोफेसर खिलाफत हुसैन और इमामगंज से चिकित्सक डॉ. जितेंद्र को उम्मीदवार घोषित कर उन्होंने राजनीति में एक नया संदेश देने की कोशिश की है।

    एनडीए और इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों की घोषणा के बाद दोनों सीटों पर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। जनसुराज की भागीदारी से इस उपचुनाव में नया संघर्ष उभरता दिख रहा है। आगामी वर्ष में बिहार विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, ऐसे में यह उपचुनाव एक प्री-टेस्ट के रूप में देखा जा रहा है।

  • समाज सेविका अंजू सिंगरौल ने आदिवासी बच्चों को जूते-चप्पल वितरित कर बिखेरी मुस्कान, कौशल्या ह्यूमैनिटी फाउंडेशन का जनसेवा अभियान जारी

    पवई, पन्ना (मध्य प्रदेश)। कौशल्या ह्यूमैनिटी फाउंडेशन (केएचएफ), जिसे केएचएफ संगठन के नाम से जाना जाता है, ने ग्राम सुनादर में जरुरतमंद आदिवासी बच्चों के बीच जूते-चप्पल वितरित किए। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना और उनकी जरूरतों को पूरा करना था। फाउंडेशन का मुख्य लक्ष्य समाज के हर जरुरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है।

    इस नेक कार्य में पन्ना जिले की जानी-मानी समाज सेविका और केएचएफ संगठन की सक्रिय सदस्य, अंजू सिंगरौल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बच्चों को जूते-चप्पल उपलब्ध कराए और उनके साथ खुशी के पल बिताए। अंजू सिंगरौल पवई की निवासी हैं और पिछले कई वर्षों से समाज सेवा में सक्रिय रूप से योगदान दे रही हैं।

    कौशल्या ह्यूमैनिटी फाउंडेशन की स्थापना अंजू सिंगरौल की छोटी बहन अर्चना सिंगरौल ने की थी। उन्होंने अपनी बड़ी बहन से प्रेरणा लेते हुए इस संगठन की नींव रखी और समाज सेवा का संकल्प लिया। अर्चना सिंगरौल न केवल बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करती हैं, बल्कि उन परिवारों को भी मदद पहुंचाती हैं, जो संसाधनों की कमी का सामना कर रहे हैं। उनका हर प्रयास समाज में एक सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में होता है, और उनकी यह सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणादायक है।

  • गया में बालू घाट पर हुई गोलीबारी और हत्या मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार और कारतूस बरामद

    गया। बुनियादगंज थाना क्षेत्र में फल्गु नदी बालू घाट के पास 16 अक्टूबर 2024 को हुई गोलीबारी में सुजय यादव की हत्या के मामले में गया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की और दोनों अभियुक्तों को एक देशी कट्टा और एक कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।

    घटना का विवरण

    पुलिस को सूचना मिली थी कि शादीपुर गांव के समीप फल्गु नदी के पास एक व्यक्ति को गोली मारी गई है, जिसके बाद अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। सूचना प्राप्त होते ही बुनियादगंज थानाध्यक्ष और अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वादी के बयान के आधार पर बुनियादगंज थाना कांड संख्या 256/24 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

    पुलिस की कार्रवाई

    वरीय पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वजीरगंज, बुनियादगंज और मुफ्फसिल थानाध्यक्ष सहित तकनीकी शाखा गया के पुलिस अधिकारी और FSL की टीम को शामिल किया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्वयं बुनियादगंज थाना पहुँचकर मामले की समीक्षा की और विशेष टीम को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

    अभियुक्तों की गिरफ्तारी

    तकनीकी अनुसंधान और आसूचना संकलन के बाद, पुलिस ने गौतम सिंह (पिता- अजित सिंह, निवासी- नगरयांमा, थाना खिजरसराय, जिला गया) को गिरफ्तार किया। इसके बाद, अभियुक्त की निशानदेही पर पटना के हाईकोर्ट गेट नंबर-04 के पास से दूसरे अभियुक्त पन्नु उर्फ सौरभ कुमार (पिता- स्वर्गीय नरेश सिंह, निवासी- शादीपुर, थाना बुनियादगंज) को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त पन्नु की निशानदेही पर पुलिस ने फल्गु नदी के किनारे झाड़ियों से एक देशी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया।

    अभियुक्तों का अपराधिक इतिहास

    गौतम सिंह और पन्नु उर्फ सौरभ कुमार दोनों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गौतम सिंह पर खिजरसराय थाना में कांड संख्या 149/22 के तहत मामला दर्ज है, जबकि पन्नु पर खिजरसराय और बुनियादगंज थानों में कई गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं, जिसमें आर्म्स एक्ट और एससी/एसटी एक्ट भी शामिल हैं। गया पुलिस अन्य संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। वरीय पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मामले का पूर्ण उद्भेदन कर लिया जाएगा।

  • Magadhlive की खबर पर प्रशांत किशोर ने लगाई मुहर, बेलागंज से प्रो. खिलाफत हुसैन होंगे प्रत्याशी, इमामगंज से डॉ. जितेंद्र

    देवब्रत मंडल

    बिहार में चार सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर जनसुराज ने गया जिले के दोनों विधानसभा चुनाव क्षेत्र से अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। जनसुराज के सर्वमान्य नेता प्रशांत किशोर ने शुक्रवार को इसकी घोषणा कर magadhlive की खबर पर मुहर लगा दी है। इस उपचुनाव में बेलागंज विधानसभा चुनाव क्षेत्र से रिटायर्ड प्रोफेसर खिलाफत हुसैन प्रत्याशी होंगे।
    इस उपचुनाव को लेकर जनसुराज के नेता प्रशांत किशोर और उनकी पार्टी काफी सक्रिय है।

    जन सुराज ने गया में बेलागंज और इमामगंज(सुरक्षित) सीट से प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया है। बेलागंज से प्रो. खिलाफत हुसैन और इमामगंज से डॉ. जितेंद्र पासवान के नाम का ऐलान कर दिया गया है। मालूम हो कि प्रोफेसर खिलाफत हुसैन गया के मिर्जा गालिब कॉलेज में 2002-2017 तक गणित के विभागाध्यक्ष रह चुके हैं। जबकि डॉ. जितेंद्र पासवान एक शिशु रोग विशेषज्ञ हैं। बता दें कि श्री हुसैन गया जिले के चाकन्द के अमडाहा पंचायत के चतारघाट गांव के रहने वाले हैं।

    गुरुवार को प्रत्याशी के नाम की घोषणा के वक्त हंगामा हुआ था तो अंतिम रूप से आधिकारिक तौर पर खिलाफत हुसैन के नाम की घोषणा नहीं हो सकी थी लेकिन magadhlive ने अंदर के तहखाने से रिपोर्ट बनाई थी कि बेलागंज से प्रो खिलाफत हुसैन प्रत्याशी होंगे।

    कई मीडिया हाउस, जनसुराज और राजनीतिक दल से जुड़े लोगों के फोन magadhlive को आने लगे थे कि आखिर यह कैसे खबर हाथ लगी कि खिलाफत हुसैन ही बेलागंज से उम्मीदवार घोषित किए गए हैं लेकिन शुक्रवार को इसकी आधिकारिक घोषणा ने हमारी खबर पर मुहर लगाकर magadhlive के न्यूज़ की विश्वसनीयता को और मजबूत कर दिया है।

  • ब्रेकिंग न्यूज:पहाड़पुर स्टेशन के पास ट्रेन से गिरकर यात्री की मौत, शव की पहचान अब तक अज्ञात

    गया। गया-कोडरमा रेलखंड के पहाड़पुर स्टेशन के नजदीक एक यात्री की ट्रेन से गिरकर मौत हो जाने की दुखद घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शव अप लाइन पर 436/19-21 के बीच पाया गया। शव देखने के बाद तुरंत इसकी सूचना कोडरमा आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार को दी गई।

    निरीक्षक दीपक कुमार ने गया रेल थाना को इस घटना की जानकारी दी और ट्रेन परिचालन में कोई बाधा न हो, इसके लिए शव को रेल पटरी से हटवाया। उन्होंने बताया कि फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन शुरुआती जांच में यह प्रतीत होता है कि यात्री किसी ट्रेन से गिरा है। जिसके कारण उसकी मौत हुई है। रेलवे प्रशासन द्वारा इस घटना की विस्तृत जांच की जा रही है, और मृतक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

  • गया के हिच्छापुर गांव में एक साथ पहुंचा पांच लोगों के शव, परिजनों के साथ ग्रामीणों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहा

    रिपोर्ट – महताब अंसारी , कोंच संवाददाता

    [short-code2]

    कोंच। ईंट भट्ठा पर कार्य करने को लेकर जा रहे मजदूर के शव गांव पहूचते ही पंचायत व आसपास के सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घर पर शव आते ही परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। मालूम हो कि उतर प्रदेश के मथुरा से अपने गंतव्य स्थान पर जाने के लिए कोंच के हिच्छापुर महादलित टोला के मजदूरों ने एक पीकअप वैन पर सवार होकर गुरूवार की अहले सुबह निकले थे। जिसमें दर्जनों महिला पुरूष मजदूर अपने बच्चों के साथ ईट भट्ठा पर काम करने के लिए चले थे। रास्ते में वाहन अचानक एक बिजली के खम्भा से जा टकराया। बिजली के खम्भा से टकराने से 11 kv के तार टूटकर वाहन से जा टकराया। जिससे वाहन में बिजली की करंट का झटका लगा। करंट के झटके से बचने के लिए मजदूरों ने वाहन से कुदना शुरू कर दिया था। जिससे ड्राइवर बिजली के झटके से बचने के लिए पीकअप वैन को पीछे की ओर घुमाया। जिससे वाहन से कूद रहे हिच्छापुर महादलित टोला के सोखेन्द्र मांझी के 30 वर्षीय पत्नी गौरी देवी, पांच वर्षीय पूत्री कोमल कुमारी, प्रेम मांझी के 30 वर्षीय पत्नी कुंती देवी, पूत्री प्रियंका कुमारी 6 वर्ष इसके अलावा परैया थाना क्षेत्र के उपरहुली गांव के मानो कुमारी वाहन की चपेट में आ गए और इन सभी की मौत घटना स्थल पर ही हो गई थी। वहीं, अनिता देवी व पूत्र गगन कुमार, प्रेम मांझी, सोखेन्द्र मांझी समेत आधा दर्जन मजदूरों की भी चोटें आईं और गगन कुमार के दाहीना जांघ की हड्डी टूट गई।

    [short-code3]

    [short-code1]

    उत्तर प्रदेश के मथुरा से शवों को शुक्रवार को गांव लाया गया। शव आते ही इलाके में यह खबर आग की तरह फैल गई। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों की भीड़ जुट गई। लॉ एंड आर्डर को देखने के लिए पुलिस प्रशासन समेत प्रखण्ड विकास पदाधिकारी विपुल भारद्वाज, अंचल अधिकारी मुकेश कुमार , थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह कैंप कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री सह वर्तमान विधायक डा. अनिल कुमार, पैक्स अध्यक्ष अनिल वर्मा, जिला पार्षद प्रतिनिधि सत्येन्द्र प्रजापति, मोहन यादव, मुखिया राम निवास प्रसाद समेत अन्य लोगों ने परिजनों को सांत्वना दी। देर शाम हिच्छापुर गांव के ही शमशान घाट पर चार लोगों का अंतिम संस्कार हुआ। सभी की आंखें नम थी। गांव में पहली बार एकसाथ इतने लोगों का एकसाथ शव देख कर ग्रामीणों के आंसू थम नहीं रहे थे। मुखिया द्वारा कबीर अन्तयेष्टी के तहत तीन-तीन हजार रूपये परिजनों को दिया गया है। शोक और पीड़ा से घिरे हिच्छापुर के लोगों के लिए ये हादसा ऐसी त्रासदी है, जिसने उनके कई परिवारों की खुशियां छीन ली।

  • ब्रेकिंग न्यूज: बेलागंज से जन सुराज पार्टी ने प्रो. खिलाफत हुसैन को बनाया उम्मीदवार, प्रशांत किशोर ने जन संवाद कार्यक्रम में की घोषणा

    रिपोर्ट – अजीत कुमार ,बेलागंज

    बेलागंज के रिसौद स्थित शिविर में जन सुराज पार्टी के जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बेलागंज विधानसभा क्षेत्र से पार्टी उम्मीदवार की घोषणा की गई। जन संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

    [short-code1]

    पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जन सुराज पार्टी में टिकट का कोई खरीद-फरोख्त नहीं होता। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पार्टी गरीब से गरीब उम्मीदवार को भी अपनी ओर से चुनाव लड़ने का पूरा समर्थन देगी। प्रशांत किशोर ने कहा, “हमारे मकसद की सफलता तभी है जब हर व्यक्ति की आवाज़ सत्ता में सुनी जाए।”

    [short-code2]

    जन संवाद के दौरान विचार-विमर्श के बाद प्रशांत किशोर ने प्रो. खिलाफत हुसैन को बेलागंज विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया। इस मौके पर पार्टी अध्यक्ष मनोज भारती, मोहम्मद अमजद और कई अन्य प्रमुख नेता भी मौजूद थे। क्षेत्र के लोगों ने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाग लिया और उम्मीदवार के चयन पर समर्थन जताया।

    कार्यक्रम में प्रशांत किशोर के इस स्पष्ट और सशक्त संदेश ने जनता में एक नई उम्मीद और उत्साह पैदा किया। जन सुराज पार्टी का यह आयोजन क्षेत्र में लोकतंत्र और पारदर्शिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

    [Related-Posts]

  • रतन टाटा: सादगी, नैतिकता और साहस की मिसाल अब हमारे बीच नहीं रहे

    रतन टाटा: सादगी, नैतिकता और साहस की मिसाल अब हमारे बीच नहीं रहे

    आज देश ने एक महान और प्रेरणादायक उद्योगपति को खो दिया। 86 वर्ष की आयु में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में रतन टाटा ने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। टाटा समूह के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए कहा, “रतन नवल टाटा को बहुत गहरे दुख के साथ विदाई दे रहे हैं। वे वास्तव में असाधारण शख्सियत थे।” महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घोषणा की कि रतन टाटा का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा, और उनके पार्थिव शरीर को लोगों के अंतिम दर्शन के लिए दक्षिण मुंबई स्थित राष्ट्रीय कला प्रदर्शन केंद्र (एनसीपीए) में रखा जाएगा।

    एक अद्वितीय व्यक्तित्व: सादगी और नैतिकता के प्रतीक

    रतन टाटा को कॉर्पोरेट जगत में एक ‘धर्मनिरपेक्ष जीवित संत’ कहा जाता था। उनकी सादगी और विनम्रता ने उन्हें न केवल एक महान उद्योगपति के रूप में, बल्कि एक आदर्श व्यक्ति के रूप में भी स्थापित किया। दुनिया के सबसे प्रभावशाली उद्योगपतियों में से एक होने के बावजूद, उन्होंने कभी भी अपने आपको फोर्ब्स या टाइम जैसी अरबपतियों की सूची में शामिल नहीं किया। यह उनके स्वाभाविक रूप से सादगीपूर्ण जीवन का उदाहरण था।

    टाटा की नेतृत्व क्षमता और नैतिक दृष्टिकोण ने टाटा समूह को दुनिया के 100 से अधिक देशों में फैलाया, लेकिन उनके दिल में हमेशा आम आदमी के लिए चिंता और दया थी। 1991 में अपने चाचा जेआरडी टाटा से टाटा समूह की कमान संभालने के बाद, उन्होंने अपने नेतृत्व में टाटा समूह को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। टाटा नैनो और टाटा स्टील का अधिग्रहण उनके दूरदर्शी नेतृत्व के प्रमुख उदाहरण हैं।

    रतन टाटा का समाज के प्रति योगदान

    तन टाटा न केवल एक सफल उद्योगपति थे, बल्कि एक बड़े सामाजिक कार्यकर्ता भी थे। उन्होंने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा सामाजिक कार्यों और जनकल्याण में लगाया। टाटा ट्रस्ट्स के माध्यम से उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवाओं में अभूतपूर्व योगदान दिया। उनके नेतृत्व में स्थापित मुंबई का टाटा ट्रस्ट्स स्मॉल एनिमल हॉस्पिटल जानवरों के प्रति उनकी करुणा का जीता जागता उदाहरण है।

    प्रेरणास्रोत और साहस की मिसाल

    रतन टाटा का जीवन साहस और प्रेरणा का प्रतीक था। 73 वर्ष की आयु में बेंगलुरू में आयोजित एयर शो में उन्होंने एफ-17 लड़ाकू विमान की कॉकपिट में बैठकर उड़ान भरी थी। यह उनकी दृढ़ता और जज्बे का प्रतीक था, जिसे आज भी याद किया जाता है। उनकी इस उड़ान ने न केवल देशवासियों को प्रेरित किया बल्कि यह दर्शाया कि उम्र कभी भी सपनों की उड़ान को नहीं रोक सकती।

    दुनिया भर से श्रद्धांजलियां

    रतन टाटा के निधन पर देश और दुनिया भर से शोक संवेदनाएं प्रकट की गईं। गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने कहा, “रतन टाटा एक असाधारण व्यवसाय और परोपकारी विरासत छोड़ गए हैं। उन्होंने हमेशा भारत के विकास के प्रति गहरी चिंता जताई।” पेटा इंडिया ने भी टाटा की जानवरों के प्रति करुणा को याद किया और कहा कि “रतन टाटा की दया और करुणा हमेशा जीवित रहेगी।”

    एक ऐसा रत्न जो सदियों में जन्मता है

    रतन टाटा एक ऐसे व्यक्ति थे जिन्हें अगर अद्वितीय कहा जाए, तो यह कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। उन्होंने अपनी सादगी, निष्ठा और दृढ़ता से न केवल उद्योग जगत, बल्कि समाज को भी प्रभावित किया। उनके निधन के साथ ही एक युग का अंत हो गया, लेकिन उनके आदर्श और उनके द्वारा किए गए काम सदियों तक प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे।

    रतन टाटा के जाने से भारत ने न केवल एक महान उद्योगपति खो दिया, बल्कि एक ऐसा व्यक्तित्व भी खोया है जिसने समाज के हर वर्ग के लिए काम किया और हमेशा लोगों के दिलों में अमर रहेंगे।