फतेहपुर: नगर पंचायत फतेहपुर के महूरटोला और अंदर बाजार की दो प्रतिभाशाली छात्राओं ने इंटर कला की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। महूरटोला की ईशा कुमारी ने 462 अंक प्राप्त कर जिला में तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि अंदर बाजार की दिव्या कुमारी ने 461 अंक के साथ चौथा स्थान प्राप्त किया।
ईशा के पिता, जो साप्ताहिक हाट बाजार में कपड़ा की दुकान लगाते हैं, ने अपनी बेटी की शिक्षा में कोई कमी नहीं आने दी। वहीं दिव्या ने अपने मौसा वीरू सिंह के घर में रहकर पढ़ाई की, जो एक टेंपू चालक हैं और अपने बच्चों की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए टेंपो चलाकर पैसों का इंतजाम करते हैं।
दोनों छात्राओं ने +2 प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय में अपनी पढ़ाई पूरी की और उनका सपना है कि वे प्रशासनिक अधिकारी बनकर समाज की सेवा करें। दिव्या ने अपनी सफलता का श्रेय अपने मौसा, मौसेरे भाई और अमित वर्मा सर को दिया है।
इन दोनों छात्राओं की सफलता ने न केवल उनके परिवारों को गर्वित किया है, बल्कि पूरे जिले के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है। उनकी कठिनाइयों और संघर्षों की कहानी अन्य छात्रों के लिए एक उदाहरण है कि कैसे दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से सपनों को साकार किया जा सकता है।
गया : लोकसभा चुनाव एवं होली पर्व को लेकर गया पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद दिख रही है। लेकिन शराब तस्कर भी शराब की तस्करी से बाज नहीं आ रही है। शुक्रवार को गया जिले के सिंधूगढ़ थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए, झारखंड से आ रही एक बड़ी खेप को जब्त किया है। थाना क्षेत्र के रामचक मोड़ के समीप से एक स्कार्पियो वाहन को रोककर उसमें से कुल 70.92 लीटर अंग्रेजी शराब के 8 कार्टून बरामद किए गए।
थाना अध्यक्ष गौतम कुमार के अनुसार, यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई थी। उन्होंने बताया कि जब्त की गई शराब झारखंड से लाई जा रही थी। पुलिस ने मौके से एक शराब तस्कर को भी गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान दीपक चौधरी के रूप में हुई है। वह गया के बेलागंज थाना क्षेत्र के बेलाडीह गांव का निवासी है।
इस घटना के बाद, पुलिस ने शराब तस्कर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई बिहार में शराबबंदी के कानून के प्रति पुलिस की सख्ती और अपराध के खिलाफ उनकी निरंतर लड़ाई को दर्शाती है। सिंधूगढ़ थाना पुलिस की इस सफलता से अन्य अपराधियों को भी एक स्पष्ट संदेश जाता है कि कानून का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गया जिला पदाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम के निर्देश पर 22.03.2024 को डोभी चेकपोस्ट के परिसर में उत्पाद विभाग एवं जिला पुलिस विभाग द्वारा जब्त भारी मात्रा में शराब का विनष्टीकरण का कार्य किया गया। इसमें करीब 12,700 लीटर विदेशी शराब, करीब 2250 लीटर चुलाई शराब तथा 5000 किग्रा महुआ फूल को जेसीबी मशीन से विनष्ट किया गया है। जिसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपए से अधिक है। इस मौके पर उत्पाद विभाग के पदाधिकारी और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी मौजूद थे। विनष्ट कर दी गई शराब जिले के विभिन्न थाना एवं उत्पाद विभाग द्वारा जब्त की गई थी। जिला पदाधिकारी ने लोकसभा चुनाव एवं होली पर्व के मद्देनजर अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई जारी रखते हुए सघन छापेमारी करने का निर्देश दिया है।
गया जंक्शन का विकास कार्य द्रुत गति से जारी है। करोड़ो रूपये की योजना है। गया जंक्शन के विकास कार्यों में संवेदक यानी संबंधित ऐजेंसी द्वारा यहां यात्री शेड भी हटाए जा रहे हैं। कई प्लेटफॉर्म पर हटा लिए गए शेड की वजह से यात्रियों को ट्रेन की प्रतीक्षा के दौरान धूप और बारिश(पिछले दिनों हुई) की वजह से परेशान होते देखा जा रहा है। देशी विदेशी पर्यटकों का यहां निरंतर आगमन होता रहता है। ऐसे में किसी को ‘नेचुरल कॉल’ की आवश्यकता महसूस होती है उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष कर महिला यात्रियों के लिए स्थिति विकट हो जाती है। इस संबंध में जब कुछ महिला यात्रियों से बातचीत की गई तो इनका कहना है कि मर्दों का तो काम चल जाता है, हम महिलाएं क्या करें।
इस संबंध में यात्रियों और रेलवे की संपत्ति की सुरक्षा से जुड़े विभाग के एक पदाधिकारी, यात्री सुविधाओं से जुड़े पदाधिकारी “ऑफ द रिकॉर्ड” कहते हैं कि महिला यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत इसका इंतजाम तो किया जाना निहायत जरूरी होता है। बताते हैं कि महिला यात्रियों को इस परिस्थिति में किस प्रकार की मुश्किलें झेलनी पड़ती है इसके बारे में कहना उचित नहीं।
एक और समस्याओं से रूबरू हो रहे पटना के एक यात्री रंजेश ने बताया कि पूछताछ कार्यालय से ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की सूचनाएं तो प्रसारित की जाती है लेकिन बदली हुई व्यवस्था के बारे में कोई उद्घोषणा नहीं की जाती है। इसके लिए भी व्यवस्था जरूरी है।
गया। रंगोत्सव होली के मद्देनज़र गौतम बुद्ध महिला कॉलेज में छात्राओं ने एक-दूसरे को रंग-अबीर लगाकर होली मनायी। कक्षा इंग्लिश मेजर, सेमेस्टर टू की छात्रा निकिता केसरी, अन्या, तान्या, हर्षिता मिश्रा एवं स्तुति भारद्वाज ने अंग्रेजी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर्स डॉ कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी एवं डॉ पूजा को अबीर लगाकर आशीर्वाद लिया। मौके पर उपस्थित संगीत विभागाध्यक्ष डॉ नूतन कुमारी एवं रसायनशास्त्र विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ बनीता कुमारी को भी छात्राओं ने अबीर लगाकर शुभकामनाएं लीं।
अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ रश्मि ने छात्राओं को होली के रंगों की तरह ही आपस में सदैव मिलजुलकर रहने कहा, जिससे जीवन में सरसता, सामन्जस्य तथा खुशियाँ बनी रहें। उन्होंने होली को बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देने वाला पर्व बताते हुए छात्राओं से मन में सद्भाव तथा सद्विचारों के रंग भरने की बात कही। वहीं, डॉ नूतन ने छात्राओं को होली में कृत्रिम रंगों के स्थान पर प्राकृतिक रंगों का प्रयोग करने की सलाह दी। डॉ पूजा और डॉ बनीता ने छात्राओं को प्रसन्न तथा सावधानी के साथ होली मनाने कहा।
हाल ही में रेलवे सुरक्षा बल के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त द्वारा पुरस्कृत गया जंक्शन के आरपीएफ़ के इंस्पेक्टर पोस्ट प्रभारी अजय प्रकाश के नेतृत्व में कार्य कर रही टीम ने कालका मेल ट्रेन में एक यात्री के छूट गए लैपटॉप एवं अन्य सामान गया जंक्शन पर बरामद कर उसे सुपुर्द कर दिया। इसके लिए यात्री ने पोस्ट प्रभारी एवं उनकी टीम तथा आरपीएफ़ का आभार व्यक्त किया है। आरपीएफ़ के पोस्ट प्रभारी अजय प्रकाश ने बताया कि ज्योहिं रेल मदद के माध्यम से उन्हें सूचना मिली तो यात्री के छूट गए सामान की बरामदगी के लिए टीम को लगाया गया। उन्होंने बताया रेल मदद में दिए गए शिकायतकर्ता के मोबाइल नंबर पर संपर्क स्थापित करते हुए घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की तो उनके द्वारा बताया गया कि मैं अंकित कुमार बोल रहा हूं तथा उनकी यात्रा हावड़ा से कोडरमा तक गाड़ी संख्या 12311 में थी। जब वे कोडरमा स्टेशन पर उतरा तो उनका एक लाल काले रंग का बैग जिसमें एक लैपटॉप था छूट गया है। ट्रेन कोडरमा स्टेशन छोड़ चुकी थी। उक्त गाड़ी के गया जंक्शन आने पर यात्री द्वारा बताए गए अनुसार कोच नंबर S10 सीट नंबर सीट 61 पर बैग को खोजा गया। वहां पर उपस्थित यात्रियों द्वारा बताया गया कि कोच नंबर S-7 में टीटीई को दिया गया है। तत्पश्चात कोच नंबर S-7 के टीटीई बलराम सिंह से यात्री का छूटा हुआ बैग जिसमें लैपटॉप को प्राप्त कर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गया पर रखा गया। इसके बाद यात्री को अपना लैपटॉप एवं बैग ले जाने की सूचना दी गई। इसके बाद 8:00 बजे उपरोक्त रेल मदद का शिकायतकर्ता अंकित कुमार पिता नरेंद्र कुमार गांव डीही थाना अकबरपुर जिला नवादा बिहार रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गया पर उपस्थित होकर अपने पिट्ठू बैग लाल काला रंग जिसमें एक अदद लैपटॉप डेल कंपनी का, पुराने इस्तेमाल कपड़े, चार्जर एवं अन्य सामान पर्स जिसमें आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, नगद 460 रुपए ट्रिमर एवं नए पुराने कपड़े सभी सामान को सही सलामत चेक करते हुए सुपुर्द किया गया। जिसका अनुमानित कीमत 74860 रुपए आँका गया है।
गया जंक्शन पर बुधवार को एक बड़ा हादसा होने से बच गया। यदि यात्रियों द्वारा इसकी सूचना समय से स्टेशन प्रबंधक और संबंधित विभाग तक नहीं पहुंचती तो कई लोग बिजली की करंट की चपेट में आ जाते। चूंकि यह घटना किसकी लापरवाही का परिणाम है ये तो जांच का विषय है दरअसल बुधवार को मेघ गर्जन के साथ बारिश हो रही थी। उसी वक्त गया जंक्शन के फुट ओवरब्रिज के लोहे के पास विद्युत तार से चिनगारी उठने लगी। यानी करंट लगने का खतरा उत्पन्न हो गया। जितने भी यात्री इस ओवरब्रिज से आना जाना कर रहे थे उनमें अफरा तफरी कायम हो गया। कुछ लोग जो बिजली के तार से निकल रही चिंगारी को अन्य यात्रियों को सचेत करने लगे तो कुछ लोग इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिए। खबर स्टेशन प्रबंधक तक पहुंची तो उन्होंने बिजली विभाग को तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद करने का आदेश दिया और बिजली काट दी गई।
स्टेशन पर दोपहर के बाद हुई तेज बारिश के दौरान बिजली के तार से उठने वाली चिंगारी के दौरान कई यात्री ट्रेन पकड़ने के लिए सीढ़ियों के रास्ते से गुजर रहे थे जो काफी डर गए। हालांकि करंट सीढियो में लगे लोहे से संपर्क में नहीं आया, जिस कारण एक बड़ा हादसा होने से टल गया। गया जंक्शन से बहरी परिसर से प्लेटफार्म की ओर जाने वाली सीढ़ियों के पास से बिजली का एक नंगा तार गुजर रहा था जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। तेज बारिश और तेज हवाओं के कारण नंगे तार से चिंगारी निकल रही थी जिसके कारण यात्री भी डर गए थे। हालांकि यात्रियों को बचाने के लिए अन्य यात्री भी बचाने में जुटे हुए थे और लोगों को सचेत रहने का भी इशारा कर रहे थे। यात्रियों के द्वारा इसकी सूचना तुरंत स्टेशन प्रबंधक को दिया गया जिसके बाद बिजली विभाग से संपर्क कर लाइन को काटा गया, हालांकि वहां पर मौजूद रहे कुछ यात्रियों ने इसका वीडियो भी बना लिया। हालांकि इस तरह की लापरवाही किस स्तर से हुई है जिसकी जांच की जा रही है।2⅖
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए जहां बिहार में नामांकन का दौर शुरू हो चुका है तो पार्टियों के नेताओं की आकांक्षाएं उपेक्षा और अपेक्षा अब टिकट पर जाकर टिकने लगी है। एक ओर जाप के सर्वेसर्वा पप्पू यादव ने अपनी पार्टी का कांग्रेस में ही विलय कर दिया है तो कई लोग पाला बदलने के लिए तैयार हैं। ऐसे में गया जिला के जदयू अध्यक्ष पूर्व विधायक अभय कुशवाहा का इस्तीफा देना और राजद के साथ फिर हाथ मिला लेने की बात जदयू के लिए गले की हड्डी साबित हो सकती है तो इंडी गठबंधन के लिए फायदेमंद। जदयू जिलाध्यक्ष पूर्व विधायक अभय कुशवाहा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे के साथ ही कुशवाहा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कार्यकर्ताओं को सम्मान नहीं देने का भी आरोप लगा रहे हैं। यह बात खुद जदयू जिलाध्यक्ष सह टिकारी के पूर्व विधायक अभय कुशवाहा कह रहे हैं। कुशवाहा ने कहा कि पार्टी में कार्यकताओं को मान-सम्मान नहीं दिया जाता है। इनका आरोप है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने के लिए वे कई बार अर्जी लगाए लेकिन उन्हें मिलने नहीं दिया गया। स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे पूर्व विधायक अभय कुशवाहा ने कहा कि ऐसे में पार्टी में रहना उचित नहीं था। उन्होंने कहा कि जहां से (जिस दल के साथ) राजनीति की शुरुआत की थी, फिर वापस वहीं(राजद) में जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही राजद में शामिल होने वाले हैं। उन्होंने राजद के टिकट पर औरंगाबाद सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि यदि इंडी गठबंधन औरंगाबाद सीट से उन्हें उम्मीदवार घोषित करता है तो वे चुनाव जरूर लड़ेंगे और एनडीए के उम्मीदवार को पराजित करेंगे। बता दें कि औरंगाबाद संसदीय क्षेत्र से एनडीए ने भाजपा सांसद सुशील कुमार सिंह को यहां से उम्मीदवार घोषित किया है।
पहली बार जदयू के टिकट पर विधायक बने थे
अभय कुशवाहा गया जिला जदयू अध्यक्ष थे। जिस वक्त राजद से नाता तोड़ दिए थे तो टिकारी विधानसभा क्षेत्र से जदयू के टिकट पर चुनाव लड़े और विधायक बन गए। इन्होंने वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव में हम(से.) के उम्मीदवार पूर्व मंत्री डॉ. अनिल कुमार को मात देकर जीत दर्ज कर जदयू का कद ऊंचा किया था।
अपने राजनीतिक ‘गुरु’ के सामने ही चुनाव मैदान में खड़े हो गए थे
राजनीतिक से जुड़े लोग बताते हैं कि 2020 में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में तो वे सीधे अपने राजनीतिक ‘गुरू’ डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव को ही अपने तरकश के ‘तीर’ से घायल करने उनके सामने ‘राजनीति के कुरुक्षेत्र के मैदान’ में सामने जा खड़े हो गए थे लेकिन ‘गुरूजी’ के ‘लालटेन’ की रोशनी के आगे तीर नहीं टिक पाया और चुनाव के मैदान में अभय कुशवाहा को हार का मुंह देखना पड़ा। राजद के डॉ. सुरेन्द्र प्रसाद यादव ने इन्हें मात दे दी।
2010 में राजद छोड़कर जदयू का दामन थाम लिया था
मालूम हो कि टिकारी विस के पूर्व विधायक सह गया जिला जदयू जिलाध्यक्ष अभय कुशवाहा 2010 में बेलागंज विधानसभा क्षेत्र आयोजित मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की एक सभा में राजद के युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष पद से इस्तीफा देते हुए जदयू का दामन थामा था। 2020 में बेलागंज विधानसभा क्षेत्र से जदयू से दुबारा चुनाव लड़े थे लेकिन जीत का स्वाद चख नहीं सके।
गया शहरी विस क्षेत्र से भी भाग्य आजमा चुके थे
पूर्व विधायक अभय कुशवाहा ने अपना राजनैतिक सफर साल 2000 से शुरू की थी। साल 2000 में गया शहरी विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भाग्य आजमाया था लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया। इसके बाद 2005 में गया जिले के नगर प्रखंड के कुजापी पंचायत से मुखिया का चुनाव लड़े और निर्वाचित हुए। जिस वक्त मुखिया चुने गए थे तो उस वक्त युवा राजद के नेता थे।
गया जिला में भारतीय जनता पार्टी को फर्श से अर्श तक पहुंचाने में अपना सबकुछ न्योछावर कर देने वाले एक सच्चे सिपाही रमेश चंद्रवंशी का निधन हो गया। जिस वक्त गया शहरी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की नींव रखी गई थी, उस वक्त से लेकर जीवनपर्यंत पार्टी के लिए समर्पित नेता, गया नगर निगम के पूर्व पार्षद रमेश कुमार चंद्रवंशी का निधन आज उन पुराने साथियों के लिए सबसे बड़ी दुःख की खबर है जो इनके साथ गया शहरी क्षेत्र में पार्टी का झंडा से लेकर डंडा तक उठाया है। खासकर मंत्री डॉ. प्रेम कुमार को पहली बार विधानसभा में भेजने में रमेश चंद्रवंशी के अवदानों को भुलाया नहीं जा सकता। रात रात भर पार्टी के सच्चे सिपाही की तरह चुनाव में हाथ से पर्ची लिखना, फिर लिफाफे में डालकर उस लिफाफे पर भाजपा के चुनाव चिन्ह का स्याही वाले मुहर लगाना, फिर मतदाताओं के घर पर पहुंचाना भाजपा के कई पुराने साथियों को आज भी याद है। बूथ पर पोलिंग एजेंट बैठाने की बात हो या फिर चुनाव जीतने के हथकंडे अपनाना ये सब कुछ उस समय के वार्ड अध्यक्षों के हाथ में रहता था। ऐसे सच्चे सिपाहियों की वजह से गया शहरी विधानसभा क्षेत्र में जब भाजपा ने अपनी पहली जीत दर्ज की तो यह जीत ‘कील’ के समान इस चुनाव क्षेत्र(गया शहर विधानसभा क्षेत्र) में जो ठोक दिया गया वो कील आजतक किसी अन्य दल वालों के लिए उखाड़ने के लिए सोचना पड़ रहा है। ये बातें पुराने भाजपाई बताते हुए कहते हैं कि रमेश चंद्रवंशी के निधन की खबर ने उन्हें अंदर से हिलाकर रख दिया है। इनके निधन की खबर मिलने के बाद भाजपा नेताओं के द्वारा उनके पार्थिव शरीर को नमन किया एवं विष्णुपद शमशान घाट पर अंतिम संस्कार में शामिल हुए। अंतिम संस्कार दिवंगत के छोटे पुत्र रोहित कुमार के द्वारा किया गया। इस अवसर पर सैकड़ो की संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए। इस दुःखद घटना पर भाजपा नेताओं के द्वारा गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा की दिवंगत रमेश चंद्रवंशी भाजपा के संगठन में लगातार कार्यकर्ता के रूप भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कर्त्तव्यनिष्ठ नेता के रूप में जाने जाते रहेंगे। 2017 में नगर निगम में पार्षद पद पर निर्वाचित हुए। इस बीच 2019 में ब्रेन हैमरेज हो जाने के कारण गंभीर रूप से बीमार हो गए। आज वार्ड 12 के पार्षद डिम्पल कुमार इन्हीं के भतीजे हैं। इनके निधन पर पार्टी के जिला अध्यक्ष समेत कई नेताओं ने अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। वहीं नगर निगम के कई पार्षद, पूर्व वार्ड पार्षद ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
भारतीय राजनीति में कुछ अजीब गतिविधियों का दौर चलते ही रहता है। इसी में एक नया मोड़ आया है, जिसमें राजनीतिज्ञ बाहुबली अशोक महतो ने अपनी उम्र के 60 वर्ष में शादी कर राजनीति के गलियारों में हलचल पैदा कर दिया है। बताया जा रहा है कि मुंगेर से राजद उन्हें टिकट दे सकती है। अशोक महतो के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसकी वजह से वो चुनाव नहीं लड़ सकते है। इसलिए आनन-फानन में दो दिन के अंदर उन्होंने शादी की है। बताया जा रहा है कि अब वे मुंगेर लोकसभा सीट से अपनी पत्नी को चुनाव लड़ा सकते हैं। अब यह देखना है कि क्या इस अनोखे दावे से अशोक महतो को चुनावी सफलता मिल पाएगी या नहीं। यह दृश्य जरूर देखने लायक होगा, क्योंकि भारतीय राजनीति में कुछ भी हो सकता है।
इस नयी राजनीतिक खेल में अशोक महतो ने खुद को एक विशेष रूप से प्रस्तुत किया है, जहां राजनीति और विवाह का अनोखा मेल देखने को मिलेगा। आपको बता दें अशोक महतो पर एक वेब सीरीजखाकी द बिहार चैप्टर भी बनी थी, जिसने काफी लोकप्रियता हासिल किया था। अशोक महतो 17 साल से जेल में बंद थे। 10 दिसंबर 2023 को उनकी रिहाई हुई थी। क्या यह राजनीतिक चाल अशोक महतो के लिए खुद पर चुनावी दांव लगाने का एक जरिया साबित होगा, या फिर यह एक अन्य राजनीतिक गलियारे का हिस्सा बनेगा, यह देखने के लिए हम सभी को तैयार रहना होगा।