Blog

  • सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों के वार्ड से हटाए गए अभियंता सुबोध एवं किशोर कुमार

    सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों के वार्ड से हटाए गए अभियंता सुबोध एवं किशोर कुमार

    वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

    गया नगर निगम के सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों के वार्ड में प्रतिनियुक्त दो कनीय अभियंताओं को हटा दिया गया है। इनकी जगह दूसरे कनीय अभियंता को प्रतिनियुक्त किया गया है। नगर आयुक्त अभिलाषा शर्मा ने अपने एक आदेश में कनीय अभियंता सुबोध कुमार एवं किशोर कुमार को क्रमशः वार्ड नंबर 01, 18, 43 और 51 से कनीय अभियंता के कार्य से मुक्त कर दिया है। इन चारों वार्ड में एक ही कनीय अभियंता फ्रांसिस बारला को कनीय अभियंता का कार्य करने का आदेश दिया गया है। बता दें कि वार्ड नं 01 की पार्षद स्वर्णलता वर्मा, 18 के पार्षद अशोक कुमार, 43 के पार्षद विनोद यादव तथा 51 के पार्षद मनोज कुमार सशक्त स्थायी समिति के सदस्य हैं।

  • भाकपा माले विधायक चाकंद के डब्बो पहुंचे, ग्रामीणों से की मुलाकात, कहा- निर्दोष लोगों को फसाना बंद हो

    भाकपा माले विधायक चाकंद के डब्बो पहुंचे, ग्रामीणों से की मुलाकात, कहा- निर्दोष लोगों को फसाना बंद हो

    भाकपा माले की एक उच्चस्तरीय टीम ने रविवार की शाम गया जिले के चाकंद के डब्बो–नबीनगर गांव का दौरा किया और लोगों से मुलाकात कर रामनवमी में हुई घटना की पूरी जानकारी लेने के बाद एक प्रेस नोट जारी कर बताया कि टीम में भाकपा माले के अरवल विधायक महानंद सिंह, किसान नेता डॉ. रामाधार सिंह व लीला वर्मा मौजूद थे। स्थानीय नेताओं में उनके साथ माले नेता और जिला कमेटी सदस्य मुंद्रिका राम, आइसा नेता मो. शेरजहां व नूर शेख उपस्थित थे। ग्रामीणों के साथ भाकपा माले नेताओं की बैठक हुई। जिसमें लोगों ने आपबीती बताई और कहा कि प्रशासन के खौफ से लोग गांव से भागे हुए हैं। पूरी घटना पुलिस प्रशासन की लापरवाही का नतीजा है। जांच टीम ने कहा कि बगैर पुलिस की अनुमति और लाइसेंस के कई जगह से रामनवमी का जुलूस निकला, जो गया पुलिस-प्रशासन की बड़ी चूक की ओर इशारा करता है। पुलिस अपनी सक्रियता से इन घटनाओं को रोक सकती थी। साथ ही समय रहते कारवाई नहीं करने से हालात बिगड़े। प्रेस नोट में कहा है कि वहीं एक पार्टी के लोगों ने प्लानिंग के तहत जिस गांव से कभी जुलूस नहीं निकलता था, वहां से जुलूस निकालकर सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया। चाकंद बाजार से 28 मार्च को बगैर लाइसेंस रामनवमी से पहले एक बाइक जुलूस निकलने और अमराहा पंचायत के कासमा गांव में प्रवेश कर नारेबाजी करने पर पुलिस की तरफ से प्राथमिकी भी दर्ज हुई है।

    मगर कोई कारवाई नहीं हुई। वहीं डब्बो में हुई घटना पर भी गया पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह साफ है की 31 मार्च को ढकाईन से रामनवमी का जुलूस बिना अनुमति के डब्बो गांव के तरफ से जा रहा था जिसपर टकराव हो गया। यहां भी बिना अनुमति के जुलूस निकलना व डीजे पर भड़काऊ नारे और गाना बजना पुलिस की विफलता को ही दिखाता है। दूसरी तरफ पुलिस प्रशासन घटना के दोषियों को पकड़ने के बजाय संतुलन बनाकर कारवाई कर रही है जो कहीं से भी उचित नहीं है। हमले के पीड़ितों को ही जेल भेजा जा रहा है और निर्दोष लोगों को परेशान किया जा रहा है। इन घटनाओं से साफ है की रामनवमी जैसे संवेदनशील पर्व पर जिस सक्रियता और सख्ती से पुलिस को कार्य करना था वो नहीं किया गया। जिसके नतीजे में टकराव और विवाद की घटनाएं हुई। माले नेताओं ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा की पुलिस अपनी विफलता छुपाने के लिए निर्दोष लोगों को गिरफ्तार कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।

  • एसएसबी 32वीं वाहिनी द्वारा नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत नक्सल प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में किया गया दवा वितरण

    एसएसबी 32वीं वाहिनी द्वारा नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत नक्सल प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में किया गया दवा वितरण

    रविवार को 32वीं वाहिंनी सशख्त्र सीमा बल के श्री ललित कुमार (कमांडेंट ) के दिशा निर्देंश पर मुख्य चिकित्सक डॉ. प्रमोद कुमार निराला (PHC) फतिहपुर, के नेतृत्व में जी समवाय गुरपा के प्रभारी निरीक्षक मो. अशरफ आलम द्वारा सामाजिक चेतना
    अभियान व नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत जी समवाय
    SSB गुरपा के क्षेत्र में नागरिक कल्याण कार्यक्म आयोजित
    किया गया। इस कार्यक्रम के तहत प्रखण्ड क्षेत्र के नक्सल प्रभावित
    क्षेत्र गुरपा के कठौतिया केवाल तथा नवडीहा झरांग पंचायत के मरीजो व जरूरतमंद लोगो को बीच निशुल्क दवा वितरण किया गया। जिसमे लाभार्थीयों की संख्या- जी समवाय SSB कैंप गुरपा में (पुरुष – 15, महिला- 24 , बच्चा – 13 कुल-52 ) तथा
    नवडीहा झुरांग के गाँव में (पुरुष- 10, महिला- 26 , बच्चे – 16 कुल-52), कुल योग -104। इस आयोजन में मुख्य चिकित्सक के अलावा श्रीमती नेहा कुमारी -C.H.O.(HWCIगुरपा) उपस्थित रहे।

  • टिकारी शहर के रानीगंज मुहल्ले में आयोजित निःशुल्क कैम्प में 52 लोगों का हुआ जीवन प्रमाणीकरण

    टिकारी शहर के रानीगंज मुहल्ले में आयोजित निःशुल्क कैम्प में 52 लोगों का हुआ जीवन प्रमाणीकरण

    टिकारी संवाददाता: टिकारी शहर के रानीगंज मुहल्ले में रविवार को सामाजिक सुरक्षा का निःशुल्क कैम्प का आयोजन किया गया। मुहल्ला स्थित सामुदायिक भवन में अधिवक्ता अभिषेक सिंह उर्फ लाला के नेतृत्व में आयोजित कैम्प में सामाजिक सुरक्षा के 52 लाभुकों का निःशुल्क जीवन प्रमाणीकरण कार्य किया गया। इनमे अधिकांश महिला व बेसहारा, लाचार आदि प्रकार के लाभुक थे। इस कार्य मे आशीष कुमार आदि युवकों ने कैम्प के सफल आयोजन में सराहनीय योगदान दिया।

  • शराब के नशे में पंचायत समिति सदस्य के पति सहित चार शराबी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

    शराब के नशे में पंचायत समिति सदस्य के पति सहित चार शराबी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

    टिकारी: पुलिस प्रशासन ने अलग अलग जगहों पर छापेमारी कर चार शराबियों को गिरफ्तार कर न्यायालय को सुपुर्द कर दिया। इनमें शराब के नशे में पकड़े जाने वालों में छठवां के महिला पंचायत समिति सदस्य के पति राजू कुमार भी शामिल है। इसके अलावे बहेलिया विगहा के जितेंद्र कुमार, नंदन विगहा के कपिल देव पंडित एवं हरिओम बस के चालक चिरैली के संजीत शर्मा शामिल हैं। टिकारी थानाध्यक्ष श्रीराम चौधरी ने बताया कि पकड़े गए सभी शराबियों की ब्रेथ एनलाइजर टेस्ट में शराब सेवन की पुष्टि के बाद सभी के विरुद्ध शिकायत दर्ज करते हुए न्यायालय को सुपुर्द कर दिया गया। इधर पंचायत के निर्वाचित प्रतिनिधि के पति के शराब के नशे में पकड़े जाने पर लोगों ने उनके विरूद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।

  • बेलागंज – खिजरसराय सड़क मार्ग पर अज्ञात ऑटो से गिरकर एक युवक की मौत

    बेलागंज – खिजरसराय सड़क मार्ग पर अज्ञात ऑटो से गिरकर एक युवक की मौत

    रिपोर्ट – अजीत कुमार ,बेलागंज

    रविवार की शाम बेलागंज – खिजरसराय सड़क मार्ग पर बेलागंज थाना क्षेत्र के अमरबिगहा गांव के समीप अज्ञात ऑटो से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के पथरा गांव निवासी राजेश पंडित का 18 वर्षीय चंदन कुमार के रूप में किया गया है। घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार की शाम बेलागंज – खिजरसराय सड़क मार्ग पर अमर बिगहा गांव के समीप एक ऑटो से एक युवक गिर गया। जिसे स्थानीय लोगों ने तत्काल उठाकर सीएचसी बेलागंज में भर्ती कराया। जहां चिकत्सकों ने जांचोपरांत मृत घोषित कर दिया। घटना के सूचना के बाद मृतक के गांव से बड़ी संख्या में महिला पुरूष सीएचसी बेलागंज में जमा हो गए। युवक के मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घर के लोगों का रो रोकर बुरा हाल हो रहा था। थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मृतक के शव को कब्जे में लेकर अंतः परिक्षण हेतू अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल गया भेज दिया है।

  • बालू और वर्चस्व की लड़ाई में कभी भी घट सकती है अप्रिय घटना

    बालू और वर्चस्व की लड़ाई में कभी भी घट सकती है अप्रिय घटना

    टिकारी संवाददाता: बालू खनन के अवैध कारोबार में कई घाटों पर वर्चस्व की लड़ाई का खेल चल रहा है। उत्खनन के नियम की अनदेखी कर दिन के उजाले से लेकर रात के अंधेरे में कहीं जेसीबी तो कंही पोप्लेन से बालू का धड़ल्ले से उठाव हो रहा है। अलीपुर थाना क्षेत्र के सोलहदाम नदी पिछले कई दिनों से वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। विवाद के मद्देनजर पुलिस प्रशासन के दखल के बाबजूद मामला ठंडा नही हुआ है। कभी भी अवैध खनन, उठाव और बर्चस्व को लेकर स्थानीय लोगों और बालू माफियाओं के बीच खूनी संघर्ष हो सकता है। अलीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोलहदाम नदी से बालू के अवैध धंधे से जुड़े माफियाओं के लिए पीला सोना के चादर सामान है। माफियाओं द्वारा लगातार बालू घाट पर अवैध उत्खनन को लेकर स्थानीय लोगों से विवाद चल रहा है। गांव के लोगो ने बताया कि एक दो दिन रात्रि में फायरिंग की आवाज भी सुनी गई है। स्थानीय लोग डंके की चोट पर कहते है कि इलाके में अवैध खनन को लेकर पुलिस बिल्कुल भी गंभीर नहीं है। पुलिस की नाक के नीचे धंधेबाज अवैध बालू लदे ट्रक और ट्रैक्टर निकाल ले जाते हैं। पुलिस देखती रह जाती है। पुलिस के नजरअंदाज करने के पीछे भी कई बातें हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बालू माफिया से डर और उनलोगों की पैरवी के आगे पुलिस नतमस्तक होने के मजबूर दिख रही है।

    अलीपुर थाना की पुलिस को भी मिली है इनपुट

    अलीपुर थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि बालू से जुड़े लोगों के मध्य वर्चस्व को लेकर लड़ाई की जानकारी गुप्त सूत्रों से मिली है। पुलिस द्वारा शनिवार को नदी के आसपास के क्षेत्रों का दौरा किया गया है। फायरिंग जैसी घटना की सूचना नही है।

  • ढोल-नगाड़े के साथ फतेहपुर थाने की पुलिस पहुंची फरार आरोपियों के घर, चिपकाया इश्तेहार

    ढोल-नगाड़े के साथ फतेहपुर थाने की पुलिस पहुंची फरार आरोपियों के घर, चिपकाया इश्तेहार

    फतेहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चार अलग-अलग गांव के विभिन्न मामले में फरार चल रहे नौ आरोपियों के घर पर फतेहपुर थाने के एसआई सत्यनारायण शर्मा ने गया न्यायालय के आदेश पर ढोल नगाड़े के साथ आरोपियों के घर पहुंच कर दरवाजे पर इश्तहार चिपकाया तथा फरार चल रहे आरोपितों को 30 दिन के अंदर पुलिस अथवा कोर्ट के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया।फतेहपुर थाना अध्यक्ष कुमार सौरभ ने जानकारी देते हुए बताया कि गोपीमोड, डाढ़ा, डीहुरी एवं धनगांव गांवों से अलग अलग मामले में फरार नौ आरोपियों के घर पर पुलिस ने ढोल नगाड़े के साथ पहुंचकर इश्तेहार चिपकाया गया। उन्होंने बताया की सभी नौ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है , लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आ रहा है। थाना अध्यक्ष ने बताया की आरोपियों को 30 दिनों के अंदर सरेंडर नहीं करने पर कुर्की की कार्रवाई भी की जाएगी।

  • महाबोधी एक्सप्रेस से मोबाइल चोरी कर भाग रहे एक व्यक्ति को आरपीएफ ने दबोचा

    महाबोधी एक्सप्रेस से मोबाइल चोरी कर भाग रहे एक व्यक्ति को आरपीएफ ने दबोचा

    गया जंक्शन पर प्लेटफार्म संख्या 2,3 पर खड़ी महाबोधी एक्सप्रेस से यात्रियों के मोबाइल चोरी कर भाग रहे एक व्यक्ति को आरपीएफ एवं सीआईबी गया के जवानों ने गिरफ्तार कर लिया। आरपीएफ ने इस मामले में बताया की गया जंक्शन के प्लेटफार्म संख्यां 2,3 पर खड़ी महाबोधी एक्सप्रेस के सामान्य कोच में आरपीएफ और सीआईबी के अधिकारी व जवानों द्वारा पर यात्रियों को चढ़ाया जा रहा था ,तभी एक व्यक्ति सामान्य कोच से उतरकर तेजी से जाते हुए देखा गया। जिसके बाद मौजूद सुरक्षा बलों द्वारा उस व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई । तलाशी के दौरान उस व्यक्ति के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल तथा एक फीचर फोन सहित 680 रूपया नकद राशि बरामद किया गया। तभी एक यात्री नाम अभय कुमार, पिता रामानंद मिस्त्री पता रुस्तमपुर थाना हुलासगंज जिला जहानाबाद वहां पर पहुंचा और बोला कि पकड़े गए व्यक्ति के कब्जे से बरामद एंड्राइड मोबाइल उसका है जो थोड़ी देर पहले गाड़ी में चढ़ते वक्त चोरी हो गया था। तत्पश्चात पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने चोरी करने की बात स्वीकार किया। जिसके बाद गिरफ्तार व्यक्ति को जीआरपी थाना गया ले जाया गया जहां शिकायतकर्ता अभय कुमार के द्वारा दिए गए शिकायत पत्र के आधार पर जीआरपी थाना गया में अपराध संख्या 104/23 अंतर्गत धारा 379, 411 आईपीसी दर्ज किया गया। गिरफ्तार व्यक्ति का नाम सुदामा सिंह उम्र 60 वर्ष पिता स्वर्गीय शिवपूजन सिंह रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़हरा गांव के रहने वाला है।

  • झाड़ियों में फेंकी मिली तीन दिन की प्रार्थना को चाइल्ड लाइन गया के सहयोग से मिला नया जीवन

    झाड़ियों में फेंकी मिली तीन दिन की प्रार्थना को चाइल्ड लाइन गया के सहयोग से मिला नया जीवन

    चाइल्ड लाइन गया के अधिकारी

    न्यूज डेस्क: पीपुल फर्स्ट के सहयोग से संचालित चाइल्डलाइन गया को बोधगया थाना के माध्यम से एक सप्ताह पूर्व सूचना प्राप्त हुई थी की भगवानपुर गांव की झाड़ियों में फेकी गई एक नवजात बच्ची प्राप्त हुई है जिसे बोधगया सामुदायिक अस्पताल में प्राथमिक इलाज कराए गई है एवं बेहतर इलाज हेतु प्रभावती अस्पताल के SNCU डॉक्टर राम अजय प्रसाद नोडल पदाधिकारी के देखरेख संरक्षण में भर्ती करवाया गया है इसके उपरांत चाइल्डलाइन की टीम के निरीक्षण में बच्ची का इलाज हुआ एवं बच्ची को डिस्चार्ज होने के उपरांत जिला बाल कल्याण समिति गया के प्रभारी सदस्य सह जिला बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक दिवेश शर्मा के समक्ष प्रस्तुत किया गया ,जहां से समिति के द्वारा नवजात शिशु को उचित देखभाल एवम आश्रय हेतु औरंगाबाद जिला में संचालित विशेष दत्तक ग्रहण संस्थान में भेजने का आदेश निर्गत किया गया । चाइल्डलाइन गया की समन्वयक श्रीमती अपराजिता आजाद ने अपने अन्य सदस्य के साथ नवजात शिशु जिसका काल्पनिक नाम प्रार्थना उम्र 3 दिन को सुरक्षित विशेष दत्तक ग्रहण संस्थान औरंगाबाद पहुंचा दिया है।

    औरंगाबाद स्थित दत्तक ग्रहण संस्थान में बच्ची को सौंपते चाइल्ड लाइन गया के समन्वयक अपराजिता आजाद

    चाइल्डलाइन गया के निदेशक दीपक कुमार ने बताया की अभी बच्ची के जैविक माता पिता का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा एवम उनके नही मिलने की स्थिति में बच्ची को दत्तक माता पिता को देने हेतु प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। चाइल्ड लाइन के निदेशक ने बताया की हमारा मकसद सबसे पहले किसी भी अनाथ या असहाय बच्चो को गैर कनूनी तरीके से रखने से बचाना है उसके बाद उक्त बच्चो के परिजन को ढूढने का प्रयास करना है