देवब्रत मंडल
गया। गया जंक्शन पर ट्रेनों में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में टाटानगर की एक महिला यात्री ने गया रेल थाना में लिखित शिकायत देकर पर्स काटकर चोरी होने का आरोप लगाया है।
दर्ज शिकायत के अनुसार, महिला यात्री 30 मई 2026 को 12802 पुरुषोत्तम एक्सप्रेस के एसी कोच बी-13 में यात्रा कर रही थीं। यात्रा के दौरान गया स्टेशन पहुंचने से पहले उनका पर्स काटकर चोरी हो गया। यात्री ने बताया कि बैग(पर्स) में सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा अन्य कीमती सामान रखा हुआ था।
शिकायत में चोरी गए सामान का कुल मूल्य करीब 1.22 लाख रुपये बताया गया है। यात्री के अनुसार, पर्स काटकर गायब होने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना रेल पुलिस को दी और कार्रवाई की मांग की।
महिला यात्री ने रेल थाना से चोरी गए सामान की बरामदगी तथा मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
गौरतलब है कि गया जंक्शन और इसके आसपास ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा और उनके सामान की निगरानी को लेकर रेल प्रशासन तथा रेल पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
