गया जंक्शन पर एसआईजी टीम का निरीक्षण, यात्री सुविधाओं की कमियां दूर करने के निर्देश
देवब्रत मंडल

गया। गया जंक्शन पर यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के लिए सोमवार को एसआईजी की टीम ने विभिन्न प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां-जहां यात्री सुविधाओं में कमी मिली, उसे तत्काल दूर करने के लिए संबंधित पर्यवेक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म पर जगह-जगह पड़े प्लाईवुड को भी टीम ने गंभीरता से लिया। संबंधित कर्मियों को इसे तत्काल हटाने को कहा गया, ताकि यात्रियों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। वहीं, कुछ प्लेटफॉर्म पर बैरिकेडिंग नहीं होने का मुद्दा भी सामने आया। टीम ने संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

रेल क्षेत्र में गिर रहा था शौचालय का गंदा पानी
निरीक्षण के क्रम में एसआईजी की टीम गया जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया में पहुंची। यहां स्टेशन रोड की ओर गया नगर निगम द्वारा संचालित शौचालय-सह-स्नानागार से निकल रहे गंदे पानी और गंदगी का मामला सामने आया।
टीम ने मौके पर देखा कि शौचालय-सह-स्नानागार से निकलने वाला गंदा पानी रेलवे क्षेत्र में गिर रहा है, जिससे परिसर में गंदगी के साथ-साथ जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इस पर टीम ने नाराजगी जताते हुए मौके पर मौजूद कर्मचारी को इसे तत्काल बंद करने का निर्देश दिया।
टीम पे एंड यूज शौचालय के कर्मचारी को भी मौके पर ले गई और स्थिति दिखाते हुए स्पष्ट किया कि शौचालय से निकल रहे पानी की वजह से रेलवे परिसर में गंदगी और जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो रही है। इसे तत्काल प्रभाव से रोकने को कहा गया।

कई विभागों के पर्यवेक्षक रहे मौजूद
एसआईजी टीम के निरीक्षण में रेल यात्रियों से जुड़ी सुविधाओं को देखने वाले विभिन्न विभागों के पर्यवेक्षक शामिल थे। इसके अलावा गया जंक्शन के पुनर्विकास कार्य की निगरानी कर रहे कंस्ट्रक्शन विभाग के पर्यवेक्षक भी टीम के साथ मौजूद रहे।
निरीक्षण का उद्देश्य स्टेशन पर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं में सुधार के साथ-साथ रेलवे परिसर की स्वच्छता, सुगम आवागमन और निर्माण कार्यों से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना रहा।
