समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो नगर निगम कार्यालय और पम्पिंग केंद्र का लोगों ने किया घेराव
वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

वार्ड नंबर 34 में भीषण गर्मी के बीच पानी की समस्या, वार्ड की साफ-सफाई, स्ट्रीट लाईट सहित अन्य समस्याओं को लेकर वार्ड के प्रतिनिधि ओम यादव के नेतृत्व में गया नगर निगम कार्यालय का घेराव किया गया। जिसमें महिलाओं ने बढ़- चढ़ कर हिस्सा लिया। इस कड़कती धूप में जन प्रतिनिधि ओम यादव के साथ बड़ी संख्या में वार्ड की जनता पैदल चल कर नगर निगम पहुंची और नगर आयुक्त का घेराव किया गया। ओम यादव ने कहा कि पानी, वार्ड की साफ-सफाई और स्ट्रीट लाईट की समस्या को लेकर पिछले 5 महीनों से कई बार नगर आयुक्त और संबंधित नोडल पदाधिकारी को आवेदन दिया गया लेकिन उनके कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। नगर निगम में चुनाव होने के 5 महीने बीत जाने के बावजूद वार्ड में अभी तक कोई विकास कार्य नहीं हुआ है। इस भीषण गर्मी में वार्ड नंबर 34 की जनता पानी के अभाव में त्रस्त है और नगर निगम के पदाधिकारी मस्त है। इसी बीच कार्यपालक अभियंता प्रदीप कुमार झा से बात हुई और उन्होंने वार्ड नंबर 34 में पानी की समस्या को जल्द से जल्द दूर करने का आश्वासन दिया।


इधर वार्ड नं 07 की जनता ने पानी की मांग को लेकर पंचायती अखाड़ा पम्पिंग केंद्र पर हमला बोल दिया। यहां पहुंचे लोग पानी की मांग करते हुए नगर निगम के खिलाफ नारे लगाए। वार्ड पार्षद चुन्नू खान ने बताया कि लोग इतने उग्र थे कि पम्पिंग केंद्र पर कार्यरत रहे कर्मचारियों को मारने पर उतारू हो गए थे लेकिन किसी तरह ऐसा करने से बचा लिया गया। वहीं वार्ड नं 04 की पार्षद अनुपमा कुमारी ने बताया कि कुछ दिनों से वार्ड नं 04 और 06 की प्यासी जनता पलायन करने को मजबूर हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में निगम कार्यालय के समक्ष एकदिवसीय धरना दिया गया था, बुडको के द्वारा आश्वासन दिया गया था कि रामशिला स्थित वाटर टैंक से जलापूर्ति करा दिया जाएगा, लेकिन समस्या यथावत बनी हुई है। उन्होंने बताया कि इन्ही बातों को लेकर 15 मई को निगम कार्यालय के समक्ष आमरण अनशन करने जा रही हूं। इससे भी समस्याओं का हल नहीं निकला तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।