Blog

  • महिला एशियन हॉकी चैम्पियनशिप में भाग लेने पहुंची महिला हॉकी टीम का ज्ञान की धरती पर हुआ भव्य स्वागत

    महिला एशियन हॉकी चैम्पियनशिप में भाग लेने पहुंची महिला हॉकी टीम का ज्ञान की धरती पर हुआ भव्य स्वागत

    देवब्रत मंडल

    महिला एशियन हॉकी चैम्पियनशिप 2024 में भाग लेने के लिए भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, थाईलैंड और मलेशिया की महिला हॉकी टीमों का मंगलवार को बिहार के गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत किया गया। यह टूर्नामेंट 11 से 20 नवंबर तक ऐतिहासिक राजगीर में आयोजित होगा, जिसमें एशिया की शीर्ष टीमें अपनी कौशल का प्रदर्शन करेंगी।

    गया जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम और वरीय पुलिस अधीक्षक आशीष भारती की अगुवाई में हवाई अड्डे पर सभी खिलाड़ियों और उनके कोच का पारंपरिक स्वागत किया गया। अधिकारियों ने टीमों से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें बिहार आगमन पर शुभकामनाएं दीं और आगामी प्रतियोगिता में सफलता की कामना की। इसके पश्चात सभी टीमों को ज्ञान की धरती बोधगया के आवासीय स्थलों पर सुरक्षित पहुंचाया गया, जहां वे टूर्नामेंट के दौरान ठहरेंगी।

    बिहार में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिता आयोजित हो रही है, जिसे लेकर राज्य सरकार ने विशेष तैयारियां की हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर राजगीर और बोधगया में सुरक्षा, आवास और परिवहन की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। जिला प्रशासन और गया पुलिस ने अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर प्रतियोगिता स्थल और खिलाड़ियों के आवासों की सुरक्षा पुख्ता की है, जिससे किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

    गया पुलिस, नवादा पुलिस, नालंदा पुलिस सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने इस आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न करने के लिए व्यापक समन्वय स्थापित किया है। राजगीर में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के साथ, बिहार एशिया के हॉकी परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रहा है। भारतीय महिला हॉकी टीम सहित सभी अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों को इस मंच पर सफल प्रदर्शन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।

  • ब्रेकिंग:प्रधानमंत्री गया पहुंचे और कुछ मिनटों बाद ही झारखंड के लिए निकल गए

    ब्रेकिंग:प्रधानमंत्री गया पहुंचे और कुछ मिनटों बाद ही झारखंड के लिए निकल गए

    देवब्रत मंडल

    फाइल फोटो

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार की सुबह गया पहुंचे। यहां के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कुछ मिनट तक रुकने के बाद झारखंड की ओर निकल गए। गया एयरपोर्ट पर विशेष विमान से पहुंचे प्रधानमंत्री का स्वागत गया के डीएम डॉ त्यागराजन एसएम तथा वरीय पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। कड़ी सुरक्षा के बीच नई दिल्ली से विशेष विमान द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आए थे और कुछ ही मिनट रुकने के बाद झारखंड के पलामू, गढ़वा के लिए निकल गए। आधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया गया कि प्रधानमंत्री झारखंड के गढ़वा में चुनावी कार्यक्रम को लेकर दिल्ली से सीधे गया आए और यहां से विशेष सुरक्षा के बीच हेलीकॉप्टर से गढ़वा के लिए रवाना हो गए। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर एयरपोर्ट पर सुरक्षा के पुख्ते इंतेजाम थे।

  • गया: पुलिस की बुलेट पर बैठकर अवैध पिस्टल लहराते युवक का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल

    गया: पुलिस की बुलेट पर बैठकर अवैध पिस्टल लहराते युवक का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल

    गया जिले के चाकंद थाना क्षेत्र में एक युवक का इंस्टाग्राम वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह ‘ पुलिस’ लिखा बुलेट पर बैठकर अवैध पिस्टल लहराते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो के बैकग्राउंड में “एक इंच पीतल जई तहर… की भूल जायबे पूरा रंगदारी रे…” गाना चल रहा है, जो इस प्रदर्शन को और भी सनसनीखेज बना रहा है।

    वीडियो में युवक न केवल खुद को बल्कि पुलिस की छवि को भी खराब करने का प्रयास करता दिखाई दे रहा है, क्योंकि जिस बाइक पर वह बैठा है, उसकी नंबर प्लेट पर “पुलिस” लिखा हुआ है। पिस्टल लहराते हुए युवक सोशल मीडिया पर खौफ पैदा करने की कोशिश कर रहा है, जो क्षेत्र में चिंता का विषय बन गया है। हालांकि  magadhlive इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है ।

    सूत्रों के मुताबिक, युवक चाकंद थाना क्षेत्र का रहने वाला है। गया पुलिस के लिए यह घटना चुनौती बन गई है कि इस तरह के गतिविधियों पर किस तरह से अंकुश लगाया जाए ताकि सोशल मीडिया पर आपराधिक छवि को बढ़ावा न मिल सके।

    रिपोर्ट: नीरज कुमार, गया

  • बिहार उपचुनाव: शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए SSP आशीष भारती ने की समीक्षा बैठक, चेक पोस्ट और फ्लैग मार्च के दिए सख्त निर्देश

    बिहार उपचुनाव: शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए SSP आशीष भारती ने की समीक्षा बैठक, चेक पोस्ट और फ्लैग मार्च के दिए सख्त निर्देश

    बिहार विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार भारती ने बेलागंज थाना में शनिवार शाम वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक में एसएसपी भारती ने अब तक की गई चुनावी तैयारियों का जायजा लिया और कानून-व्यवस्था को सख्त बनाए रखने के निर्देश दिए।

    एसएसपी भारती ने कहा कि शांतिपूर्ण चुनाव कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके तहत मुख्य मार्गों पर चेक पोस्ट लगाकर सभी वाहनों की सघन जांच, एसएसटी दलों की सक्रियता बढ़ाने और इलाके में सुरक्षा बलों द्वारा फ्लैग मार्च करने के निर्देश दिए गए।

    इस बैठक में एएसपी अनवर जावेद अंसारी, विधि व्यवस्था डीएसपी रवि प्रकाश सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर रामबचन कुमार, बेलागंज थानाध्यक्ष सदानंद कुमार, मेन थानाध्यक्ष आलोक रंजन, और पाई विगहा थानाध्यक्ष बालेश्वर राम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

  • 10 वर्षों में विद्युत आपूर्ति में चार गुना व राजस्व संग्रहण में 5 गुना वृद्धि हुई, SBPDCL ने मनाया स्थापना दिवस

    10 वर्षों में विद्युत आपूर्ति में चार गुना व राजस्व संग्रहण में 5 गुना वृद्धि हुई, SBPDCL ने मनाया स्थापना दिवस

    देवब्रत मंडल

    शनिवार को उपमहाप्रबंधक-सह विद्युत अधीक्षण अभियंता के कार्यालय प्रांगण में साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड का 12 वां स्थापना दिवस मनाया गया।
    उप-महाप्रबंधक सह विद्युत अधीक्षण अभियंता ने अपने संबोधन में विद्युत विभाग द्वारा विगत कुछ वर्षों में किए गए कार्यों का वर्णन करते हुए उल्लिखित किया कि विगत 10 वर्षों में गया जिला के विद्युत आपूर्ति में लगभग चार गुना बढ़ोतरी हुई है जहां 2010-11 में विद्युत आपूर्ति 115 मेगावाट थी वहीं वर्तमान में 450 मेगावाट से अधिक है इसी के अनुरूप राजस्व संग्रहण में भी लगभग 5 गुना बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कर्मियों एवं पदाधिकारी को संबोधित करते हुए कहा कि हमें गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति 24× 7 करते हुए उपभोक्ता की संतुष्टि भी सुनिश्चित करना चाहिए। उपभोक्ता के किसी भी समस्या का समाधान यथाशीघ्र करने हेतु भी निर्देश दिया साथ ही उन्होंने स्मार्ट मीटर अधिष्ठापन हेतु उपभोक्ताओं को जागरूक करने एवं इसके फायदे बताने तथा साथ ही कई स्थानों पर चेक मीटर लगाने का भी निर्देश दिया इसके अतिरिक्त आगामी छठ महापर्व को लेकर सुरक्षित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपभोक्ताओं को करने हेतु आवश्यक निर्देश भी दिए।

    पितृपक्ष मेला में निर्बाध विद्युत आपूर्ति करने, गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति करने, राजस्व संग्रहण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं पदाधिकारी को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर संजय बेरियो उप-महाप्रबंधक सब विद्युत अधीक्षण अभियंता, सुनील गावस्कर विद्युत आपूर्ति आंचल गया, प्रेम कुमार प्रवीण विद्युत कार्यपालक अभियंता गया शहरी, राजीव रंजन विद्युत कार्यपालक अभियंता गया ग्रामीण, अजय कुमार विद्युत कार्यपालक अभियंता मानपुर, चंदन कुमार विद्युत कार्यपालक अभियंता शेरघाटी, राकेश कुमार निराला विद्युत कार्यपालक अभियंता, उपेंद्र कुमार कार्यपालक अभियंता सिविल, रीना साहू विद्युत कार्यपालक अभियंता तकनीकी द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।

  • ‘एक दीया विधिक सेवा के नाम’ की मुहिम को सफल बनाने का लिया गया संकल्प

    ‘एक दीया विधिक सेवा के नाम’ की मुहिम को सफल बनाने का लिया गया संकल्प

    देवब्रत मंडल

    बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश पर प्रत्येक जिले में 30 अक्टूबर से 8 नवंबर तक ‘एक दीया विधिक सेवा के नाम’ मुहिम चलाया जा रहा है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार मदन किशोर कौशिक के निर्देश पर एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार अरविंद कुमार दास के देखरेख में दीपावली पर्व के मौके पर इस मुहिम के आलोक में प्राधिकार से जुड़े समस्त पैनल अधिवक्ता व पारा विधिक स्वयंसेवक इस मुहिम से लोगों को अधिक से अधिक जागरूक करने का प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा की “ज्योत से ज्योत जले और न्याय सब को मिले” इस मुहिम से विधिक सेवा प्राधिकार न्याय को समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचाने के लिए कृत संकल्प है. और यह तभी संभव है जब प्रत्येक व्यक्ति तक उसके प्रति जागरूकता आएगी. कोई भी व्यक्ति किसी आर्थिक और सामाजिक कारणो से अपना बचाव न्यायालय में करने से नहीं चुके. उसके लिए विधिक सेवा प्रणाली में कार्यरत अधिवक्ता उन्हें सक्षम और नि:शुल्क बचाव के साथ न्याय दिलाने हेतु कृत संकल्पित है. इस मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मचारी विकास कुमार, हारून रशीद, प्रतुल कुमार, हादी अकरम ,दीपक कुमार ,उदय कुमार,अनिल कुमार ने लोगों को जागरूक करने में सहयोग किया.

  • गया के एकमात्र कंप्यूटर शिक्षक धर्मेंद्र कुमार का प्रधानाध्यापक पद पर हुआ चयन, बीपीएससी की प्रतियोगिता में मारी बाजी

    गया के एकमात्र कंप्यूटर शिक्षक धर्मेंद्र कुमार का प्रधानाध्यापक पद पर हुआ चयन, बीपीएससी की प्रतियोगिता में मारी बाजी

    देवब्रत मंडल

    बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा आयोजित उन्च्च माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक प्रतियोगिता परीक्षा में धर्मेन्द्र कुमार कंप्यूटर शिक्षक, +2 जिला स्कूल गया ने सफलता प्राप्त की है। इस मौके पर विधालय के सभी शिक्षको ने हार्दिक बधाई दी। उन्होंने बताया कि वह 2016 में बतौर कंप्यूटर शिक्षक जिला स्कूल गया में योगदान दिए थे और तभी से पदस्थापित होकर सेवा दे रहे हैं l प्राप्त जानकारी के अनुसार धर्मेन्द्र कुमार गया जिले में एक मात्र कंप्यूटर शिक्षक हैं जिनका चयन प्रधानाध्यापक पद पर हुआ है, क्योकि उन्होंने B.ED की डिग्री सेवा में आने से पूर्व ही कंप्यूटर की शिक्षा प्राप्त कर ली थी। कंप्यूटर शिक्षक बनने के लिए B.ED की अनिवार्यता नहीं है, जबकि प्रधानाध्यापक बनाने के लिए B.ED अनिवार्य है। धर्मेन्द्र कुमार एक शिक्षक पुत्र हैं। इनके पिता देवपति प्रसाद भी जग्गू लाल मेहता कुजापी में प्रभारी प्रधानाध्यापक रह चुके हैं और 2011 में सेवा से रिटायर हो चुके हैं। जो कि गया शहर के बडकी डेल्हा कल्यानपुर मोहल्ले के रहने वाले हैं।

  • एक पत्र आते ही गया नगर निगम में एक बार फिर हलचल पैदा हुआ, पढ़ें पूरी खबर

    एक पत्र आते ही गया नगर निगम में एक बार फिर हलचल पैदा हुआ, पढ़ें पूरी खबर

    गया नगर में वैसे तो सरकार की ओर से पत्रों के आने और यहां से जाने का सिलसिला चलता रहता है लेकिन कोई कोई पत्र ऐसा होता है जो हलचल पैदा कर देता है। काफी समय से ठहरे हुए पानी में एक कंकड़ फेंक दिया गया है और पानी की तरंगों ने नया हलचल मचा दिया है।

    मामला काफी पुराना है जो सुर्खियों में रहा है। बीच में यह मामला कोर्ट कचहरी के बीच से होते हुए शिथिल पड़ गया था। जिसके बाद शांत हो चला था लेकिन इस बार एक नए सिरे से एक पत्र के गया नगर निगम में पहुंचने पर फिर चर्चा शुरू हो गई है कि अब आगे क्या होगा?

    नवंबर माह की पहली तारीख को एक पत्र राज्य के एक आयोग से निर्गत हुआ जो 02 नवबंर को गया नगर निगम में पहुंच गया। पत्र नगर आयुक्त के नाम से आया है। जिसमें दो लोगों को इसकी सूचना देने का निर्देश दिया गया है।

    ये दो लोग कौन हैं, इसकी चर्चा बाद में करेंगे। पत्र कहें या नोटिस। दोनों को तामिला करवाते हुए 6 नवंबर तक आयोग को सूचित करने को कहा गया है।

    21 नवंबर को दोनों को आयोग में पेश होने के लिए कहा गया है। दोनों को अपना अपना पक्ष रखने के लिए साक्ष्य के साथ बुलाया गया है। नगर निगम सूत्रों के हवाले से बताया गया है संबंधित दोनों के पास आयोग के निर्देश के आलोक में नोटिस भेजा जा रहा है।

    कुछ समय पहले एक बड़ा संकट टल गया था। जिसको लेकर सोशल मीडिया और अन्य जगहों पर यह चर्चा आम हो चुकी थी कि अब दुश्मन(विरोधियों) के चेहरे पर कालिख लग गया है लेकिन इस नए पत्र ने एक बार फिर से निगम में हलचल पैदा कर दिया है।

  • आमजनों की शिकायत के आलोक में नगर आयुक्त ने मानपुर में किया निरीक्षण

    आमजनों की शिकायत के आलोक में नगर आयुक्त ने मानपुर में किया निरीक्षण

    देवब्रत मंडल

    लोक आस्था का पर्व छठ में जनसुविधाओं की कमी की नागरिकों द्वारा शिकायत नगर आयुक्त तक पहुंच रही है। इसी के आलोक में नगर आयुक्त ने शनिवार को मानपुर क्षेत्र के कुछ वार्डों में भ्रमण करते हुए निरीक्षण किया। मानपुर के छठ घाट एवं सूर्यपोखर सरोवर का स्थल निरीक्षण नगर आयुक्त कुमार अनुराग, भाप्रसे ने
    सूर्यपोखर सरोवर के निरीक्षण के क्रम में स्थानीय वार्ड पार्षद एवं नागरिकों द्वारा बताया गया कि सरोवर तक आने-जाने वाले पथ( जो कि पथ निर्माण विभाग का पथ है) एक जगह पर टूटा हुआ है। जिसके कारण छठव्रतियों को आने जाने में कठिनाई होगी। इसी को ध्यान में रखते हुए निरीक्षण किया गया। कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग से बात किया गया। उक्त स्थान पर टूटे हुए पथ को अविलंब समतलीकरण कराने हेतु निर्देशित किया गया। स्वच्छता पदाधिकारी को और अच्छी तरह से सफाई कराने का निर्देश दिया गया।

    नगर आयुक्त ने बताया कि नागरिकों से प्राप्त हो रहे शिकायत के आलोक में नौरंगा रोड का भी निरीक्षण किया गया। नौरंगा रोड में नाला निर्माण की आवश्यकता है। कनीय अभियंता को वार्ड पार्षद से समन्वय बनाकर बोर्ड से उक्त योजना को पारित कराते हुए प्राक्कलन तैयार करने हेतु निर्देशित किया गया। तत्काल छठ पूजा को देखते हुए कनीय अभियंता को समतलीकरण कराने का निर्देश दिया गया। मानपुर के भास्कर घाट, दिनकर घाट एवं अन्य घाटों का भी निरीक्षण किया गया। सभी घाटों पर नगर निगम के द्वारा कार्य लगा हुआ है। स्वच्छता पदाधिकारी को सभी घाटों का और अच्छे तरह से सफाई कराने का निर्देश दिया गया। कनीय अभियंता को सभी आवश्यक कार्य 5 नवंबर तक पूर्ण कर लेने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के समय शैलेंद्र सिन्हा सहायक अभियंता, किशोर कुमार कनीय अभियंता, मोनू कुमार स्वच्छता पदाधिकारी, शुभम कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।

  • निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की खुली पोल, कहीं कर्मचारी गायब तो कहीं समय से पहले ही भाग गए

    निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की खुली पोल, कहीं कर्मचारी गायब तो कहीं समय से पहले ही भाग गए

    देवब्रत मंडल

    गया नगर निगम में साफ-सफाई व्यवस्था पर आमजन अंगुली उठाते हुए आ रहे हैं तो वे गलत नहीं कर रहे हैं। शहर में साफ सफाई की जो व्यवस्था बनाई गई उसे मोनिटरिंग करने वाले जिम्मेदार कर्मचारी हो या पदाधिकारी। सब के सब कहीं न कहीं दोषी हैं। ऐसे कर्मियों के साथ साथ जिम्मेदार पदाधिकारियों की लापरवाही उजागर होने पर कार्रवाई होनी चाहिए।

    नगर आयुक्त कुमार अनुराग निकल गए औचक निरीक्षण में

    आमजनों की शिकायत नगर आयुक्त भा.प्र.से. कुमार अनुराग तक पहुंच रही थी कि वार्ड में सफाई व्यवस्था में लोचा के कारण आमजन नाराज हैं। ऐसे में शुक्रवार को नगर आयुक्त सफाई व्यवस्था का औचक जांच में निकल पड़े।

    कई वार्डों के निरीक्षण में सफाई कर्मी गायब मिले तो कुछ समय से पहले भाग गए

    नगर आयुक्त ने अपने निरीक्षण में पाया कि कई जगहों पर सफाई कर्मचारी नहीं पहुंचे थे, जहां उनकी ड्यूटी लगाई गई थी। कई जगहों पर पाया कि जितने बजे तक उनकी ड्यूटी लगाई गई है उस समय से पहले ही कर्मचारी निकल पड़े थे।

    मानदेय में कटौती का दिया गया निर्देश

    नगर आयुक्त ने बताया कि ऐसे लापरवाह कर्मियों के मानदेय में कटौती के आदेश दिया गया है। साथ ही छठ पर्व को लेकर साफ सफाई कार्य में लापरवाही बरतने वाले लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

    वार्ड नं 37, 41, 42 और 45 में देखी गई लापरवाही, मांगा स्पष्टीकरण

    गया नगर निगम के वार्ड नं 37, 41, 42 और 45 में निरीक्षण और भ्रमण के क्रम में कहीं वाहन चालक के तो कहीं वार्ड जमादार, सफाई कर्मियों के गायब होने तथा समय से पहले भाग जाने का मामला सामने आया। नगर आयुक्त ने स्वच्छता पदाधिकारी को इसके लिए संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगने को कहा है।

    आखिर इसके लिए केवल निचले तबके के कर्मी जिम्मेदार?

    जब नगर आयुक्त कुमार अनुराग अपने अधीनस्थ अपर नगर आयुक्त, स्वच्छता पदाधिकारी और विभागीय अभियंताओं के साथ निरीक्षण और जांच करने निकले तो ऐसी लापरवाही सामने आई। अब सवाल उठता है कि आखिर इसकी मोनिटरिंग करने वाले जिम्मेदार पदाधिकारी क्या कर रहे हैं? इसके लिए केवल निचले स्तर के कर्मचारियों को केवल दोषी ठहराया जाना उचित नहीं, बल्कि इन्हें भी कर्तव्यों के प्रति जिम्मेदारी नहीं निभाने के लिए दोषी ठहराया जाना चाहिए। तब कहीं अपेक्षित परिणाम सामने आएगा।