गया जंक्शन के स्टेशन डायरेक्टर कृष्णा नंदन सहाय का निधन इलाज के दौरान हो गया। इनके निधन की खबर मिलते ही गया जंक्शन सहित डीडीयू मंडल एवं पूर्व मध्य रेल मुख्यालय में शोक की लहर दौड़ गई। स्टेशन डायरेक्टर के एन सहाय के निधन पर गया जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि स्टेशन डायरेक्टर एक अभिभावक थे, जो हर समय कार्य के दौरान आने वाली परेशानियों को अपना समझकर उसे तुरंत दूर कर दिया करते थे। आज उनके अचानक इस तरह हम रेलकर्मियों को छोड़ कर चले जाने से मर्माहत हैं। बताया गया कि कुछ दिन पहले पूर्व मध्य रेल मुख्यालय कार्य के सिलसिले में गए हुए थे। जहां से लौटने के बाद उनकी तबियत अचानक खराब होने लगी। जिन्हें पटना के फोर्ड हार्ट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जहां शुक्रवार को दोपहर बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। इस दुखद घटना की खबर गया जंक्शन पहुंचते ही रेलकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई है। ईस्ट सेंट्रल रेल कर्मचारी यूनियन के केंद्रीय कोषाध्यक्ष सह डीडीयू मंडल के पीएनएम प्रभारी मिथलेश कुमार, गया शाखा अध्यक्ष लक्ष्मण प्रसाद, सचिव मुकेश सिंह आदि ने स्टेशन डायरेक्टर के एन सहाय के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र स्थित डोभी-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रिसौद मोड़ के पास हुई, जहां विपरीत दिशाओं से आ रहीं दो मोटरसाइकिलें आपस में टकरा गईं। इस टक्कर में दोनों मोटरसाइकिल चालकों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि पीछे बैठे दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सीएचसी बेलागंज में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए उन्हें गया रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर थाना ले गई।
मृतकों की पहचान और घायलों की स्थिति:
मृतकों में कमालपुर गांव निवासी बालेश्वर सिंह के पुत्र 42 वर्षीय सुधीर कुमार सिंह और अकल बिगहा गांव के संजय प्रसाद के पुत्र 19 वर्षीय सौरव कुमार शामिल हैं। वहीं, घायलों में कमालपुर के प्रमोद सिंह के पुत्र प्रिंस कुमार सिंह और अकल बिगहा के सुरेंद्र यादव के पुत्र गौतम कुमार शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को बेहतर इलाज के लिए गया भेजा गया है। घटना की पुष्टि करते हुए बेलागंज थानाध्यक्ष एवं प्रशिक्षु डीएसपी सदानंद कुमार ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है।
फतेहपुर प्रखंड के पहाड़पुर पंचायत के जमुहार गांव में इस बार का छठ पर्व बेहद खास और भव्य रहा। नव-निर्मित छठ घाट पर हजारों छठ व्रतियों ने उमंग और श्रद्धा से उगते सूर्य को अर्घ्य देकर चार दिवसीय पर्व का समापन किया। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे, जिससे घाट पर आध्यात्मिक और सांस्कृतिक माहौल का अद्भुत नजारा देखने को मिला।
इस विशेष छठ घाट के निर्माण का श्रेय स्थानीय लोगों और पंचायत के समर्पित प्रयासों को जाता है। गांव के युवा समाजसेवी आशुतोष कुमार ने बताया कि इस घाट का निर्माण पंचायत समिति सदस्य कुमारी उम्दा की देखरेख में किया गया, जिसमें जमुहार के पूर्व वार्ड स. 4 के सदस्य बिनय कुमार सिंह सहित समस्त ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
नव-निर्मित घाट पर छठ पूजा के आयोजन ने ग्रामीणों में एक नई ऊर्जा और सामूहिकता का संचार किया। घाट के निर्माण से क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है, और उनका मानना है कि इस प्रकार के आयोजन समाज में एकता और सहयोग की भावना को प्रबल बनाते हैं।
गया नगर निगम के अंतर्गत वार्ड नंबर 05 स्थित सूर्य मंदिर, गोविंदपुर में छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ उमड़ती है। निगम क्षेत्र ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में व्रती यहां निर्मित तालाब में सूर्य भगवान को अर्घ्य अर्पित करने आते हैं। छठ पर्व के इस पावन मौके पर यहां की व्यवस्था में निगम और प्रशासन का अपेक्षित सहयोग तो नहीं मिलता, लेकिन स्थानीय लोग पूरे समर्पण के साथ व्यवस्था को संभालने का जिम्मा उठाते हैं। चाहे पार्किंग की व्यवस्था हो या घाट की सफाई—हर मोर्चे पर स्थानीय लोग ही आगे बढ़कर योगदान देते हैं। रामशिला-प्रेतशिला मार्ग पर स्थित यह घाट प्रशासन की नजरों से ओझल रहता है। नगर निगम की ओर से यहां सफाई व्यवस्था के लिए सीमित संख्या में कर्मचारी लगाए जाते हैं, जबकि वास्तविक आवश्यकता कहीं अधिक है। यहां तक कि वार्ड नंबर 04 के सफाईकर्मियों को भी विशेषतः सूर्य मंदिर घाट की सफाई में लगाना पड़ता है। जल संसाधन विभाग के अधिकारी अवलोकन के लिए तो आते हैं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता। न ही नगर निगम के वरिष्ठ पदाधिकारियों, मेयर, या डिप्टी मेयर का यहां आना होता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस घाट को प्रशासनिक रूप से उपेक्षित माना जा सकता है।
प्रशासनिक अनदेखी पर उठ रहे सवाल
रामशिला-प्रेतशिला मार्ग पर स्थित यह घाट प्रशासन की नजरों से ओझल रहता है। नगर निगम की ओर से यहां सफाई व्यवस्था के लिए सीमित संख्या में कर्मचारी लगाए जाते हैं, जबकि वास्तविक आवश्यकता कहीं अधिक है। यहां तक कि वार्ड नंबर 04 के सफाईकर्मियों को भी विशेषतः सूर्य मंदिर घाट की सफाई में लगाना पड़ता है। जल संसाधन विभाग के अधिकारी अवलोकन के लिए तो आते हैं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता। न ही नगर निगम के वरिष्ठ पदाधिकारियों, मेयर, या डिप्टी मेयर का यहां आना होता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस घाट को प्रशासनिक रूप से उपेक्षित माना जा सकता है।
स्थानीय लोगों का सहयोग बना उम्मीद की किरण
प्रशासन की अनदेखी के बावजूद यहां के लोग अपनी सामर्थ्य से अधिक सहयोग करते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्थानीय लोग स्वयं व्यवस्थाओं को संभालते हैं। उनकी मंशा है कि नगर निगम और जिला प्रशासन का थोड़ा सहयोग मिल जाए, तो सूर्य मंदिर घाट को गया का सबसे विकसित और सुंदर छठ घाट बनाया जा सकता है।
प्रशासनिक सहयोग की आवश्यकता
वर्ष में दो बार मनाए जाने वाले छठ पर्व के दौरान यहां दूरदराज से श्रद्धालुओं का आगमन होता है, लेकिन प्रशासनिक सुविधाओं की कमी खलती है। पर्याप्त पुलिस सुरक्षा और सुविधाएं यहां उपलब्ध नहीं कराई जातीं। यदि नगर निगम और प्रशासन इस घाट पर उचित ध्यान दें और बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था करें, तो सूर्य मंदिर घाट को गया का एक आदर्श छठ घाट के रूप में विकसित किया जा सकता है।
राजगीर में आयोजित किए जाने वाले महिला एशियन हॉकी चैम्पियनशिप में हिस्सा लेने आईं अंतरराष्ट्रीय टीमों का गया के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इन खिलाड़ियों का पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया। इनके आगमन के मद्देनजर 7 नवंबर को डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम एवं वरीय पुलिस अधीक्षक आशीष भारती आदि के द्वारा नगर पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बोधगया एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी, कर्मी के साथ उनके आवासन स्थलों (होटलों,रिसॉर्ट) की सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान, उन्होंने खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाओं का भी आंकलन किया और सुनिश्चित किया कि सभी सुविधाएं उच्चतम स्तर पर हों। इसके अतिरिक्त, उन्होंने सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए खिलाड़ियों की सुरक्षा में कोई कमी न रहे, इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों को विशेष दिशा निर्देश भी दिए।
गया के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इन खिलाड़ियों का पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया। बता दें कि राजगीर में 11 से 20 नवंबर तक यह प्रतियोगिता आयोजित की गई है। इस प्रतियोगिता में भाग ले रही भारत सहित विभिन्न देशों की कुल छह टीमें शामिल हैं। इसके पहले भारतीय टीम का आगमन हो चुका है। जिनका स्वागत भी भव्य और भारतीय संस्कृति की परंपरागत तरीके से किया गया था। चीन के खिलाडिय़ों के दल में शामिल लोगों के नाम इस प्रकार हैं।
इमामगंज विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव को लेकर चुनाव प्रचार जोरों पर है। इसी बीच यह खबर आई कि प्रचार के दौरान वाहन पर लगे पोस्टर को फाड़ दिया गया है। इसके बाद दोनों पक्ष के लोगों के बीच विवाद बढ़ गया। चुनाव प्रचार वाहन हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा(सेक्युलर) का बताया गया है। यहां से एनडीए समर्थित उम्मीदवार दीपा मांझी चुनाव लड़ रही हैं। इस दल के लोगों का आरोप है कि विपक्षी दल के लोगों के द्वारा यह कृत किया गया है। इस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि 7 नवंबर को बांकेबाजार थाना को सूचना प्राप्त हुई कि कुछ असामाजिक तत्वों के द्वारा एक चुनाव प्रचार गाड़ी पर लगे पोस्टर को फाड़ा गया तथा प्रचार करने से रोका गया। इस सूचना से वरीय पुलिस पदाधिकारी को अवगत कराते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शेरघाटी-1, बांकेबाजार थानाध्यक्ष एवं बांकेबाजार थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों द्वारा तत्क्षण घटनास्थल पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। स्थानीय लोगों से इस संदर्भ में जानकारी प्राप्त की गई तो उनलोगों के द्वारा बताया गया कि तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने के चलते कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था। तत्पश्चात बांकेबाजार थाना द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है। विधि व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।
एसएसपी ने कहा कि गया पुलिस विधानसभा उपचुनाव को निष्पक्ष, भयमुक्त एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
लोक आस्था का महापर्व छठ का शुभारंभ होते ही गया समेत पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल छा गया है। चारों ओर छठ मईया के गीतों की गूंज से वातावरण पवित्र हो उठा है। छठ व्रतियों ने बुधवार को खरना विधि पूरी की, जिसमें भगवान भास्कर और छठ मईया की उपासना की जाती है। खरना के बाद, व्रती अब निर्जला उपवास पर हैं और अगले दो दिन पूरी श्रद्धा के साथ इस पूजा को पूर्ण करेंगे।
गुरुवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती भगवान भास्कर की आराधना करेंगे, और शुक्रवार को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर इस कठिन तप को पूर्ण करेंगे। इस अवसर पर शहर के हर कोने में उल्लास का माहौल है। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के लिए लोग देर रात तक एक-दूसरे के घरों में आते-जाते दिखे, जिससे आपसी भाईचारे और प्रेम का संदेश भी फैल रहा है।
छठ पूजा में स्वच्छता और शुद्धता का विशेष महत्व होता है, जिसके चलते न सिर्फ घरों बल्कि गलियों और घाटों की भी विशेष सफाई की जा रही है। जिला और नगर निगम प्रशासन के साथ-साथ कई स्वयंसेवी संस्थाएं भी सफाई अभियान में जुट गई हैं, ताकि व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सुरक्षा के मद्देनजर, प्रशासन ने कुछ घाटों को खतरनाक घोषित किया है और वहां जाने से बचने की अपील की है। इन सतर्क उपायों के बीच, गया का हर घाट और हर गली इस आस्था के महापर्व के स्वागत में सज-धजकर तैयार है।
लोक आस्था का महापर्व छठ का माहौल गया शहर में पूरी तरह भक्तिमय हो चुका है। चारों ओर छठ मईया की महिमा के गीतों की गूंज के बीच, छठ घाटों पर भगवान भास्कर को अर्घ्य देने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार को खरना के बाद छठ व्रतियों ने भगवान भास्कर और छठ मईया की उपासना की और अब वे निर्जला उपवास में हैं।
छठ पूजा की परंपरा में स्वच्छता और शुद्धता का विशेष महत्व है। इस पुण्य अवसर पर गया नगर निगम और जिला प्रशासन के साथ-साथ कई स्वयंसेवी संस्थाएं भी घाटों की सफाई में योगदान दे रही हैं। बुधवार को गया नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर सफाई कार्य चलता रहा। खासतौर पर, राय विन्देश्वरी घाट और फल्गु नदी किनारे वार्ड नं 20 के पार्षद धर्मेंद्र कुमार और वार्ड नं 14 के पार्षद पप्पू कुमार खुद घाट की सफाई करते नजर आए, उनके साथ सफाई कर्मियों की भी पूरी टीम मौजूद रही। इनके इस सेवा भाव की लोगों ने खूब प्रशंसा की, जिससे प्रभावित होकर अन्य लोग भी इस काम में हाथ बंटाने के लिए आगे आए।
घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब वार्ड पार्षद धर्मेंद्र कुमार घाट की सफाई कर रहे थे, उसी समय नगर निगम के नगर आयुक्त भाप्रसे कुमार अनुराग भी वहां निरीक्षण के लिए पहुंचे। पार्षद को खुद सफाई करते देख उन्होंने उनकी सराहना की। वार्ड पार्षद धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि वे हर साल विन्देश्वरी घाट की सफाई में सक्रिय भूमिका निभाते हैं, जिसमें अन्य वार्ड पार्षदों का भी सहयोग मिलता है।
गया नगर निगम और जिला प्रशासन ने व्रतधारियों की सुविधा के लिए सभी छठ घाटों पर व्यापक प्रबंध किए हैं। घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी सुनिश्चित किए गए हैं। प्रशासन ने कुछ घाटों को खतरनाक घोषित कर वहां जाने से बचने की अपील की है, ताकि छठ व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस भक्ति और सेवा के माहौल में गया के पार्षदों का यह समर्पण न केवल छठ व्रतियों के प्रति उनके सम्मान को दर्शाता है बल्कि समाज में सफाई के प्रति जागरूकता भी फैलाता है।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के अमैठी पंचायत अंतर्गत मदरडीह गांव में सोमवार रात लक्ष्मी माता की प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए विवाद में आज दोनों पक्षों की ओर से थाने में मामला दर्ज किया गया है। डीजे पर जातिसूचक गीत बजाए जाने को लेकर शुरू हुए इस विवाद ने उग्र रूप धारण कर लिया था, जिसमें रोड़ेबाजी और मारपीट हुई और 18 से अधिक लोग घायल हो गए थे। इनमें से 13 घायलों को गंभीर स्थिति में गया मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था।
वजीरगंज थानाध्यक्ष वेंकटेश्वर ओझा ने बताया कि घटना के बाद से ही पुलिस और प्रशासन की टीम गांव में कैंप कर रही है, जिससे स्थिति काबू में बनी हुई है। प्रतिमा विसर्जन का कार्य भी प्रशासन की निगरानी में देर रात संपन्न हुआ, और अब भी पुलिस की तैनाती गांव में जारी है।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हिंसा और उकसावे का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। एक पक्ष के मनोहर प्रसाद ने 13 लोगों को नामजद किया है, जबकि दूसरे पक्ष के अनिल प्रसाद ने 22 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस थानाध्यक्ष के अनुसार, घटना की जांच शुरू कर दी गई है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। अभी तक किसी भी नामजद व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
यह घटना तब भड़की थी जब डीजे पर बजाए जा रहे जातिसूचक गीतों को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखते हुए तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया और स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती जारी रखी है। पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाह से बचें।
छठ पर्व के मद्देनजर आरपीएफ़ गया एवं जीआरपी गया द्वारा संयुक्त रूप से स्टेशन एवं स्टेशन परिसर में जागरूकता अभियान चलाया गया। क्षेत्राधिकार अंतर्गत फ्लैग मार्च किया गया। आरपीएफ़ के पोस्ट प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश ने बताया कि आगामी त्यौहार के मद्देनजर आरपीएफ़ गया एवं जीआरपी गया द्वारा संयुक्त रूप से बल सदस्यों के साथ स्टेशन एवं स्टेशन परिसर में यात्रियों के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया। साथ ही साथ अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों के बीच भय व्याप्त करने के लिए करीब 8 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए एरिया डोमिनेशन किया गया। साथ ही रेल क्षेत्र से सटे रिहायशी इलाकों में बसे व्यक्तियों के बीच भी गाड़ियों पर पत्थर ना फेंकने एवं रेल लाइन से सटे मवेशियों को न रखने हेतु जागरूक किया गया।