Blog

  • गया के दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में सांसदों को अपनी-अपनी ‘लाज’ रखने की चिंता

    गया के दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में सांसदों को अपनी-अपनी ‘लाज’ रखने की चिंता

    देवब्रत मंडल

    बिहार के चार विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी गई है। जिसमें दो गया जिले के इमामगंज (सुरक्षित) और बेलागंज(सामान्य) सीट हैं। यहां से विधायक रहे क्रमशः जीतनराम मांझी और डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव सांसद चुन लिए गए हैं। जीतनराम मांझी केंद्रीय मंत्री बन गए और सुरेंद्र यादव विपक्ष में हैं। अब इन दोनों सांसदों को अपनी अपनी सीट की ‘लाज’ बचाने की चिंता है। कहने का अर्थ है कि पार्टी के हिसाब से दोनों को इन सीटों पर जीत दर्ज कराने की चिंता है।

    उम्मीदवार की घोषणा नहीं हुई है

    बता दें कि इमामगंज सीट और बेलागंज सीट पर किसी दल या गठबंधन की ओर से उम्मीदवार की घोषणा नहीं हुई है। चर्चा में वैसे कई के नाम हैं। एक साल के लिए ही सही लेकिन मुकाबला महत्वपूर्ण होगा। देखा जाए तो बिहार विधानसभा का चुनाव अगले साल होना है। इन दो सीटों पर होने जा रहे उपचुनाव में जीतकर आने वाले विधायक का कार्यकाल करीब 12 महीने ही होगा। इसके बाद अगले साल होने वाले विस चुनाव में क्या होगा, यह अभी नहीं कहा जा सकता है लेकिन मुकाबला महत्वपूर्ण होगा।

    एक पर राजद तो दूसरे पर हम(से.) का कब्जा

    इन दोनों विधानसभा सीट की बात करें तो एक पर राजद तो दुसरे पर हम(से.) का कब्जा रहा है। एक तरफ जीतनराम मांझी थे तो दूसरी तरफ डॉ सुरेंद्र प्रसाद यादव। अब इन दोनों सीटों पर एनडीए और महागठबंधन की ओर से उम्मीदवार घोषित किया जाना बाकी है।

    जनसुराज की उपस्थिति से बिगड़ सकता है खेल

    बिहार में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के पूर्व गया जिले के इन दो विधानसभा सीटों पर होने जा रहे उपचुनाव में जाने माने रणनीतिकार प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज के भी पूरे दमखम के साथ चुनाव मैदान में आने की बात है। ऐसे में चुनाव काफी रोचक भी हो सकता है।

    18 अक्टूबर से नामांकन दाखिल किया जाएगा

    निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव के तारीख का ऐलान कर दिया है। 18 अक्टूबर से नामांकन पत्र दाखिल करने का काम शुरू हो जाएगा। जो 25 अक्टूबर तक चलेगा। इसके बाद 28 को नामांकन पत्रों की जांच और 30 अक्टूबर को नाम वापसी की तारीख है। 13 नवंबर को वोटिंग होगा और परिणाम कहें या काउंटिंग 23 नवंबर को होगा।

  • काम की खबर: गया-कोडरमा ग्रैंडकॉर्ड रेलखंड पर यहां चलेगा रेल पटरियों को बदलने का काम, सड़क यातायात व्यवस्था होगा प्रभावित

    काम की खबर: गया-कोडरमा ग्रैंडकॉर्ड रेलखंड पर यहां चलेगा रेल पटरियों को बदलने का काम, सड़क यातायात व्यवस्था होगा प्रभावित

    देवब्रत मंडल

    गया-कोडरमा ग्रैंडकॉर्ड रेलखंड पर समपार फाटक 40/एटी गेट से होकर आने जाने वाले लोगों के लिए एक जरुरी सूचना दिया जा रही है कि इस रेलवे गुमटी के पास रेल पटरियों को बदलने सहित कई काम को किया जाना है। ऐसे में यह रेल फाटक कुछ समय के अंतराल पर फाटक पूरी तरह से बंद रहेगा। जिससे यातयात काफी हद तक प्रभावित होने की संभावना है।

    रेल व जिला प्रशासन संयुक्त रूप से रखेंगे निगरानी

    इस तरफ की संभावनाओं को देखते हुए रेल और जिला प्रशासन की तरफ से भारी संख्या में बलों की तैनाती की जाएगी। इसको लेकर कोडरमा आरपीएफ पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक एवं मुफ्फसिल थानाध्यक्ष को निर्देश दिया गया है कि पर्याप्त संख्या में बलों की तैनाती इस फाटक के पास की जाए।

    कोडरमा पोस्ट प्रभारी ने संभाली कमान

    कोडरमा आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि यहां बल की ड्यूटी लगाई गई है। जिस दिन से यहां कार्य शुरू होगा और जबतक कार्य पूरा नहीं हो जाता है तबतक और बालों के साथ पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। ताकि ट्रेन परिचालन और कार्य में किसी तरह की बाधा उत्पन्न नहीं हो। उन्होंने बताया जिला पुलिस से समन्वय स्थापित कर सड़क यातायात और रेल यातायात दोनों सुचारू रूप से चले।

    जिला प्रशासन ने मुफस्सिल थानाध्यक्ष को दिया निर्देश

    इधर जिला प्रशासन ने मुफस्सिल थानाध्यक्ष को पर्याप्त संख्या में बलों की तैनाती का निर्देश दिया है। ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से रहे और रेल के कार्य में बाधा उत्पन्न नही हो। आइए जानते हैं कौन कौन कार्य होंगे यहां परसमपार फाटक संख्या 40/A/T बंधुआ स्टेशन अवस्थित समपार फाटक पर डीप स्क्रीनिंग, पैकिंग एवम् स्लीपर बदलने का कार्य अप मेन लाइन में मशीन के द्वारा किया जाएगा।

    इन तिथियों और समय पर होंगे कार्य

    दिनांक- 21.10.2024 से 23.10.2024 तक दोपहर बाद 15:00(तीन बजे) से शाम 18:00(6 बजे) तक एवम् रात्रि 22.00(10 बजे) से सुबह 06.00 बजे तक उक्त कार्य किया जाना है। जिसके कारण गेट बंद रहेगा एवं यातायात बाधित होगा।

    भीड़ नियंत्रित करने के लिए की जा रही बलों की तैनाती

    इसलिए सड़क यातायात एवं भीड़ को नियंचित करने के लिए सुरक्षा बल उपलब्ध करने की व्यवस्था की जा रही है ताकि समपार फाटक का कार्य सुचारू रूप से किया जा सके एवं समपार फाटक का कार्य करने वाले मशीन एवं रेल कर्मचारी अबाधित रूप से अपना कार्य कर सके।

  • राजमाता जीजाबाई ट्रॉफी के लिए झारखंड महिला फुटबॉल टीम के चयनकर्ता बने एस. नेयाजउद्दीन

    राजमाता जीजाबाई ट्रॉफी के लिए झारखंड महिला फुटबॉल टीम के चयनकर्ता बने एस. नेयाजउद्दीन

    देवब्रत मंडल

    गया: चाकंद (रेवाड़ा) स्थित +2 आज़ाद हाई स्कूल के प्रिंसिपल एस. नेयाजउद्दीन को राजमाता जीजाबाई ट्रॉफी 2024-25 के तहत 29वीं सीनियर महिला राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए झारखंड महिला फुटबॉल टीम का चयनकर्ता नियुक्त किया गया है। इस प्रतियोगिता का आयोजन सिलीगुड़ी, पश्चिम बंगाल में किया जा रहा है।झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव गुलाम रब्बानी ने एस. नेयाजउद्दीन से अनुरोध किया है कि वे 15-16 अक्टूबर 2024 को टीम का चयन करें, क्योंकि अंतिम टीम का चयन धनबाद फुटबॉल स्टेडियम में होगा। इसके बाद, टीम 16 अक्टूबर को सिलीगुड़ी के लिए रवाना होगी।

    एस. नेयाजउद्दीन की इस उपलब्धि पर +2 आजाद उच्च विद्यालय के सचिव एस. सबाहुउद्दीन उर्फ सिब्बू बाबू, खतीब अहमद, मोती करीमी, एस. इफरानउद्दीन, युवा नेता रंजेश कुमार, भारत युथ एजुकेशनल ट्रस्ट के अध्यक्ष मो. वसीम अंसारी, भाकपा माले नेता तारीक अनवर और सुनील कुमार समेत क्षेत्र के खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी है। उनकी इस सफलता पर स्कूल और इलाके में खुशी की लहर है।

  • बेलागंज में बिजली की हाई टेंशन तार टूटकर गिरने से रिटायर होमगार्ड जवान घायल, गया रेफर

    बेलागंज में बिजली की हाई टेंशन तार टूटकर गिरने से रिटायर होमगार्ड जवान घायल, गया रेफर

    रिपोर्ट – अजीत कुमार ,बेलागंज

    बेलागंज थाना क्षेत्र के सिंलौजा मोड़ के पास सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब पैदल जा रहे एक रिटायर होमगार्ड जवान अवधेश शर्मा के ऊपर 11केवी वोल्ट का बिजली का तार अचानक गिर गया। इस दुर्घटना में अवधेश शर्मा गंभीर रूप से झुलस गए, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल बेलागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने स्थिति को गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए गया रेफर कर दिया है।

    बिजली विभाग पर ग्रामीणों का आरोप

    स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने बिजली विभाग को तार बदलने के लिए कई बार लिखित आवेदन दिया था, लेकिन विभाग के अधिकारियों ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण इलाके में लगातार इस तरह के हादसे हो रहे हैं। इस हादसे से नाराज स्थानीय लोग अब प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं और बिजली विभाग की लापरवाही को सुधारने की अपील कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

  • धनबाद-जम्मूतवी स्पेशल ट्रेन अब सप्ताह में दो दिन चलेगी, त्योहारों के मद्देनजर रेलवे का बड़ा कदम

    धनबाद-जम्मूतवी स्पेशल ट्रेन अब सप्ताह में दो दिन चलेगी, त्योहारों के मद्देनजर रेलवे का बड़ा कदम

    दीपावली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने धनबाद और जम्मूतवी के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन के फेरे बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिन चलेगी। पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, सरस्वती चंद्र ने जानकारी दी कि यह बदलाव यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया गया है।

    • धनबाद-जम्मूतवी स्पेशल (03309): यह स्पेशल ट्रेन 15 अक्टूबर 2024 से 30 नवंबर 2024 तक हर मंगलवार और शनिवार को धनबाद से जम्मूतवी के लिए रवाना होगी।
    • जम्मूतवी-धनबाद स्पेशल (03310): वापसी में, यह ट्रेन 16 अक्टूबर 2024 से 1 दिसंबर 2024 तक प्रत्येक बुधवार और रविवार को जम्मूतवी से धनबाद के लिए संचालित की जाएगी।

    यह स्पेशल ट्रेन कोडरमा, गया, दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू), प्रयागराज और दिल्ली होते हुए चलेगी, जिससे यात्रियों को अधिक विकल्प मिलेंगे और त्योहारों के दौरान उनकी यात्रा सुगम होगी।मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने कहा कि यह कदम यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा देने और त्योहारी सीजन के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उठाया गया है। यात्रियों से अनुरोध है कि वे इस अतिरिक्त सुविधा का लाभ उठाएं और समय पर टिकट बुकिंग करें।

  • गया-मुंबई एक्सप्रेस के नियमित परिचालन को लेकर सस्पेंस खत्म, जानें कब से चलेगी, देखें टाइम टेबल

    गया-मुंबई एक्सप्रेस के नियमित परिचालन को लेकर सस्पेंस खत्म, जानें कब से चलेगी, देखें टाइम टेबल

    देवब्रत मंडल

    गया-मुंबई एक्सप्रेस के उद्घाटन के बाद लोगों में इस बात को लेकर बेचैनी थी कि आखिर इस ट्रेन का नियमित परिचालन कब से शुरू हो रहा है। यह सस्पेंस खत्म हो गया है। गया जंक्शन से इस ट्रेन का नियमित परिचालन इसी बुधवार यानी 23 अक्टूबर से शुरू हो रहा है। जबकि 25 यानी शुक्रवार से यह ट्रेन मुंबई से चलेगी।इस संबंध में रेलवे ने सोमवार को यानी 14 अक्टूबर को एक पत्र जारी करते हुए बताया है कि गया से 22358 गया-मुंबई एक्सप्रेस शाम 7:00 बजे खुलेगी। जो सुबह 5:50 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनल पहुंचेगी। जबकि 22357 लोकमान्य तिलक टर्मिनल(मुंबई) से दोपहर बाद 1:15 बजे खुलेगी और गया जंक्शन पर यह रात 10:50 में पहुंचेगी। बता दें कि इस ट्रेन का उद्घाटन 13 अक्टूबर को किया गया था। इसके बाद लोग ये जानने को बेचैन थे कि आखिर इस ट्रेन का नियमित रूप से परिचालन कब शुरू हो रहा है। रेलवे द्वारा जारी एक पत्र के माध्यम से इसकी जानकारी अबतक रेल महकमे को दी गई है 23 अक्टूबर से इसका नियमित परिचालन शुरू किया जा रहा है।

    गया सहित मगध के लोगों को होगी सहूलियत

    इस नई ट्रेन के परिचालन शुरू हो जाने से गया जिला सहित मगध प्रमंडल के सभी जिले के लोगों को मुंबई जाने में अब सहूलियत होगी। गया से मुंबई के लिए सीधी एक ट्रेन की मांग कब से की जा रही थी। जो पूरी हो गई है।

    ग्रैंडकॉर्ड पैसेंजर एसोसिएशन के अध्यक्ष सहित कई लोगों ने दी बधाई

    मुंबई, बंगलूरू आदि बड़े शहरों के लिए गया से सीधी रेल सेवा की लगातार मांग करते हुए आ रहे ग्रैंडकॉर्ड पैसेंजर एसोसिएशन के अध्यक्ष डी. के. जैन, पूर्व सांसद रामजी मांझी सहित कई लोगों ने गया-मुंबई ट्रेन के परिचालन शुरू कराए जाने के लिए रेल मंत्री और केंद्र की सरकार को बधाई दी है। कहा कि बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हुई। इससे गया सहित मगध प्रमंडल के लोगों में खुशी है।

    गया से प्रत्येक बुधवार को और मुंबई से शुक्रवार को चलेगी

    गया-मुम्बई सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन सप्ताह में केवल एक दिन गया से चलेगी। जबकि लोकमान्य तिलक टर्मिनल से यह ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार को चला करेगी। इस साप्ताहिक ट्रेन में सीट की बुकिंग बहुत जल्द ही शुरू कर दी जाएगी। सोमवार देर शाम इसकी सूचना सभी आरक्षण कार्यालय को दे दी गई है। सिस्टम(cris) में इसे फीड हो जाने के बाद लोग ऑनलाइन बुकिंग भी करा सकते हैं।

  • पटना और नई दिल्ली के बीच स्पेशल ट्रेनों का परिचालन, वंदे भारत और तेजस जैसी ट्रेनें होंगी शामिल

    पटना और नई दिल्ली के बीच स्पेशल ट्रेनों का परिचालन, वंदे भारत और तेजस जैसी ट्रेनें होंगी शामिल

    न्यूज डेस्क: दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्यौहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए, रेलवे ने कई विशेष ट्रेनों का परिचालन करने का निर्णय लिया है। यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए, पटना और नई दिल्ली के बीच वंदे भारत स्पेशल एक्सप्रेस, तेजस फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस के साथ-साथ नई दिल्ली से बरौनी और जयनगर के लिए भी विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। ये ट्रेनें दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, पटना और मोकामा के रास्ते संचालित होंगी।

    वंदे भारत स्पेशल एक्सप्रेस (02252/02251)

    नई दिल्ली से पटना: वंदे भारत स्पेशल एक्सप्रेस (गाड़ी सं. 02252) 30 अक्टूबर, 1, 3 और 6 नवंबर 2024 को नई दिल्ली से सुबह 8:25 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा होते हुए उसी दिन रात 8:00 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी।

    पटना से नई दिल्ली: वापसी यात्रा (गाड़ी सं. 02251) 31 अक्टूबर, 2, 4 और 7 नवंबर 2024 को पटना से सुबह 7:30 बजे शुरू होगी। यह ट्रेन आरा, बक्सर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल पर रुकते हुए उसी दिन शाम 7:00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

    तेजस सुपरफास्ट फेस्टिवल स्पेशल (02248/02247)

    नई दिल्ली से पटना: यह ट्रेन 29, 31 अक्टूबर, 2 और 5 नवंबर 2024 को सुबह 8:25 बजे नई दिल्ली से प्रस्थान करेगी और कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा पर रुकते हुए रात 8:30 बजे पटना पहुंचेगी।

    पटना से नई दिल्ली: वापसी में, यह ट्रेन 30 अक्टूबर, 1, 3 और 6 नवंबर 2024 को पटना से सुबह 7:30 बजे रवाना होगी और निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए उसी दिन शाम 7:35 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

    नई दिल्ली-पटना सुपरफास्ट फेस्टिवल स्पेशल (02250/02249)

    नई दिल्ली से पटना: गाड़ी सं. 02250 दिल्ली से 24 और 31 अक्टूबर 2024 को रात 11:55 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन गोविंदपुरी, प्रयागराज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा और दानापुर पर रुकते हुए अगले दिन 4:40 बजे पटना पहुंचेगी।

    पटना से नई दिल्ली: गाड़ी सं. 02249 पटना से 25 अक्टूबर और 1 नवंबर 2024 को शाम 5:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 11:00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। इस ट्रेन में वातानुकूलित और साधारण श्रेणी के विभिन्न कोच शामिल होंगे।

    नई दिल्ली-बरौनी फेस्टिवल स्पेशल (04054/04053)

    नई दिल्ली से बरौनी: गाड़ी सं. 04054 27, 30 अक्टूबर, 2 और 5 नवंबर 2024 को दोपहर 2:20 बजे नई दिल्ली से प्रस्थान करेगी और विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन सुबह 11:00 बजे बरौनी पहुंचेगी।

    बरौनी से नई दिल्ली: वापसी में, यह ट्रेन 28, 31 अक्टूबर, 3 और 6 नवंबर 2024 को दोपहर 12:30 बजे बरौनी से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 9:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

    नई दिल्ली-जयनगर फेस्टिवल स्पेशल (04052/04051

    नई दिल्ली से जयनगर: गाड़ी सं. 04052 26, 29 अक्टूबर, 1 और 4 नवंबर 2024 को नई दिल्ली से दोपहर 2:20 बजे चलेगी और अगले दिन जयनगर पहुंचेगी।

    जयनगर से नई दिल्ली: यह ट्रेन 27, 30 अक्टूबर, 2 और 5 नवंबर 2024 को शाम 6:00 बजे जयनगर से प्रस्थान करेगी और अगले दिन शाम 6:50 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। इस ट्रेन में वातानुकूलित और साधारण श्रेणी के कोच होंगे।

    मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि ये स्पेशल ट्रेनें यात्रियों की यात्रा को सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए चलाई जा रही हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि वे इन स्पेशल ट्रेनों का अधिकतम लाभ उठाएं।

  • गया-मुंबई के बीच नई ट्रेन सेवा का शुभारंभ, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने दिखाई हरी झंडी

    गया-मुंबई के बीच नई ट्रेन सेवा का शुभारंभ, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने दिखाई हरी झंडी

    कोडरमा: गया और मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनल) के बीच यात्रियों के लिए एक नई ट्रेन सेवा की शुरुआत की गई है। केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री, अन्नपूर्णा देवी, और माननीय विधायक डॉ. नीरा यादव एवं अमित कुमार यादव ने कोडरमा स्टेशन से गया-लोकमान्य तिलक टर्मिनल उद्घाटन स्पेशल को हरी झंडी दिखाकर इस सेवा का शुभारंभ किया। इस नई ट्रेन सेवा का परिचालन नियमित रूप से गाड़ी संख्या 22358/22357 गया-लोकमान्य तिलक-गया एक्सप्रेस के माध्यम से किया जाएगा।

    यह नई सेवा झारखंड और बिहार के विभिन्न शहरों को मुंबई से बेहतर तरीके से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। इस कदम से न केवल त्योहारों के दौरान यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि इससे दोनों राज्यों के धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच भी आसान होगी। इसके अलावा, ट्रेन के शुरू होने से इन मार्गों पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय व्यवसाय, पर्यटन और व्यापार को भी लाभ होगा।

    ट्रेन सेवा का समय और कोच विवरण

    गया से: यह ट्रेन हर बुधवार शाम 7:00 बजे रवाना होगी और शुक्रवार सुबह 5:50 बजे मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनल) पहुंचेगी।

    मुंबई से: ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार दोपहर 1:15 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनल से चलेगी और शनिवार रात 10:50 बजे गया पहुंचेगी।

    कोच संरचना

    इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए निम्नलिखित कोच होंगे:

    • प्रथम वातानुकूलित श्रेणी – 01 कोच
    • द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी – 02 कोच
    • तृतीय वातानुकूलित श्रेणी – 03 कोच
    • तृतीय वातानुकूलित इकॉनोमी श्रेणी – 03 कोच
    • शयनयान श्रेणी – 06 कोच
    • साधारण श्रेणी – 04 कोच

    महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव

    यह ट्रेन अपने मार्ग में गया और लोकमान्य तिलक टर्मिनल के बीच निम्नलिखित प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी:

    • कोडरमा
    • हजारीबाग टाउन
    • बरकाकाना
    • मेसरा
    • रांची
    • हटिया
    • राउरकेला
    • झारसुगुडा
    • रायगढ़
    • बिलासपुर
    • रायपुर
    • दुर्ग
    • गोंदिया
    • नागपुर
    • वर्धा
    • बडनेरा
    • अकोला
    • भुसावल
    • जलगांव
    • नासिक रोड
    • कल्याण

    इस नई सेवा से यात्रियों के लिए सफर न केवल आरामदायक होगा, बल्कि बिहार और झारखंड से मुंबई तक यात्रा करने में भी सुविधा होगी। रेलवे की इस पहल से स्थानीय लोगों और व्यापारियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।

  • गया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: क्रेडिट कार्ड के नाम पर साइबर फ्रॉड करने वाला गिरफ्तार, मोबाइल और 16 स्कैनर बरामद

    गया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: क्रेडिट कार्ड के नाम पर साइबर फ्रॉड करने वाला गिरफ्तार, मोबाइल और 16 स्कैनर बरामद

    गया। जिले में साइबर अपराध पर शिकंजा कसते हुए गया पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देशन में कोतवाली थाना क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के तहत एक साइबर गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपी के पास से साइबर फ्रॉड में इस्तेमाल किए गए एक मोबाइल और 16 स्कैनर बरामद किए गए हैं।

    गया एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि 13 अक्टूबर 2024 को, एक पीड़ित ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दी थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी करते हुए उसके मोबाइल का उपयोग कर 40,000 रुपये किसी अन्य व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर कर दिए। इस सूचना के आधार पर कोतवाली थानाध्यक्ष और अन्य पुलिस अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जिसके बाद पुलिस टीम ने झीलगंज ठाकुरवारी गली इलाके में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही एक संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, जिसे सशस्त्र बल की सहायता से तुरंत पकड़ लिया गया।

    पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम राहुल कुमार मिश्रा बताया, जो झीलगंज ठाकुरवारी गली, थाना कोतवाली, जिला गया का निवासी है। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में राहुल ने खुलासा किया कि वह और उसका गिरोह लोन और क्रेडिट कार्ड के नाम पर साइबर ठगी करते थे। इसके बाद पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली, जिसमें एक मोबाइल और 16 स्कैनर बरामद किए गए। गया पुलिस ने इस मामले में कोतवाली थाना कांड संख्या 526/24 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और धारा 318(4) बीएनएस के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा, पुलिस इस गिरोह के अन्य साइबर फ्रॉड के मामलों की जांच में भी जुटी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

    गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास

    पुलिस के अनुसार राहुल कुमार मिश्रा का आपराधिक इतिहास पहले से ही संदिग्ध रहा है। चाकन्द थाना क्षेत्र में उसके खिलाफ कांड संख्या 166/23 के तहत 19 मई 2023 को धारा 467, 468, 471, 420 और 406 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके अलावा, वर्तमान में कोतवाली थाना क्षेत्र में उसके खिलाफ एक और मामला दर्ज है।

  • गया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: माइक्रोफाइनेंस बैंक लूटकांड में दो अपराधी गिरफ्तार, लूट में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद

    गया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: माइक्रोफाइनेंस बैंक लूटकांड में दो अपराधी गिरफ्तार, लूट में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद

    गया जिले के बुनियादगंज थाना क्षेत्र में स्थित खंजाहापुर के एक निजी माइक्रोफाइनेंस बैंक में हुई लूट के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लूट में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है। गया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने बताया, “2 अक्टूबर को खंजाहापुर में स्थित एक निजी माइक्रोफाइनेंस बैंक में हुई लूट के मामले में दो और संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। ये गिरफ्तारियां हमारी विशेष जांच टीम (SIT) द्वारा की गई तकनीकी जांच और खुफिया जानकारी के आधार पर हुई हैं।” गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आकाश कुमार और विकास कुमार के रूप में हुई है। दोनों मखदुमपुर थाना क्षेत्र, जहानाबाद जिले के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है।

    एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि ,”आरोपियों की निशानदेही पर लूट में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को एक जंगल से बरामद किया गया है। इसके अलावा, उनके पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।” उल्लेखनीय है कि इससे पहले इसी मामले में पुलिस दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। उन आरोपियों से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, 4,900 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए थे।