Blog

  • जापान के निहोन हिदांक्यो को 2024 का नोबेल शांति पुरस्कार, महात्मा गांधी को आज तक नहीं मिला यह सम्मान

    जापान के निहोन हिदांक्यो को 2024 का नोबेल शांति पुरस्कार, महात्मा गांधी को आज तक नहीं मिला यह सम्मान

    देवब्रत मंडल

    जापान के संगठन निहोन हिदांक्यो को 2024 के नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार उन्हें दुनिया में परमाणु हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे उनके प्रयासों के लिए दिया गया है। नोबेल समिति ने कहा कि परमाणु हमलों के पीड़ितों की गवाही और उनके अनुभव नई पीढ़ियों को यह याद दिलाते रहेंगे कि परमाणु हथियार मानवता के लिए कितने खतरनाक हैं।

    क्यों मिला निहोन हिदांक्यो को यह सम्मान?

    निहोन हिदांक्यो में वे लोग शामिल हैं, जिन्हें ‘हिबाकुशा’ कहा जाता है—यानी वे लोग जो हिरोशिमा और नागासाकी पर हुए परमाणु हमलों में जीवित बचे थे। नोबेल समिति ने कहा, “इस संगठन ने परमाणु हथियारों के खतरे को उजागर करने और एक परमाणु-मुक्त दुनिया के निर्माण के लिए अपार प्रयास किए हैं। उनकी गवाही से यह साबित होता है कि परमाणु हथियारों का फिर कभी उपयोग नहीं होना चाहिए।

    हिरोशिमा और नागासाकी: इतिहास के सबसे भयानक परमाणु हमले

    6 अगस्त 1945 को अमेरिका ने जापान के हिरोशिमा शहर पर पहला परमाणु बम गिराया था। यह बम इतना घातक था कि इसने आसपास का तापमान 4,000 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा दिया और पूरा शहर तबाह हो गया। इस हमले में करीब 70,000 लोगों की जान गई थी। इसके तीन दिन बाद, अमेरिका ने नागासाकी पर दूसरा बम ‘फैट मैन’ गिराया, जिसमें 40,000 से ज्यादा लोग मारे गए।

    नोबेल शांति पुरस्कार: एक नज़र

    नोबेल शांति पुरस्कार की शुरुआत 1901 में हुई थी। अब तक यह पुरस्कार 112 व्यक्तियों और 31 संस्थाओं को दिया जा चुका है। भारत से केवल दो लोगों को यह सम्मान मिला है—मदर टेरेसा को 1979 में सामाजिक सेवा के लिए और कैलाश सत्यार्थी को 2018 में अनाथ बच्चों की शिक्षा के कार्य के लिए।हालांकि, महात्मा गांधी को 5 बार नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया, लेकिन उन्हें यह पुरस्कार कभी नहीं मिला।

  • गया में अज्ञात वाहन की टक्कर से होमगार्ड जवान गंभीर घायल, मगध मेडिकल रेफर

    गया में अज्ञात वाहन की टक्कर से होमगार्ड जवान गंभीर घायल, मगध मेडिकल रेफर

    देवब्रत मंडल

    गया जिले के बेलागंज से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां होमगार्ड जवान जमुना यादव को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की 112 डायल टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल जवान को बेलागंज के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया।घायल होमगार्ड जवान जमुना यादव गया जिले के डोभी चेकपोस्ट पर पदस्थापित थे और बेलागंज के मुबारकपुर के निवासी हैं।

    यह हादसा बेलागंज थाना क्षेत्र के अलावलपुर के पास हुआ, जब जमुना यादव पैदल सड़क पर जा रहे थे। अचानक एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। घटना की खबर मिलते ही होमगार्ड जवान के परिवार में पर्व की खुशी का माहौल अचानक चिंता में बदल गया। उनके परिजन और कुछ ग्रामीण तत्काल अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना हो गए हैं, जहां घायल जवान का इलाज जारी है।

  • वित्तीय सशक्तिकरण के लिए प्रधान डाकघर गया ने निकाली प्रभात फेरी, जनकल्याण योजनाओं के प्रचार पर जोर

    वित्तीय सशक्तिकरण के लिए प्रधान डाकघर गया ने निकाली प्रभात फेरी, जनकल्याण योजनाओं के प्रचार पर जोर

    देवब्रत मंडल

    राष्ट्रीय डाक सप्ताह के अंतर्गत आज, 11 अक्टूबर को, गया प्रधान डाकघर के वरीय डाकपाल रोहित नंदन के नेतृत्व में वित्तीय सशक्तिकरण के उद्देश्य से प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। यह प्रभात फेरी प्रधान डाकघर से प्रारंभ होकर समाहरणालय गोलंबर तक पहुंची और फिर वापस आकर प्रधान डाकघर परिसर में संपन्न हुई। इस आयोजन में प्रधान डाकघर के सभी कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल हुए।मार्केटिंग एक्जीक्यूटिव नीरज ने बताया कि इस प्रभात फेरी का मुख्य उद्देश्य डाक विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा, “वित्तीय सशक्तिकरण में हमारे डाकघर का अभूतपूर्व योगदान रहा है, और हम इस योगदान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।”प्रभात फेरी में भाग लेने वाले प्रमुख कर्मचारियों में इमरान खान, अशोक कुमार, शैलेन्द्र कुमार, जितेन्द्र कुमार, पिंटू कुमार, और रंजीत कुमार शामिल थे। उनका उत्साह और सहयोग इस कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

  • बाबा कोटेश्वर नाथ धाम में महोत्सव का समापन, न्यायमूर्ति अनिल कुमार सिन्हा ने किया कलाकारों का सम्मान

    बाबा कोटेश्वर नाथ धाम में महोत्सव का समापन, न्यायमूर्ति अनिल कुमार सिन्हा ने किया कलाकारों का सम्मान

    बाबा कोटेश्वर नाथ धाम में आयोजित दो दिवसीय कोटेश्वर महादेव दशहरा महोत्सव का समापन गुरुवार की शाम को हुआ। बुधवार से शुरू हुए इस महोत्सव का दूसरा दिन कलाकारों के नाम समर्पित रहा, जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही।समापन समारोह के मुख्य अतिथि पटना हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति अनिल कुमार सिन्हा थे। उन्होंने सभी कलाकारों को बुक्के और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। महोत्सव के दूसरे दिन के कार्यक्रम की शुरुआत न्यायमूर्ति अनिल कुमार सिन्हा, पूर्व लोकायुक्त न्यायमूर्ति श्याम किशोर शर्मा, अपर समाहर्ता (राजस्व) परितोष कुमार, अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, वरीय समाहर्ता मनीष कुमार, भाजपा नेता और चर्चित अधिवक्ता मुकेश कुमार, एवं स्थानीय मुखिया मनोज शर्मा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई।इस अवसर पर शिखा कुमारी, शशांक कुमार, स्वेता कुमारी, निहारिका कृष्ण, निशा कुमारी, प्रवाल रंजन, बिनोद कुमार सिंह, संजीत पात्रा, उषा कुमारी, उर्वशी ठाकुर और सत्यम शेखर जैसे लोक कलाकारों ने एक के बाद एक मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।सबसे अंत में चर्चित युवा लोक गायिका निशिका झा ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। उन्होंने ‘बम बम भोले शंकर’ और ‘निमिया के डाढ़ मैया’ जैसे भक्ति और लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी। उनकी गायिकी से दर्शक झूम उठे, और तालियों की गूंज लगातार मंच पर सुनाई दी।देर शाम अपर समाहर्ता (राजस्व) परितोष कुमार ने महोत्सव के समापन की घोषणा की।

    इसके बाद, न्यायमूर्ति अनिल कुमार सिन्हा ने सभी कलाकारों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का यह समन्वय कोटेश्वर नाथ महोत्सव की नींव है।कार्यक्रम में जहानाबाद के एडीजे विशाल कुमार, जिला जज ब्रजेश कुमार, हाई कोर्ट के वरीय अधिवक्ता हंसराज, मंदिर न्यास कमिटी के अध्यक्ष झलकदेव शर्मा, उपाध्यक्ष किशोरी मोहन शर्मा, सचिव योगेंद्र शर्मा, बीडीओ राघवेंद्र कुमार शर्मा, मुख्य थानाध्यक्ष आलोक रंजन, हम पार्टी के वरिष्ठ नेता पंपी शर्मा, भाजपा नेता दिलीप कुमार, दीपक कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

    रिपोर्ट : अजीत कुमार ,बेलागंज

  • रूसी महिला पर्यटक का गया में झपट्टा मारा गया आईफोन बरामद, पर अब वह इसे लेने नहीं आ सकेगी

    रूसी महिला पर्यटक का गया में झपट्टा मारा गया आईफोन बरामद, पर अब वह इसे लेने नहीं आ सकेगी

    पोस्ट के जरिए फोन रिसीव करने की उम्मीद जता रही हैं रूसी पर्यटक

    देवब्रत मंडल

    17 सितंबर को गया-मानपुर जंक्शन के बीच फल्गु नदी पुल पर चलती ट्रेन से रूसी महिला पर्यटक का झपट्टा मारकर चोरी किया गया आईफोन गया रेल पुलिस ने बरामद कर लिया है। घटना के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन पीड़ित रूसी पर्यटक नीना ने बताया कि अब वह गया नहीं आ सकेंगी और कोशिश करेंगी कि उन्हें उनका फोन पोस्ट के जरिए मिल जाए।नीना ने गया रेल पुलिस द्वारा फोन बरामद करने और अपराधी की गिरफ्तारी की खबर मिलने पर राहत जताई। उन्होंने कहा, “अंततः चोर पकड़ा गया और अब वह किसी और के साथ ऐसा नहीं करेगा।”

    फोन तो मिला, पर डैमेज होने के कारण वीडियो रिकवरी की उम्मीद नहीं

    हालांकि, नीना ने इस बात पर अफसोस जताया कि फोन मिलने के बावजूद उसे काम करने की स्थिति में नहीं पाया गया। उन्होंने कहा, “मुझे इस बात का दुख है कि मैं अपने वीडियो रिकवर नहीं कर पाऊंगी क्योंकि फोन काफी डैमेज हो गया है और रिमोट कंट्रोल काम नहीं कर रहा।”

    पोस्ट से फोन पाने की इच्छा, दक्षिण भारत में हैं नीना

    जब नीना से पूछा गया कि वह अपना आईफोन लेने गया कब आएंगी, तो उन्होंने कहा, “I’m not sure, I’m in South and I hope to receive my phone by post.” इस समय नीना दक्षिण भारत के किसी हिस्से में हैं और वहां से फोन प्राप्त करने की कोशिश कर रही हैं।

    घटना के वक्त मेडिकल छात्रों ने की थी नीना की मदद

    घटना के समय नीना जिस ट्रेन के S-10 कोच में सफर कर रही थीं, उसी में गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज के कुछ छात्र भी मौजूद थे। घटना के बाद जब नीना की बात समझने में अन्य यात्री असमर्थ थे, तब मेडिकल छात्रों ने उनसे अंग्रेजी में बात की और उनकी मदद की। उन्होंने टीटीई से संपर्क करवाया और नवादा रेल थाना को सूचित किया, जिससे आगे की कार्रवाई शुरू हुई। बाद में शेखपुरा जीआरपी थाने में नीना ने लिखित शिकायत दर्ज कराई।

    सोलो ट्रैवलर और ब्लॉगर हैं नीना

    नीना एक सोलो ट्रैवलर और ब्लॉगर हैं, जो अपने सफर के दौरान वीडियो बनाती हैं। घटना के समय भी वह फल्गु नदी का वीडियो बना रही थीं, जब अपराधी ने उनके हाथ से झपट्टा मारकर आईफोन छीन लिया था। उन्होंने कहा, “पहले मुझे अपना फोन वापस पाना है।”

    इस घटना से साबित होता है कि सतर्कता और सहयोग से अपराध पर काबू पाया जा सकता है, लेकिन यात्रा के दौरान व्यक्तिगत सुरक्षा का ध्यान रखना भी आवश्यक है।

  • स्वच्छता अभियानों को मिलेगी नई गति: सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी होंगे नोडल अधिकारी

    स्वच्छता अभियानों को मिलेगी नई गति: सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी होंगे नोडल अधिकारी

    देवब्रत मंडल

    बिहार सरकार ने स्वच्छता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए एक अहम कदम उठाया है। नगर निकायों में सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारियों को नोडल पदाधिकारी के रूप में नियुक्त किया जाएगा। इनके कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए सरकार ने गया नगर निगम समेत अन्य निकायों को जरूरी सुविधाएं मुहैया कराने का निर्देश दिया है।

    राजेश कुमार तिवारी, उप सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग, ने इस संबंध में एक आदेश जारी करते हुए नगर निगम के आयुक्त को निर्देशित किया है कि सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारियों के लिए कार्यालय की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इस निर्देश के तहत, स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए नोडल अधिकारी को एक अलग कार्यालय, कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।

    सुविधाएं और जिम्मेदारियां:

    • स्वच्छता के नोडल अधिकारी: सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी नगर निकायों में स्वच्छता कार्यों के नोडल पदाधिकारी होंगे। इन्हें एक उचित कार्यालय, टेबल-कुर्सी, कम्प्यूटर, प्रिंटर और इंटरनेट जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी, जिससे वे अपने कार्यों को सुचारू रूप से कर सकें।
    • अवकाश स्वीकृति: इन पदाधिकारियों का आकस्मिक और विशेष अवकाश नगर आयुक्त द्वारा स्वीकृत किया जाएगा, जबकि अन्य प्रकार के अवकाश विभाग की मंजूरी के साथ मिलेंगे।
    • भुगतान और प्रबंधन: स्वच्छता से संबंधित निर्माण, फोगिंग, सफाई कार्यों में प्रयुक्त एजेंसियों का भुगतान, मानव बल और सफाई वाहनों की मरम्मत से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं की देखरेख इन नोडल पदाधिकारियों द्वारा की जाएगी।
    • उपस्थिति पंजी: सभी सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी अनिवार्य रूप से अपनी उपस्थिति पंजी पर हस्ताक्षर करेंगे और नगर आयुक्त या कार्यपालक पदाधिकारी को रिपोर्ट करेंगे।

    इस आदेश के बाद नगर निगमों में स्वच्छता कार्यों को लागू करने में तेजी आएगी और शहरों में साफ-सफाई को लेकर सुधार की उम्मीद है।

  • गया में ट्रेन को पलटने की साजिश नाकाम, पायलट की सतर्कता से बच गया बड़ा हादसा

    गया में ट्रेन को पलटने की साजिश नाकाम, पायलट की सतर्कता से बच गया बड़ा हादसा

    रिपोर्ट – अजीत कुमार

    बिहार के गया जिले में ट्रेन को पलटने की साजिश नाकाम हो गई। घटना पटना-गया रेलखंड पर मंगलवार की देर रात नेयामतपुर रेल हाल्ट के पास की है। इस संबंध में ट्रेन के पायलट के बयान पर बेलागंज थाना में अज्ञात के विरुद्ध कांड दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है लेकिन इसमें कोई विशेष सफलता नहीं मिली है। अज्ञात अपराधियों ने रेल पटरी पर कंक्रीट का स्लीपर रखकर ट्रेन को पलटने की कोशिश की थी। रेलवे सूत्रों ने बताया कि गोमो हेडक्वार्टर के पायलट ने इसकी सूचना कंट्रोल और जहानाबाद रेल थाना को दी। जिन्होंने पुलिस को बताया है कि
    देर रात 12 बजे के करीब मखदुमपुर और बेला स्टेशन के बीच नेयामतपुर हाल्ट के समीप पटरी पर बड़ा पत्थर रखा दिखाई दिया तो इमरजेंसी ब्रेक लगा कर ट्रेन को रोकने की कोशिश की लेकिन इंजन से कंक्रीट का स्लीपर टकरा गया और स्लीपर क्षतिग्रस्त होकर पटरी से इधर उधर बिखर गए। ट्रेन को रोक लिया गया। और इस प्रकार इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस ट्रेन को पलटने की साजिश विफल हो गई।

    लोको पायलट ने समय रहते पत्थर देखकर इमरजेंसी ब्रेक लगाया और ट्रेन को दुर्घटनाग्रस्त होने से बचा लिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिक की दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है। जहानाबाद रेल थानाध्यक्ष दीप नारायण यादव ने बताया कि असामाजिक तत्वों ने पटरी पर पत्थर(स्लीपर) रख दिया था। इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकने के बाद इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस ट्रेन को लोको पायलट ने इसकी सूचना जीआरपी थाने को दी। मौक पर पहुंच कर पुलिस एवं रेलकर्मियों के सहयोग से पत्थर हटाकर ट्रेन को चालू कराया गया। इसी कारण ट्रेन 20 मिनट तक नेयामतपुर हाल्ट के पास खड़ी रही। उन्होंने बताया इस संबंध में बेलागंज थाना में अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिक दर्ज कर बदमाशों की पहचान करने में पुलिस जुटी है।

  • पटना-गया रेलखंड पर इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस को पलटने की साजिश नाकाम, लोको पायलट की सूझबूझ से टली बड़ी दुर्घटना

    रिपोर्ट : अजीत कुमार

    बिहार के पटना-गया रेलखंड पर मंगलवार देर रात एक बड़ी दुर्घटना होते-होते बची। मखदुमपुर और बेला स्टेशन के बीच, नेयामतपुर हाल्ट के पास, इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस ट्रेन को पटरी पर बड़ा पत्थर रखकर पलटने की साजिश की गई थी। हालांकि, लोको पायलट की सतर्कता और सूझबूझ के चलते यह साजिश विफल हो गई।

    लोको पायलट ने समय रहते पटरी पर रखे पत्थर को देख लिया और तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया, जिससे ट्रेन पलटने और बड़ी दुर्घटना होने से बच गई। घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी (राजकीय रेल पुलिस) और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पत्थर हटाकर ट्रेन को आगे रवाना किया गया।

    घटना के कारण ट्रेन करीब 20 मिनट तक रुकी रही। जीआरपी जहानाबाद थाने के प्रभारी दीप नारायण यादव ने बताया कि अज्ञात असामाजिक तत्वों ने पटरी पर पत्थर रखकर ट्रेन को पलटने की कोशिश की थी। इस घटना के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस साजिश के पीछे शामिल दोषियों की पहचान करने में जुटी है।

    इस घटना से यात्रियों में भय का माहौल है, लेकिन लोको पायलट की तत्परता के कारण एक बड़ी दुर्घटना टल गई। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही दोषियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।

  • कोटेश्वर महादेव महोत्सव: बच्चों की प्रस्तुति और इषिका विश्वकर्मा के गीतों ने बांधा समां, लेकिन भीड़ ने किया निराश

    कोटेश्वर महादेव महोत्सव: बच्चों की प्रस्तुति और इषिका विश्वकर्मा के गीतों ने बांधा समां, लेकिन भीड़ ने किया निराश

    रिपोर्ट : अजीत कुमार

    कोटेश्वर नाथ धाम में आयोजित दो दिवसीय कोटेश्वर महादेव दशहरा महोत्सव की शुरुआत कस्तूरबा विद्यालय, रहीम बिगहा के छोटे-छोटे बच्चों की संगीतमय प्रस्तुतियों से हुई। बच्चों ने “दुर्गा है मेरी मां”, “अंबे है मेरी मां”, और “ऊंचे भवन में होती है तेरी जय जयकार” जैसे भक्ति गीतों से कार्यक्रम का शानदार आगाज किया, जिसने वहां मौजूद दर्शकों और मुख्य अतिथियों को भावविभोर कर दिया।

    बच्चों की प्रस्तुतियों से मंत्रमुग्ध हुए अतिथि

    कस्तूरबा विद्यालय के बच्चों ने एक के बाद एक प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इन शानदार प्रस्तुतियों के बाद, मुख्य अतिथि उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति संदीप कुमार, न्यायमूर्ति शशिभूषण प्रसाद सिंह, और पूर्व लोकायुक्त न्यायमूर्ति श्याम किशोर शर्मा ने बच्चों को सम्मानित करते हुए कोटेश्वर नाथ धाम का मोमेंटो भेंट किया।

    लोक गायिका इषिका विश्वकर्मा की प्रस्तुति से सजी शाम

    कार्यक्रम के अगले चरण में उद्घोषक सुधीर पांडेय ने जिला प्रशासन की ओर से आमंत्रित प्रमुख कलाकार लोक गायिका इषिका विश्वकर्मा का नाम मंच से घोषित किया। रंगमंच पर पहुंचकर इषिका विश्वकर्मा ने अपनी प्रस्तुति की शुरुआत सुप्रसिद्ध गीत “सत्यम शिवम् सुंदरम” से की, जिससे माहौल में आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक रंग घुल गया। इसके बाद उन्होंने देवी और शिव भक्ति गीतों के साथ कई फिल्मी और लोकगीतों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने शाम को संगीतमय बना दिया।

    हालांकि, इषिका विश्वकर्मा की प्रस्तुतियां बेहतरीन थीं, लेकिन दर्शकों में वह उत्साह नहीं दिखाई दिया, जिसकी उम्मीद लेकर लोग कोटेश्वर महादेव दशहरा महोत्सव में आते हैं। शाम के चार बजे तक थोड़ी-बहुत भीड़ मौजूद थी, लेकिन पांच बजे तक अधिकांश लोग कार्यक्रम स्थल से निकलने लगे। अंत में, एडीएम परितोष कुमार ने पांच बजे कार्यक्रम के पहले दिन के समापन की घोषणा की। पहले दिन की शुरुआत जहां बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों से हुई, वहीं शाम के कार्यक्रम में दर्शकों की कमी ने आयोजन की चमक को थोड़ा फीका कर दिया। अब सभी की नजरें महोत्सव के दूसरे दिन के कार्यक्रम पर टिकी हैं, जब और भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।

  • कोटेश्वर महादेव दशहरा महोत्सव का भव्य आगाज, आयोजन की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

    बिहार सरकार के कला, संस्कृति और युवा विभाग एवं गया जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय कोटेश्वर महादेव दशहरा महोत्सव का शुभारंभ बुधवार दोपहर बाद हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति संदीप कुमार, न्यायमूर्ति शशिभूषण प्रसाद सिंह, पूर्व लोकायुक्त न्यायमूर्ति श्यामकिशोर शर्मा, एडीएम परितोष कुमार, वरिष्ठ उपसमाहर्ता मनीष कुमार, और अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव की शुरुआत की।

    कोटेश्वर नाथ धाम की महिमा और अपील

    उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने कोटेश्वर नाथ धाम की महिमा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह धाम न केवल बिहार बल्कि पूरे देश में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। यहां का प्राचीन सहस्र शिवलिंग और दुर्लभ पीपल वृक्ष श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है। न्यायमूर्ति ने कोटेश्वर नाथ धाम की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह स्थान आम और खास, दोनों को अपनी ओर खींचता है।

    आयोजन की तैयारियों पर नाराजगी

    हालांकि, न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने महोत्सव की तैयारियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा किए गए प्रबंधों में कई कमियां नजर आ रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले महोत्सव में इन खामियों को दूर किया जाएगा, जिससे आयोजन की गुणवत्ता में सुधार हो सके।

    पूर्व लोकायुक्त का छलका दर्द

    इस दौरान, पूर्व लोकायुक्त न्यायमूर्ति श्याम किशोर शर्मा ने भी कार्यक्रम में उपस्थित दर्शकों की कमी और आयोजन की व्यवस्थाओं पर कड़ा असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “पता नहीं गया जिला प्रशासन को कोटेश्वर नाथ धाम से क्या दुश्मनी है। जब बिहार सरकार महोत्सव के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध करा रही है, तो फिर आयोजन में इतनी खामियां क्यों दिख रही हैं?” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एक समय था जब इस महोत्सव में भारी भीड़ होती थी, जिसे नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल की जरूरत पड़ती थी। लेकिन अब, आधी कुर्सियां खाली पड़ी हैं और उन पर सिर्फ सुरक्षा कर्मी बैठे हैं।

    प्रशासन की विफलता पर सवाल

    पूर्व लोकायुक्त के इस तीखे बयान ने गया जिला प्रशासन और संबंधित विभाग की विफलता को उजागर कर दिया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रशासन की उदासीनता का प्रतीक है, जो एक ऐतिहासिक धाम के प्रति जिम्मेदारी निभाने में असफल हो रहा है।कार्यक्रम के दौरान उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति शशिभूषण प्रसाद सिंह, एडीएम परितोष कुमार और अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार साझा किए। मौके पर मंदिर न्यास कमिटी के अध्यक्ष झलकदेव शर्मा, उपाध्यक्ष किशोरी मोहन शर्मा, सचिव योगेंद्र शर्मा, मुखिया मनोज शर्मा, थानाध्यक्ष आलोक रंजन, और कई अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।