Blog

  • मुहर्रम को लेकर एसएसबी व पुलिस ने फतेहपुर में निकाला फ्लैग मार्च

    मुहर्रम को लेकर एसएसबी व पुलिस ने फतेहपुर में निकाला फ्लैग मार्च

    फतेहपुर : मुहर्रम त्योहार के मद्देनज़र, सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 32वीं वाहिनी ने आज फतेहपुर क्षेत्र में एक प्रभावशाली फ्लैग मार्च का आयोजन किया। यह कदम क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया।

    वाहिनी के कमांडेंट राजेश कुमार सिंह के निर्देश पर आयोजित इस फ्लैग मार्च का नेतृत्व जी कंपनी कमांडर और सहायक सेनानायक ज्ञानेश्वर सिंह ने किया। मार्च फतेहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत इटमा, रघुनाथपुर, शीतलपुर, चमरूचक ,फतेहपुर बाजार और फतेहपुर गांव से होकर गुजरा।

    ज्ञानेश्वर सिंह ने बताया, “हमारा मुख्य उद्देश्य मुहर्रम के दौरान शांति व्यवस्था को बनाए रखना है। यह फ्लैग मार्च स्थानीय समुदाय को आश्वस्त करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए हमारी तत्परता दिखाने का एक प्रयास है।”

    इस अभियान में SSB के जवानों के साथ-साथ फतेहपुर थाना के एसआई हरेंद्र कुमार , एसआई भागवत चौहान सहित अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल थे।

    अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस या SSB को दें। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि त्योहार के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।

  • टिकारी में ठनका गिरने से दो मवेशी की मौत

    टिकारी में ठनका गिरने से दो मवेशी की मौत

    टिकारी संवाददाता: टिकारी के पंचमहला फील्ड पर घांस चर रही दो मवेशी की मौत शनिवार को अचानक आसमानी बिजली गिरने से हो गई। नगर परिषद क्षेत्र 22 के वार्ड पार्षद रेयाज अंसारी पिंटू ने बताया कि चकमठ ग्राम के निवासी टेनि यादव रोज की तरह घटना के दिन भी अपने मवेशी को चारा कराने बधार में ले गए थे। इसी क्रम में यह हादसा हो गया। पिंटू ने नगर एवं अंचल प्रशासन पीड़ित मवेशी पालक को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

  • साइबर लुटेरों को बैंक अकाउंट का डेटा शेयर करने वाला दो अपराधी गिरफ्तार

    साइबर लुटेरों को बैंक अकाउंट का डेटा शेयर करने वाला दो अपराधी गिरफ्तार

    टिकारी संवाददाता: मउ थाना की पुलिस ने दो अपराधी को वाहन व कई दस्तावेज के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं गिरफ्तार हुए दोनो साइबर अपराधियों से पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए। एसडीपीओ सुशांत कुमार चंचल ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को मउ थाना की पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि साइबर फ्रॉड करने वाले दो अपराधी बड़गांव की तरफ चार पहिया वाहन से जाने वाले है। सूचना मिलते ही मउ एसएचओ राहुल कुमार दल बल के साथ सुपटा पुल के समीप घेराबंदी के वाहन को रुकवाया। वाहन की जांच पड़ताल में वाहन पर दो व्यक्ति बैठे पाये गये। दोनो व्यक्तियों की पहचान बेगूसराय जिला के मुफस्सिल थाना के पचम्बा ग्राम के विनोद पासवान के पुत्र विक्की कुमार व पटना जिला के फुलवारीशरीफ थाना के बोचाचक ग्राम के अनिल सिंह के पुत्र हिमांशु कुमार के रूप में हुई। पुलिस की पूछताछ में कोई जानकारी नही दे पाये। पुलिस द्वारा विक्की व हिमांशु के साथ वाहन की जांच की गई तो तीन मोबाइल फोन, तीन अलग अलग एटीएम, तीन बैंक पासबुक, मेमोरी कार्ड व पांच सिम कार्ड बरामद हुए। सख्ती से पुलिस ने पूछताछ की तो दोनो व्यक्तियों ने बताया कि निर्धन लोगो को पैसे का प्रलोभन देकर उनसे दस्तावेज लिया जाता है व दस्तावेज से बैंक खाता खुलवाया

    एटीएम व अन्य बैंकिंग एक्सेस लेकर डाटा तैयार किया जाता है। डाटा तैयार होने के उपरांत बैंक की सारी डिटेल साइबर ठगी करने वाले गिरोह को दे दी जाती है। पुलिस दोनो अपराधियों को वाहन के साथ गिरफ्तार कर थाना ले आई। पुलिस की पूछताछ में दोनो अपराधियों ने साइबर ठगी करने वाले सरगना का नाम व पता नही बताया। हालांकि पुलिस को ठगों के नम्बर उपलब्ध कराये गये है। एसडीपीओ श्री चंचल ने बताया कि पुलिस द्वारा साइबर ठगी करने वाले गिरोह का तकनीकी व अन्य दृष्टिकोण के सहारे पता लगाया जा रहा है। दोनो साइबर अपराधियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 318(4) एवं 319(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय को सुपुर्द कर दिया गया जहां से जेल भेज दिया गया।

  • गरीबों के लिए संजीवनी: गया में जल्द खुल सकता है नया एम्स, केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने स्वास्थ मंत्री से मुलाकात कर रखा प्रस्ताव

    गरीबों के लिए संजीवनी: गया में जल्द खुल सकता है नया एम्स, केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने स्वास्थ मंत्री से मुलाकात कर रखा प्रस्ताव

    न्यूज डेस्क: गया के सांसद और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने आज दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर बिहार में एक महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य परियोजना का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव में गया में एक नए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) और बिहार में एक केंद्रीय कैंसर संस्थान की स्थापना शामिल है।

    मांझी ने अपने प्रस्ताव में गया की विशिष्ट चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “गया उग्रवाद से प्रभावित क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के लोग रहते हैं। यहां उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं का अभाव है, जिससे लोगों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।”

    वर्तमान में, बिहार में केवल पटना में एक एम्स है। गया में एक नए एम्स की स्थापना न केवल बिहार, बल्कि पड़ोसी राज्य झारखंड के मरीजों को भी लाभान्वित करेगी। मांझी ने इस बात पर जोर दिया कि गया की भौगोलिक स्थिति इसे दोनों राज्यों के लिए एक रणनीतिक स्वास्थ्य केंद्र बनाती है।

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और जल्द ही इस पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा, “हम गया और बिहार की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस प्रस्ताव की विस्तृत समीक्षा की जाएगी और शीघ्र ही इस पर कार्य शुरू किया जाएगा।”

    इस बीच, स्थानीय स्तर पर भी इस प्रस्ताव को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। बिहार राज्य कुष्ठ कल्याण समिति के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार मंडल ने एक महत्वपूर्ण सुझाव दिया है। उन्होंने बताया कि गया में पहले से ही गौतम बुद्ध कुष्ठ आश्रम सह अस्पताल की लगभग 12 एकड़ और कुष्ठ अस्पताल की 3 एकड़ से अधिक खाली जमीन उपलब्ध है। “इन स्थानों का उपयोग प्रस्तावित संस्थानों के लिए किया जा सकता है, जिससे सरकार को अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता नहीं होगी,” डॉ. मंडल ने कहा।

    गया के जिलाध्यक्ष नारायण प्रसाद मांझी ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा, “यह प्रस्ताव गया के लोगों, विशेषकर गरीबों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। यह न केवल बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा, बल्कि रोजगार के अवसर भी पैदा करेगा।”

    यदि यह प्रस्ताव मंजूर हो जाता है, तो यह गया और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच में क्रांतिकारी बदलाव ला सकता है। इससे न केवल गंभीर बीमारियों का बेहतर इलाज संभव होगा, बल्कि मेडिकल शिक्षा और अनुसंधान को भी बढ़ावा मिलेगा।

    स्थानीय नागरिकों ने इस प्रस्ताव पर उत्साहजनक प्रतिक्रिया दी है। राम लखन प्रसाद, एक स्थानीय निवासी ने कहा, “यदि यहां एम्स खुलता है, तो हमें अब पटना या दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा। यह हमारे लिए बहुत बड़ी राहत होगी।”

    इस प्रकार, गया में एम्स और कैंसर संस्थान की स्थापना का प्रस्ताव न केवल क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को बदलने की क्षमता रखता है, बल्कि यह सामाजिक-आर्थिक विकास का एक महत्वपूर्ण वाहक भी बन सकता है। अब सभी की नजरें केंद्र सरकार के निर्णय पर टिकी हुई हैं।

  • जीबीएम कॉलेज की अनूठी पहल: छोटा परिवार, सुखी परिवार’ का संदेश लेकर सड़कों पर उतरीं कॉलेज की छात्राएं

    जीबीएम कॉलेज की अनूठी पहल: छोटा परिवार, सुखी परिवार’ का संदेश लेकर सड़कों पर उतरीं कॉलेज की छात्राएं

    एनएसएस और सेहत केंद्र ने मिलकर चलाया जनसंख्या नियंत्रण अभियान

    गया। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर आज गौतम बुद्ध महिला कॉलेज (जीबीएम) की छात्राओं ने जनसंख्या नियंत्रण के लिए एक विशाल जागरूकता रैली निकाली। कॉलेज की एनएसएस इकाई और सेहत केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली में सैकड़ों छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लिया।

    रैली का शुभारंभ कॉलेज परिसर से हुआ और यह शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस कॉलेज पहुंची। मार्ग में प्रतिभागियों ने “हम दो, हमारे दो”, “बढ़ती जनसंख्या पर रोक लगाना है। भारत को विकसित बनाना है” और “छोटा परिवार, सुखी परिवार” जैसे नारे लगाए।

    कॉलेज की एनएसएस अधिकारी और सेहत केंद्र की नोडल अधिकारी डॉ. प्रियंका कुमारी ने बताया, “इस रैली का उद्देश्य समाज में जनसंख्या नियंत्रण के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाना है। हमारी छात्राएं इस मुद्दे पर समुदाय में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

    रैली से पहले कॉलेज में स्लोगन लेखन और पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में कोमल कुमारी, मुस्कान कुमारी, दीप्ति शर्मा, शिल्पा कुमारी और सपना कुमारी ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया।

    कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. सहदेव बाउरी ने रैली की सराहना करते हुए कहा, “यह पहल हमारे छात्रों की सामाजिक जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमताओं को दर्शाती है। जनसंख्या नियंत्रण भारत के विकास के लिए महत्वपूर्ण है।”

    स्थानीय प्रशासन ने भी इस पहल की सराहना की है। नगर निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “यह छात्र-नेतृत्व वाली पहल प्रशंसनीय है। ऐसे प्रयास जनसंख्या नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर जन जागरूकता बढ़ाने में मदद करते हैं।”

    रैली में एनसीसी कैडेट, विभिन्न विभागों की छात्राएं और कॉलेज के प्राध्यापक भी शामिल हुए। कॉलेज प्रशासन ने घोषणा की है कि वे जनसंख्या नियंत्रण पर जागरूकता फैलाने के लिए वर्ष भर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

  • मोक्ष व ज्ञान की भूमि पर लाशों को कतर दे रहे हैं चूहे, इंसानियत के नाते नहीं, कम से कम मानवता के नाते तो…

    मोक्ष व ज्ञान की भूमि पर लाशों को कतर दे रहे हैं चूहे, इंसानियत के नाते नहीं, कम से कम मानवता के नाते तो…

    ✍️देवब्रत मंडल

    ‘गयाजी’ मोक्ष और ज्ञान की पावन धरा के रूप में जगत में विख्यात है। इस गयाजी की धरती पर बाहर से आने वाले लोग अपने पितरों की मुक्ति के लिए तर्पण और बहुत कुछ अर्पण करने के लिए सालों भर आते रहते हैं। वहीं देश विदेश से लोग ज्ञान की भूमि बोधगया आना जाना करते ही रहते हैं। कोई सड़क मार्ग से कई रेलमार्ग से तो कुछ हवाई मार्ग से आते हैं। रेलमार्ग से आने वाले गया जंक्शन पर उतरते हैं और इसी जंक्शन से ट्रेनों से स्वदेश को लौट जाते हैं।

    अत्याधुनिक गया जंक्शन की योजना में शवगृह का कोई स्थान सुनिश्चित नहीं

    गया जंक्शन पर विकास कार्य द्रुत गति से चल रहा है। इसे अंतरराष्ट्रीय लूक के साथ अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं। गया जंक्शन आने वाले कुछ दिनों में एक भव्य और सुंदर होने के साथ साथ अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस होगा। इन सभी के बीच एक महत्वपूर्ण स्थान शवगृह की रूपरेखा तय नहीं की गई है। जिस ऐजेंसी के माध्यम से यहां विकास का कार्य जारी है, उन्हीं में से एक ने अपना नाम न उजागर करने की शर्त पर बताया कि फिलहाल जिस योजना पर कार्य हो रहा है उसमें कहीं भी Mortuary यानी ‘शव गृह’ का स्थान सुनिश्चित नही किया गया है। जिसकी सख्त जरूरत भी है। इसे भी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होना चाहिए।

    वर्तमान शवगृह केवल नाम का है

    बहरहाल जो वर्तमान में शव गृह है, उसे शव गृह केवल नाम दे दिया गया है। बाकी कुछ नहीं ऐसा की यहां रखे जा रहे शवों को सुरक्षित रखा जा सके। जो वर्तमान में गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर दिल्ली एंड के ठीक छोर पर है। केवल यहां चारो तरफ से टिन के एसवेस्टर से यूं ही घेर दिया गया है। यहीं पर आरएमएस कार्यालय संचालित हो रहा है। कुछ दूरी पर ही पार्सल कार्यालय है। और तो और एक नम्बर प्लेटफॉर्म पर रुकने वाली सभी ट्रेनों के इंजन ठीक इसी शवगृह के पास ही रुकते हैं। ऐसे में इस शवगृह से उठने वाली दुर्गंध से हर कोई परेशान हैं।

    शवों को चूहे कुतर डालते हैं

    इस शव गृह में रखी जाने वाली लाशों को मोटे मोटे चूहे कुतर डालते हैं। गया जंक्शन पर और रेल थाना के अधिकार क्षेत्रों से बरामद लाशों को रखने वाले लखन, कालिया ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद अज्ञात व्यक्ति के शवों को इसी शव गृह में नियमानुसार 72 घन्टे रखा जाता है। इतने दिनों तक रखे जाने वाले शवों को चूहे कुतर डालते हैं। देखा जाए जो मानवता के नाते लाशों के साथ ऐसा होना किसी भी इंसान के लिए गंवारा नहीं।
    बहरहाल जो इस शव गृह का सुरते-हाल है, वो मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देता है।

  • हैदराबाद के प्रशिक्षु IPS अधिकारियों का बिहार दौरा: गया में की शिष्टाचार भेंट

    हैदराबाद के प्रशिक्षु IPS अधिकारियों का बिहार दौरा: गया में की शिष्टाचार भेंट

    गया, बिहार। हैदराबाद स्थित राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (NPA) में प्रशिक्षणरत 76वें रेगुलर रिक्रूट (RR) बैच 2023 के 25 प्रशिक्षु IPS अधिकारियों ने अपने Study Cum Cultural Tour Programme के तहत बिहार का दौरा किया। यह दल गया पहुंचा, जहाँ उन्होंने वरीय पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक से शिष्टाचार मुलाकात की।

    इस प्रशिक्षु दल में 15 पुरुष और 10 महिला अधिकारी शामिल हैं, जिनमें मालदीव के 3 अधिकारी भी सम्मिलित हैं। यह दौरा प्रशिक्षु अधिकारियों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने और विभिन्न राज्यों की पुलिसिंग प्रणालियों से अवगत कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।

    गया के वरीय पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षु अधिकारियों को गया, बिहार और यहाँ की पुलिसिंग व्यवस्था के बारे में विस्तृत जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान किया। इसके अतिरिक्त, प्रशिक्षुओं को गया जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण भी कराया गया।

    यह कार्यक्रम भावी IPS अधिकारियों को देश के विभिन्न हिस्सों की संस्कृति, चुनौतियों और पुलिस व्यवस्था से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जो उनके भविष्य के कार्यक्षेत्र में उपयोगी साबित होगा।

  • अवैध बालू तस्कर के विरुद्ध अलीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध बालू लदा ट्रैक्टर सहित चालक गिरफ्तार

    अवैध बालू तस्कर के विरुद्ध अलीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध बालू लदा ट्रैक्टर सहित चालक गिरफ्तार

    अलीपुर थाना पुलिस ने आज एक बड़ी कार्रवाई में अवैध बालू तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। एसएचओ सत्यनारायण शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने निमसर ग्राम के निकट एक संदिग्ध ट्रैक्टर को रोका, जिसमें लगभग 100 क्यूबिक फीट अवैध बालू लदा हुआ था।

    चालक, जिसकी पहचान जहानाबाद जिले के मखदुमपुर निवासी विकास कुमार के रूप में हुई, वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने में विफल रहा। परिणामस्वरूप, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर लिया और चालक को हिरासत में ले लिया।

    एसएचओ शर्मा ने बताया, “हमारी टीम निरंतर गश्त कर रही है और अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रही है। यह गिरफ्तारी स्पष्ट संदेश देती है कि हम किसी भी प्रकार की अवैध खनन गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेंगे।”

    इसी अभियान के दौरान, पुलिस ने एक अलग मामले में रूपसपुर सलेमपुर ग्राम से लंबे समय से फरार चल रहे इश्तेहार वारंटी अटल कुमार उर्फ श्याम कुमार को भी गिरफ्तार किया।

    यह कार्रवाई स्थानीय प्रशासन की अवैध गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाती है। अधिकारियों ने क्षेत्र में और अधिक ऐसी कार्रवाइयों का संकेत दिया है, जिससे अपराधियों में भय का माहौल बना हुआ है।

  • फाइनेंस कंपनी कर्मचारी से दिनदहाड़े लूट, 1.6 लाख रुपये और मोबाइल छीना

    फाइनेंस कंपनी कर्मचारी से दिनदहाड़े लूट, 1.6 लाख रुपये और मोबाइल छीना

    प्रतीक चित्र

    रिपोर्ट – अजीत कुमार ,बेलागंज

    गया। रविवार दोपहर को गया जिले के पाईविगहा थाना क्षेत्र के मनरसा गांव के पास एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से हथियारबंद बदमाशों ने लूटपाट की। स्पंदना फाइनेंस कंपनी के कर्मी संदीप कुमार पासवान से तीन अज्ञात अपराधियों ने लगभग 1.6 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल की चाबी छीन ली।

    पुलिस के अनुसार, पासवान दैनिक वसूली के बाद मखदुमपुर स्थित शाखा कार्यालय लौट रहे थे। इसी दौरान अपाची मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारकर गिराया और हथियार दिखाकर लूट की।

    पीड़ित फाइनेंस कर्मी

    पीड़ित ने पाईविगहा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा, “हम तकनीकी साक्ष्यों की मदद से अपराधियों का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं।”

    स्थानीय व्यापारियों ने इस घटना पर चिंता व्यक्त की है और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • ये दिल मांगे मोर: कैप्टन विक्रम बत्रा की वीरता को OTA गया ने किया याद

    ये दिल मांगे मोर: कैप्टन विक्रम बत्रा की वीरता को OTA गया ने किया याद

    ✍️दीपक कुमार

    कारगिल युद्ध के महानायक कैप्टन विक्रम बत्रा, परमवीर चक्र, के सर्वोच्च बलिदान की 25वीं वर्षगांठ पर अधिकारी प्रशिक्षण अकादमी (OTA) गया ने एक सप्ताह लंबे भव्य समारोह का आयोजन किया। 2 से 7 जुलाई 2024 तक चले इस कार्यक्रम ने न केवल अकादमी के अधिकारियों, जूनियर कमीशंड अधिकारियों, अन्य रैंकों और रक्षा नागरिक कर्मचारियों में देशभक्ति की भावना जगाई, बल्कि अकादमी के कैडेटों को भी प्रेरित किया।

    समारोह की शुरुआत 2 से 4 जुलाई तक देशभक्ति से ओतप्रोत फिल्मों जैसे ‘LOC कारगिल’, ‘शेरशाह’ और ‘लक्ष्य’ की स्क्रीनिंग से हुई। इन फिल्मों ने कारगिल युद्ध की वीरगाथाओं को जीवंत किया और कैप्टन बत्रा के जीवन पर प्रकाश डाला।

    समारोह का मुख्य आकर्षण 6 जुलाई को विजय सभागार में आयोजित स्मृति वार्ताओं की श्रृंखला रही। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित थे:

    1. लेफ्टिनेंट जनरल योगेश कुमार जोशी, PVSM, UYSM, AVSM, VrC, SM (सेवानिवृत्त), जो ऑपरेशन विजय के दौरान 13वीं बटालियन, जम्मू और कश्मीर राइफल्स के तत्कालीन कमांडिंग ऑफिसर थे।
    2. श्री गिरधारी लाल बत्रा, कैप्टन विक्रम बत्रा के गौरवान्वित पिता।
    3. श्री विशाल बत्रा, कैप्टन विक्रम बत्रा के जुड़वां भाई।
    4. श्री मुकेश खेतरपाल, स्वर्गीय सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेतरपाल, परमवीर चक्र के भाई।

    इसके अतिरिक्त, ब्रिगेडियर एस विजय भास्कर, वीर चक्र, कर्नल विकास वोहरा, वीर चक्र और कैप्टन नवीन नागप्पा, सेना मेडल के पूर्व रिकॉर्ड किए गए वीडियो संदेश भी प्रसारित किए गए। ये सभी अधिकारी 13वीं बटालियन, जम्मू और कश्मीर राइफल्स में कैप्टन बत्रा के साथ सेवा कर चुके हैं।

    वार्ताओं और वीडियो संदेशों का मुख्य केंद्र कैप्टन विक्रम बत्रा के जीवन की झलकियां और किस्से थे। वक्ताओं ने उनके बचपन से लेकर कारगिल युद्ध (ऑपरेशन विजय) में एक जूनियर नेता के रूप में उनकी भूमिका तक की यात्रा का वर्णन किया।

    लेफ्टिनेंट जनरल जोशी ने कहा, “कैप्टन बत्रा का साहस और नेतृत्व कौशल असाधारण था। उन्होंने अपने जीवन की परवाह किए बिना अपने सैनिकों का नेतृत्व किया।”

    श्री गिरधारी लाल बत्रा ने अपने बेटे के बचपन के किस्से साझा करते हुए कहा, “विक्रम बचपन से ही देशभक्त था। वह हमेशा कहता था कि वह देश की सेवा करना चाहता है।”

    कैप्टन बत्रा के भाई विशाल ने भावुक होते हुए कहा, “विक्रम का बलिदान व्यर्थ नहीं गया। वह आज भी लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।”

    इस अवसर पर OTA गया के कमांडेंट ने कहा, “कैप्टन बत्रा की वीरता की गाथा हमारे कैडेटों को प्रेरित करती रहेगी। उनका जीवन हमें सिखाता है कि देश के लिए कोई बलिदान बहुत बड़ा नहीं होता।”

    समारोह के अंतिम दिन, 7 जुलाई को, अकादमी में एक विशेष परेड का आयोजन किया गया, जिसमें कैडेटों ने कैप्टन बत्रा को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर कैप्टन बत्रा के परिवार के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।

    कैप्टन विक्रम बत्रा, जिन्होंने 1999 के कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति दे दी, भारत के सर्वोच्च वीरता पुरस्कार परमवीर चक्र से सम्मानित किए गए। उनका प्रसिद्ध नारा “ये दिल मांगे मोर!” आज भी भारतीय सेना के जोश और जुनून का प्रतीक है।

    इस समारोह ने एक बार फिर साबित कर दिया कि कैप्टन विक्रम बत्रा की वीरगाथा काल के पन्नों में स्वर्णाक्षरों में अंकित है, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।