Blog

  • सरकारी मदद का इंतजार छोड़, खुद ही सड़क बना रहे महादेव बिगहा के वासी”

    सरकारी मदद का इंतजार छोड़, खुद ही सड़क बना रहे महादेव बिगहा के वासी”

    स्वयं के बल पर विकास का मार्ग प्रशस्त करते महादेव बिगहा के वासी

    टिकारी संवाददाता : प्रगति के इस युग में जहाँ शहरों में विकास की गति तेज़ है, वहीं ग्रामीण भारत की तस्वीर अभी भी धूमिल है। ऐसा ही एक उदाहरण है टिकारी प्रखंड के जलालपुर पंचायत का महादेव बिगहा गाँव, जहाँ आज भी लोग बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। गाँव का मुख्य संपर्क मार्ग, जो जीवन की धमनी के समान है, वर्षों से उपेक्षा का शिकार रहा है।

    बारिश के मौसम में यह मार्ग कीचड़ का दलदल बन जाता है, जिससे आम नागरिकों का जीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है। स्कूली बच्चों का विद्यालय जाना दूभर हो जाता है, और अचानक बीमार पड़ने पर मरीजों की स्थिति दयनीय हो जाती है। यह मार्ग न केवल असुविधाजनक है, बल्कि जान-माल के लिए भी खतरनाक साबित हो रहा है।

    गाँव के निवासी परमानंद यादव ने बताया, “हमने कई बार स्थानीय सांसद, विधायक और मुखिया से गुहार लगाई, लेकिन हमारी आवाज़ सुनी नहीं गई। प्रशासन की इस उदासीनता ने हमें मजबूर किया कि हम खुद ही अपने मार्ग का निर्माण करें।”

    इस विपरीत परिस्थिति में गाँव के लोगों ने एक अनूठी पहल की है। कीचड़युक्त रास्ता से तंग आकर प्रभावित गांव के ग्रामीण एसएच 69 टिकारी कुर्था मार्ग से गांव जोड़ने वाली सड़क की मरम्मत करने का बीड़ा उठाया है। धर्मेंद्र यादव, मधेश यादव, और जयप्रकाश यादव जैसे ग्रामीण आगे आए हैं और अपने सीमित संसाधनों का उपयोग करते हुए सड़क को सुधारने में जुटे हैं।

    ग्रामीणों ने अपने मामूली बचत से धन एकत्र किया है और श्रमदान के माध्यम से काम कर रहे हैं। वे गड्ढों में पत्थर और रोड़े डालकर मार्ग को थोड़ा सुगम बनाने का प्रयास कर रहे हैं। यह कार्य न केवल उनकी एकजुटता को दर्शाता है, बल्कि उनके संकल्प और आत्मनिर्भरता का भी प्रतीक है।

    हालांकि, यह प्रयास एक अस्थायी समाधान है। गाँव के लोगों का मानना है कि स्थायी समाधान के लिए सरकारी हस्तक्षेप आवश्यक है। उन्होंने मांग की है कि महादेव बिगहा से कमलापुर तक की सड़क का पक्कीकरण किया जाए, जिससे गाँव का विकास संभव हो सके।

    यह कहानी ग्रामीण भारत की वास्तविकता को उजागर करती है, जहाँ विकास अभी भी एक दूर का सपना है। साथ ही, यह लोगों के संघर्ष, उनकी एकता और आत्मनिर्भरता की भावना को भी प्रदर्शित करती है। महादेव बिगहा के निवासियों की यह पहल अन्य गाँवों के लिए एक प्रेरणा बन सकती है, लेकिन साथ ही यह सवाल भी उठाती है कि क्या 21वीं सदी के भारत में लोगों को अपनी बुनियादी सुविधाओं के लिए इस तरह संघर्ष करना पड़ेगा?

    इस प्रकार की स्थिति पर ध्यान देने और समाधान खोजने की आवश्यकता है, ताकि हर गाँव का विकास सुनिश्चित हो सके और देश का समग्र विकास संभव हो।

  • गया में स्मार्ट मीटर के नाम पर स्मार्ट ठगी: एक लाख रुपये गायब!

    गया में स्मार्ट मीटर के नाम पर स्मार्ट ठगी: एक लाख रुपये गायब!

    टिकारी संवाददाता: आधुनिक तकनीक ने जहां हमारी जिंदगी आसान की है, वहीं साइबर ठगों के लिए नए-नए रास्ते भी खोल दिए हैं। ताजा मामला है टिकारी बाजार का, जहां एक मेडिकल स्टोर संचालक की जेब साइबर बदमाशों ने एक झटके में खाली कर दी।

    राजीव कुमार उर्फ राजू, जो अपनी मेडिकल दुकान से लोगों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाते हैं, खुद एक दिन में लगभग एक लाख रुपये के नुकसान का शिकार हो गए। कैसे? एक सामान्य सी फोन कॉल के जरिए।

    घटनाक्रम कुछ यूं था – राजीव के फोन पर एक कॉल आई। कॉलर ने खुद को स्मार्ट मीटर कंपनी का कर्मचारी बताया और कहा कि उनका मीटर “डिसेबल” हो गया है। फिर शुरू हुआ धोखाधड़ी का खेल – 10 रुपये का रिचार्ज, मोबाइल नंबर की जानकारी, और अंत में वो जादुई OTP। बस, फिर क्या था? राजीव के खाते से 99,398 रुपये गायब!

    यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि साइबर अपराधी कितने चालाक और कुशल हो गए हैं। वे किसी भी बहाने से आपकी जानकारी हासिल कर सकते हैं और पलक झपकते ही आपकी मेहनत की कमाई पर डाका डाल सकते हैं।

    राजीव ने तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 और गया साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। अब देखना यह है कि क्या उन्हें अपने पैसे वापस मिल पाएंगे।

    याद रखें, कोई भी सरकारी या निजी संस्था फोन पर आपसे बैंक या OTP की जानकारी नहीं मांगती। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें!

  • टिकारी: मिट्टी कटाव से धराशायी हुई लाव कब्रिस्तान की चहारदीवारी

    टिकारी: मिट्टी कटाव से धराशायी हुई लाव कब्रिस्तान की चहारदीवारी

    टिकारी (गया): टिकारी प्रखंड के लाव स्थित कब्रिस्तान की हाल ही में निर्मित चहारदीवारी धराशायी हो गई है। प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि इसका मुख्य कारण निकटवर्ती क्षेत्र से किया गया गहरा मिट्टी कटाव है।

    कुछ सप्ताह पूर्व, मुख्यमंत्री विकास मद के अंतर्गत कब्रिस्तान की घेराबंदी का निर्माण किया गया था, जिसके बाद इसकी रंगाई-पुताई भी कराई गई थी। हालांकि, इसके तुरंत बाद जिला पार्षद मद से एक अन्य परियोजना शुरू की गई। इस योजना के तहत मुख्य संपर्क मार्ग से महादेव स्थान तक मिट्टी भराव का कार्य किया जाना था। इस प्रक्रिया में, चहारदीवारी के निकट से गहराई तक मिट्टी की खुदाई की गई।

    हाल ही में हुई भारी वर्षा के कारण, यह कटा हुआ क्षेत्र पानी से भर गया। परिणामस्वरूप, चहारदीवारी की नींव कमजोर हो गई और वह ढह गई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि इतनी गहराई तक मिट्टी का कटाव नहीं किया गया होता, तो चहारदीवारी वर्षा के बावजूद अक्षत रहती।

    इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए, योजना एवं कार्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता दिनेश कुमार धनिकर ने बताया कि चहारदीवारी के गिरने के कारणों की जांच की जा चुकी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षतिग्रस्त भाग का शीघ्र पुनर्निर्माण किया जाएगा।

  • राजद के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं ने किया पौधरोपण,

    राजद के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं ने किया पौधरोपण,

    टिकारी संवाददाता: राष्ट्रीय जनता दल का 28 वां स्थापना दिवस शहर के बहेलिया बीघा में केक काटकर मनाई गई। इस अवसर पर 28 फलदार पौधा लगाया गया। शुक्रवार को आयोजित स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए टिकारी जिला संगठन अध्यक्ष सुभाष यादव ने पौधा लगाते हुए कहा कि राजद सामाजिक न्याय के साथ गरीब गुरबो के हक की लड़ाई लड़ती है।

    उन्होंने कहा कि राजद गरीब दलित अतिपिछड़ा अल्पसंख्यक गरीब स्वर्ण को साथ लेकर सामाजिक न्याय और समरसता के साथ चलती। इससे पूर्व प्रखंड अध्यक्ष  बंटी यादव के नेतृत्व में जिला परिषद सदस्य सुरेश यादव, विनोद शर्मा, आनंद कुमार आदि कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से केक काटा और एक दूसरे को खिलाकर बधाई दी। मौके पर अमित कुमार वर्मा, गणेश कुमार, रामबाबू यादव, मुन्ना चंद्रवंशी, हरी  चंद्रवंशी, सुधीर यादव, गुलाब यादव आदि मौजूद थे।

  • टिकारी में छात्र रौशन हत्याकांड का खुलासा: ट्यूटर निकला हत्यारा, प्रेम प्रसंग बना वजह

    टिकारी में छात्र रौशन हत्याकांड का खुलासा: ट्यूटर निकला हत्यारा, प्रेम प्रसंग बना वजह

    टिकारी (बिहार): पिछले एक सप्ताह से सुर्खियों में रहे छात्र रौशन हत्याकांड का टिकारी पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। गया एसएसपी आशीष भारती ने आज दोपहर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस हत्याकांड के चौंकाने वाले तथ्यों का खुलासा किया।

    घटना का विवरण:

    27 जून की रात को छात्र रौशन की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसका शव स्थानीय विद्यालय के छात्रावास के पास एक पेड़ से लटका हुआ पाया गया था। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का शक जताया गया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।

    जांच का क्रम:

    पुलिस कप्तान भारती ने बताया, “हमने इस मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की थी, जिसमें एएसपी अनवर जावेद अंसारी और टिकारी एसडीपीओ सुशांत कुमार चंचल शामिल थे।” उन्होंने आगे कहा, “हमारी टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया, दर्जनों सीसीटीवी फुटेज की जांच की, और कई मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया।”

    आरोपी का खुलासा:

    जांच में 22 वर्षीय शाहबीर कुमार उर्फ प्रेम की संलिप्तता सामने आई। प्रेम मृतक रौशन की छोटी बहन का ट्यूटर था। पूछताछ में प्रेम ने स्वीकार किया कि वह रौशन की बड़ी बहन के संपर्क में आया था, जिससे रौशन नाराज था और उसे लगातार धमकियां दे रहा था। पुलिस के अनुसार, प्रेम ने रौशन के स्कूल के कुछ अन्य छात्रों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। प्रेम को जानकारी मिली थी कि रौशन का अपने विद्यालय के अन्य छात्रों से झगड़ा हुआ था। इस स्थिति का फायदा उठाते हुए, 27 जून की रात को उन्होंने रौशन को छात्रावास में बुलाया, जहां उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को बेल्ट का फंदा बनाकर पेड़ से लटका दिया गया।

    पुलिस ने प्रेम को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। एक नाबालिग आरोपी को भी हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह भेजा गया है। केस अनुसंधान टीम में एसएचओ चंद्रशेखर कुमार, एसआई संजय कुमार, सूर्येश शर्मा, राहुल कुमार, विवेक कुमार सहित अन्य तकनीकी शाखा के पुलिस अधिकारी शामिल थे।

    पुलिस की जांच प्रक्रिया:

    घटना के बाद मृतक रौशन के पिता शत्रुघ्न दास द्वारा एक युवक को नामजद आरोपी बनाते हुए शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने डॉग स्क्वाड और एफएसएल की टीम को भी लगाया था। पुलिस ने दर्जनों सीसीटीवी फुटेज, संदिग्धों से पूछताछ, मृतक के मोबाइल नंबर का सीडीआर और मृतक के स्वजनों के मोबाइल नंबरों की सीडीआर का विश्लेषण किया।

    आरोपी के परिवार का पक्ष:

    आरोपी के माता पिता और भाई

    आरोपी प्रेम के परिवार ने उसके निर्दोष होने का दावा किया है। प्रेम के भाई महावीर कुमार ने कहा, “मेरा भाई मेहनती छात्र है जो बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर अपनी पढ़ाई का खर्च चलाता है। पुलिस ने उसे झूठे मामले में फंसाया है।” उन्होंने बताया कि घटना के दिन शाम को और अगले दिन सुबह रौशन के घर न लौटने पर उसकी मां ने प्रेम को फोन करने की बात कही थी।

    आरोपी की मां सुदामी देवी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके बेटे के साथ मारपीट की गई और उसे जबरदस्ती फंसाया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने प्रेम की गिरफ्तारी की कोई सूचना नहीं दी और पहले दो बार पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया था। इस हत्याकांड के खुलासे के बाद भी कई सवाल अनुत्तरित हैं। स्थानीय समुदाय में इस मामले को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की जा रही है। टिकारी में प्रेम को अचानक आरोपी बनाकर जेल भेजने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

    यह एक जटिल मामला है जिसमें प्रेम प्रसंग, हत्या और कानूनी प्रक्रिया के कई पहलू शामिल हैं। आने वाले दिनों में न्यायिक प्रक्रिया के दौरान इस जटिल मामले के और भी पहलू सामने आने की संभावना है। पुलिस और न्यायपालिका के लिए यह सुनिश्चित करना एक बड़ी चुनौती होगी कि सच्चे दोषी को सजा मिले और किसी निर्दोष व्यक्ति को परेशानी न हो।

  • झूठे वादे पर यौन संबंध बनाने के लिए सख्त सजा और सामूहिक बलात्कार जैसे जघन्य अपराध के लिए मृत्युदंड का है प्रावधान

    झूठे वादे पर यौन संबंध बनाने के लिए सख्त सजा और सामूहिक बलात्कार जैसे जघन्य अपराध के लिए मृत्युदंड का है प्रावधान

    टिकारी संवाददाता: दक्षिण केंद्रीय विश्वविद्यालय यानी सीयूएसबी के स्कूल आफ ला एंड गवर्नेंस (एसएलजी) के अंतर्गत कार्यरत लीगल एड क्लिनिक द्वारा कम्पेरेटिव एनालिसिस आफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) विषय पर आनलाइन परिचर्चा का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित पैनल चर्चा के अतिथि वक्ता डा. असद मलिक (विधि विभाग, जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय) ने भारतीय न्याय संहिता में जोड़े गए छोटे-मोटे अपराधों के लिए सामुदायिक सेवा को दंड के रूप में जोड़ना, भीड़ द्वारा हत्या को मृत्युदंड के साथ अपराध के रूप में शामिल करना, झूठे वादे पर यौन संबंध बनाने के लिए सख्त सजा और इसी तरह सामूहिक बलात्कार जैसे जघन्य अपराध के लिए मृत्युदंड सहित जोड़े गए 20 नए अपराधों पर चर्चा की।

    डा. मलिक ने बताया कि परिभाषा अनुभाग में जमानत, जमानत बांड और ई-संचार की परिभाषा जोड़ी गई है। जांच की प्रगति के बारे में पीड़ित को सूचित करने की प्रक्रिया, सूचना रिपोर्ट के 24 घंटे के भीतर पीड़ित की चिकित्सा जांच, पीड़ितों के लिए मुफ्त चिकित्सा उपचार, फैसले की मुफ्त प्रति, इलेक्ट्रोनिक जांच, पीड़ित के बयान की वीडियो रिकार्डिंग, 7 दिनों के भीतर चिकित्सक द्वारा चिकित्सा रिपोर्ट और पीड़ितों के हितों को ध्यान में रखते हुए कई अन्य महत्वपूर्ण बदलाव भी किए गए हैं।

    पटना उच्च न्यायालय के अधिवक्ता अवधेश कुमार ने कानून में महत्वपूर्ण बदलावों और कानूनी व्यवस्था के लिए उनके निहितार्थों पर प्रकाश डालते हुए निष्पक्ष और प्रभावी कानूनी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए नए कानूनों को समझने के महत्व पर जोर दिया।  उन्होंने बताया कि ये पिछले कानूनों में कुछ नाममात्र के बदलाव हैं। वकील और पुलिस अधिकारियों को ज्यादा दिनों तक समस्या नहीं होगी। यह केवल धाराओं की संख्या में बदलाव है और कुछ ही नए धाराएं जोड़ी गई है। अन्य अतिथि वक्ता डा. शशिकांत त्रिपाठी (निदेशक, छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर) ने बताया कि कैसे बीएनएसएस सार्वजनिक सुरक्षा को बढ़ाएगा और व्यक्तिगत अधिकारों और स्वतंत्रता को संतुलित करके निर्दोषों की रक्षा करेगा।

    डा. त्रिपाठी ने बताया कि बीएनएसएस समय सीमा के भीतर न्याय प्रदान करने के साथ आपराधिक न्याय प्रणाली में पुलिस, अभियोजक और न्यायपालिका की भूमिका को कैसे प्रभावित करेगा। नए आपराधिक कानूनों के बारे में विभिन्न अंतर्दृष्टि पर प्रो. एसपी श्रीवास्तव और डा. सुरेंद्र कुमार ने भी चर्चा की। 

  • गुलरियाचक में धान एवं अरहर का 75 एकड़ में हुआ प्रत्यक्षण

    गुलरियाचक में धान एवं अरहर का 75 एकड़ में हुआ प्रत्यक्षण

    टिकारी संवाददाता: धान परती भूमि प्रणाली में वातावरण अनुकूल धान एवं अरहर की प्रभेद का बुधवार को गुलरियाचक में प्रत्यक्षण किया गया। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् के पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना के निदेशक डा० अनूप दास के मौजूदगी में धान-परती भूमि निवारण कार्यक्रम के तहत धान के स्वर्ण श्रेया एवं अरहर आई. पी. एफ. 203 प्रजाति के उन्नत प्रभेद का प्रत्यक्षण किया गया। कुल 50 एकड़ क्षेत्रफल में धान एवं 25 एकड़ क्षेत्रफल में अरहर के प्रभेद का प्रत्यक्षण किया गया। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र, गया प्रमुख ई० मनोज कुमार राय ने धान के उन्नत प्रभेद स्वर्ण श्रेया की जानकारी देते हुए बताया कि कम अवधि 115-120 दिन में उपज देती है एवं वातावरण अनुकूल प्रभेद है।

    संस्थान के तनकीकी पदाधिकारी राम कुमार मीना एवं शोधकर्ता बुद्ध प्रिय मौर्य ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऊंची जमीन जंहा किसान अन्य फसल नहीं उगा सकते वंहा अरहर की फसल कारगर सावित होगी। इस अवसर पर संबंधित किसान के खत से मृदा नमूना भी एकत्रित किया गया। कार्यक्रम में गांव के मुख्य सहयोगी आशीष कुमार एवं रविन्द्र यादव ने बताया कि स्वर्ण श्रेया धान की प्रति हेक्टेयर उपज 40-45 क्विंटल है। मौके पर जितेन्द्र विंद, रामलखन सिंह, आशीष कुमार सिंह, दिनेश चंद्र, जितेन्द्र कुमार, राजेश्वर प्रसाद, मनीष कुमार आदि किसान मौजूद थे।


  • वृद्ध महिला की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों में कोहराम

    वृद्ध महिला की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों में कोहराम

    टिकारी संवाददाता: टिकारी प्रखंड के मउ थानाक्षेत्र अंतर्गत गुलजारबाग ग्राम में बुधवार की देर रात्रि 65 वर्षीय वृद्ध महिला की संदिग्ध मौत हो गई। मृतिका के स्वजन हत्या का मामला बता रहे हैं। हालांकि मामले को लेकर देर शाम तक थाना में कोई लिखित शिकायत नही की गई थी। गांव के एक व्यक्ति ने बताया कि नाली बहाने को लेकर दूसरे पक्ष से कहासुनी हुई थी। इसी क्रम में घर के समीप खड़े ग्रामीण मदन चंद्रवंशी की पत्नी शांति देवी अचानक बीमारी की वजह से गिर पड़ी और हृदय गति रुक जाने से मौत हो गई। वंही केसपा पंचायत के पूर्व सरपंच सुनील चंद्रवंशी ने बताया कि वर्षा का पानी गिराने से रोकने को लेकर विवाद के बाद स्थानीय एक व्यक्ति द्वारा महिला की पीट पीट कर हत्या कर दी गई।

    चंद्रवंशी ने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में एसएचओ राहुल कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस दल बल के साथ गांव पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कालेज एवं अस्पताल गया भेज दिया है। प्रथम दृष्टया शव पर किसी तरह का चोट का कोई निशान नही पाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। घटना के संबंध में लिखित शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

  • ओजस्विनी की राष्ट्रीय अध्यक्ष रजनी ठुकराल जी के गया प्रवास पर अभिनंदन समारोह का आयोजन

    ओजस्विनी की राष्ट्रीय अध्यक्ष रजनी ठुकराल जी के गया प्रवास पर अभिनंदन समारोह का आयोजन

    युवतियों और महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं ओजस्विनी की राष्ट्रीय अध्यक्ष रजनी ठुकराल

    गया। बुधवार को विष्णुपद मार्ग स्थित शगुन गेस्ट हाउस में अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद की महिला शाखा ओजस्विनी के बैनर तले ओजस्विनी की राष्ट्रीय अध्यक्ष के गया प्रवास पर ओजस्विनी की गया जिलाध्यक्षा डॉ. रश्मि प्रियदर्शनी की अध्यक्षता में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। मंचासीन अतिथियों सहित उपस्थित सभी कार्यकताओं ने ओंकार के तीन बार उच्चारण तथा विजयमंत्र “श्री राम, जय राम, जय-जय राम” के उद्वघोष के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि ओजस्विनी की राष्ट्रीय अध्यक्ष रजनी ठुकराल, ओजस्विनी की गया जिलाध्यक्षा डॉ. रश्मि प्रियदर्शनी, शशिकांत मिश्र प्रांत महामंत्री, राष्ट्रीय बजरंग दल, डॉ. शिववचन प्रसाद सिंह, जिलाध्यक्ष, अहिप, राम बारीक, विभाग महामंत्री, मधु शर्मा, जिलाध्यक्ष, राष्ट्रीय महिला परिषद, मुक्तामणि, कार्याध्यक्ष, अहिप ने संयुक्त रूप से भगवान श्री राम के चित्र पर माल्यार्पण के साथ दीप प्रज्वलित किया। तत्पश्चात ओजस्विनी की गया जिलाध्यक्ष डॉ रश्मि प्रियदर्शनी ने ओजस्विनी की राष्ट्रीय अध्यक्ष रजनी ठुकराल का स्वागत अंगवस्त्र एवं पुष्पमाला पहनाकर किया।

    स्वागत वक्तव्य में डॉ रश्मि ने स्नेहिल व्यक्तित्व की धनी रजनी ठुकराल जी को भारतवर्ष की युवतियों और महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बतलाया और गया आकर युवतियों, महिलाओं एवं सभी कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन और उत्साहवर्द्धन हेतु ओजस्विनी और अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद की ओर से हार्दिक धन्यवाद दिया। बतौर मुख्य वक्ता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओजस्विनी की राष्ट्रीय अध्यक्ष रजनी ठुकराल ने माँ, बहन और बेटियों की सुरक्षा के लिए उनके स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण की आवश्यकता पर जोर दिया। महिलाएं स्वस्थ, शिक्षित, सुरक्षित तथा स्वावलंबी होंगी, तभी पूरा समाज सुखी तथा समृद्ध हो पायेगा। अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के स्थापना दिवस समारोह के तहत शहर के गाँधी चौक पर रजनी ठुकराल की उपस्थिति में सभी अहिप कार्यकताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।

    सुश्री ठुकराल ने ओजस्विनियों को हिन्दू संस्कृति के गौरव को अक्षुण्ण रखने हेतु महिलाओं के सर्वांगीण विकास को जरूरी बतलाया। उन्होंने दीक्षा कार्यक्रम, महिला स्वरोजगार, किड्स अहेड कार्यक्रम के तहत गणेश चतुर्थी पर छोटे बच्चों के बीच पेंटिंग प्रतियोगिता, नवरात्रि पर मातृशक्ति आराधना-सह-डांडिया नृत्य एवं शस्त्र पूजन आयोजित करने पर बल दिया। सुश्री ठुकराल ने जनवरी 2025 में प्रयागराज में लगने वाले महाकुंभ मेले में सभी कार्यकर्ताओं को ससम्मान आमंत्रित किया। कार्यक्रम का संचालन ओजस्विनी की जिला महामंत्री अमीषा भारती ने एवं धन्यवाद ज्ञापन समाजसेवी मणिलाल बारिक ने किया। कार्यक्रम में शिल्पा साहनी, जिला मंत्री, ओजस्विनी, अन्या, हर्षिता, मिश्रा, रजनी त्यागी, जिला संरक्षक, राष्ट्रीय महिला परिषद, नितिन उपाध्यक्ष, मुकेश कुमार, विक्की कुमार, सौरभ सिंह, रतन गायब, अश्विनी कुमार, विकास कुमार, इंदु प्रजापति, सविता अग्रवाल, वीणा गिरी, संजीत प्रसाद, सीमा सिन्हा , नीलम मिश्रा, शीतल, प्रगति, जूही, स्वाति, रिसिका आदि लोगों की उपस्थिति थी।

  • टिकारी: आदर्श मध्य विद्यालय के छात्रों के बीच पाठ्य व लेखन सामग्री का वितरण

    टिकारी: आदर्श मध्य विद्यालय के छात्रों के बीच पाठ्य व लेखन सामग्री का वितरण

    टिकारी संवाददाता: शहर अंतर्गत संचालित आदर्श मध्य विद्यालय में बुधवार को पाठ्य व लेखन सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्राचार्य मुकेश प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न शैक्षणिक सत्र के छात्रों ने भाग लिया। इस अवसर पर छात्रों को पुस्तक, कापी, गणितीय यन्त्र, शब्दकोष, पेन, पेंसिल, एटलस, ग्राफ कापी, स्पोकन इंग्लिश, सामान्य ज्ञान आदि पाठ्य पुस्तक व लेखन सामग्री का वितरण प्राचार्य द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि छात्रों के बीच वितरण की जाने वाली उक्त सामग्री बीआरसी से प्राप्त हुआ था। इसका उद्देश्य छात्र – छात्राओं में पढ़ाई के प्रति जागरूक लाना है। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक व शिक्षिकाएं उपस्थित थे।