Blog

  • नई सरकार के गठन के बाद गया में विकास को रफ्तार, बागेश्वरी गुमटी ROB का काम तेज, सर्वे अंतिम चरण में, जल्द शुरू होगा पिलर निर्माण

    नई सरकार के गठन के बाद गया में विकास को रफ्तार, बागेश्वरी गुमटी ROB का काम तेज, सर्वे अंतिम चरण में, जल्द शुरू होगा पिलर निर्माण

    देवब्रत मंडल

    एलाइमेन्ट मिलाते सर्वेयर एवं साथ में टीम

    गया, 7 मई 2026
    बिहार में नई सरकार बनने और मंत्रिमंडल गठन पूरा होने के बाद गया जी में रुके विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा पूर्व सीएम नीतीश कुमार के विकास रोडमैप को आगे बढ़ाने की घोषणा के बाद शहर के उत्तरी हिस्से में बागेश्वरी गुमटी के पास बनने वाले आरओबी के निर्माण कार्य में तेजी आ गई है।

    गुरुवार को पहुंची इंजीनियरों की टीम, एलाइनमेंट सर्वे पूरा
    बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के सब-डिविजनल अभियंता आकाश दीप के नेतृत्व में इंजीनियरों और सर्वेयरों की टीम गुरुवार को कार्य स्थल पर पहुंची। टीम ने बागेश्वरी-पॉवरगंज-स्टेशन रोड पर संरेखण यानी एलाइनमेंट का सर्वे किया। पुल निर्माण निगम के एक पदाधिकारी ने बताया कि आरओबी निर्माण में एलाइनमेंट की भूमिका अहम होती है। सर्वेक्षण कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके पूरा होते ही पिलर बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।

    पहले पटना रोड की तरफ बनेगा पिलर


    आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक पिलर निर्माण का काम पहले बागेश्वरी गुमटी से उत्तर पटना की ओर जाने वाले सड़क मार्ग पर किया जाना है। इसके बाद अन्य हिस्सों में काम बढ़ेगा।

    नीतीश कुमार ने रखी थी आधारशिला, विधानसभा अध्यक्ष ने किया था भूमि पूजन


    गया शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बागेश्वरी गुमटी पर आरओबी बनाने की घोषणा की थी और इसकी आधारशिला भी रखी थी। इसके बाद बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बागेश्वरी मंदिर के पास भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की विधिवत शुरुआत की थी। सरकार बदलने के बाद काम की गति धीमी पड़ गई थी, जो अब फिर तेज हो गई है।

    जमीन अधिग्रहण पर विवाद, लोग जाएंगे कोर्ट


    इधर, आरओबी के दायरे में आई जमीन को लेकर विवाद भी शुरू हो गया है। प्रभावित लोगों से आपत्तियां ले ली गई हैं, जिनका निबटारा भू-अर्जन कार्यालय के माध्यम से किया जाना है। बागेश्वरी और पॉवरगंज मोहल्ले के कई लोगों का आरोप है कि उनकी निजी जमीन को सरकारी भूमि की सूची में डाल दिया गया है। इससे नाराज लोग कोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं।

    मंत्रिमंडल गठन पूरा, विभाग बंटवारे का इंतजार


    बिहार में नई सरकार के गठन के बाद मंत्रिमंडल गठन का काम पूरा हो चुका है। अब केवल विभागों का बंटवारा बाकी है। माना जा रहा है कि देर-सवेर यह काम भी पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद विकास योजनाओं को और गति मिलने की उम्मीद है।

  • गया जंक्शन से विवाहिता लापता, पति के साथ पूर्वा एक्सप्रेस से उतरी थी, मोबाइल स्विच ऑफ, परिजन परेशान

    गया जंक्शन से विवाहिता लापता, पति के साथ पूर्वा एक्सप्रेस से उतरी थी, मोबाइल स्विच ऑफ, परिजन परेशान


    प्रतीक्षालय से शौच के बहाने निकली मुन्नी कुमारी, CCTV में गेट से बाहर जाती दिखी, परिजन परेशान

    देवब्रत मंडल

    मुन्नी कुमारी

    गया, 6 मई 2026
    गया जंक्शन से एक विवाहिता के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। पति के साथ 12382 दिल्ली-हावड़ा पूर्वा एक्सप्रेस से उतरी महिला प्रतीक्षालय से शौच के बहाने निकली और फिर वापस नहीं लौटी। मोबाइल स्विच ऑफ होने से परिजनों का बुरा हाल है। GRP और RPF महिला की तलाश में जुटी है।

    पूर्वा एक्सप्रेस से आई थी, प्रतीक्षालय में बैठे थे पति-पत्नी


    औरंगाबाद जिले के देवरिया कला क्षेत्र के शिवपुर डेहरी निवासी अंशु कुमार अपनी पत्नी मुन्नी कुमारी के साथ बुधवार को पूर्वा एक्सप्रेस से गया जंक्शन पहुंचे। ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर रुकी थी। दोनों उतरकर जंक्शन के डेल्हा साइड स्थित प्रतीक्षालय में बैठे। यहां से दोनों को प्लस टू लीला महतो हाई स्कूल जाना था। जहां से इंटर पास करने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए सीएलसी लेना था।

    शौच के लिए निकली, फिर नहीं लौटी


    इसी दौरान मुन्नी कुमारी शौच के लिए कहकर बाहर निकली और उसके बाद से लापता है। काफी देर तक वापस न आने पर पति अंशु कुमार ने खोजबीन शुरू की। मोबाइल पर कॉल किया तो स्विच ऑफ मिला। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।

    CCTV में गेट से बाहर जाती दिखी मुन्नी


    सूचना पर गया रेल थाना और RPF पोस्ट की टीम सक्रिय हुई। RPF कंट्रोल रूम में लगे CCTV फुटेज खंगाले गए। फुटेज में अंशु कुमार और मुन्नी कुमारी प्रतीक्षालय में बैठे दिखे। इसके बाद मुन्नी कुमारी को गेट से बाहर जाते देखा गया। लेकिन गेट के बाहर किस दिशा में गई, यह कैमरे में कैद नहीं हो सका।

    एक साल पहले हुई थी शादी, कोई तनाव नहीं


    मुन्नी कुमारी के भाई मुकेन्द्र कुमार ने बताया कि बहन की शादी एक साल पहले ही हुई थी। पति-पत्नी में किसी तरह का तनाव या अनबन नहीं थी। मुन्नी का मायका गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र में है।

    परिजनों की अपील: सूचना दें


    मुकेन्द्र ने बताया कि बहन के अचानक गायब होने और मोबाइल बंद होने से मां, पिता, भाई, मामा-मामी समेत पूरा परिवार परेशान है। उन्होंने रेल पुलिस और RPF से बहन को जल्द ढूंढने की गुहार लगाई है। साथ ही आम लोगों से अपील की है कि मुन्नी कुमारी कहीं भी दिखे तो गया रेल थाना या RPF पोस्ट में सूचना दें, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। परिजनों ने मुन्नी से भी अपील की है कि जहां भी हो, परिवार को सूचित करे।

    फिलहाल GRP ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। CCTV के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। खबर लिखे जाने तक महिला का कोई सुराग नहीं मिला है।

  • शालीमार-गोरखपुर एक्सप्रेस से कटकर यात्री की मौत, UP के चंदौली निवासी की गई जान, प्लेटफॉर्म-2 पर हुआ हादसा

    शालीमार-गोरखपुर एक्सप्रेस से कटकर यात्री की मौत, UP के चंदौली निवासी की गई जान, प्लेटफॉर्म-2 पर हुआ हादसा

    देवब्रत मंडल

    गया, 6 मई 2026
    गया जंक्शन पर बुधवार सुबह एक और रेल हादसे में यात्री की दर्दनाक मौत हो गई। शालीमार से गोरखपुर जा रही 15021 शालीमार-गोरखपुर एक्सप्रेस की चपेट में आने से 60 वर्षीय मो. एलुन की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के नई बस्ती इलाके के रहने वाले थे।

    पार्सल ऑफिस के सामने हुआ हादसा


    घटना सुबह करीब 7:46 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पार्सल ऑफिस के सामने हुई। सूचना मिलते ही RPF और GRP की टीम मौके पर पहुंची। शव को ट्रैक से हटाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पहचान के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

    DDU जाना था, गया में हो गई मौत


    रेल थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर शिव कुमार ने बताया कि मृतक मो. एलुन इसी ट्रेन से यात्रा कर रहे थे। उन्हें शालीमार से DDU जंक्शन तक जाना था, लेकिन गया जंक्शन पर ही हादसे का शिकार हो गए। मृतक के पुत्र मो. सलीम को पोस्टमार्टम के बाद शव सौंप दिया गया है।

    ट्रेन 46 मिनट लेट, परिचालन बाधित


    रेलवे सूत्रों के अनुसार शालीमार-गोरखपुर एक्सप्रेस का गया जंक्शन पर आगमन समय सुबह 7:00 बजे है और ठहराव 5 मिनट का है। लेकिन बुधवार को यह ट्रेन 46 मिनट विलंब से 7:46 बजे पहुंची। हादसे के कारण ट्रेन और देरी से खुली। घटना के बाद दो नंबर लाइन पर कुछ देर परिचालन भी बाधित रहा।

    महाबोधि एक्सप्रेस हादसे की हुई थी जांच


    गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही गया जंक्शन पर 12397 गया-नई दिल्ली महाबोधि एक्सप्रेस से कटकर दो यात्रियों की मौत हो गई थी। विभागीय जांच में प्रथम दृष्टया यात्रियों की लापरवाही सामने आई थी। वाशिंग पिट से रेक प्लेटफॉर्म पर आ रही थी और सीट लेने की होड़ में दो यात्री ट्रेन-प्लेटफॉर्म के गैप में गिरकर चपेट में आ गए थे।

    RPF की ड्यूटी पर उठे सवाल,अधिकारियों की नजर


    बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं से आम रेलयात्री रेल सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि जब ट्रेनों को सुरक्षित पास कराने के लिए गया जंक्शन पर RPF की ड्यूटी लगती है, फिर भी हादसे रुक नहीं रहे। चर्चा है कि बुधवार की घटना पर भी DDU मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों की नजर है।

  • गया SBI मेन ब्रांच में पेंशनधारियों के साथ संवाद कार्यक्रम, समस्याएं सुनीं, समाधान का आश्वासन

    गया SBI मेन ब्रांच में पेंशनधारियों के साथ संवाद कार्यक्रम, समस्याएं सुनीं, समाधान का आश्वासन

    मुख्य प्रबंधक रूबी कुमारी बोलीं- हर संभव मदद देंगे, पेंशन लोन, व्हाट्सएप बैंकिंग समेत कई योजनाओं की दी जानकारी

    देवब्रत मंडल

    कार्यक्रम में शामिल ग्राहक व बैंक अधिकारी

    गया, 6 मई 2026
    भारतीय स्टेट बैंक, मेन ब्रांच गया में बुधवार को पेंशनधारियों और बैंक पदाधिकारी-कर्मचारियों के बीच संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पेंशनधारियों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं और बैंक द्वारा दी जा रही सुविधाओं पर चर्चा की। बैंक अधिकारियों ने उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

    मुख्य प्रबंधक ने किया स्वागत, योजनाओं की दी जानकारी

    कार्यक्रम की शुरुआत में SBI मेन ब्रांच गया की मुख्य प्रबंधक रूबी कुमारी ने सभी पेंशनधारकों का स्वागत किया। उन्होंने बैंक द्वारा पेंशनधारियों को दी जाने वाली सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की।रूबी कुमारी ने विशेष रूप से पेंशन लोन पर साधारण ब्याज दर, व्हाट्सएप बैंकिंग के जरिए मिलने वाली सभी सहायताओं, म्यूचुअल फंड, एलीट कार्ड, मुख्य ऋण योजनाएं, जमा योजनाएं और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।

    “खुद संज्ञान लेकर करूंगी समाधान”: मुख्य प्रबंधक

    मुख्य प्रबंधक ने पेंशनधारकों को आश्वासन दिया कि ब्रांच में उन्हें ससम्मान विशेष सहायता दी जाएगी। पदाधिकारियों और कर्मचारियों की मदद से हर संभव बैंक संबंधित उचित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि उन्हें कोई परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की सहायता की जरूरत पड़ने पर वे खुद संज्ञान लेकर समस्याओं का समाधान करेंगी।

    पेंशन प्रभारी ने भी दी जानकारी

    इस अवसर पर पेंशन प्रभारी पदाधिकारी रश्मि सिंह, राकेश कुमार सहित अन्य कर्मियों ने भी बैंक द्वारा दी जा रही सुविधाओं से पेंशनधारियों को अवगत कराया। कार्यक्रम के अंत में सभी आगंतुक पेंशनधारियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।

  • खिजरसराय में जमीन विवाद में 65 वर्षीय महिला की पीट-पीटकर हत्या, 8 लोगों पर FIR

    खिजरसराय में जमीन विवाद में 65 वर्षीय महिला की पीट-पीटकर हत्या, 8 लोगों पर FIR

    20 साल पुराने बंटवारे को लेकर चल रहा था तनाव, चापाकल पर पानी लेने गई थी पार्वती देवी

    जितेंद्र कुमार

    अस्पताल में मामले की जांच करती पहुंची पुलिस

    खिजरसराय (गया), 6 मई 2026
    खिजरसराय थाना क्षेत्र के वनारसी बिगहा गांव में बुधवार सुबह जमीन विवाद में एक 65 वर्षीय महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान भोला यादव की पत्नी पार्वती देवी के रूप में हुई है। घटना सुबह करीब 6 बजे की है, जब पार्वती देवी घर के सामने सरकारी चापाकल पर पानी लेने गई थीं।

    चापाकल पर हुई मारपीट, अस्पताल में मौत

    परिजनों के मुताबिक उसी दौरान गांव के राजेंद्र यादव और उनके परिवार के सदस्यों ने पार्वती देवी के साथ बेरहमी से मारपीट की। महिला वहीं बेहोश होकर गिर गई। घायल अवस्था में परिजन उन्हें खिजरसराय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    20 साल पुराना बंटवारा, 6 माह से नया विवाद

    मृतका के दिव्यांग पुत्र भुवन कुमार ने बताया कि उनके चाचा राजेंद्र यादव के साथ 20 साल पहले ही 5 बीघा जमीन का बंटवारा हो चुका था। छह भाइयों में जमीन बंटी थी और सभी शांति से काबिज थे। भुवन का आरोप है कि घर में सिर्फ वह, मां और एक बहन रहते थे। इसका फायदा उठाकर छह माह पहले से चाचा राजेंद्र यादव पुराने मेढ़ तोड़कर मनमाने तरीके से ज्यादा जमीन पर कब्जा कर रहे थे। विरोध पर अंचल कार्यालय और थाना में शिकायत की गई थी, लेकिन नोटिस के बाद भी राजेंद्र यादव जनता दरबार में हाजिर नहीं हुए। उल्टे अन्य प्लॉट पर भी दावा करने लगे। तभी से दोनों परिवारों में तनाव था।

    8 लोगों पर नामजद FIR, छापेमारी जारी

    बुधवार सुबह पानी लेने के दौरान किसी बात पर विवाद बढ़ा और मारपीट में पार्वती देवी की मौत हो गई। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार महतो दल-बल के साथ CHC पहुंचे। उन्होंने परिजनों से जानकारी लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर 8 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि जमीन कम मिलने की बात कहकर राजेंद्र यादव पुराने बंटवारे को नहीं मान रहा था और पिछले छह माह से विवाद कर रहा था।

  • खिजरसराय में जमीन विवाद में 65 वर्षीय महिला की पीट-पीटकर हत्या, 8 लोगों पर FIR

    खिजरसराय में जमीन विवाद में 65 वर्षीय महिला की पीट-पीटकर हत्या, 8 लोगों पर FIR

    20 साल पुराने बंटवारे को लेकर चल रहा था तनाव, चापाकल पर पानी लेने गई थी पार्वती देवी

    जितेंद्र कुमार

    अस्पताल में मामले की जांच करती पहुंची पुलिस

    खिजरसराय (गया), 6 मई 2026
    खिजरसराय थाना क्षेत्र के वनारसी बिगहा गांव में बुधवार सुबह जमीन विवाद में एक 65 वर्षीय महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान भोला यादव की पत्नी पार्वती देवी के रूप में हुई है। घटना सुबह करीब 6 बजे की है, जब पार्वती देवी घर के सामने सरकारी चापाकल पर पानी लेने गई थीं।

    चापाकल पर हुई मारपीट, अस्पताल में मौत

    परिजनों के मुताबिक उसी दौरान गांव के राजेंद्र यादव और उनके परिवार के सदस्यों ने पार्वती देवी के साथ बेरहमी से मारपीट की। महिला वहीं बेहोश होकर गिर गई। घायल अवस्था में परिजन उन्हें खिजरसराय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    20 साल पुराना बंटवारा, 6 माह से नया विवाद

    मृतका के दिव्यांग पुत्र भुवन कुमार ने बताया कि उनके चाचा राजेंद्र यादव के साथ 20 साल पहले ही 5 बीघा जमीन का बंटवारा हो चुका था। छह भाइयों में जमीन बंटी थी और सभी शांति से काबिज थे। भुवन का आरोप है कि घर में सिर्फ वह, मां और एक बहन रहते थे। इसका फायदा उठाकर छह माह पहले से चाचा राजेंद्र यादव पुराने मेढ़ तोड़कर मनमाने तरीके से ज्यादा जमीन पर कब्जा कर रहे थे। विरोध पर अंचल कार्यालय और थाना में शिकायत की गई थी, लेकिन नोटिस के बाद भी राजेंद्र यादव जनता दरबार में हाजिर नहीं हुए। उल्टे अन्य प्लॉट पर भी दावा करने लगे। तभी से दोनों परिवारों में तनाव था।

    8 लोगों पर नामजद FIR, छापेमारी जारी

    बुधवार सुबह पानी लेने के दौरान किसी बात पर विवाद बढ़ा और मारपीट में पार्वती देवी की मौत हो गई। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार महतो दल-बल के साथ CHC पहुंचे। उन्होंने परिजनों से जानकारी लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर 8 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि जमीन कम मिलने की बात कहकर राजेंद्र यादव पुराने बंटवारे को नहीं मान रहा था और पिछले छह माह से विवाद कर रहा था।

  • गया के एक मैरेज हॉल में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, छापेमारी में कई संदिग्ध जोड़े हिरासत में

    गया के एक मैरेज हॉल में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, छापेमारी में कई संदिग्ध जोड़े हिरासत में

    महताब अंसारी

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    टिकारी (गया)
    गया जिले के टिकारी स्थित चर्चित प्रकाश उत्सव मैरेज हॉल में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बुधवार को SDM और SDPO के नेतृत्व में प्रशासन की संयुक्त टीम ने अचानक छापेमारी कर कई संदिग्ध जोड़ों को मौके से हिरासत में लिया। कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

    गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी


    प्रशासन को लंबे समय से मैरेज हॉल में गुप्त गतिविधियां चलने की सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर बुधवार को पुलिस बल के साथ मैरेज हॉल में छापा मारा गया। छापेमारी के दौरान कई कमरे अंदर से बंद मिले। पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो आपत्तिजनक स्थिति में कई जोड़े मौजूद थे।

    संचालक-कर्मचारियों से पूछताछ


    पुलिस ने मौके से कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मैरेज हॉल के संचालक और कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। प्रशासन पता लगा रहा है कि यह अवैध धंधा कब से चल रहा था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।

    SDPO बोले- कानूनी कार्रवाई जारी


    इस मामले में SDPO ने बताया, “गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है। सभी संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

    स्थानीय लोगों में आक्रोश


    घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

  • 9 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत में ट्रैफिक चालान मामले का होगा निष्पादन, प्रचार गाड़ी क्षेत्रों में किया गया रवाना, दिखाई गई हरी झंडी

    9 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत में ट्रैफिक चालान मामले का होगा निष्पादन, प्रचार गाड़ी क्षेत्रों में किया गया रवाना, दिखाई गई हरी झंडी

    देवब्रत मंडल

    प्रकार गाड़ी को हरी झंडी दिखाते अधिकारी

    राष्ट्रीय लोक अदालत में नौ मई को ट्रैफिक चालान के मामले का निष्पादन किया जाएगा। इसे लेकर प्रशासनिक तैयारी भी शुरू कर दी गई है। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार पटना के निर्देश पर बुधवार को  व्यवहार न्यायालय गयाजी से ट्रैफिक चालान से संबंधित प्रचार गाड़ी को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार गया प्रदीप कुमार मालिक , जिला पदाधिकारी सह उपाधीक्षक जिला विधिक सेवा प्राधिकार गया शशांक शुभंकर एवं न्यायिक पदाधिकारी ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।
    आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान यातायात चालान मामलों के शीघ्र और प्रभावी निपटारे को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश साझा किए गए।

    रानी तिवारी की रिट याचिका पर हाई कोर्ट की पहल

    यह पहल पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश संगम कुमार साहू की खंडपीठ द्वारा सिविल रिट वाद संख्या 20071/2025 (रानी उर्फ रानी तिवारी बनाम बिहार राज्य एवं अन्य) में दिए गए आदेश के आलोक में की जा रही है।

    प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा

    लंबित चालान मामलों का निष्पादन हेतु प्रधान जिला एवम सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार प्रदीप कुमार मलिक ने बताया कि लोक अदालत में लंबित चालान मामलों के निष्पादन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए कई अहम कदम सुझाए गए हैं।

    जिला दंडाधिकारी ने कहा

    जिला दंडाधिकारी सह उपाध्यक्ष शशांक शुभंकर ने उन्होंने कहा कि 90 दिनों से अधिक लंबित और हाल के चालानों की अलग-अलग पहचान कर वर्गीकरण किया जाएगा, और इसकी जागरुकता प्रचार वाहन द्वारा किया जाएगा, ताकि निपटारा तेज और सटीक हो सके। इसके अलावा, राज्य परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन को भी समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मामलों का सुचारू और त्वरित निपटारा सुनिश्चित किया जा सके। उपाध्यक्ष महोदय ने आम लोगों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत में भाग लेकर अपने लंबित यातायात चालान मामलों का सरल और त्वरित समाधान प्राप्त करें।

    डीएलएसए के सचिव ने कहा

    सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार अरबिंद कुमार दास ने बताया कि सभी संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करें कि पुराने मामलों के भौतिक एवं डिजिटल अभिलेख समय से पहले न्यायालयों में उपलब्ध हों। साथ ही, चालानों की अद्यतन स्थिति ऑनलाइन प्रणाली में सही ढंग से प्रदर्शित हो और रियायती जुर्माने की गणना स्वतः हो सके।

    सहायता उपलब्ध कराई जाएगी

    लोक अदालत स्थलों पर हेल्प डेस्क स्थापित कर पैरा लीगल वालंटियर्स और अधिवक्ताओं की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। भीड़ प्रबंधन के लिए टोकन सिस्टम, अलग-अलग काउंटर और डिस्प्ले बोर्ड की व्यवस्था की जाएगी। इस मौके पर सभी न्यायिक पदाधिकारीगण, बार प्रेसिडेंट, बार सेक्रेटरी , लीगल एंड डिफेंस काउंसिल के चीफ, डिप्टी चीफ, असिस्टेंट, एवं अन्य अधिवक्तागण उपस्थित थे।

  • गया में तीन पहिया वाहन से 166 बोतल विदेशी शराब जब्त, बोधगया का दो तस्कर गिरफ्तार

    गया में तीन पहिया वाहन से 166 बोतल विदेशी शराब जब्त, बोधगया का दो तस्कर गिरफ्तार

    देवब्रत मंडल

    जब्त शराब व गिरफ्तार आरोपी

    बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब की तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही है। राज्य के विभिन्न हिस्सों से लगातार शराब बरामदगी की खबरें सामने आ रही हैं और गया जिला भी इससे अछूता नहीं है। पुलिस एवं मद्य निषेध विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाए जाने के बावजूद तस्कर सक्रिय बने हुए हैं।
    ताजा मामला गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र का है, जहां उत्पाद विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से ले जाई जा रही विदेशी शराब की एक बड़ी खेप बरामद की है। यह शराब तीन पहिया (ऑटो) वाहन के जरिए परिवहन की जा रही थी।
    उत्पाद थाना शेरघाटी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, धनावाल–मंझार गांव के पास छापेमारी कर कुल 79.250 लीटर (166 बोतल) अवैध विदेशी शराब जब्त की गई। इस कार्रवाई के दौरान दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
    गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामपुर, थाना बोधगया निवासी छोटू कुमार (21 वर्ष) और राजा कुमार (22 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
    गया के सहायक आयुक्त उत्पाद प्रियरंजन ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में शराब तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई में निरीक्षक स्तर के अधिकारियों सहित छापेमार दल के अन्य सदस्य भी शामिल थे।

  • शहीद ईश्वर चौधरी हॉल्ट पर टिकट बिक्री के लिए हॉल्ट कॉन्ट्रैक्टर नियुक्त, रेलवे ने जारी किया पत्र

    शहीद ईश्वर चौधरी हॉल्ट पर टिकट बिक्री के लिए हॉल्ट कॉन्ट्रैक्टर नियुक्त, रेलवे ने जारी किया पत्र

    देवब्रत मंडल

    पांच वर्षों के लिए चयनित अभ्यर्थी को 10 दिनों के भीतर आवश्यक दस्तावेज जमा करने का निर्देश


    गया: पूर्व मध्य रेलवे के पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा शहीद ईश्वर चौधरी हॉल्ट (SICY) पर यूटीएस टिकट बिक्री के लिए हॉल्ट कॉन्ट्रैक्टर की नियुक्ति को लेकर आधिकारिक पत्र जारी किया गया है। जारी पत्र के अनुसार, गया जिले के खिजरसराय थाना क्षेत्र के डेमा फतेहपुर निवासी कुंदन कुमार को इस कार्य के लिए उपयुक्त पाते हुए चयनित किया गया है। उन्हें मासिक कमीशन के आधार पर पांच वर्षों के लिए यह जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
    रेलवे प्रशासन ने आगे की प्रक्रिया के लिए चयनित अभ्यर्थी से कुछ जरूरी दस्तावेज जमा करने को कहा है। इसमें 2000 रुपये की सुरक्षा जमा राशि का मनी रिसीट, 100-100 रुपये के दो नॉन-जुडिशियल स्टांप पेपर तथा पुलिस या संबंधित प्राधिकरण द्वारा जारी चरित्र प्रमाण पत्र शामिल है। पत्र में स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि अभ्यर्थी को पत्र प्राप्ति के 10 दिनों के भीतर सभी दस्तावेजों के साथ व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अनुबंध की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इस नियुक्ति के बाद स्थानीय स्तर पर यात्रियों को टिकट सुविधा मिलने में सहूलियत होने की उम्मीद जताई जा रही है।