Blog

  • 29 मई को रिलीज होगी ‘द इंडियन लेनिन बाबू जगदेव’ फिल्म, बिहार-झारखंड के 200 कलाकारों ने किया काम

    29 मई को रिलीज होगी ‘द इंडियन लेनिन बाबू जगदेव’ फिल्म, बिहार-झारखंड के 200 कलाकारों ने किया काम

    जगदेव प्रसाद की जीवनी पर बनी बायोपिक, 1932 से 1974 तक के संघर्ष को दिखाया गया

    देवब्रत मंडल

    शहीद जगदेव प्रसाद

    गया, 9 मई 2026
    ‘बिहार लेनिन’ के नाम से चर्चित अमर शहीद जगदेव प्रसाद के जीवन पर आधारित बायोपिक फिल्म ‘द इंडियन लेनिन बाबू जगदेव’ 29 मई को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में बिहार और झारखंड के करीब दो सौ कलाकारों ने अलग-अलग किरदार निभाए हैं।

    ‘90 प्रतिशत शोषितों के लिए लड़ी आजीवन लड़ाई’: निर्देशक

    फिल्म के निर्देशक प्रेम कुमार विद्यार्थी ने बताया कि जगदेव बाबू बिहार में दलित, पिछड़े-अतिपिछड़े, आदिवासी, अल्पसंख्यक समेत 90 प्रतिशत शोषितों के सर्वमान्य नेता थे। शोषित-वंचितों के हक-अधिकार के लिए लड़ते हुए वे कुर्था में शहीद हो गए थे।

    जहानाबाद-गया में हुई शूटिंग, 1932 से 1974 तक की कहानी

    फिल्म की शूटिंग 2 फरवरी 2023 से जगदेव प्रसाद के गांव कुरहारी समेत जहानाबाद-गया जिले के डुमरिया, इमामगंज, बांकेबाजार के कई गांवों में हुई है। कुछ हिस्सा झारखंड में भी शूट किया गया। फिल्म में 1932 से 1974 तक जगदेव प्रसाद के बचपन से लेकर उनके परिवार, गांव और आसपास घटी घटनाओं को प्रमुखता से दिखाया गया है।

    छुआछूत, पंचकठिया प्रथा, वोट चोरी जैसे मुद्दे

    फिल्म में उच्च-नीच, छुआछूत, ढोंग, आडंबर, पाखंड, अंधविश्वास, अमीरी-गरीबी, पंचकठिया प्रथा, वोट चोरी और ब्राह्मणवाद को दिखाया गया है। निर्देशक का कहना है कि यह फिल्म युवा, महिला, किसान, बेरोजगार और राजनीति से जुड़े लोगों के इमोशन्स को छूती है।

    ‘दो साल में छह बार सरकार गिराने-बनाने का रिकार्ड’

    फिल्म में जगदेव प्रसाद के राजनीतिक दौर को भी दिखाया गया है। अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने दो वर्ष में छह बार सरकार गिराने और बनाने का रिकार्ड कायम किया था। उनके नारे ‘वोट हमारा-राज तुम्हारा’ की चुनौती आज भी प्रासंगिक है।

    ‘जगदेव बाबू एक आंदोलन थे’

    निर्देशक ने कहा कि जगदेव प्रसाद केवल राजनेता नहीं थे, वे स्वयं में एक सक्रिय आंदोलन और प्रखर विचारधारा थे। उन्होंने समाज को शोषक और शोषित दो वर्गों में बांटा और कहा कि जब तक नौकरशाही-राजनीति पर दस प्रतिशत शोषक वर्ग का एकाधिकार रहेगा, नब्बे प्रतिशत शोषितों की मुक्ति संभव नहीं।

    दो करोड़ की लागत, स्थानीय कलाकारों को मौका

    नेक्सजेन ह्यूमन फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म की लागत करीब दो करोड़ रुपये है। फिल्म निर्माण समिति ने स्थानीय कलाकारों को भी मौका दिया है। कई कलाकार ऐसे हैं जिन्हें पहली बार फिल्म में काम मिला है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में खासा उत्साह है।

  • गया में साल के दूसरे राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, 3304 मामलों का निष्पादन, 9.67 करोड़ की समझौता राशि

    गया में साल के दूसरे राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, 3304 मामलों का निष्पादन, 9.67 करोड़ की समझौता राशि

    27 बेंचों ने किया काम, बिजली के 1007 और क्रिमिनल कंपाउंडेबल के 1531 मामले निपटे

    देवब्रत मंडल

    गया, 9 मई 2026
    व्यवहार न्यायालय गया एवं शेरघाटी में शुक्रवार को साल के दूसरे राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार प्रदीप कुमार मलिक, जिलाधिकारी सह उपाध्यक्ष शशांक शुभंकर, परिवार न्यायाधीश सुनील कुमार वर्मा, D.A.S.J.-1 शशिकांत ओझा एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार अरविंद कुमार दास ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

    “लोक अदालत में दोनों पक्षों की जीत होती है”: प्रधान जिला जज
    उद्घाटन के मौके पर प्रधान जिला जज प्रदीप कुमार मलिक ने कहा कि लोक अदालत एकमात्र ऐसा तरीका है जिसमें दोनों पक्षों की विजय होती है। दोनों पक्ष जीतते हैं, आपसी सद्भावना बनी रहती है और लोग खुशी-खुशी घर जाते हैं। उन्होंने बेंच में कार्यरत पैनल अधिवक्ताओं को विशेष सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।

    27 बेंचों का गठन, गया में 23 और शेरघाटी में 4 बेंच


    राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए कुल 27 बेंच बनाए गए थे। इनमें 23 बेंच गया व्यवहार न्यायालय में और 4 बेंच शेरघाटी में गठित किए गए।

    प्रमुख बेंच और न्यायिक अधिकारी

    • बेंच-1: शशिकांत ओझा D.A.S.J.-1, पैनल अधिवक्ता राजेंद्र प्रसाद
    • बेंच-6: रचना अग्रवाल D.A.S.J.-6 स्पेशल जज पॉक्सो, पैनल अधिवक्ता अंजना कुमारी
    • बेंच-11: प्रकाश कुमार राय C.J.M. गया, पैनल अधिवक्ता राजेश आनंद
    • बेंच-14: सुशांत सागर रेलवे ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट, पैनल अधिवक्ता गणेश प्रसाद
    • शेरघाटी बेंच-24: राजेश कुमार सिंह A.C.J.M.-1, पैनल अधिवक्ता ओमप्रकाश

    3304 वाद निष्पादित, 9.67 करोड़ की समझौता राशि
    लोक अदालत में कुल 3304 मामलों का निष्पादन किया गया और 9,67,67,313 रुपये की समझौता राशि तय हुई।

    किस तरह के मामले निपटे

    • बिजली के मामले: 1007, समझौता राशि 3,86,25,836 रुपये
    • क्रिमिनल कंपाउंडेबल: 1531, समझौता राशि 19,20,235 रुपये
    • मोटर वाहन दुर्घटना: 27, समझौता राशि 2,58,75,000 रुपये
    • बैंक के मामले: 530, समझौता राशि 2,98,33,756 रुपये
    • ट्रैफिक चालान: 205, समझौता राशि 5,09,500 रुपये
    • चेक बाउंस: 2 मामले, BSNL: 2 मामले, समझौता राशि 2,986 रुपये

    सफल आयोजन में इनकी रही भूमिका


    आयोजन को सफल बनाने में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मचारी हादी अकरम, प्रतुल कुमार, विकास कुमार, हारून रसीद, उदय कुमार, दीपक कुमार सिन्हा, अनिल कुमार, रितिक कुमार, रंजीत कुमार, अजय कुमार के साथ पारा लीगल वॉलिंटियर मनोज कुमार, रोहित कुमार, हीरालाल, जुल्फिकार अंसारी, परमानंद सिंह, संतन कुमार, संजय चौधरी और संतोष कुमार मौजूद रहे।

  • गया में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा: कार से 476 बोतल विदेशी शराब और बीयर बरामद, मुफस्सिल थाना क्षेत्र का दो तस्कर गिरफ्तार

    गया में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा: कार से 476 बोतल विदेशी शराब और बीयर बरामद, मुफस्सिल थाना क्षेत्र का दो तस्कर गिरफ्तार

    देवब्रत मंडल


    बाराचट्टी में उत्पाद विभाग की कार्रवाई, झारखंड नंबर की कार जब्त
    गया जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बाराचट्टी थाना क्षेत्र के भलुआचट्टी इलाके में छापेमारी कर एक एस-प्रेसो कार से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब एवं बीयर बरामद की गई है। कार्रवाई के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया।

    गुप्त सूचना पर टीम ने की कार्रवाई

    सहायक आयुक्त मद्य निषेध, गया प्रिय रंजन के अनुसार, झारखंड नंबर की एस-प्रेसो कार (JH-02BH-1744) के जरिए बिहार में अवैध शराब की खेप लाई जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने भलुआचट्टी में वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से कुल 157.560 लीटर अवैध विदेशी शराब एवं बीयर बरामद हुई, जिसमें कुल 476 बोतलें शामिल हैं।

    मुफस्सिल थाना क्षेत्र का कुंदन व चालक राहुल गिरफ्तार

    गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कमालपुर निवासी राहुल कुमार (21 वर्ष) और बाराडीह निवासी कुन्दन कुमार के रूप में हुई है। राहुल कुमार वाहन चला रहा था। उत्पाद विभाग ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

    झारखंड से लाई जा रही थी खेप

    उत्पाद विभाग के अधिकारी श्री रंजन ने बताया कि पूरे मामले में अनुसंधान जारी है और जांच पूरी होने के बाद आरोप पत्र समर्पित किया जाएगा। आशंका जताई जा रही है कि शराब की यह खेप झारखंड से बिहार लाई जा रही थी। इस छापेमारी अभियान में उत्पाद विभाग के कई अधिकारियों एवं जवानों ने भाग लिया, जिनमें अवर निरीक्षक स्तर के पदाधिकारी और सैप बल के जवान शामिल थे।

    बिहार में शराबबंदी के बावजूद नहीं थम रही तस्करी

    बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद पड़ोसी राज्यों से शराब की तस्करी लगातार जारी है। गया जिला झारखंड सीमा से सटा होने के कारण तस्करों के लिए आसान रूट बना हुआ है। हालांकि उत्पाद विभाग और पुलिस लगातार कार्रवाई कर तस्करों के नेटवर्क पर शिकंजा कसने में जुटी है।

  • गया में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा: कार से 476 बोतल विदेशी शराब और बीयर बरामद, मुफस्सिल थाना क्षेत्र का दो तस्कर गिरफ्तार

    गया में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा: कार से 476 बोतल विदेशी शराब और बीयर बरामद, मुफस्सिल थाना क्षेत्र का दो तस्कर गिरफ्तार

    देवब्रत मंडल


    बाराचट्टी में उत्पाद विभाग की कार्रवाई, झारखंड नंबर की कार जब्त
    गया जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बाराचट्टी थाना क्षेत्र के भलुआचट्टी इलाके में छापेमारी कर एक एस-प्रेसो कार से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब एवं बीयर बरामद की गई है। कार्रवाई के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया।

    गुप्त सूचना पर टीम ने की कार्रवाई

    सहायक आयुक्त मद्य निषेध, गया प्रिय रंजन के अनुसार, झारखंड नंबर की एस-प्रेसो कार (JH-02BH-1744) के जरिए बिहार में अवैध शराब की खेप लाई जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने भलुआचट्टी में वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से कुल 157.560 लीटर अवैध विदेशी शराब एवं बीयर बरामद हुई, जिसमें कुल 476 बोतलें शामिल हैं।

    मुफस्सिल थाना क्षेत्र का कुंदन व चालक राहुल गिरफ्तार

    गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कमालपुर निवासी राहुल कुमार (21 वर्ष) और बाराडीह निवासी कुन्दन कुमार के रूप में हुई है। राहुल कुमार वाहन चला रहा था। उत्पाद विभाग ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

    झारखंड से लाई जा रही थी खेप

    उत्पाद विभाग के अधिकारी श्री रंजन ने बताया कि पूरे मामले में अनुसंधान जारी है और जांच पूरी होने के बाद आरोप पत्र समर्पित किया जाएगा। आशंका जताई जा रही है कि शराब की यह खेप झारखंड से बिहार लाई जा रही थी। इस छापेमारी अभियान में उत्पाद विभाग के कई अधिकारियों एवं जवानों ने भाग लिया, जिनमें अवर निरीक्षक स्तर के पदाधिकारी और सैप बल के जवान शामिल थे।

    बिहार में शराबबंदी के बावजूद नहीं थम रही तस्करी

    बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद पड़ोसी राज्यों से शराब की तस्करी लगातार जारी है। गया जिला झारखंड सीमा से सटा होने के कारण तस्करों के लिए आसान रूट बना हुआ है। हालांकि उत्पाद विभाग और पुलिस लगातार कार्रवाई कर तस्करों के नेटवर्क पर शिकंजा कसने में जुटी है।

  • बागेश्वरी गुमटी: आरओबी निर्माण ने पकड़ी रफ्तार, गया शहर को जल्द मिलेगी जाम से राहत

    बागेश्वरी गुमटी: आरओबी निर्माण ने पकड़ी रफ्तार, गया शहर को जल्द मिलेगी जाम से राहत

    रामशिला और प्रेतशिला की वादियों के बीच तेजी से लेगा आकार गया का महत्वाकांक्षी रेल ओवरब्रिज

    देवब्रत मंडल


    गया शहर के बहुप्रतीक्षित बागेश्वरी गुमटी आरओबी (रेल ओवरब्रिज) का निर्माण कार्य में अब तेजी आ गई है। शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल बागेश्वरी गुमटी इलाके में बन रहा यह आरओबी आने वाले दिनों में लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। इसके लिए सड़क पर सेंटर लाइन निर्धारित कर लिया गया है।


    प्रस्तावित आरओबी की एक काल्पनिक तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि रेलवे ट्रैक के ऊपर पुल निर्माण का कार्य किया जाना है। भारी मशीनों, क्रेनों और मजदूरों की मदद से पुल के स्लैब एवं अन्य संरचनाओं को रूप देने के लिए निर्माण एजेंसी के लोग दिनरात लगे हुए हैं। वहीं बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अभियंताओं एवं तकनीकी एक्सपर्ट की टीम इस आरओबी के लिए चिंतन और मनन कर रहे हैं। देखा जाए तो इस सड़क पर वाहनों की लंबी कतार यह दर्शा रही है कि इस मार्ग पर ट्रैफिक दबाव कितना अधिक है।
    यह आरओबी गया जंक्शन और शहर के प्रमुख इलाकों को जोड़ने वाला अहम प्रोजेक्ट माना जा रहा है। लंबे समय से रेलवे फाटक बंद रहने के कारण लोगों को घंटों जाम का सामना करना पड़ता था। खासकर स्कूल, ऑफिस और बाजार के समय स्थिति काफी गंभीर हो जाती थी।


    स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल बन जाने के बाद शहर में ट्रैफिक व्यवस्था काफी बेहतर होगी और लोगों का समय भी बचेगा। साथ ही रेलवे फाटक पर होने वाली दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है।
    खास बात यह भी है कि इसकी पृष्ठभूमि में गया की ऐतिहासिक रामशिला और प्रेतशिला पहाड़ियां दिखाई दे रही हैं, जो इस पूरे दृश्य को और आकर्षक बना रही हैं। आधुनिक विकास और धार्मिक-ऐतिहासिक विरासत का यह संगम गया शहर की बदलती तस्वीर को दर्शाता है।
    प्रशासन और निर्माण एजेंसियों की ओर से दावा किया जा रहा है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। यदि कार्य इसी गति से चलता रहा तो जल्द ही गयावासियों को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिल सकती है।

  • गया नगर निगम में सैरात बंदोबस्ती के दौरान हंगामा, उपनगर आयुक्त के कथित व्यवहार पर उठे सवाल

    गया नगर निगम में सैरात बंदोबस्ती के दौरान हंगामा, उपनगर आयुक्त के कथित व्यवहार पर उठे सवाल

    “मेयर साहब ने रोकने को कहा है..” के बयान के बाद निगम कर्मचारी स्तब्ध, कर्मचारियों से कथित भाषा का वीडियो वायरल

    देवब्रत मंडल


    गया नगर निगम में वित्तीय वर्ष 2026-27 की सैरात बंदोबस्ती प्रक्रिया के दौरान हुए विवाद ने अब प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। निगम परिसर में हुई पूरी घटना का कथित वीडियो सामने आने के बाद मामला और तूल पकड़ता जा रहा है। वीडियो में गया नगर निगम के एक उपनगर आयुक्त का कथित व्यवहार चर्चा का विषय बना हुआ है। जानकारी के अनुसार नगर निगम में 8, 9 और 11 मई को राजस्व से जुड़ी सैरात बंदोबस्ती प्रक्रिया निर्धारित थी। इसी दौरान उपनगर आयुक्त निगम परिसर पहुंचे और कथित रूप से कहा कि “मेयर साहब ने इसे रोकने के लिए कहा है, अभी यह सैरात नहीं होगा।”

    सैरात बंदोबस्त रोकने का कोई आदेश नहीं

    प्रत्यक्षदर्शियों और निगम सूत्रों का दावा है कि सैरात प्रक्रिया को रोकने के लिए मौके पर किसी प्रकार का लिखित आदेश, आधिकारिक पत्र या प्रशासनिक निर्देश प्रस्तुत नहीं किया गया। अचानक प्रक्रिया रोकने की बात सामने आने से निगम कर्मियों और बोली प्रक्रिया में शामिल लोगों के बीच अफरा-तफरी और असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई।
    हालांकि विवाद और तनावपूर्ण माहौल के बीच बाद में किसी तरह सरात बंदोबस्ती की प्रक्रिया पूरी कराई गई, लेकिन इस दौरान निगम परिसर में काफी देर तक बहस और हंगामे का माहौल बना रहा।

    वायरल वीडियो में भाषा के प्रयोग की पुष्टि नहीं

    मामले तब और गंभीर माना जा रहा है जब सामने आए कथित वीडियो में उपनगर आयुक्त निगम कर्मचारियों से तीखी और भाषा का प्रयोग करते दिखाई और सुनाई दे रहे हैं। कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि उन्होंने बातचीत के दौरान “तुम लोगों को मेयर साहब से बात करने में फ#ट रहा है…” जैसे आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। जिसकी पुष्टि मगध लाइव नहीं करता है

    टिप्पणी के बाद कर्मचारियों में नाराजगी

    इस कथित टिप्पणी को लेकर निगम कर्मचारियों में नाराजगी देखी जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी द्वारा अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ इस प्रकार की भाषा का प्रयोग प्रशासनिक मर्यादा और सेवा आचरण के विपरीत है।

    आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार

    फिलहाल इस पूरे विवाद पर नगर आयुक्त की तरफ से उनकी प्रतिक्रिया लेने के लिए उनके सरकारी मोबाइल नंबर पर कॉल किया गया तो उधर से कोई प्रत्युत्तर नहीं आया। इसके बाद उनके व्हाट्सएप पर चैट कर उनकी प्रतिक्रिया मांगी गई, परंतु खबर प्रेषित किए जाने तक उनका जवाब नहीं आया। हो सकता है कि उनकी व्यस्तता रही होगी। वैसे पता चला है कि वे अवकाश पर हैं।

    आधिकारिक बयान भी जारी नहीं किया गया

    अधिकारी की ओर से कोई आधिकारिक लिखित बयान भी जारी नहीं किया गया है। मामले को लेकर नगर निगम के अंदर और बाहर दोनों जगह चर्चाओं का दौर जारी है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन इस विवाद पर क्या रुख अपनाता है।

  • गया जी में बड़ी कार्रवाई: एक आलीशान मकान के तहखाने से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद, दो गिरफ्तार, मकान सील

    गया जी में बड़ी कार्रवाई: एक आलीशान मकान के तहखाने से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद, दो गिरफ्तार, मकान सील

    मद्य निषेध विभाग की छापेमारी में 935 बोतल शराब जब्त, मकान किया गया सील

    देवब्रत मंडल

    जब्त शराब के साथ बैठे आरोपी

    गया जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ मद्य निषेध विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आलीशान मकान से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। उत्पाद विभाग के सहायक आयुक्त, गया जिला को गुप्त सूचना मिल रही थी कि मानपुर क्षेत्र के बुनियादगंज थाना अंतर्गत गेरे गांव के एक व्यक्ति के घर से अवैध शराब का कारोबार संचालित हो रहा है। उसी के आधार पर की गई इस छापेमारी में यहां से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, शराब बरामद होने के बाद मकान को सील कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
    सहायक आयुक्त मद्य निषेध, गया प्रियरंजन ने बताया कि निरीक्षक मद्य निषेध गणेश चंद्र के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने गेरे रोड क्षेत्र में छापेमारी की गई।

    इसी मकान से शराब हुए बरामद

    मकान के तहखाने में छिपा कर रखी गई थी शराब

    कार्रवाई के दौरान एक घर के ऊपर बने तहखाने से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई। टीम ने घर के किचन, एयरकंडीशंड शयनकक्ष और अन्य कमरों की भी तलाशी ली, जहां से शराब की खेप बरामद हुई।

    विभिन्न ब्रांड के 935 बोतल शराब बरामद

    छापेमारी में कुल 441.510 लीटर विदेशी शराब (935 बोतल) जब्त की गई। जो विभिन्न ब्रांड के हैं। मौके से गिरफ्तार दोनों आरोपियों को मद्य निषेध थाना लाकर अग्रिम कार्रवाई की गई है।

    गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान

    गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोकनाथ कुमार (34 वर्ष),पिता दीनदयाल प्रसाद, सहाय लेन, मानपुर, बुनियादगंज एवं
    अनिल प्रसाद, पिता पाली लाल, शिवचरण लेन मानपुर, वार्ड नंबर 48, गया के रूप में हुई है।

    छापेमारी टीम में ये सभी रहे शामिल

    छापेमारी की कार्रवाई में अवर निरीक्षक सुनील कुमार, कुंदन कुमार, मंजू कुमारी, प्रियंका कुमारी, प्रवीण कुमार सिंह, आकृति कुमारी, अनिशा कुमारी, अवधेश कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

    आमलोगों से अपील: गुप्त सूचना दें

    सहायक आयुक्त मद्य निषेध प्रिय रंजन ने कहा है कि जिले में अवैध शराब कारोबार और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इसमें शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री करने वाले लोगों की सूचना दें, सूचक का नाम व पता गुप्त रखा जाएगा। कार्रवाई अवश्य की जाएगी।

  • गुरपा-गझंडी घाट सेक्शन में पहली बार खाली BOBR रेक का सफल ट्रायल, IIT-ISM धनबाद के सहयोग से टनल रीडिजाइन कर हटाई बाधा

    गुरपा-गझंडी घाट सेक्शन में पहली बार खाली BOBR रेक का सफल ट्रायल, IIT-ISM धनबाद के सहयोग से टनल रीडिजाइन कर हटाई बाधा

    देवब्रत मंडल

    निरीक्षण करते महाप्रबंधक व अन्य

    गया जी, 7 मई 2026
    पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने बुधवार को प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक श्रीमती इंदू रानी दुबे के साथ गुरपा-गझंडी घाट सेक्शन की डाउन लाइन में BOBR रेक का फुटप्लेट निरीक्षण किया। इसके साथ ही इस चुनौतीपूर्ण रेलखंड पर खाली BOBR वैगन का परिचालन ट्रायल सफल रहा।

    1906 में शुरू हुआ था ग्रैंड कॉर्ड, टनल की ऊंचाई बनी थी बाधा


    ग्रैंड कॉर्ड लाइन की शुरुआत 1906-07 में लॉर्ड मिंटो ने की थी। धनबाद मंडल का गुरपा-गझंडी घाट सेक्शन इसी का हिस्सा है। यह रेलखंड 1:80 के रूलिंग ग्रेडिएंट, तीन सुरंगों, छोटी पहाड़ियों और ऊंचे टीलों के कारण बेहद चुनौतीपूर्ण माना जाता है। आजादी से पहले बने इस सेक्शन में टनल की ऊंचाई सीमित होने के कारण BOBR वैगन का परिचालन संभव नहीं था।

    IIT-ISM धनबाद के साथ मिलकर हटाई तकनीकी बाधा


    पूर्व मध्य रेल ने IIT-ISM धनबाद के साथ मिलकर टनल रीडिजाइन और डाइमेंशन बढ़ाने का चुनौतीपूर्ण काम पूरा किया। इसके बाद ही डाउन लाइन में खाली BOBR रेक का परिचालन ट्रायल संभव हो सका।

    NTPC प्लांट्स को होगा सीधा फायदा, लोडिंग बढ़ेगी


    अभी तक बाढ़, बरौनी और सलाकाटी (नॉर्थईस्ट) NTPC प्लांट्स के लिए कोयला BOX-N रेक से भेजा जाता है। BOBR रेक में लोडिंग के बाद कोयला प्रधानखांटा-आसनसोल-झाझा के रास्ते भेजा जाता है और वापसी भी इसी लंबे रूट से होती है। इसमें ग्रैंड कॉर्ड लाइन की तुलना में ज्यादा समय लगता है।

    अब गुरपा-गझंडी घाट सेक्शन से खाली BOBR रेक की वापसी धनबाद मंडल को हो सकेगी। इससे वैगन टर्नअराउंड टाइम में काफी कमी आएगी। रेक की उपलब्धता बढ़ने से कोयले की लोडिंग भी बढ़ेगी और बाढ़, बरौनी व सलाकाटी NTPC प्लांट्स को समय पर कोयला आपूर्ति सुनिश्चित होगी।

    क्या है BOBR रेक


    BOBR यानी बॉटम ओपनिंग बॉक्स रैपिड रेक कोयला ढुलाई के लिए खास वैगन है। इसमें नीचे से अनलोडिंग होती है, जिससे NTPC जैसे प्लांट्स में तेजी से कोयला खाली किया जा सकता है। इस आशय की जानकारी सरस्वती चन्द्र, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, पूर्व मध्य रेल ने दी है।

  • 55वीं संभाग स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-1 गया का ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण प्रदर्शन

    55वीं संभाग स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-1 गया का ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण प्रदर्शन

    देवब्रत मंडल

    गया। 55वीं संभाग स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-1 गया के छात्र-छात्राओं ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन एवं अदम्य उत्साह का परिचय देते हुए शानदार सफलता अर्जित की। विद्यालय के खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदकों की अभूतपूर्व वर्षा कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। इस वर्ष विद्यालय का प्रदर्शन पिछले वर्ष की तुलना में और भी अधिक प्रभावशाली रहा, जिसने विद्यालय परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र को गौरवांवित किया है।
    प्रतियोगिता के अंतर्गत टेबल टेनिस में विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-14 बालिका वर्ग में 1 स्वर्ण एवं 1 कांस्य पदक, अंडर-17 बालिका वर्ग में 1 स्वर्ण एवं 1 रजत पदक प्राप्त हुआ। वहीं बालक वर्ग में अंडर-14 में 1 कांस्य पदक तथा अंडर-17 में 1 स्वर्ण एवं 1 रजत पदक हासिल किए गए। अंडर-19 वर्ग में भी विद्यालय ने 1 स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उत्कृष्ट सामूहिक प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय को विजेता एवं रनर-अप ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
    एथलेटिक्स अंडर-17 प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए 3 स्वर्ण, 6 रजत एवं 8 कांस्य पदक अर्जित किए।
    हॉकी अंडर-17 में विद्यालय की टीम ने बेहतरीन तालमेल और खेल भावना का परिचय देते हुए 14 स्वर्ण पदक प्राप्त कर एक नई उपलब्धि स्थापित की।
    इसके अतिरिक्त योगा अंडर-14 प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 1 स्वर्ण एवं 2 रजत पदक प्राप्त किए।
    विद्यालय के इस गौरवपूर्ण प्रदर्शन पर विद्यालय परिवार में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण है। विद्यालय के प्राचार्य श्री अशोक कुमार गुप्ता ने सभी विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम, लगन एवं अनुशासित अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी समर्पण एवं ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
    इस उल्लेखनीय सफलता में विद्यालय के खेल शिक्षक भीमेश्वर कुमार की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। उनके कुशल मार्गदर्शन, सतत प्रशिक्षण एवं प्रेरणादायी नेतृत्व ने खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को इस शानदार उपलब्धि पर शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

  • मंत्रिमंडल गठन के बाद गया में विकास को रफ्तार, बागेश्वरी गुमटी ROB का काम तेज, सर्वे अंतिम चरण में, जल्द शुरू होगा पिलर निर्माण

    मंत्रिमंडल गठन के बाद गया में विकास को रफ्तार, बागेश्वरी गुमटी ROB का काम तेज, सर्वे अंतिम चरण में, जल्द शुरू होगा पिलर निर्माण

    देवब्रत मंडल

    एलाइमेन्ट मिलाते सर्वेयर एवं साथ में टीम

    गया, 7 मई 2026
    बिहार में नई सरकार बनने और मंत्रिमंडल गठन पूरा होने के बाद गया जी में रुके विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा पूर्व सीएम नीतीश कुमार के विकास रोडमैप को आगे बढ़ाने की घोषणा के बाद शहर के उत्तरी हिस्से में बागेश्वरी गुमटी के पास बनने वाले आरओबी के निर्माण कार्य में तेजी आ गई है।

    गुरुवार को पहुंची इंजीनियरों की टीम, एलाइनमेंट सर्वे पूरा
    बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के सब-डिविजनल अभियंता आकाश दीप के नेतृत्व में इंजीनियरों और सर्वेयरों की टीम गुरुवार को कार्य स्थल पर पहुंची। टीम ने बागेश्वरी-पॉवरगंज-स्टेशन रोड पर संरेखण यानी एलाइनमेंट का सर्वे किया। पुल निर्माण निगम के एक पदाधिकारी ने बताया कि आरओबी निर्माण में एलाइनमेंट की भूमिका अहम होती है। सर्वेक्षण कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके पूरा होते ही पिलर बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।

    पहले पटना रोड की तरफ बनेगा पिलर


    आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक पिलर निर्माण का काम पहले बागेश्वरी गुमटी से उत्तर पटना की ओर जाने वाले सड़क मार्ग पर किया जाना है। इसके बाद अन्य हिस्सों में काम बढ़ेगा।

    नीतीश कुमार ने रखी थी आधारशिला, विधानसभा अध्यक्ष ने किया था भूमि पूजन


    गया शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बागेश्वरी गुमटी पर आरओबी बनाने की घोषणा की थी और इसकी आधारशिला भी रखी थी। इसके बाद बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बागेश्वरी मंदिर के पास भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की विधिवत शुरुआत की थी। सरकार बदलने के बाद काम की गति धीमी पड़ गई थी, जो अब फिर तेज हो गई है।

    जमीन अधिग्रहण पर विवाद, लोग जाएंगे कोर्ट


    इधर, आरओबी के दायरे में आई जमीन को लेकर विवाद भी शुरू हो गया है। प्रभावित लोगों से आपत्तियां ले ली गई हैं, जिनका निबटारा भू-अर्जन कार्यालय के माध्यम से किया जाना है। बागेश्वरी और पॉवरगंज मोहल्ले के कई लोगों का आरोप है कि उनकी निजी जमीन को सरकारी भूमि की सूची में डाल दिया गया है। इससे नाराज लोग कोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं।

    मंत्रिमंडल गठन पूरा, विभाग बंटवारे का इंतजार


    बिहार में नई सरकार के गठन के बाद मंत्रिमंडल गठन का काम पूरा हो चुका है। अब केवल विभागों का बंटवारा बाकी है। माना जा रहा है कि देर-सवेर यह काम भी पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद विकास योजनाओं को और गति मिलने की उम्मीद है।