Blog

  • बिहार म्यूजियम में ‘बोधगया ग्लोबल डायलॉग’ का भव्य आगाज़: छायाकार रूपक सिन्हा की तस्वीरों में जीवंत हुई सांस्कृतिक विरासत

    बिहार म्यूजियम में ‘बोधगया ग्लोबल डायलॉग’ का भव्य आगाज़: छायाकार रूपक सिन्हा की तस्वीरों में जीवंत हुई सांस्कृतिक विरासत

    पटना | न्यूज डेस्क
    बिहार की गौरवशाली विरासत, कला और संस्कृति के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पटना स्थित बिहार म्यूजियम में ‘बोधगया ग्लोबल डायलॉग’ के आठवें सीजन का शनिवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। देशकाल सोसायटी द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय विमर्श की शुरुआत गया के प्रतिष्ठित छायाकार रूपक सिन्हा की विशेष फोटो प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ हुई। इस आयोजन ने न केवल कला प्रेमियों का ध्यान खींचा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सांस्कृतिक एकता का संदेश भी प्रसारित किया।

    वरिष्ठ कला-पारखी डॉ. अंजनी कुमार सिंह ने किया उद्घाटन

    प्रदर्शनी का औपचारिक उद्घाटन बिहार के पूर्व मुख्य सचिव और बिहार म्यूजियम के वर्तमान महानिदेशक डॉ. अंजनी कुमार सिंह के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। उद्घाटन संबोधन के दौरान डॉ. सिंह ने रूपक सिन्हा की कलात्मक दृष्टि की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सिन्हा की तस्वीरें न केवल दृश्यों को कैद करती हैं, बल्कि वे इतिहास और संस्कृति के अनकहे पहलुओं को जीवंत बना देती हैं। उन्होंने कलाकार के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए इसे नई पीढ़ी के लिए एक प्रेरणादायक संग्रह बताया।

    तस्वीरों में सिमटी बोधगया और राजगीर की कलात्मकता

    इस प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण रॉयल भूटान मोनेस्ट्री, बोधगया और राजगीर की वास्तुकला से जुड़ी दुर्लभ तस्वीरें हैं। रूपक सिन्हा ने अपनी लेंस की दृष्टि से भूटान की सांस्कृतिक विशिष्टता और राजगीर के ऐतिहासिक वैभव को बड़ी ही बारीकी से पटल पर उतारा है। यह प्रदर्शनी 14 और 15 मार्च तक दर्शकों के लिए आयोजित की गई थी, जहाँ कला प्रेमी इन चित्रों के माध्यम से बिहार और पड़ोसी देशों के सांस्कृतिक संबंधों को महसूस कर सकते हैं।

    विभिन्न वैश्विक संस्थानों का अनूठा सहयोग

    इस आयोजन की सफलता के पीछे देशकाल सोसायटी के साथ-साथ कई प्रतिष्ठित संस्थानों का सामूहिक प्रयास रहा है। इसमें इंडियन काउंसिल ऑफ वर्ल्ड अफेयर्स (ICWA), इंडिया-भूटान फाउंडेशन, डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर (सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार), इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (IGNCA), नव नालंदा महाविहार और ए.एन. कॉलेज, पटना का सक्रिय सहयोग शामिल है।

    देश-विदेश के गणमान्य शिक्षाविदों और बौद्ध लामाओं की गरिमामयी उपस्थिति

    उद्घाटन के अवसर पर परिसर में एक लघु विश्व का दृश्य दिखाई दिया, जहाँ देश के जाने-माने शिक्षाविद, कला विशेषज्ञ और विभिन्न देशों से आए बौद्ध लामा उपस्थित थे। विद्वानों ने कला के माध्यम से वैश्विक शांति और विरासत संरक्षण पर अपने विचार साझा किए। यह कार्यक्रम न केवल एक प्रदर्शनी मात्र है, बल्कि यह अंतरराष्ट्रीय संवाद का एक ऐसा मंच बनकर उभरा है जहाँ कला के जरिए विभिन्न संस्कृतियों का संगम हो रहा है।

  • ऑपरेशन सतर्क के तहत बड़ी कार्रवाई, पिता-पुत्र शराब के साथ गिरफ्तार

    ऑपरेशन सतर्क के तहत बड़ी कार्रवाई, पिता-पुत्र शराब के साथ गिरफ्तार

    देवब्रत मंडल

    गया रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन सतर्क के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने दो व्यक्तियों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा और उनके पास से 30.75 लीटर शराब बरामद की है।

    बरामद शराब की जानकारी

    • 17 बोतल रॉयल स्टैग प्रीमियर व्हिस्की (750 ML प्रत्येक)
    • 24 बोतल ब्लेंडर प्राइड व्हिस्की (750 ML प्रत्येक)
    • कुल शराब की मात्रा: 30.75 लीटर
    • शराब की कीमत: ₹ 32500

    आगे गई कार्रवाई

    • दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। रिश्ते में पिता पुत्र बताए गए हैं। दोनों नवादा जिले के वारसलीगंज के अफसर गांव के रहने वाले बताए गए हैं। रामानुज सिंह और कन्हैया कुमार दोनों पिता पुत्र बताए गए हैं।
    • जीआरपी थाना गया में कांड संख्या 71/26 अंतर्गत धारा 30 (a) बिहार मध निषेध उत्पाद अधिनियम पंजीकृत किया गया है।
    • बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है।
  • गया का विकास यादव ने ही मुख्यमंत्री के बेटे और भाजपा विधायक की आपत्तिजनक तस्वीर वायरल किया था, 24 घन्टे के अंदर पकड़ा गया

    गया का विकास यादव ने ही मुख्यमंत्री के बेटे और भाजपा विधायक की आपत्तिजनक तस्वीर वायरल किया था, 24 घन्टे के अंदर पकड़ा गया

    देवब्रत मंडल

    गया में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार और भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर की एआई तकनीक से बनाई गई आपत्तिजनक तस्वीर वायरल करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवक फतेहपुर थाना के शब्दो गांव निवासी विकास कुमार यादव है, जिसने एआई टूल्स की मदद से निशांत कुमार और मैथिली ठाकुर की तस्वीरों को आपत्तिजनक रूप से संपादित किया और उन्हें फेसबुक पर पोस्ट कर दिया। पुलिस ने तकनीकी सेल की मदद से आरोपी की पहचान की और मात्र 24 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की। आरोपी ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीर अपराध मानते हुए कार्रवाई की।

  • संडे स्पेशल:सशक्त स्थायी समिति के सदस्य के पदों के लिए अब वार्ड पार्षद करेंगे मतदान, धर्मेंद्र कुमार ने कहा-बिहार के 850 पार्षदों की हुई जीत, पढ़ें पूरी खबर

    संडे स्पेशल:सशक्त स्थायी समिति के सदस्य के पदों के लिए अब वार्ड पार्षद करेंगे मतदान, धर्मेंद्र कुमार ने कहा-बिहार के 850 पार्षदों की हुई जीत, पढ़ें पूरी खबर

    देवब्रत मंडल

    बिहार सरकार ने बिहार गजट (असाधारण), 12 मार्च 2026 के जरिए बिहार नगरपालिका (संशोधन) अधिनियम, 2026 पारित कर दिया है। बिहार नगरपालिका अधिनियम, 2007 (बिहार अधिनियम 11, 2007) में संशोधन करने के लिए अधिनियम। (बिहार अधिनियम सं०-03, 2026)

    भारत के संविधान में 74वें संशोधन द्वारा स्थानीय नगर निकायों को शहरी क्षेत्र में स्थानीय प्रशासन के रूप में मान्यता दी गई है। जबकि संविधान में निर्वाचित स्थानीय नगर निकायों को कतिपय कार्य एवं उत्तरदायित्व सौंपा जाने का उपबंध किया गया है।
    जबकि 74वें संशोधन के अनुरूप बिहार नगरपालिका अधिनियम, 2007 अधिनियमित किया गया है, जिसमें अन्य बातों के होते हुए यह भी उपबंधित है कि संबंधित स्थानीय क्षेत्रों में पंजीकृत मतदाताओं द्वारा प्रत्यक्ष निर्वाचन के आधार पर महापौर/उप-महापौर/अध्यक्ष का निर्वाचन किया जाएगा।

    जबकि निर्वाचित निकायों द्वारा कार्यों के सुचारू रूप से संचालन हेतु स्थानीय नगर निकायों की सशक्त स्थायी समिति का गठन किया जाना आवश्यक है। जबकि वर्तमान अधिनियम के अधीन सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों को निर्वाचित महापौर/अध्यक्ष द्वारा नामित किया जाता रहा है।
    सरकार ने माना कि यह देखा गया है कि वर्तमान अधिनियम के अनुरूप सशक्त स्थायी समिति के गठन के दौरान अनेक समस्याएँ उत्पन्न होती हैं। जैसे कि पक्षपात के आरोप, निर्वाचित पदाधिकारियों में से किसी एक अथवा कुछ व्यक्तियों में अधिकारों का संकेन्द्रण, जिसके परिणामस्वरूप अप्रत्यक्ष रूप से शक्ति एवं उत्तरदायित्व का केन्द्रीकरण होता है, जो कि संविधान द्वारा अभिप्रेत विकेन्द्रीकरण की भावना के प्रतिकूल है।
    सरकार ने कहा है कि जबकि यह उपयुक्त एवं आवश्यक प्रतीत होता है कि सशक्त स्थायी समिति के गठन की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं न्यायसंगत बनाया जाए तथा इसके लिए उपबंध किया जाए। जबकि कुछ वर्ग के सदस्यों को बैठकों में सम्मिलित होने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है, अतः ऐसे
    सदस्यों के संबंध में उपयुक्त उपबंध किया जाना आवश्यक है। जबकि ऐसी आकस्मिक परिस्थितियों के निराकरण हेतु तत्काल उपबंध करना आवश्यक है।
    सरकार ने बताया कि अतः अब, 77वें गणतंत्र वर्ष में बिहार राज्य विधान मंडल द्वारा निम्नलिखित रूप से अधिनियमित हो।

    संक्षिप्त नाम, विस्तार और प्रारम्भ।

    (1) यह विधेयक बिहार नगरपालिका (संशोधन) अधिनियम, 2026 कहा जा सकेगा।

    (2) यह सम्पूर्ण बिहार राज्य में लागू होगा।

    (3) यह राजपत्र में प्रकाशन की तिथि से प्रभावी होगा।

    धारा 12 के उपधारा (3) का संशोधन।

    उक्त अधिनियम की धारा 12 की उपधारा (3) में परन्तुक को जोड़ा जाएगा
    लोक सभा/राज्य सभा/विधान सभा/विधान परिषद के वैसे सदस्य जो इस नगरपालिका क्षेत्र के स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्र से चुने गए हो उन्हें नगरपालिका का सदस्य माना गया है, परन्तु लोक सभा/राज्य सभा/विधान सभा/विधान परिषद के सदस्यों की सत्रावधि में नगरपालिका की बैठक में भाग लेने से छूट प्राप्त होगी। साथ ही नगरपालिका की बैठक में भाग लेने हेतु केन्द्रीय मंत्री एवं केन्द्रीय राज्य मंत्री/राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री/राज्य मंत्री तथा लोक सभा/राज्य सभा/विधान सभा/विधान परिषद के सदस्यों को अपनी व्यस्तता की स्थिति में अपने प्रतिनिधि के रूप में किसी व्यक्ति (अपने निकट संबंधी को छोड़कर) के मनोनयन की भी छूट होगी, परन्तु ऐसे मनोनीत व्यक्ति को मतदान में हिस्सा लेने का अधिकार प्राप्त नहीं होगा।

    धारा 21 की उप धारा (3) का संशोधन

    धारा-21 की उपधारा (3) के वर्तमान प्रावधान को नयी उपधारा (3) द्वारा निम्न रुप से प्रतिस्थापित किया जाएगा।

    नगर निकाय के सशक्त स्थाई समिति के सदस्यों का चयन संबंधित पार्षदों के गुप्त मतदान के द्वारा बहुमत के आधार पर जिला पदाधिकारी के पर्यवेक्षण, निर्देशन एवं नियंत्रण में किया जाएगा, परन्तु इस अधिनियम के प्रवृत्त होने के उपरान्त अधिकतम छः माह की अवधि के भीतर सशक्त स्थायी समिति के गठन हेतु निर्वाचन कराया जाएगा।

    विभाग समय-समय पर मतदान की कार्रवाई से संबंधित प्रक्रिया के संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर सकेगा।

    धारा 23 के उप धारा (3) का संशोधन। धारा-23 की उपधारा (3) निम्न रूप से प्रतिस्थापित किया जाएगा

    यदि सशक्त स्थाई समिति के सदस्यों के पद में कोई आकस्मिक रिक्ति होती है तो ऐसी रिक्ति धारा 21(3) में वर्णित विहित प्रक्रिया के अनुसार चयन किया जाएगा एवं ऐसा पार्षद अपने पूर्वाधिकारी के बचे हुए कार्यकाल तक पद धारण करेगा।

    इस संशोधन पर गया नगर निगम के पूर्व सशक्त स्थायी समिति के सदस्य वार्ड पार्षद धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि इस अधिनियम के प्रभाव में आने से बिहार के सभी नगर निकायों के 850 वार्ड पार्षदों की जीत हुई है। इसके लिए उन्होंने बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सह उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, पूर्व नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री जीवेश मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त किया है।
    उन्होंने बताया कि इस संशोधन के लिए लंबी लड़ाई उन्होंने लड़ी, तब जाकर बिहार नगरपालिका अधिनियम में संशोधन विधेयक पारित हुआ है। उन्होंने बताया कि धारा 23 के उप धारा (3) का संशोधन किया गया। जिसे धारा-23 की उपधारा (3) निम्न रूप से प्रतिस्थापित किया गया है।
    उन्होंने बताया इसके लिए उन्होंने पूरे भारत के नगर निकायों के अधिनियमों का अध्ययन एवं सर्वेक्षण किया। इसके बाद बिहार सरकार के तत्कालीन नगर विकास एवं आवास मंत्री जीवेश मिश्रा ने इसे विधानसभा के सदन में प्रस्ताव रखा और कैबिनेट की बैठक में पारित किया गया, लेकिन संशोधित प्रस्ताव पर आधिकारिक तौर पर गजट प्रकाशित नहीं हो सका था। इसके बाद वे और पटना नगर निगम के पूर्व डिप्टी मेयर विनय कुमार उर्फ पप्पू तथा वार्ड पार्षद सुनील यादव को साथ लेकर इस लड़ाई को आगे बढ़ाया। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार के समक्ष इस मुद्दे पर वार्ता के लिए पटना में मिले। उन्हें सारी बातें बताई गई तो उन्होंने इस संशोधन को आवश्यक समझा और इस संशोधन विधेयक को लेकर पहल करते हुए इस मुकाम तक पहुंचाए। वार्ड पार्षद धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि चले तो अकेले और आज बिहार के 850 वार्ड पार्षदों की जीत हुई है।

  • न्यूज़ अपडेट: गया जी शहर में ट्रैक्टर ने दो युवकों को कुचला, मौके पर मौत, पुलिस मौके पर पहुंची

    न्यूज़ अपडेट: गया जी शहर में ट्रैक्टर ने दो युवकों को कुचला, मौके पर मौत, पुलिस मौके पर पहुंची

    देवब्रत मंडल

    घटना से जुड़ी तस्वीरें

    गया जी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार की अल सुबह एक बड़ी घटना सामने आई है। बाटा मोड के नजदीक शनि मंदिर के पास एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। स्थानीय लोगों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस और एम्बुलेंस घटना स्थल पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रैक्टर ने जिन दोनों युवकों को कुचला है, वे दोनों रविवार को आयोजित हो रहे सिविल कोर्ट में पिऊन पद की परीक्षा में शामिल होने के लिए निकले थे। मृतकों की पहचान नहीं हुई है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रैक्टर सीमेंट ढुलाई के काम लगा हुआ था। वैसे दोनों युवकों की मौत हो जाने की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो सकी है। एम्बुलेंस से दोनों युवकों को अस्पताल ले जाया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों की सांसें घटनास्थल पर ही थम गई थी। ताजी जानकारी के अनुसार मृतकों में से एक के पास रहे मोबाईल फोन पुलिस को मिली है। जिसपर कॉल आया तो पता चला कि वह युवक मुजफ्फरपुर जिले के देवरिया का रहनेवाला बताया जा रहा है। जबकि दूसरे की पहचान खबर लिखे जाने तक नहीं हो सकी है
    सुबह सुबह हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार से बालू लदे ट्रैक्टर सड़क पर दौड़ता है। जिससे आम आदमी भी डरे सहमे रहते हैं। फिलहाल मृतकों में एक कि पहचान हुई है। जिनके परिजन गया जी आने के लिए निकल पड़े हैं। स्थानीय लोगों में फर्राटे के साथ बालू लदे ट्रैक्टर के चलने पर रोक लगाने की भी मांग मौके पर पहुंचे पुलिस पदाधिकारी से कर रहे थे।

  • रेल आईजी ने अनुशासन एवं बेहतर समन्वय के साथ कर्तव्यों के निर्वहन का दिया निर्देश

    रेल आईजी ने अनुशासन एवं बेहतर समन्वय के साथ कर्तव्यों के निर्वहन का दिया निर्देश

    देवब्रत मंडल

    महानिरीक्षक ने किया रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गया का निरीक्षण

    अधीनस्थ पदाधिकारियों के साथ बैठक करते आईजी अमरेश कुमार

    गया, 14 मार्च। महा निरीक्षक, पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर अमरेश कुमार ने शनिवार को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गया का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महा निरीक्षक श्री कुमार ने पोस्ट कार्यालय, अभिलेखों, शस्त्रागार, बैरक, सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।

    श्री कुमार ने ड्यूटी व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण तथा रेलवे संपत्ति की सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों को सतर्कता, अनुशासन एवं बेहतर समन्वय के साथ कर्तव्यों के निर्वहन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

    प्लेटफॉर्म पर निरीक्षण करते आईजी

    आगे उन्होंने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया तथा संभावित सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए सतर्क रहने का निर्देश दिया।

    निरीक्षण उपरांत श्री कुमार ने उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक सुधार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, जिससे रेलवे यात्रियों की सुरक्षा एवं रेलवे संपत्ति की रक्षा को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

    इस अवसर पर वारीय मंडल सुरक्षा आयुक्त डीडीयू दिनेश सिंह तोमर, निरीक्षक प्रभारी गया बनारसी यादव, अपराध आसुचना शाखा गया चंदन कुमार साथ अन्य अधिकारी व स्टाफ मौजूद थे।

  • गया जंक्शन पर ‘सुरक्षा चक्र’ अभेद्य: NSG, IB और ATS ने संभाला मोर्चा, आतंकी खतरों से निपटने के लिए बनाया मास्टर प्लान

    गया जंक्शन पर ‘सुरक्षा चक्र’ अभेद्य: NSG, IB और ATS ने संभाला मोर्चा, आतंकी खतरों से निपटने के लिए बनाया मास्टर प्लान

    गया ब्यूरो | देवब्रत मण्डल

    पूर्व मध्य रेल के डी.डी.यू. मंडल के अंतर्गत गया रेलवे स्टेशन की सुरक्षा को लेकर आज एक अभूतपूर्व चौकसी देखने को मिली। राष्ट्रीय दृष्टिकोण से अति-संवेदनशील माने जाने वाले इस स्टेशन पर संभावित आतंकवादी खतरों और किसी भी आपातकालीन आपदा से निपटने के लिए देश की दिग्गज सुरक्षा एजेंसियों ने एक साथ मिलकर ‘संयुक्त सुरक्षा रैकी’ की। इस हाई-प्रोफाइल मिशन का उद्देश्य गया जंक्शन के सुरक्षा घेरे को इतना मजबूत बनाना है कि परिंदा भी पर न मार सके।

    NSG और IB के साथ रणनीतिक तालमेल

    सुरक्षा के इस विशेष अभियान में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) के कमांडो, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के जासूस और ए.टी.एस. (ATS) की तकनीकी टीम ने रेलवे सुरक्षा बल और जी.आर.पी. के साथ मिलकर घंटों तक स्टेशन के चप्पे-चप्पे को खंगाला। कमांडरों और खुफिया अधिकारियों के बीच इस बात पर विस्तृत चर्चा हुई कि यदि कोई आतंकी गतिविधि या बड़ी आपदा आती है, तो बिना समय गंवाए सभी एजेंसियां एक-दूसरे के साथ सूचना साझा करते हुए कैसे जवाबी हमला या बचाव कार्य करेंगी।

    संवेदनशील गलियारों का सघन फिजिकल वेरिफिकेशन

    निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की टीम ने केवल कागजों पर ही नहीं, बल्कि जमीन पर उतरकर स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वारों, भीड़-भाड़ वाले टिकट काउंटरों, पार्सल यार्ड और पार्किंग क्षेत्रों का सूक्ष्म निरीक्षण किया। प्लेटफार्मों से लेकर फुट ओवर ब्रिज तक की निगरानी क्षमता को परखा गया और आपातकालीन निकासी मार्गों की उपयोगिता सुनिश्चित की गई। तकनीकी मोर्चे पर सीसीटीवी कैमरों की पहुंच और बैगेज स्कैनिंग सिस्टम की सटीकता का भी गहन परीक्षण किया गया ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की पहचान तत्काल हो सके।

    सुरक्षा दिग्गजों की मौजूदगी में बनी रणनीति

    NSG और IB के साथ रणनीतिक तालमेल

    इस महत्वपूर्ण सुरक्षा कवायद का नेतृत्व एनएसजी कमांडर मुदन्ग बिडा और सहायक कमांडर वी. के. प्रसाद ने किया। उनके साथ आरपीएफ गया के निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव, आईबी के निरीक्षक विजय ठाकुर और एटीएस पटना के निरीक्षक मनोज कुमार राय जैसे अनुभवी अधिकारी शामिल रहे। इसके अलावा अपराध आसुचना शाखा के निरीक्षक चंदन कुमार, जीआरपी थानाध्यक्ष शिवकुमार और एटीएस गया के उप-निरीक्षक जीशान अशरफ सहित भारी संख्या में सुरक्षा बलों ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।

    यात्री सुरक्षा और रेलवे संपत्ति पर फोकस

    इस पूरी कवायद का मूल मंत्र ‘प्रभावी समन्वय’ रहा। वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, गया जंक्शन जैसे महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान पर सुरक्षा बलों की तैनाती और उनकी त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को हर समय टॉप गियर में रखना अनिवार्य है। आज की इस संयुक्त कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी विषम परिस्थिति में यात्रियों की जान और रेलवे की संपत्ति की रक्षा के लिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद और संगठित हैं।

  • गया जंक्शन सहित कई स्टेशनों पर चला सघन टिकट जांच अभियान: 1737 यात्री धराए, ₹10.45 लाख की वसूली

    गया जंक्शन सहित कई स्टेशनों पर चला सघन टिकट जांच अभियान: 1737 यात्री धराए, ₹10.45 लाख की वसूली

    देवब्रत मंडल

    जांच में पकड़े गए लोगों से जुर्माना भरवाते चेकिंग स्टाफ

    डीडीयू मंडल द्वारा बिना टिकट अथवा बिना उचित प्राधिकार के यात्रा की रोकथाम हेतु लगातार सघन जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में डीडीयू-गया रेल खंड में दिनांक 10.03.2026, मंगलवार को डीडीयू जंक्शन, गया, डेहरी ऑन सोन एवं सासाराम स्टेशनों पर एक साथ सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया।

    जांच अभियान के परिणाम

    • 1737 यात्री बिना टिकट अथवा बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करते पाए गए
    • जुर्माने के रूप में लगभग दस लाख पैंतालीस हजार रुपये का राजस्व अर्जित किया गया

    रेल प्रशासन की अपील

    रेल प्रशासन सभी यात्रियों से अनुरोध करता है कि वे सदैव उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें। टिकट काउंटर, वेबसाइट, रेलवन मोबाइल एप एवं एटीवीएम के माध्यम से टिकट लेना अब और भी सरल हो गया है। बिना टिकट यात्रा करना दंडनीय अपराध है।

  • होली स्पेशल ट्रेनों के परिचालन अवधि में विस्तार, अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए लिया गया निर्णय

    होली स्पेशल ट्रेनों के परिचालन अवधि में विस्तार, अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए लिया गया निर्णय

    देवब्रत मंडल

    पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया है कि होली के उपरांत यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उनकी सुविधा के मद्देनजर प्रमुख स्टेशनों से देश के विभिन्न शहरों के लिए चलायी जा रही होली स्पेशल ट्रेनों का परिचालन अवधि में विस्तार किया है। इन ट्रेनों का विवरण निम्नानुसार है:

    ट्रेनों की सूची

    1. गाड़ी संख्या 03293 पटना-नई दिल्ली स्पेशल – 16.03.2026 से 30.03.2026 तक प्रतिदिन
    2. गाड़ी संख्या 03294 नई दिल्ली-पटना स्पेशल – 17.03.2026 से 31.03.2026 तक प्रतिदिन
    3. गाड़ी संख्या 03257 दानापुर-आनंद विहार स्पेशल – 15.03.2026 से 29.03.2026 तक प्रत्येक रविवार को
    4. गाड़ी संख्या 03258 आनंद विहार-दानापुर स्पेशल – 16.03.2026 से 30.03.2026 तक प्रत्येक सोमवार को
    5. गाड़ी संख्या 03697 शेखपुरा-आनंद विहार स्पेशल -16.03.2026 से 30.03.2026 तक सोम, मंगल, शुक्र एवं शनिवार को
    6. गाड़ी संख्या 03698 आनंद विहार-शेखपुरा स्पेशल – 17.03.2026 से 31.03.2026 तक मंगल, बुध, शनि एवं रविवार को

    और भी ट्रेनें

    1. गाड़ी संख्या 02397 शेखपुरा-आनंद विहार स्पेशल – 22.03.2026 एवं 29.03.2026 (रविवार) को
    2. गाड़ी संख्या 02398 आनंद विहार-शेखपुरा स्पेशल – 23.03.2026 एवं 30.03.2026 (सोमवार) को
    3. गाड़ी संख्या 01143 लोकमान्य तिलक-दानापुर स्पेशल – 10.03.2026 से 31.03.2026 तक प्रतिदिन
    4. गाड़ी संख्या 01144 दानापुर-लोकमान्य तिलक स्पेशल – 11.03.2026 से 01.04.2026 तक प्रतिदिन

    और भी जानकारी

    यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी यात्रा के दौरान रेलवे के नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा करें।

  • बागेश्वरी गुमटी आरओबी निर्माण में आया नया अपडेट, पीलर के लिए मिट्टी जांच की कवायद शुरू

    बागेश्वरी गुमटी आरओबी निर्माण में आया नया अपडेट, पीलर के लिए मिट्टी जांच की कवायद शुरू

    देवब्रत मंडल

    आरओबी निर्माण हेतु भूमि पूजन करते विस अध्यक्ष(फ़ाइल फोटो)

    गया जी शहर के उत्तरी भाग में गुजरने वाली ग्रैंड कॉर्ड रेल लाइन एक व्यस्त रेलमार्ग के साथ इसी रेल लाइन से होकर गुजरने वाली पथ बागेश्वरी-पॉवरगंज-स्टेशन रोड भी व्यस्ततम सड़क मार्गों में से एक है। यहां पर LC/71A(समपार फाटक बागेश्वरी गुमटी) है। रेलपथ से ट्रेन गुजरने वक्त यह फाटक सुरक्षा के दृष्टिकोण से बंद कर दिया जाता है। जिसके कारण उस सड़क मार्ग पर लोग काफी देर तक फंसे रह जाते हैं। जाम की भयावह स्थिति बन जाती है। आपातकालीन(इमरजेंसी) में आम आदमी हो या खास, सभी परेशानी में पड़ जाते हैं। इन्हीं मुख्य समस्याओं के निदान के लिए यहां आरओबी बन रहा है। जिसके लिए भूमि पूजन भी यहां आकर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार 21 फरवरी को कर चुके हैं।

    आरओबी बनने से पहले पिलर बनेंगे

    इस आरओबी के बनने से पहले यहां पिलर बनाए जाने हैं। जिसके लिए पहले यहां की मिट्टी की जांच होनी है, जिससे तकनीकी भाषा में सॉइल टेस्ट कहा जाता है, वो जरूरी होना है। इसी सॉइल टेस्ट के लिए कवायद  रविवार से शुरू कर दी गई है। जिस स्थल पर पिलर बनने हैं, उसके आसपास ही मिट्टी की जांच किए जाने के लिए तकनीकी टीम यहां पहुंच चुकी है।

    स्थल निरीक्षण में पर्याप्त उपयुक्त स्थान नहीं मिला

    बिहार राज्य पुल निर्माण निगम से जुड़े एक अभियंता ने बताया कि सोमवार को स्थल निरीक्षण किया गया है। बागेश्वरी रोड एवं पॉवरगंज रोड में दो-दो जगहों पर मिट्टी की जांच किए जाने के लिए स्थलीय जांच की गई। जैसा कि बताया गया कि इस कार्य के लिए करीब 15-16 वर्गमीटर जमीन(खाली भूखंड) का होना जरूरी है लेकिन ऐसी जगह कहीं पर नहीं दिखाई दी। इसलिए यह कार्य शुरू नहीं किया जा सका।

    सड़क के दोनों किनारों पर बैरिकेटिंग जरूरी

    तकनीकी टीम में शामिल रहे लोगों में से एक ने बताया कि सॉइल टेस्ट करने के पहले सड़क के दोनों किनारों पर बैरिकेटिंग जरूरी है। जो संवेदक के द्वारा किया जाना है। वहीं इस कार्य को करने वक्त सड़क पर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने की आवश्यकता होगी। ताकि निर्बाध रूप से और सेफ्टी पॉइंट ऑफ व्यू से कार्य किया जा सके। बताया गया कि मिट्टी जांच के लिए संयंत्र और तकनीकी टीम यहां आ गई है।

    हितबद्ध रैयतों के पक्ष में एमएलसी ने उठाया है मुद्दा

    इधर भूमि अधिग्रहण कानून के तहत अधिसूचना जारी कर दिए जाने के बाद प्रभावित हितबद्ध रैयतों से आपत्ति दर्ज कराने के लिए 60 दिनों का समय दिया गया है। जिसमें 30 दिनों से अधिक समय निकल चुका है। रैयतों के पक्ष में विपक्षी दलों के दो विधान परिषद सदस्यों ने सदन में प्रश्न करते हुए डीएम से इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के लिए कहा गया है। हितबद्ध रैयतों का कहना है उनकी भूमि को सरकारी भूमि बताकर भूअर्जन हेतु अधिसूचना जारी कर दी गई है। जिससे यहां के लोग नाराज हैं।